गुरुवार, 3 अगस्त 2017

एक ओंकार सतनाम - प्रवचन-7

पंचा का गुरु एकु धिआनु—(प्रवचन—सातवां)
पउड़ी: 16

पंच परमाण पंच परधान। पंचे पावहि दरगहि मानु।।
पंचे सोहहि दरि राजानु। पंचा का गुरु एकु धिआनु।।
जे को कहे करै वीचारू। करतै कै करणे नाही सुमारू।।
धौलु धरमु दइधा का पूतु। संतोष थापि रखिया जिनि सूति।।
जे को बूभै होवै सचिआरू। धवलै उपरि केता भारू।।
धरति होरू परै होरू होरू। तिसते भारू तले कवणु जोरू।।
जीअ जाति रंगाके नाव। सभना लिखिया वुड़ी कलाम।।
एहु लेखा लिखि जाणै कोइ। लेखा लिखिआ कोता होइ।।
केता ताणु सुआलिहु रूपु। केती दाति जाणै कौणु कूतु।।
कीता पसाउ एको कवाउ। तिसते होए लख दरिआउ।।
कुदरति कवण कहा वीचारू। वारिया न जावा एक वारू।।
जो तुधु भावै साई भलीकार। तू सदा सलामति निरंकार।।
क ओंकार सतनाम। किसी भी मार्ग से एक को खोज लेना है। एक को खोजते ही यात्रा पूरी हो जाती है। क्योंकि एक को खो कर ही संसार प्रारंभ हुआ है। बहुत उपाय हो सकते हैं एक को खोजने के। क्योंकि बहुत प्रकार से एक खंडित हुआ है। जैसे सूर्य की किरण गुजरती है कांच के एक टुकड़े सेसात टुकड़ों में टूट जाती है। इंद्रधनुष पैदा होता है। ऐसे ही जीवन बहुत से खंडों में टूट गया है। एक किरण सात रंगों में टूट जाती है। जब रंग जुड़े होते हैं तब श्वेत रंग बनता है। जब टूट जाते हैं तब भिन्न-भिन्न रंगों का निर्माण होता है।
संसार बहुत रंगीला हैपरमात्मा शुभ्र है। एक का कोई रंग नहीं है। रंग तो अनेक के हैं। समस्त साधनाएं पुनः खंडों में अखंड को खोजने की प्रक्रियाएं हैं। हिंदू कहते हैंएक दो में टूट गया है--चेतना और पदार्थपुरुष और प्रकृति। इन दोनों में अगर तुम उसे खोज लोएक की झलकयात्रा पूरी हो जाएगी।
एक दूसरा मार्ग कहता हैएक तीन में टूट गया है--सत्यम्शिवम्सुंदरम्। तुम सत्य में सुंदर को देख लोसुंदर में सत्य को देख लोशिवम् में सुंदर दिखायी पड़ेसत्य में शिवम् दिखायी पड़ेइन तीनों के बीच तुम्हें एक की झलक आने लगे;सत्यम्शिवम्सुंदरम् खो जाए और एक ही बचेएक ओंकार सतनामतो तुम्हारी यात्रा पूरी हो गयी।
नानक कहते हैंएक पांच में टूट गया हैपांच इंद्रियों के कारणअगर इन पांचों में तुम एक को खोज लोतो उपलब्धि हो गयी। तुम सिद्ध हो गए।
यह बात महत्वपूर्ण नहीं है कि तुम कितने खंडों में तोड़ कर देखते हो। अनंत खंड हो गए हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि खंडों के बीच अखंड को कैसे खोज लिया जाए!
पांच इंद्रियां हैंलेकिन पांचों इंद्रियों के बीच में एक ध्यान है। इंद्रियां पांच हैंध्यान एक है। इसे थोड़ा समझेंतो पांचों इंद्रियों के बीच एक का सूत्र हाथ में आ जाएगा। मनके कोई गिनता रहे माला केकुछ अर्थ नहींसब मनके जिस एक सूत्र में पिरोए हैं उसे जो पकड़ लेउसने परमात्मा की शरण ले ली। मनके गिनना संसार हैमध्य में पिरोए सूत को पकड़ लेना परमात्मा की उपलब्धि है।
पांच इंद्रियां हैं। उनके बीच कौन है एकजब तुम आंख से देखते हो तो कौन देखता हैजब तुम कान से सुनते हो तो कौन सुनता हैजब तुम हाथ से स्पर्श करते हो तो कौन स्पर्श करता हैजब तुम नाक से गंध लेते हो तो किसे गंध आती है?जब तुम स्वाद लेते हो तो किसे स्वाद आता है?
वह एक है। उसे नानक कहते हैंवही ध्यान है। इसलिए अक्सर ऐसा हो जाता है कि तुम भोजन कर रहे हो...।
बड़ी पुरानी कथा है। एक संन्यासी एक सम्राट के द्वार आया। उसके गुरु ने उसे भेजा था। और कहा थाजो मैं तुझे नहीं समझा पाया वह शायद सम्राट समझा दे। भरोसा तो नहीं आया शिष्य को कि जो मैं गुरु से नहीं सीख सकावह सम्राट से सीखूंगालेकिन गुरु ने कहा तो आज्ञा मानी।
वह जब सम्राट के द्वार पर पहुंचा तो वहां रागरंग चलता था। शराब पी जा रही थी। नर्तकियां नाच रही थीं। तो वह बड़ा दुखी हुआ कि कहां गलत जगह आ गया! उसने सम्राट से कहा भी कि मैं वापस लौट जाऊं! क्योंकि मैं तो कुछ जिज्ञासा ले कर आया था। यहां तो आप खुद ही खोए हुए हैं। कौन मेरी जिज्ञासा को पूरी करेगा?
सम्राट ने कहा कि मैं खोया हुआ नहीं हूं। लेकिन थोड़ी देर रुको तो ही तुम्हारी समझ में आ सके। ऊपर से देख गए तो व्यर्थ ही लौट जाओगे। भीतर देखोगे तो शायद सूत्र मिल जाए। गुरु ने सोच कर ही भेजा है। सूत्र तो भीतर हैइंद्रियों में तो सूत्र नहीं है। इंद्रियों के भीतर जो छिपा है वहां सूत्र है।
लेकिनसम्राट ने कहाअब आ गए हो तो रात रुक जाओ। रात बड़े सुंदर बिस्तर पर सुलाया संन्यासी कोश्रेष्ठतम जो भवन का कक्ष था। लेकिन एक नंगी तलवार सूत के धागे से ऊपर लटका दी। रात भर संन्यासी सो न सका। जागा ही रहानींद आए ही न। करवट बदलेलेकिन ध्यान तलवार पर अटका रहा। और कब टूट जाए! कच्चे धागे में लटकी तलवारकब छाती में छिद जाए! यह सम्राट ने भी खूब मजाक किया! इतना अच्छा इंतजाम किया सोने का और ऊपर तलवार लटका दी।
सुबह सम्राट ने पूछा कि ठीक से सोएसंन्यासी ने कहाइंतजाम तो सब सोने का ठीक थाइससे अच्छा इंतजाम हो नहीं सकतालेकिन यह क्या मजाक की कि ऊपर तलवार लटका दीमैं सो न सका। ध्यान तो वहीं लगा रहा।
सम्राट ने कहाऐसे ही मौत की तलवार मेरे ऊपर लटक रही है। मेरा ध्यान वहां लगा है। नर्तकी नाचती हैमैं नृत्य में नहीं हूं। शराब ढाली जा रही हैमैं शराब में नहीं हूं। सुस्वादु भोजन कर रहा हूंमैं स्वाद में नहीं हूं। क्योंकि मेरे ऊपर मौत की तलवार लटकी हैमेरा ध्यान वहां है।
पांच इंद्रियां तुम्हारे जीवन का द्वार हैं। उनसे तुम जीवन में प्रवेश करते हो। उनके बिना तुम्हारा जीवन से संबंध न हो सकेगा। लेकिन जितने तुम उनके भीतर से प्रवेश करते हो उतने ही अपने से दूर निकल जाते हो। और हर इंद्रिय के भीतर छिपा हुआ ध्यान है। क्योंकि इंद्रिय जब बाहर जाती हैतो तुम्हारा ध्यान बाहर जाता है। वह ध्यान के बाहर जाने का मार्ग है।
इसलिए अक्सर ऐसा हो जाएगा कि अगर तुम्हारा ध्यान एक इंद्रिय से उतर गया होतो दूसरी इंद्रियों का तुम्हें पता न चलेगा। क्योंकि पता इंद्रियों से नहीं चलताध्यान से चलता है। बोधमात्र ध्यान का है। समझो कि तुम्हारे पैर में कांटा गड़ा है। और बहुत पीड़ा हो रही है। और तुम सुस्वादु भोजन कर रहे होलेकिन स्वाद का पता न चलेगा। क्योंकि पीड़ा इतनी है कि ध्यान वहीं बह रहा है।
तुम रास्ते से चले आ रहे होचारों तरफ सुंदर स्त्री-पुरुष गुजर रहे हैंलेकिन आज तुम्हें कोई सौंदर्य दिखायी नहीं पड़ता। क्योंकि अभी-अभी खबर मिली है कि घर में आग लग गयी। तुम भागे चले आ रहे हो। कोई नमस्कार करता हैसुनायी नहीं पड़ता। किसी को धक्का लग जाता हैमाफी मांगने की याद नहीं आती। कौन गुजर रहा हैदुकानों पर क्या बिक रहा हैलोग क्या चर्चा कर रहे हैंआज कोई उत्सुकता नहीं है। मकान में आग लगी हैतुम्हारा ध्यान उस तरफ है। कान सुनेंगेफिर भी सुनेंगे नहीं। हाथ किसी को छू लेगाफिर भी छुएगा नहीं। और ऐसे समय कोई सुस्वादु से सुस्वादु भोजन तुम्हें दे दे तो भी स्वाद न आएगा।
क्योंकि इंद्रियां बिना ध्यान के कुछ भी अनुभव नहीं कर सकतीं। इंद्रिय का सारा अनुभव तो ध्यान पर निर्भर है। तुम हर इंद्रिय में ध्यान को डालते होतभी इंद्रिय सक्रिय हो कर सक्षम हो पाती है। अगर इन पांचों इंद्रियों से अपने ध्यान को तुम खींच लोतो पांच खो जाएंगे और एक बचेगा। और वही एक की तलाश है। तो नानक इस सूत्र में इन पांच से कैसे एक पर हट जाया जाएइसकी प्रक्रिया का उल्लेख कर रहे हैं।
अब इस सूत्र को समझने की कोशिश करें।
'पंच प्रमाण होते हैं और पंच ही प्रधान होते हैं। पंच का ही उसके द्वार पर सम्मान होता है। पंच ही राजा के दरबार में शोभा पाते हैं। पंच का एक ध्यान ही गुरु होता है।'
पंच परमाण पंच परधान। पंचे पावहि दरगहि मानु।।
पंचे सोहहि दरि राजानु। पंचा का गुरु एकु धिआनु।।
'पांच का एक गुरु है और वह ध्यान है।'
अगर तुम पांच में बिखरे रहे तो भटक जाओगे। अगर तुमने एक को पकड़ लिया तो तुम उपलब्ध हो जाओगे।
कबीर ने एक पद कहा है। राह से चलतेएक स्त्री को चक्की पीसते कबीर ने देखा और कहा कि दो पाटन के बीच में साबित बचा न कोय। ये दो जो पाट हैंइन के बीच जो भी पड़ गयावह पिस गया। कबीर अपने शिष्यों को कह रहे थे कि ऐसे ही द्वैत की चक्की के बीच जो पड़ गयावह पिस गयावह बच न सका।
कबीर के बेटे ने कहालेकिन इस चक्की में एक चीज और है। इसमें बीच में एक कील है। जिसने उसका सहारा ले लियाउसके संबंध में भी कुछ कहें। तो कबीर ने दूसरे पद में कील का स्मरण किया है। कहा है कि दो पाटों के बीच में जो पड़ गयावह तो नहीं बचालेकिन जिसने दो के बीच उस एक का सहारा ले लियाउसे फिर कोई न मिटा सका। चक्की में भी जोगेहूं का दाना कील का सहारा ले लेता है फिर दो पाट उसे पीस नहीं पाते।
तो चाहे दो कहोचाहे तीन कहोचाहे पांच कहोचाहे नौ कहोचाहे अनंत-अनेक कहो। भटकाव के बहुत नाम हो सकते हैंपहुंचने का नाम एक है। फिर तुम जो भी भटकाव चुनोगेउससे गुजरने की प्रक्रियाएं अलग-अलग हो जाएंगी। अगर नानक की इस प्रक्रिया को समझना हो तो इसका अर्थ हुआ कि जब तुम भोजन करोतब ध्यान पर ध्यान देना। भोजन भीतर जा रहा हैस्वाद निर्मित हो रहा हैतुम ध्यानपूर्वक इस स्वाद को लेना। अगर तुमने ध्यानपूर्वक यह स्वाद लिया तो तुम थोड़ी ही देर में पाओगे कि स्वाद तो खो गयाध्यान हाथ में रह गया। क्योंकि ध्यान बड़ी प्रज्वलित अग्नि है। स्वाद तो जल कर राख हो जाएगाध्यान हाथ में रह जाएगा।
तुम एक सुंदर फूल को देख रहे होध्यानपूर्वक देखना। थोड़ी ही देर में तुम पाओगेफूल तो खो गयाध्यान हाथ में रह गया। क्योंकि फूल तो सपने जैसा हैध्यान शाश्वत है। अगर तुमने गौर से एक सुंदर स्त्री को देखा और गौर से देखते रहे और ध्यान दियाभटक न गए विचारों मेंतो तुम पाओगे स्त्री तो खो गयी--जैसे पानी पर बनी एक लहर--ध्यान हाथ में रह गया। हर इंद्रिय में अगर तुमने सावधानी बरतीतो तुम पाओगे इंद्रिय के रूप तो खो जाते हैंनिरूपअरूप ध्यान हाथ में रह जाता है। और उस ध्यान को जिसने पकड़ लियाफिर उसे मिटाने वाला कोई भी नहीं।
तो नानक कहते हैंइन पंच इंद्रियों का एक ही गुरु है और वह ध्यान है। और उसी एक ध्यान में पांचों इंद्रियां अपने जल को डालती हैं।
इसीलिए तो एक बहुत महत्वपूर्ण घटना है--मनस्विद अध्ययन करते हैं--और वह यह कि आंख देखती हैकान सुनते हैं,हाथ छूता हैनाक गंध लेती हैन तो आंख सुन सकती हैन कान देख सकते हैंफिर इन सबको जोड़ता कौन है?
मैं बोल रहा हूं। तुम मुझे देख भी रहे होतुम मुझे सुन भी रहे हो। कान से तुम सुन रहे होआंख से तुम देख रहे हो। लेकिन ऐसा तुम कैसे पक्का कर सकते हो कि जिस व्यक्ति को तुम देख रहे हो वही बोल भी रहा हैआंख और कान तो अलग-अलग हैं। एक खबर देता है कि आवाज आ रही हैएक खबर देता है कि कोई दिखायी पड़ रहा है। लेकिन तुम दोनों को जोड़ कैसे लेते होकौन जोड़ता है दोनों को कि जिसको हम देख रहे हैं वही बोल रहा है?
जरूर तुम्हारी दोनों इंद्रियों के पीछे कोई एक जगह होनी चाहिएजहां सभी इंद्रियां अपने अनुभव को संगृहीत करती हैं। आंख भी वहीं डाल देती है दृश्य कोकान भी वहीं डाल देता है शब्द कोनाक वहीं डाल देती है गंध कोहाथ वहीं डाल देते हैं स्पर्श को। एक बिंदु पर सभी इंद्रियां अपने-अपने अनुभव डाल देती हैं। वही बिंदु ध्यान है। वहीं सब चीजें संगृहीत हो जाती हैं और तुम अनुभव कर पाते हो।
नहीं तो जीवन बड़ा विक्षिप्त हो जाए। तुम्हें पता ही न चले कि तुम जिसे देख रहे हो वही बोल रहा हैकि जिसे तुम सुन रहे हो उसी के शरीर की गंध भी आ रही हैतुम खंडित हो जाओगे। पांचों को जोड़ने वाला कोई चाहिए। ये पांचों मार्ग किसी एक जगह पर जा कर मिलते हैं। और इन पांचों का अनुभव संगृहीत हो जाता है। उस जगह का नाम ध्यान है।
नानक कहते हैंध्यान पांच का गुरु है। पंच का एक ध्यान ही गुरु होता है।
ये पांचों तो शिष्य हैं। लेकिन तुमने शिष्यों को गुरु बना लिया है। और गुरु को तुम बिलकुल भूल गए हो। तुमने नौकर-चाकरों को मालिक बना लिया हैमालिक का तुम्हें स्मरण न रहा। तुम इंद्रियों की मान कर चलते होध्यान से तुम पूछते ही नहीं। तुम्हें इस बात का खयाल ही भूल गया है कि इंद्रियां तो ऊपर-ऊपर हैंगहरे में कौन छिपा हैइंद्रियां तो ध्यान के ही फैलाव हैं। इंद्रियों के माध्यम से ध्यान ही जगत में जा रहा है।
अगर तुम्हें इस जीवन को सुचारु रूप से चलाना हो तो इंद्रियों की मत सुनना। क्योंकि इंद्रियां तो अधूरी हैं। आंख को आंख का पता है। कान का कान को पता है। मुंह का मुंह को पता है। तुम उनकी मान कर चलोगे तो मुश्किल में पड़ जाओगे। और अक्सर तुम पाओगे कि लोगों ने इंद्रियों की मान ली है। और तुम हर आदमी में किसी न किसी एक इंद्रिय की प्रधानता पाओगे जिसकी उसने गुलामी कर ली है। कोई है जो स्वाद का दीवाना है। बस उसे भोजनऔर भोजनऔर भोजन सब कुछ है। उसे कुछ और सूझता नहीं। वह खाए चला जाता है।
सम्राट हुआ नीरोउसने चिकित्सक रख छोड़े थे। क्योंकि एक दफा खाने में उसका मन न भरता। दिन में दो दफा खाने में मन न भरता। तीन भी तृप्ति न होतीचार भी तृप्ति न होतीवह चाहता कि चौबीस घंटे भोजन ही करता रहे। बसस्वाद ही सब कुछ हो गया। तो उसने चिकित्सक रख छोड़े थे। वह खाना खाएवे उसे उलटी करवा दें। उलटी कर के वह फिर खाने पर जुट जाए। जैसे ही खाना पूरा होचिकित्सक उसको दवा दे कर फिर उलटी करवा दें। वह फिर खाने पर जुट जाए।
तुम कहोगेवह आदमी पागल था। लेकिन तुम पाओगे इसी तरह का पागलपन कम-ज्यादा मात्रा में लोगों के जीवन में है। किसी को आंख का नशा है। बसवह सौंदर्य की तलाश में घूम रहा है। दर-दरद्वार-द्वार ठोकर खा रहा है कि कोई सुंदर चेहराकोई सुंदर शरीर दिख जाए। आंख की मान कर चल रहा है। आंख की अगर मान कर चलेतो भी अंधे रहोगे। क्योंकि आंख असली देखने वाला तत्व नहीं है। आंख तो सिर्फ झरोखा हैखिड़की है। उससे जो झांकता हैवह कोई और है। खिड़की से मत पूछोझांकने वाले से पूछो। इंद्रियां तो झरोखे हैं। कोई संगीत में दीवाना है। बसउसको धुन का नशा चढ़ा हुआ है। कोई शरीर की साज-सज्जा में लगा है। कोई स्पर्श का दीवाना हैकोई गंध का दीवाना है।
लेकिन सभी इंद्रियों के दीवाने हैं और नौकरों की मान कर चल रहे हैं। मालिक से पूछो। मालिक कौन है सारी इंद्रियों का,जिसके हटते ही इंद्रियां व्यर्थ हो जाती हैं?
ऐसा हुआ कि उन्नीस सौ दस में काशी के नरेश का आपरेशन हुआ अपेंडिक्स का। तो उन्होंने कहा कि मैंने कसम ले रखी है कि बेहोशी की कोई दवा कभी न लूंगा। कभी कोई नशा न करूंगा। तो कोई इनस्थेशिया मैं नहीं ले सकता हूं। आप आपरेशन कर देंलेकिन बिना किसी बेहोशी की दवा के। होश मैं न गंवाऊंगा। डाक्टरों ने कहायह कैसे हो सकेगायह कोई छोटा-मोटा कांटा निकालना नहीं है। यह तो पूरा पेट चीरा-फाड़ा जाएगाहड्डी काटी जाएगीघंटों लगेंगे। लेकिन काशी-नरेश ने कहाआप उसकी फिक्र न करें। सिर्फ मुझे मेरी गीता पढ़ने दें। मैं अपनी गीता पढ़ता रहूंगाआप अपना आपरेशन कर लें।
कोई और उपाय न था। और अगर आपरेशन न किया जाएतो भी मृत्यु होनी निश्चित थी। तो फिर यह खतरा लिया गयाकि मृत्यु तो होनी ही हैएक संभावना हैशायद--शायद यह आदमी बच जाए। काशी-नरेश गीता का पाठ करते रहे और आपरेशन जारी रहा।
आपरेशन पूरा हो गया। चिकित्सक चकित हुए कि यह कैसे संभव हैइतनी पीड़ा हुई होगी! लेकिन काशी-नरेश ने कहा,मुझे पता न चलाक्योंकि मेरा ध्यान तो गीता पर लगा था।
पता तो ध्यान से चलता है। अगर तुम्हारा ध्यान बदल जाएतुम्हें जो-जो पता चलता है वह बदल जाएगा। पता ध्यान से चलता हैतुम्हें वही दिखायी पड़ता है जिस तरफ तुम ध्यान देना चाहते हो। जिस तरफ तुम ध्यान नहीं देना चाहतेवह तुम्हें पता ही नहीं चलता। तुम उसी बाजार से गुजर जाओगेलेकिन पता तुम्हें उन्हीं चीजों का चलेगा जिन पर तुम ध्यान देना चाहते हो। चमार गुजरेगाजूतों पर नजर रहेगी। जौहरी गुजरेगाहीरों पर नजर रहेगी। तुम्हारी नजर वहां रहेगी जहां तुम्हारा ध्यान है। तुम वही देख लोगे जहां तुम्हारा ध्यान बह रहा है।
इसलिए सारे जीवन की गहनतम कला ध्यान की मालकियत को उपलब्ध कर लेना है। फिर अगर तुम परमात्मा की तरफ बह रहे होसंसार खो जाएगा। इसलिए तो ज्ञानी कहते हैंसंसार माया है। माया का यह मतलब तो नहीं है कि नहीं है। है तो पूरी तरह। लेकिन ज्ञानी कहते हैंसंसार माया है। और उन्होंने जाना है कि माया है। जानने का कारण यह है कि जब पूरा ध्यान परमात्मा की तरफ बहता हैसंसार खो जाता है। क्योंकि जिस तरफ ध्यान नहीं हैउसके होने न होने में कोई अंतर नहीं रह जाता है। जिस तरफ ध्यान हैउस तरफ हम जीवन देते हैं। जहां ध्यान हैवहां अस्तित्व पैदा हो जाता है। जहां से ध्यान हट गयावहां से अस्तित्व खो जाता है।
ज्ञानी कहते हैंपरमात्मा सत्य हैसंसार असत्य। क्या इसका यह अर्थ है कि यह जो संसार दिखायी पड़ रहा हैवह नहीं हैयह पूरी तरह हैलेकिन ज्ञानी का ध्यान हट गया। अगर तुम्हारे मन में लोभ है तो धन सत्य है। अगर लोभ खो गया तो धन मिट्टी। धन अपने कारण धन नहीं हैतुम्हारे ध्यान के कारण धन है। वासना है तो शरीर बड़ा महत्वपूर्ण हैवासना खो गयी तो शरीर गौण हो गया।
जहां से ध्यान हटेगावहां से अस्तित्व हट जाता है। जिस तरफ ध्यान जाएगावहां अस्तित्व प्रगट हो जाता है। और जिस दिन तुम यह समझ लोगेउस दिन तुम अपने मालिक हो जाओगे। क्योंकि तुम्हें अपने भीतर के मालिक का पता चल गया। अब तुम नौकरों की नहीं सुनते। अब तुम गुलामों की मान कर नहीं चलते। अब तुम शिष्यों से नहीं पूछते। उनसे क्या पूछना है जिन्हें खुद ही पता नहीं है! अब तुम गुरु से पूछते हो।
नानक कहते हैं, 'पंच का एक ध्यान ही गुरु है। जो कोई उसके संबंध में कहेवह विचारपूर्वक कहे। क्योंकि उससे गहन,गंभीर और कोई बात नहीं।बहुत सोच कर कहे। ऐसे ही न कह दे। ऐसे बातचीत में न कह दे। क्योंकि उससे मूल्यवान कुछ भी नहीं है। उससे ज्यादा सारपूर्ण कुछ भी नहीं है।
लेकिन लोग ध्यान के संबंध में भी बिना जाने बात करते रहते हैं। ऐसे लोगों ने जगत को बड़ी उलझन में डाल दिया है। क्योंकि उन्हें कुछ पता ही नहीं है। लोगों को बिना पता भी कहने में रस आता है।
मेरे पास लोग आते हैं। सैकड़ों तरह की ध्यान की पद्धतियों पर हम प्रयोग कर रहे हैं। लोग आते हैं और कहते हैंफलां आदमी ने कह दियायह तुम क्या कर रहे होयह भी कोई ध्यान हैमैं उनसे पूछता हूं कि तुम उस आदमी को जा कर पूछो कि उसने कभी ध्यान किया हैवह ध्यान को जानता हैअगर ध्यान को जानता है तो उससे सीख लो। क्योंकि सवाल यह नहीं है कि मुझ से सीखा कि किससे सीखा। सवाल यह है कि ध्यान सीखा। वह जा कर उस आदमी को वापस पूछते हैं। वह कहते हैंध्यानध्यान का मुझे पता नहींन मैंने कभी किया।
लेकिन कौन सी चीज ध्यान नहीं हैयह कहने में वह तैयार हैं! जिसे ध्यान का कोई भी पता नहीं है वह भी ध्यान के संबंध में मंतव्य दे देगा।
नानक कहते हैं कि सोच-विचार कर कहना। होश से कहना। जानते होतो ही कहना।
दुनिया अज्ञानियों के कारण नहीं भटक रही हैदुनिया उन ज्ञानियों के कारण भटक रही हैजो ज्ञानी नहीं हैं। अज्ञानी क्या भटकाएगालेकिन ऐसे बहुत से लोग हैंजिन्हें बताने का रस है। जिन्हें खुद भी पता नहीं है। जिन्हें ठीक-ठीक कुछ भी होश नहीं है कि वे क्या कह रहे हैं! क्यों कह रहे हैं! किन कारणों से कह रहे हैं! लेकिन लोग कहे चले जाते हैं।
और इस संसार में नासमझ खोज लेना कठिन नहीं है। अगर तुम बोलना शुरू कर दो--कुछ भी कहने लगोअनर्गल भीबको--तो भी तुम थोड़े दिन में पाओगे कि कुछ शिष्य तुमने इकट्ठे कर लिए। तुम से भी बड़े मूढ़ जगत में हैं। तो शिष्य को खोज लेना कोई अड़चन की बात नहीं है। तुम में भर थोड़ी सी विक्षिप्तता होदंभ होजोर से चिल्ला कर कहने की कोई आदत होलोग इकट्ठे हो जाएंगे। कोई न कोई तुम्हारे पीछे चलने लगेगा। तुम्हारे आसपास घटनाएं घटने लगेंगी। लोग बिलकुल अंधेरे में हैं। उन्होंने प्रकाश को कभी जाना ही नहीं है। तो तुम्हारी चर्चा में भी फंस जाते हैं। तुम अगर प्रकाश की चर्चा भी शुरू कर दोतो भी उन्हें खयाल होने लगता है कि जरूर कोई बात होगी।
फिर लोग बड़े कल्पनाशील हैं। जिसको वे सोच लेते हैं कि होगीउसकी वे कल्पना करने लगते हैं। और जब कल्पना शुरू हो जाती हैतो स्वप्न दिखाई पड़ने शुरू हो जाते हैं। किसी की कुंडलिनी जगने लगेगीकिसी को प्रकाश दिखायी पड़ने लगेगा,किसी को रंग-बिरंगे दृश्य आने लगेंगे। और जब ये घटनाएं घटेंगीतो वह जो आदमी बीच में गुरु बन कर बैठ गया हैउसका भरोसा और बढ़ जाएगा। इसलिए तो इतने गुरु हैं।
मैं ऐसे लोगों को जानता हूंजिनको ध्यान का कोई भी पता नहीं हैजिन्होंने कभी उसका स्वाद ही नहीं लिया। लेकिन जिनके सैकड़ों शिष्य हैं। और जब वे गुरु मुझसे एकांत में मिलते हैंतो वे भी यही पूछते हैं कि ध्यान कैसे करेंध्यान क्या है?
नानक कहते हैंध्यान के संबंध में सोच-विचार कर कहना। क्योंकि यह आग से खेलना है। यह सूक्ष्मतम बात है। इससे सूक्ष्म कुछ और नहीं है। और न इससे कोई और ज्यादा मूल्यवान है। संसार से परमात्मा तक जाने का जो रास्ता हैउससे महीनबारीक और कुछ हो भी नहीं सकता। इस संबंध में बहुत सोच-विचार कर कहना।
जे को कहे करै वीचारू
पहले तो यह विचार कर लेना कि मैं जानता हूंमुझे पता है?
अगर इस संसार में हर व्यक्ति एक बात तय कर ले कि मैं वही कहूंगा जो मुझे पता हैतो इस दुनिया का भटकाव मिट जाए। सिर्फ इतनी सी बात तय कर ले कि मैं वही कहूंगाजो मुझे पता है। मैं अनाधिकार बात न कहूंगा। जो मुझे पता नहीं है,मैं स्वीकार कर लूंगामुझे पता नहीं है। अगर इतने पर भी मनुष्य राजी हो जाएतो इस दुनिया से भटकाव मिट जाए। और सत्य को खोज लेना कठिन न हो।
लेकिन इतना असत्य है चारों तरफइतने व्यर्थ के जाल हैंइतना झूठा गुरुत्व है कि तुम ठीक गुरु को खोज भी न पाओगे। नानक को खोजना मुश्किल हो जाएगा। क्योंकि चारों तरफ न मालूम कितने लोग दावेदार हैं! तुम कैसे पता लगाओगे,कौन सही हैकौन झूठ हैकोई कसौटी भी नहीं है।
इसलिए नानक कहते हैंबहुत विचार कर ही कोई कहेजान लिया हो तो ही कहेपहचान लिया हो तो ही कहे। क्योंकि तुम जीवन से खिलवाड़ न करना। तुम जब दूसरे को सलाह दे रहे होतब तुम दूसरे के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हो। अगर तुम्हें पता नहीं हैतुम भटका दोगे। तुम्हें भला गुरु होने का मजा आ जाए! लेकिन इससे बड़ा कोई पाप नहीं हो सकता कि तुमने किसी को ज्ञान के मार्ग से भटका दिया। हत्या भी इससे कम पाप है। चोरी कुछ भी नहीं है। बेईमानीधोखाधड़ी कुछ भी नहीं है। क्योंकि चोरी में तुम क्या करोगेकिसी की जेब से रुपया निकाल लोगे। रुपए का मूल्य कितना हैहत्या में तुम क्या करोगेकिसी का शरीर काट डालोगे। नया शरीर उपलब्ध हो जाएगाक्योंकि जीवन का कोई अंत नहीं है। तुम किसी को मार सकते नहीं। हिंसा ऊपर-ऊपर हैभीतर हो नहीं सकती। कपड़े ही छीन सकते होआत्मा तो न छीन लोगे। तुम किसी को धोखा दोगेक्या धोखा दोगेकुछ क्षुद्र सी चीज पा लोगे।
लेकिन अगर तुमने गुरु होने का भ्रांत भाव पैदा करवा दियाऔर तुमने वे बातें बतायीं जिनका तुम्हें पता नहींतो तुम व्यक्ति को जन्मों-जन्मों तक भटका दे सकते हो। इससे बड़ा और कोई धोखा नहीं हो सकता। और इससे बड़ा कोई पाप नहीं हो सकता। अज्ञानी गुरु जैसा महापाप करता हैवैसा महापाप कोई भी नहीं कर सकता।
और ध्यान रखनाजब एक व्यक्ति बहुत से गलत गुरुओं के पास भटक लेता हैतो उसकी आस्था खो जाती हैउसका भरोसा टूट जाता हैउसकी आशा मिट जाती है। और धीरे-धीरे उसे ऐसा लगने लगता है कि सब पाखंड है। जब निन्यान्नबे के पास पाखंड है तो एक के पास कैसे सत्य होगाऔर जो निन्यान्नबे के पास पाखंड से गुजरा हैवह अगर एक के पास भी आ जाएनानक के पास भी आ जाएतो भी अपने को सम्हाल कर ही रखेगा। कि निन्यान्नबे जगह धोखा खायापता नहीं यहां भी धोखा हो!
इस संसार में इतनी नास्तिकता हैउस नास्तिकता का कारण गलत गुरु हैं। लोगों की आस्था खो गयी है। नास्तिकता विज्ञान के कारण नहीं है। और न नास्तिकता नास्तिक दार्शनिकों के कारण है। नास्तिकता का मौलिक कारण पाखंडी गुरु हैं। क्योंकि इतना भरोसा तोड़ दिया है कि अब यह भरोसा ही करना संभव नहीं है कि कोई गुरु है। और यह भी भरोसा करना संभव नहीं है कि कोई परमात्मा है। क्योंकि जब गुरु ही नहीं तो परमात्मा कैसे होगा। ये गुरुपरमात्माऔर यह सब जाललोगों के शोषण की विधियां हैं। ऐसी लोगों की प्रतीति हो गयी है। भले लोग इतने भटकाए गए हैं।
इसलिए नानक कहते हैंजो भी इस संबंध में कुछ कहेवह बहुत विचार कर कहे। आग से खेलना है। दूसरों को जीवन दांव पर लगाने की बात कहनी है। सोच कर कहेअन्यथा चुप रहे।
नानक कहते हैंकरतै कै करणे नाही सुमारू
और परमात्मा के संबंध में कुछ भी तो नहीं कहा जा सकता है। क्योंकि न तो उसका कोई अंत हैन कोई सीमा है। उसके संबंध में तो चुप ही रहा जा सकता है। क्या कहोगेध्यान के संबंध में कुछ कहा जा सकता हैलेकिन वह विचार कर कहना। और परमात्मा के संबंध में तो कुछ कहा ही नहीं जा सकताइसलिए उस संबंध में तो कुछ कहना ही मत।
इसे थोड़ा समझ लो। ध्यान का अर्थ होता है विधिमेथडऔर परमात्मा का अर्थ होता है अनुभूतिनिष्पत्ति। मार्ग के संबंध में कुछ कहा जा सकता हैअगर तुम चले हो मार्ग पर तो। मंजिल के संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। क्योंकि मार्ग की तो सीमा है। मार्ग की तो दिशा है। मंजिल की तो कोई सीमा नहीं और कोई दिशा नहीं। मैं तुमसे यह तो नहीं कह सकता कि परमात्मा क्या हैलेकिन यह कह सकता हूं कि कैसे वहां तक मैं पहुंचा हूं। मार्ग के संबंध में बताया जा सकता है।
इसलिए बुद्ध कहते हैं कि बुद्ध-पुरुष केवल इशारा करते हैं। बुद्ध कहते हैं कि बुद्ध-पुरुष विधि बताते हैं। नानक ने तो बार-बार कहा है कि मैं तो एक वैद्य हूंजो औषधि बताता हूं। स्वास्थ्य के संबंध में कुछ नहीं कहा जा सकता है। औषधि के संबंध में कुछ कहा जा सकता है कि यह औषधि तुम्हारी बीमारी को काट देगी। फिर जो बच रहेगाजो शेष रहेगाबीमारी के हट जाने पर जिस आनंदअहोभाव से तुम भर जाओगेवही स्वास्थ्य है। उस संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
परमात्मा के संबंध में जो भी कहा जाए वह नकारात्मक होगा। हम यही कह सकते हैं कि वह यह नहीं हैवह यह नहीं हैवह यह नहीं है। हम यह नहीं कह सकते कि वह यह है। ऐसा सीधा इशारा तो उसे सीमित कर देगा। सीमित को हम अंगुली से बता सकते हैं कि यह रहा। असीम को हम कैसे बताएंगेतो नानक कहते हैं कि परमात्मा के संबंध में तो कुछ कहा ही नहीं जा सकतातो तुम चुप रहना।
लेकिन परमात्मा के संबंध में भी लोग बहुत बात करते हैं। जितनी बात परमात्मा के संबंध में करते हैंकिसी और संबंध में नहीं करते। बड़ा विवादबड़ी किताबेंबड़ी चर्चाएं चलती हैं। प्रमाण जुटाते हैंसिद्ध करते हैं कि है परमात्मा या नहीं। और कोई भी इसकी फिक्र नहीं करता कि परमात्मा को सिद्ध नहीं किया जा सकता और न असिद्ध किया जा सकता है। परमात्मा को जाना जा सकता हैजीया जा सकता है। परमात्मा हुआ जा सकता है। लेकिन न तो सिद्ध किया जा सकता हैन असिद्ध किया जा सकता है।
तुम कैसे सिद्ध करोगे कि परमात्मा हैतुम जो भी कहोगे वह असंगत होगा। तुम कैसे सिद्ध करोगे कि नहीं हैतुम जो भी कहोगे वह भी असंगत होगा। क्योंकि परमात्मा का अर्थ ही हैयह समस्तटोटेलिटी। यह जो विराट सब तरफ फैला हुआ हैइसका इकट्ठा एक नाम परमात्मा है।
परमात्मा कोई व्यक्ति तो नहीं है कि कहीं बैठा है आकाश में! परमात्मा तो एक अनुभव है निमज्जन काविलीन होने का। परमात्मा तो एक ऐसी परमदशा हैजब तुम मिट भी जाते हो और मिटते भी नहीं। होते भी हो और नहीं भी हो जाते हो। एक ऐसा विरोधाभास हैजहां एक तरफ से तुम बिलकुल शून्य हो जाते होदूसरी तरफ से बिलकुल पूर्ण हो जाते हो।
तो परमात्मा न तो कोई व्यक्ति हैन कोई सिद्धांत हैन कोई हाइपोथीसिस है। परमात्मा एक अनुभूति हैऔर आखिरी अनुभूति है। और ऐसी अनुभूति है कि उसमें तुम खो जाते हो। इसलिए लौट कर कहने को कोई बचता भी नहीं।
तो नानक कहते हैं कि उसके संबंध में तो कुछ कहा नहीं जा सकता। ध्यान के संबंध में कुछ कहा जा सकता है। बहुत सोच कर कहना। जाना हो तो कहनाअन्यथा चुप रह जाना।
इसे तुम अपने जीवन में तो एक नियम बना लो। छोड़ो संसार कोअपने संबंध में तुम एक नियम बना लो। यह छोटा-सा नियम तुम्हारे सारे जीवन को रूपांतरित कर देगा। जो तुमने जाना होवही कहना। इंच भर ज्यादा नहीं।
अतिशयोक्ति करने का मन होता है। इंच भर जानते होमील भर कहने की तबियत होती है। रत्ती भर पता चलता है,पहाड़ की चर्चा शुरू हो जाती है। मन की स्थिति अतिशय की है। क्योंकि अतिशय से अहंकार को रस आता है।
मुल्ला नसरुद्दीन एक दिन सड़क पर गिर पड़ा। बेहोशउसे ले जाया गया अस्पताल। और जब उसे सर्जरी के टेबल पर रखा गया तो उसके खीसे में बंधा हुआ एक कागज का पुर्जा मिला। जिस पर उसने बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था: डाक्टरों के लिए विशेष सूचना। मुझे मिर्गी का दौरा पड़ा हैयह कोई अपेंडिक्स की बीमारी नहीं। अपेंडिक्स तो मेरी पहले ही अनेक बार निकाली जा चुकी है। 'अनेक बार!'
मन तत्क्षण अतिशय करता है। क्योंकि बड़ा कर के देखने में मजा आता है। तुम्हें जरा सा पता चला नहीं कि तुम उसे फैला लोगे। तुम उसमें बहुत मिर्च-मसाला मिला लोगे। तुम उसे बहुत से रंग दे दोगे। और जितने तुम रंग दे रहे होउतना ही तुमने जो जाना है वह झूठ हुआ जा रहा है। धीरे-धीरे रंग ही रंग रह जाएगाअसली चीज खो जाएगी।
अतिशय से बचना। जितना जाना होइंचभर कम कहनाचलेगा। इंचभर ज्यादा मत कहना। थोड़ा कम बतानाचलेगा;उससे कोई किसी का हर्जा नहीं है। थोड़ा ज्यादा कर के मत बताना। और न केवल परमात्माध्यान के संबंध मेंजीवन के अनुभव के संबंध में भी आग्रह मत करना कि मैं जानता हूं। जीवन बड़ा हैतुमने जो जाना हैवह उसका बड़ा एक छोटा सा हिस्सा है। उससे नतीजे नहीं लिए जा सकते।
तुम एक दुकानदार रहे होतुमने दुकानदारी जानी है। जिंदगी बहुत बड़ी है। उसमें अनंत होने के ढंग हैं। तुमने सारी जिंदगी नहीं जान ली है। तुम इतना ही कहना कि मैं एक दुकानदार रहा। और दुकानें भी हजार तरह की हैं। मैंने एक तरह की दुकान की। और एक दुकान पर भी करोड़ों तरह के ग्राहक आ सकते थेवे सब नहीं आएथोड़े से ग्राहक आए। थोड़ा सा मेरा अनुभव हुआ हैएक रत्ती भर।
न्यूटन ने कहा है कि लोग सोचते हैं कि मैं बहुत जानता हूं। और मेरी दशा वैसी है जैसे सागर के किनारे मैंने रेत का एक कण हाथ में ले लिया हो। और रेत का एक कण मेरा ज्ञान है। और मेरा अज्ञान इतना बड़ा हैजितने कण अभी बाकी हैं।
ध्यान सदा अज्ञान पर देना कि कितना जानने को बाकी है! उससे तुम विनम्र हो जाओगे। जो तुमने जाना हैउस पर बहुत ज्यादा ध्यान मत देनाउससे तुम अकड़ जाओगे। उससे अस्मिता जगेगी। उससे अहंकार पकड़ेगा। हमेशा खयाल रखना,कितना जानने को शेष है! कितना अनुभव करने को शेष है! अपार बाकी है। तब तुम पाओगे कि जो जाना हैउसका हिसाब ही क्या रखना! कुछ भी तो नहीं जाना है।
इसलिए सुकरात कहता हैज्ञानी जब परम ज्ञान को उपलब्ध होता हैतब एक ही जानने को बच रहता है कि मैंने कुछ भी नहीं जाना। ज्ञानी का लक्षण है कि कुछ भी नहीं जाना।
इसलिए नानक कहते हैंसीमा रखनासरलता रखनाविनम्रता रखना। उतना ही कहनाजितना जानते हो। और उस परमात्मा के संबंध में तो कुछ भी मत कहना। क्या तुम कहोगेतुम जो कहोगे सब छोटे मुंह बड़ी बात होगी। सिद्ध करोगे तो,असिद्ध करोगे तो। तुम हो कौनतुम निर्णायक होतुम्हारे तर्कों पर उसका होना निर्भर हैतुम्हारे तर्क तो तोड़े जा सकते हैं। तब क्या वह टूट जाएगा?
रामकृष्ण के पास केशवचंद्र आए। तो केशवचंद्र ने बड़े तर्क दिए कि परमात्मा नहीं है। तो रामकृष्ण सुनते रहे। और बड़े प्रफुल्लित हुएबड़े आनंदित हुए। छाती से लगा लिया केशवचंद्र को। कहा कि बड़ी कृपा की कि तुम आए। मैं तो गांव का ग्रामीण हूं। तो बुद्धि का ऐसा वैभव मैंने कभी नहीं देखा। तुम्हें देख कर ही सिद्ध हो गया कि परमात्मा है। क्योंकि तुम जैसा फूल कैसे खिलेगा बिना उसके?
वे सिद्ध करने आए थे कि परमात्मा नहीं है। और उन्होंने बड़े स्पष्ट तर्क दिए थे। केशवचंद्र बहुत तार्किक व्यक्ति थे। बड़े प्रतिभाशाली व्यक्ति थे। कभी हजारों साल में वैसी प्रतिभा का आदमी होता है। बारीक तर्क दिए थेजिनका उत्तर मुश्किल था।
लेकिन रामकृष्ण उनका उत्तर दिए ही नहीं। रामकृष्ण तो ऐसे प्रफुल्लित हुएकि तुम्हें देख कर थोड़ा प्रमाण बाकी था वह भी मिल गया। तुम हो सकते होतो संसार पदार्थ नहीं है। जब चेतना की ऐसी प्रक्रिया हो सकती हैकि तर्क की ऐसी बारीकी हो सकती हैतो संसार पदार्थ-पत्थर नहीं हैयहां चेतना छिपी है। तुम मेरे लिए परमात्मा के प्रमाण हो गए।
केशवचंद्र लौटे हारे हुए। रात अपनी डायरी में लिखा कि यह आदमी जीत गया। इसको हराना मुश्किल है।
धार्मिक आदमी को हराना मुश्किल है। क्योंकि धार्मिक आदमी तर्क देता ही नहीं। हरा सकते हो उसेजो तर्क देता हो। क्योंकि तर्क तोड़े जा सकते हैं। तर्क के तोड़ने में थोड़े और बड़े तार्किक होने की जरूरत हैऔर तो कुछ भी नहीं। थोड़ी और कुशलता चाहिए।
धार्मिक आदमी को तुम हरा न सकोगेक्योंकि वह तर्क देता ही नहीं। वह उपाय ही नहीं देता कि तुम उस पर हमला कर सको। वह मार्ग ही नहीं देता जिससे तुम प्रवेश कर सको। इसलिए तो धार्मिक व्यक्ति कहता है कि मेरी श्रद्धा है परमात्मामेरा निष्कर्ष नहीं। मेरा भाव है परमात्मामेरा विचार नहीं। मेरा हृदय है परमात्मामेरी बुद्धि नहीं। इसलिए हृदय तो मौन है। और धार्मिक व्यक्ति परमात्मा के संबंध में मौन रहेगा। हांध्यान के संबंध में बोलेगा। लेकिन उतना हीजितना उसने जाना है। जहां तक वह गया हैबस उतना!
बड़े ईमानदार लोग पुराने दिनों में थे। बुद्ध यात्रा पर निकले सत्य की खोज के लिएतो छह वर्ष तक वे अनेक गुरुओं के पास गए। बड़ी मीठी कहानी है। जिस गुरु के पास गएउसने उन्हें जो जानता थावह सिखाया। फिर एक घड़ी आ गयी कि बुद्ध ने वह सब जान लिया जो गुरु जानता था! फिर उन्होंने गुरु को कहा कि अबतो गुरु ने कहा कि जितना मैं जानता था उतना मैंने बता दियाइससे आगे मुझे पता नहीं है। अब तुम्हें कोई और गुरु खोजना पड़ेगा।
आखिरी गुरु था अलारकालाम नाम का व्यक्ति। महीनों तक बुद्ध उसके पास रहे। जो उसने कहावह किया। आखिर एक दिन वह घड़ी आ गयीजहां बुद्ध वहां पहुंच गए जहां अलारकालाम था। बुद्ध ने कहाअब मैं क्या करूंअभी भी मेरी तृप्ति नहीं हुई। कालाम ने कहातब तुम्हें कोई और गुरु खोजना पड़ेगा। क्योंकि जहां तक मैं जानता थामैंने बता दिया। और अगर तुम्हें आगे कुछ पता चले तो मुझे भूल मत जाना। मुझे खबर करना।
ये ईमानदार लोग थे। इंच भर आगे की बात...जितना पता था उतना बता दियाबात खतम हो गयी। इससे ज्यादा मुझे ही पता नहीं है। तो तुम्हें अगर पता चल जाए तो तुम मुझे खबर कर देना। इसलिए अतीत में इतने लोग प्रज्ञावान हुएक्योंकि एक ईमानदारी थी।
आज ईमानदारी का कोई सवाल ही नहीं है। आज तुम्हें पता हो या न पता होतुम अगर ठीक से दावा कर सको और प्रचार कर सको तो तुम शिष्य जुटा लोगे। अब तो जैसे हम बाजार की चीजों के लिए एडवरटाईज करते हैंवैसा तुम अपने लिए ठीक से एडवरटाईज करोलोग आ जाएंगे। और अगर तुमने ठीक से विज्ञापन कियाऔर लोगों की वासना को जगायाऔर लोगों के लोभ को उकसायातो वे तुम्हें गुरु बना लेंगे।
इसलिए नानक कहते हैंबहुत विचार कर कहना ध्यान के संबंध में।
'धर्म ही पृथ्वी को धारण करने वाला है।'
इसलिए जो व्यक्ति धर्म के संबंध में थोड़ा भी गलत-सही कह देता हैवह जीवन को डावांडोल कर देता है। धर्म ही तुम्हें धारण किए हुए है। तुम्हें ही नहींसारा अस्तित्व धर्म धारण किए हुए है। इसलिए धर्म के संबंध में पता हो तो ही कहना,अन्यथा चुप रह जाना। क्योंकि धर्म के संबंध में थोड़ी सी भी गलत बातऔर जन्मों-जन्मों तक जीवन अस्तव्यस्त हो जाता है। यह कोई छोटा काम नहीं है। यह कोई छोटा कलपुर्जा नहीं है कि जिसको फिर आसानी से बदला जा सके। जीवन का संतुलनडावांडोल हो जाता है। एक दफा तुम्हें धर्म के संबंध में कुछ गलत दृष्टि हो गयी कि तुम्हारे आधार खो जाते हैं।
'धर्म पृथ्वी को धारण किए है। वह दया का पुत्र है। उसमें संतोष की स्थापना कर संतुलन बनाएं'
ये तीनों वचन हृदय में बहुत गहरे में उतर जाने दो।
धौलु धरमु दइधा का पूतु। संतोष थापि रखिया जिनि सूति।।
जे को बूभै होवै सचिआरू
धर्म आधार है जीवन काअस्तित्व का। आधार का अर्थ होता हैजिसके बिना अस्तित्व बिखर जाए। जिसके बिना अस्तित्व का भवन गिर जाए--बुनियाद है। शेष सब चीजें भवन की सजावट हैं। दीवालें हैंईंटें हैंउनसे भवन बना है। लेकिन धर्म आधार है। धर्म का अर्थ ही होता हैस्वभाव की जो आत्यंतिकता हैस्वभाव का जो आखिरी सूत्र है।
जैसे आग का गरम होना स्वभाव है। आग ठंडी हो जाए तो आग ही न रही। सूरज का प्रकाश देना स्वभाव है। सूरज प्रकाश न दे तो सूरज ही न रहा। प्रकाशहीन सूरज को क्या सूरज कहिएगा! उसने धर्म खो दियाअपना गुण खो दिया।
जीसस बहुत बार कहते हैं कि नमक अगर अपना नमकीनपन खो देतो फिर तुम उसे कैसे नमकीन बनाओगेअगर नमक ही अपना नमकपन खो देतो फिर नमकीन बनाने का कोई उपाय न रहा।
स्वभाव से कोई भी चीज च्युत हो जाएतो फिर वह वही न रहीजो थी। क्योंकि जो भी वह थीस्वभाव के कारण थी। सूरज सूरज हैप्रकाश के कारण। आग आग हैउत्तप्तता के कारण। मनुष्य मनुष्य हैध्यान के कारण। वह उसका स्वभाव है। और जो मनुष्य ध्यान खो देवह नाम मात्र को मनुष्य है। वह सिर्फ दिखायी पड़ता है कि मनुष्य हैहै नहीं। होगा तो वह पशु।जीएगा तो जानवर की तरह।
हम जानवर की कभी निंदा नहीं करते। क्योंकि जानवर अपने स्वभाव में जी रहा है। इसलिए हम यह नहीं कहते हैं कि क्या कुत्ते की तरह व्यवहार कर रहे होकुत्ते से हम यह कभी नहीं कहते हैं। कहने का कोई मतलब ही नहीं है। कुत्ता जैसा व्यवहार कर रहा हैउसका स्वभाव है। आदमी से हम कभी-कभी कहते हैंक्या कुत्ते की तरह व्यवहार कर रहे होक्या गधे की तरह व्यवहार कर रहे हो?
आदमी से हम यह कह सकते हैं। क्योंकि आदमी तभी आदमी की तरह व्यवहार करता हैजब वह ठीक ध्यानस्थ होता हैजब वह अपने स्वभाव में होता है। कोई बुद्धकोई नानककोई कबीरठीक स्वभाव में होते हैं।
मगर हमारी भीड़ इस बुरी तरह स्वभाव से गिर गयी है कि हम नानक कोबुद्ध कोकबीर कोकृष्ण कोअवतार कहते हैंमनुष्य नहीं। क्योंकि अगर उनको हम मनुष्य कहें तो हम अपने को क्या कहेंगेहमारी तकलीफ है। अगर हम बुद्ध को मनुष्य कहेंतो फिर हम अपने को क्या कहेंगेतो फिर हमें अपने को मनुष्य से कुछ नीचे रखना पड़े। अपने को मनुष्य कहना जारी रखना हैइसलिए बुद्ध को हम कहते हैं अवतार। इससे हम एक और सीढ़ी ऊपर उनके लिए बना देते हैं। उससे हमारी झंझट मिटती है। उससे हम कम से कम मनुष्य बने रहते हैं। लेकिन हम मनुष्य नहीं हैं।
मनुष्य शब्द को ठीक से समझना। जब कोई व्यक्ति गहन मनन को उपलब्ध होता हैतभी मनुष्य होता है। जब कोई व्यक्ति गहन ध्यान में ठहर जाता हैतभी मनुष्य होता है। चैतन्य मनुष्य का स्वभाव है। और तुम अपने स्वभाव को पाओगे,तो वही द्वार है तुम्हारासमस्त के स्वभाव में उतरने का। तो परमात्मा के पास जाने का एक ही मार्ग है मनुष्य को कि वह अपने भीतर अपने स्वभाव की गहरी से गहरी बुनियाद खोज ले।
नानक कहते हैं कि धर्म धारण कर रहा है। वह स्वभाव हैवह आधार है। और दया का पुत्र है। उसमें संतोष की स्थापना कर संतुलन बनाएं
दया और संतोषदो शब्द बड़े मूल्यवान हैं। और पूरा जीवन इन दो में समा सकता है साधक का। दया बाहरसंतोष भीतर। ये दो पलड़े हैं। अपने पर दया कभी नहींदूसरे पर संतोष कभी नहीं। अपने पर सदा संतोषदूसरे पर सदा दया।
इसे थोड़ा समझ लें। क्योंकि इससे उलटा हम करते हैं। एक आदमी भूखा मर रहा हैहम कहते हैंठीक है। एक आदमी सड़क पर बीमार पड़ा हैहम कहते हैंठीक है। संतोष तो सिखाया है सदा। अब जैसा हैसब ठीक है।
दूसरे पर दयाअपने पर संतोष। मैं जहां हूंठीक हूं। इस संबंध में जरा भी कुछ करने की जरूरत नहीं है। जो मुझे मिला हैपर्याप्त है। जो मैं हूंमैं तृप्त हूं। जो व्यक्ति अपने पर संतोष करेगावह परम शांति को उपलब्ध हो जाएगा। क्योंकि अशांति पैदा होती है असंतोष से। पहले असंतोष आता हैफिर अशांति आती है। हमें लगता है कि जो होना चाहिए वह नहीं हो रहा है। जैसा मैं होना चाहिए था वैसा मैं नहीं हूं। जो मुझे मिलना थानहीं मिला। जो मेरा अधिकार थावह नहीं हो रहा है। परमात्मा मुझ पर नाराज है। मेरे साथ न्याय नहीं हो रहा है। मेरी योग्यता के अनुकूल मुझे प्रतिष्ठा नहीं मिल रही है। मेरी समझ के अनुकूल मुझे धन नहीं मिल रहा है। लोग समझ ही नहीं पा रहे कि मैं कौन हूं!
जैसे ही तुम्हारे पास असंतोष के शब्द इकट्ठे हुएजल्दी ही अशांति शुरू हो जाएगी। क्योंकि असंतोष में अभाव दिखायी पड़ेगा। क्या-क्या नहींवह दिखायी पड़ेगा। असंतोष ढंग है अभाव को खोजने का। अपने प्रति संतोष। तब तुम्हें वह दिखायी पड़ेगा जो है। और जैसे ही वह दिखायी पड़ेगा जो हैतुम धन्यवाद से भर जाओगे। आभारअहोभाव आ जाएगा। तुम परमात्मा को धन्यवाद दे सकोगे कि तुमने जरूरत से ज्यादा मुझे दिया है।
अपने प्रति संतोषदूसरे के प्रति दया। दूसरे के लिए जो भी तुम से बन सके करना। उसके जीवन में जितना सुख,जितनी शांति तुम दे सकोदेने की कोशिश करना। मिल पाएन मिल पाएइस संबंध में संतोष रखना। क्योंकि वह भीतरी बात है। तुमने कोशिश कीफिर भी तुम नहीं दे पाएतो संतोष रखना।
दूसरे के संबंध में संतोष और अपने संबंध में दयाहमने ऐसा कर लिया है। तो अपने पर तो हम बड़ी दया करते हैं। अपने पर बड़ी दया करते हैं कि सब होना चाहिए। दूसरे पर बड़ा संतोष रखते हैं कि जो हैसब ठीक है।
इसलिए तो भारत की ऐसी दुर्गति हुई। भारत की दुर्गति में यह हाथ है कि हमने संतोष कर लिया सब के प्रतिअपने प्रति नहीं। इसलिए भारत गरीब हैदीन हैबीमार हैसब ठीक है। जो उसकी मर्जीहम कहते हैं। जहां खुद का सवाल आता है,वहां उसकी मर्जी हम नहीं मानते। वहां हम पूरा संघर्ष करते हैं। और हमारे संघर्ष के कारण और मुल्क दीन-दरिद्र होता जाता है। तो हम संतोष रखते हैं कि यह सब परमात्मा की मर्जी है। जो जिसके भाग्य में लिखा हैवह होगा। उसने अमीर को अमीर बनायागरीब को गरीब बनाया। हमें अमीर बनायाउसको गरीब बनाया। हमें मालिक बनायाउसे गुलाम बनाया। हम बिलकुल संतुष्ट हैं। गुलाम की जिंदगी को बदलनेगरीब की जिंदगी को बदलने के लिए हमारे भीतर कोई दया नहीं। दया सब हम अपने ही ऊपर अपनी खर्च कर देते हैं।
देखोशब्द दोनों बड़े बहुमूल्यवान हैं। लेकिन उनका रुख अगर तुम बदल दोतो खतरा होता है। अगर हम अपने प्रति संतोष रख सकें तो जीवन में परम शांति होगी। भरे-पूरे होंगे हम। और दूसरे पर दया रख सकें तो दीनता और दरिद्रता मिटेगी। दूसरे पर दया रख सकें तो सेवा का जन्म होगा। दूसरे पर दया रख सकें तो जीवन में पुण्य और जीवन में प्रार्थना और आराधना होगी। दूसरे पर दया रख सकें तो वही हमारा परमात्मा की तरफ जाने का मार्ग बन जाएगा।
अगर सिर्फ दूसरे पर दया रखी और अपने पर संतोष न रखातो तुम एक समाज-सुधारक हो सकते होलेकिन धार्मिक न हो पाओगे। सिर्फ अपने पर संतोष रखा और दूसरे पर दया न रखीतो तुम एक मुर्दा साधु हो जाओगे। लेकिन तुम्हारा जीवन खो जाएगा।
बहुत से लोग हैंजंगलों में भाग गए हैं। बिलकुल संतुष्ट हैं। लेकिन दया उनमें बिलकुल नहीं है। दया का भाव ही नहीं है। तो अपना सुख तो उन्होंने खोज लियालेकिन बड़े गहन स्वार्थी मालूम पड़ते हैं। दूसरे पर कोई दया का भाव नहीं। और दूसरे पर उनकी नजर बड़ी कठोर है।
पूछो एक जैन मुनि को। तो वह संतोष तो साध रहा हैलेकिन दयादयावह कहेगाअपने-अपने कर्मों का फल लोग भोग रहे हैंइसमें मैं क्या कर सकता हूंसंतोष वह साध रहा है अपने लिए। अधूरी बात हैसंतुलन नहीं है। पूछो ईसाई मिशनरी को। वह दया तो साध रहा है--जंगलों में पड़ा हैबीमारी झेलता हैदीन-दरिद्र कीआदिवासी की सेवा करता है,अस्पताल हैरोगी हैंकोढ़ हैसब तरह की चिंता लेता है--लेकिन उसके भीतर कोई संतोष नहीं है।
ये अधूरे-अधूरे लोग हैं। ईसाई मिशनरी में दया हैजैन मुनि में संतोष हैलेकिन संतुलन नहीं है। और एक पलड़ा बहुत भारी हो और दूसरा बिलकुल ऊपर उठ जाएतो जीवन का जो परम संगीत है वह नहीं बज पाता।
इसलिए नानक कहते हैं, 'धर्म दया का पुत्र है। और उसमें संतोष की स्थापना कर संतुलन बनाएं'
जिस व्यक्ति ने भी दया और संतोष को साध लिया ठीक मात्रा मेंठीक दिशा मेंउस व्यक्ति को जीवन का परम आधार मिल जाएगा। वह पा लेगा कि धर्म क्या है।
'जो कोई इसको समझता है वह सत्यस्वरूप हो जाता है।'
भीतर संतोषबाहर दयाभीतर ध्यानबाहर करुणा।
बुद्ध का सूत्र भी वही है। बुद्ध ने जो शब्द उपयोग किए हैंवह करुणा और प्रज्ञा। भीतर ज्ञानबाहर करुणा। भीतर ध्यानबाहर करुणा। और जब तक दोनों न होंतो बुद्ध ने कहा हैज्ञान सच्चा नहीं। अगर बाहर करुणा न हो तो ज्ञान अधूरा है। अगर बाहर करुणा हो और भीतर ध्यान न होतो भी ज्ञान अधूरा है। क्योंकि दूसरे पर दया कर-कर के ही तुम कहीं न पहुंच पाओगे। तुम्हें भीतर भी कुछ करना पड़ेगा। तुम कितने ही पैर दबाओ मरीजों केऔर कितने ही अस्पताल खोलो और धर्मशालाएंचलाओअगर तुमने भीतर स्मृति को न साधाऔर ध्यान को न जगायाऔर पांचों इंद्रियों के बीच एक को न खोजातो तुम कहीं न पहुंच पाओगे। तुम खुद ही मरीज हो। तुम दूसरों की सेवा कर के कहां पहुंचोगे?
जीवन जैसे दो पैरों से चलता हैजैसे पक्षी दो पंखों से उड़ता हैजैसे तुम दो आंखों से देखते हो तब जीवन की तस्वीर पूरी दिखायी पड़ती हैठीक वैसे ही दो पंख हैं उस अंतिम यात्रा के भी। नानक का नाम है--दयासंतोष।
'वही जानता है कि धर्म पर कितना भार है। पृथ्वी अनेक हैं। उनसे परे भी और पृथ्वियां हैं।'
अब वैज्ञानिक भी इसे स्वीकार करते हैं कि कम से कम पचास हजार पृथ्वियां हैं। और यह भी अभी हमारी जानकारी की सीमा बताती है। इससे पार भी होंगी। जीवन इस अकेली पृथ्वी पर नहीं हैकम से कम पचास हजार पृथ्वियों पर जीवन है,वैज्ञानिक गणना से। धार्मिक हिसाब से तो अनंत पृथ्वियों पर जीवन है। विराट फैलाव है। इस विराट फैलाव को तुम छोटे से मन से न देख पाओगे। तुम्हें अपने छोटे मन को हटा ही देना पड़ेगा।
और जैसे ही मन के विचार शांत हो जाते हैंझरोखा टूट जाता है। तुम खुले आकाश के नीचे आते होतुम्हें भी दिखायीपड़ना शुरू हो जाएगा कि कितना अनंत जीवन है! और कितनी महिमा है इस अनंत कीऔर मैं कैसी क्षुद्रताओं में खो रहा था! कैसी छोटी-छोटी बातों में उलझा था! किसी ने गाली दे दीकिसी ने अपमान कर दियाकहीं कांटा चुभ गयाकहीं सिरदर्द हो गयायही तुम्हारी जिंदगी की कथा है। जहां इतना विराट प्रतिपल घटित हो रहा थावहां तुम क्षुद्र में ही लगे रहे। वहां तुमने हिसाब व्यर्थ का किया। जहां अनंत धन बरस रहा थावहां तुम कौड़ियां बीनते रहे।
नानक कहते हैं, 'पृथ्वी अनेक हैंउनसे परे भी और पृथ्वियां हैं। उनके भार के नीचे कौन सी शक्ति हैजितने जीव हैं,जातियां हैंरंग हैंसबके नाम उसकी आज्ञा की कलम से लिखे गए। कोई-कोई ही इस लेखा को लिखना जानता है। यदि लिखा जाए तो कितना बड़ा होगा! कितनी उसकी शक्ति है! कितना सुंदर उसका रूप है! उसके दान कितने हैं! यह कौन जान सकता है?और कौन अनुमान लगा सकता हैउसके एक शब्द से कितना प्रसार हुआ। उसी से सृष्टि की लाखों नद-नदियां उत्पन्न हुईं। कुदरत का किस प्रकार विचार करेंउस पर बार-बार निछावर जाऊं तो भी कम है। जो तुझे भावे वही भला है। तू सदा सलामत और निरंकार है।'
जैसे ही तुम अपने क्षुद्र हिसाब से थोड़े बाहर हटोगेतुम्हारी हालत वैसी ही है...जैसे बाहर हीरे-जवाहरातों की वर्षा हो रही हैऔर तुम अपने कंकड़-पत्थर छाती से लगाए बैठे हो। इस डर में कि कहीं कोई छीन न ले। इस डर में कि कहीं मुट्ठी खोली तो कंकड़-पत्थर गिर न जाएं।
तुम किस चीज के पास रुके होक्या तुम्हारा हिसाब हैतुम किन बातों को निरंतर सोचते रहते होतुम्हारे भीतर कौन सा ऊहापोह चलता हैअगर तुम हिसाब लगाओगे तो पाओगे बड़ा क्षुद्र है। बड़ा क्षुद्र है! उसको क्षुद्र कहना भी ठीक नहींक्षुद्रतमहै। हिसाब योग्य ही नहीं है। पर उसी में तुम जीवन गंवा रहे हो।
और नानक कहते हैंजब यह सब हटता है और तुम निर्विचार होते होजब ओंकार की ध्वनि गूंजती है और तुम देखते हो जीवन की विराट महिमा कोअनंत-अनंत जीवनअमृत का अनंत पारावारसौंदर्य असीमशक्ति की कोई सीमा नहींतब तुम उसके दरबार में प्रविष्ट हुए। और जब तुम उसके दरबार में प्रविष्ट होते होतब तुम अनुमान भी नहीं लगा सकते कि कितना विराट अस्तित्व है! कितना सौंदर्य है इसका! कितना रस है इसमें! और हम व्यर्थ ही इसको गंवाए जा रहे थे।
नानक कहते हैंकैसे विचार करूंसब विचार ठिठक कर रुक जाता है। विचार अवाक हो जाता है। अचरजआश्चर्य से आंखें भर जाती हैं।
आंख उठाओगेआश्चर्य से भर जाओगे। आंख ही जमीन पर गड़ा रखी है। वहां जमीन में गड़े कंकड़-पत्थर दिखायी पड़ते हैं।
'कुदरत का किस प्रकार विचार करें? उस पर बार-बार निछावर जाऊं तो भी कम है।'
और जो अपरिसीम घटित हो रहा हैजो अनंत आनंद बरस रहा हैउसे कैसे चुकाऊंउस पर हजार बार निछावर जाऊं तो भी कम हैऐसे अहोभाव का जन्म होता है। ऐसा अहोभाव ही प्रार्थना है। इस प्रार्थना में जो शब्द नानक ने कहे हैंवे बड़े कीमती हैं।
'जो तुझे भावे वही भला है।'
जो तेरी मर्जीवही हो। ऐसी घड़ी में तुम अपनी मर्जी को बिलकुल छोड़ दोगे। तुम एक ही प्रार्थना करोगे कि मेरी मर्जी भर पूरी मत करना। जो तेरी मर्जी होवही पूरी हो। क्योंकि मैं तो जो मांगूंगा वह छोटा ही होगा। बच्चे खिलौने ही मांगेंगे। नासमझ नासमझियां मांगेंगे। तू मेरी मर्जी पूरी मत होने देना। और जो तेरी मर्जीवही भला है। अब मैं सोचने वाला भी नहीं हूं कि क्या ठीकक्या गलत! जो तू करता है वही ठीक। जो तू नहीं करता है वही गैर-ठीक। एक ही कसौटी बच जाती है--
'जो तुझे भावे वही भला। तू सदा सलामत और निरंकार है।'
और तू सदा है। मैं कभी होता हूं और कभी खो जाता हूं। मेरा होना तो पानी पर बने एक बबूले की तरह है। तू सागर है,मैं लहर हूं। और लहर की क्या मांगऔर लहर की मांग कैसे ठीक हो सकती हैक्षण भर का जिसका होना हैउसकी वासना में कैसा सत्य हो सकता है?
जीसस ने आखिरी समय सूली पर जो वचन कहे हैंवे ये ही हैं--जो तुझे भावे वही भला है।
जो तुधु भावै साई भलीकार। तू सदा सलामति निरंकार।
जीसस को एक क्षण को संदेह उठ आया था। सूली लगीसूली पर हाथ खीलियों से ठोक दिए गएलहू बहने लगातब एक क्षण को--वह क्षण भी कीमती है। क्योंकि उससे पता चलता हैआदमी कितना कमजोर है! उस क्षण में जीसस में हमारी पूरी मनुष्यता अपनी पूरी असहाय अवस्था में प्रकट हो गयी। उस क्षण जीसस ने कहायह तू क्या दिखा रहा हैयह तू क्या कर रहा है मेरे साथ?
प्रश्न उठ आया। प्रश्न संदेह से भरा भी नहीं है। लेकिन फिर भी संदेह की कोई रेखा तो है ही। प्रश्न बड़ा आत्मीय है कि यह तू क्या दिखा रहा है मुझेयह तू क्या कर रहा हैलेकिन शिकायत तो है ही। इतनी बात तो जाहिर है कि जो हो रहा है,जीसस उसे पसंद नहीं कर पा रहे हैं। यह जो सूली का लगना हैइसके लिए राजी नहीं हो पा रहे हैं। कुछ बुरा हो रहा है। कुछ जो नहीं होना थाहो रहा है। तो शिकायत हो गयी। हमारी सारी मनुष्यता जीसस की इस शिकायत में प्रकट हो गयी।
तुम्हारे जीवन में भी क्षण आएंगेजब तुम्हारी सारी आस्था डगमगा जाएगी। तुम्हारे मन में भी यह पुकार उठेगी कि यह क्या हो रहा हैयह तू क्या कर रहा हैतुझ पर इतना भरोसा किया और यह फललेकिन यह बात ही बताती है कि भरोसा पूरा नहीं किया। नहीं तो फल जो भी मिल रहा हैतुम खुशी से राजी होते। नाखुश भी राजी हुएतो राजी होना पूरा नहीं। शिकायत से राजी हुएतो स्वीकार अधूरा है। श्रद्धा परिपूर्ण नहीं है।
लेकिन जीसस सम्हल गए। सारी मनुष्यता जीसस में उस क्षण कंपी। लेकिन एक क्षण में वे सम्हल गए। और उन्होंने आकाश की तरफ सिर उठाया और कहानहींजो तेरी मर्जी होपूरी हो। तेरी मर्जी मेरी मर्जी है।
उसी क्षण मनुष्यता विलीन हो गयीक्राइस्ट का जन्म हुआ। जीसस खो गएक्राइस्ट का जन्म हो गया। बसइतना ही क्षण भर का फासला है जीसस और क्राइस्ट मेंअज्ञान में और ज्ञान मेंइतना ही फासला है तुममें और बुद्ध मेंतुममें और नानक में।
तुम कितनी ही ऊंचाई पर उठ जाओलेकिन एक संदेह मन में बना ही रहता है कि मेरी मर्जी पूरी हो रही है या नहीं। भक्त भी देखता रहता है भगवान की तरफ कि तू मेरी मान कर चल रहा है कि नहीं। अगर तू मेरी नहीं मान रहा है तो शिकायत है। शिकायत कितने ही मधुर शब्दों में कही जाएशिकायत शिकायत है। और शिकायत का कांटा तो चुभेगा
परम भक्त की कोई शिकायत नहीं। क्योंकि परम भक्त का एक ही उदघोष है, 'जो तुझे भावे वही भला है।'
जो तुधु भावै साई भलीकार
'तू सदा सलामतशाश्वत और निरंकार है।'
मैं तो लहर हूंमेरी मर्जी का क्या सवालतेरी मर्जी पूरी होदाई विल बी डन। तू जो चाहे वही हो। तेरी चाह और मेरी चाह में कोई फासला न रह जाए। तेरी चाह ही मेरी चाह है। लहर की चाह वही है जो सागर की चाह है। पत्ते की चाह वही है जो वृक्ष की चाह है। अंग की चाह वही है जो अंगी की चाह है। हम अपने को ऐसा बूंद की तरह सागर में छोड़ दें।
पर यह छोड़ना तभी संभव हो पाएगाजब तुम पांच के बीच से एक को खोज लो। अभी तो तुम हो ही नहींखोओगेकिसकोअभी तो तुम इतने बंटे हो कि भीड़ हो। अभी तुम एक व्यक्ति भी नहीं होइसलिए तुम छलांग कैसे लगाओगेअभी तो कोई बाएं जा रहा है तुम्हारे भीतरकोई दाएं जा रहा है तुम्हारे भीतर। एक हिस्सा तुम्हारा इस दिशा में जा रहा हैदूसरा हिस्सा उस दिशा में जा रहा है। अभी तो तुम बंटे-बंटे हो। अभी तुम हो ही नहीं। अभी तुम्हारे होने का कोई भी अर्थ नहीं है।
तो पहला काम तो नानक कहते हैंतुम पांच के बीच एक को खोज लो--ध्यान को।
और दूसरा काम नानक कहते हैंजैसे ही यह ध्यान सघन होभीतर संतोषबाहर दया। जैसे-जैसे दया पकेगीसंतोष गहन होगावैसे-वैसे यह अहोभाव तुम्हारे जीवन में अपने आप उतर आएगा--जो तुझे भावे वही भला है। यही परिपूर्णता है।


आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें