गुरुवार, 3 अगस्त 2017

एक ओंकार सतनाम - प्रवचन-14

आदेसु तिसै आदेसु—(प्रवचन—चौदहवां)
पउड़ी: 28

मुंदा संतोखु सरमु पतु झोली धिआन की करहि बिभूती।
किंथा कालु कुआरी काइआ जुगति डंडा परतीति।।
आई पंथी सगल जमाती मनि जीतै जगु जीत।।
आदेसु तिसै आदेसु।।
आदि अनीलु अनादि अनाहति। जुगु जुगु एको वेसु।।


पउड़ी: 29

भुगति गिआनु दइआ भंडारणि घटि घटि बाजहि नाद।
आपि नाथु नाथी सभ जा की रिधि सिधि अवरा साद।।
संजोगु विजोगु दुइ कार चलावहि लेखे आवहि भाग।।
आदेसु तिसै आदेसु।।
आदि अनीलु अनादि अनाहति। जुगु जुगु एको वेसु।।

क-एक शब्द बहुमूल्य है। और एक-एक शब्द को गहरे में समझने की कोशिश करें।
मुंदा संतोखु सरमु पतु झोली धिआन की करहि बिभूती।
'हे योगीसंतोष और लज्जा की मुद्रा बनाओ। प्रतिष्ठा की झोली धारण करो। और ध्यान की विभूति लगाओ।'
निरंतर ऐसा हुआ हैऔर सदा ऐसा होता भी रहेगाक्योंकि आदमी के मन की कुछ बुनियादी भूलें हैंजो बार-बार पुनरुक्त होती हैं। जब भी किसी धर्म का जन्म होता हैतो अनेक विधियांअनेक उपायअनेक प्रयोगपरमात्मा तक पहुंचने के खोजे जाते हैं। धर्म के मूल-स्रोत के निकट तो वे केवल प्रतीक होते हैंसहारे होते हैं। लेकिन जैसे-जैसे मूल-स्रोत दूर होता जाता है और धर्म एक परंपरा बन जाती हैवैसे-वैसे प्रतीक जड़ हो जाते हैं। उनका अर्थ खो जाता है। फिर लोग लाश की तरह उन्हें ढोते रहते हैं। फिर धीरे-धीरे यह भी भूल जाता है कि किसलिएक्यों प्रथम इन्हें स्वीकार किया थाएक औपचारिकता हो जाती हैजिसे निभाना सामाजिक कृत्य बन जाता है।
समझें। मैंने आपको संन्यास दियागैरिक-वस्त्र दिए। थोड़े ही दिनों में गैरिक-वस्त्रों का भीतरी अर्थ खो जाएगा। जैसे-जैसे मुझसे दूर होंगेवैसे-वैसे गैरिक-वस्त्र एक बाहरी प्रतीक हो जाएगा। लेकिन वस्त्र रंग लेने से कहीं आत्मा रंगी है! वस्त्र रंग लेना तो केवल एक सुरति का उपाय थाकि अब आत्मा को भी रंगना है।
वह तो ऐसे थाजैसे कोई आदमी बाजार जाता हैकुछ खरीद कर लाना हैभूल न जाएतो अपने कुरते में एक गांठ लगा लेता है। गांठ थोड़े ही बाजार से खरीद कर लानी है! गांठ का कोई अपने आप में थोड़े ही अर्थ है! तुम हजार गांठें लगा लो,इससे क्या होगावह तो स्मरण के लिए एक सहारा है। दिन भर बाजार में काम में उलझा रहेगाबार-बार गांठ पर ध्यान जाएगाखयाल आ जाएगा कि कुछ खरीद कर घर ले जाना है। सुरति बनी रहेगी। संभावना कम रहेगी भूलने की। हजार कामों में उलझा हुआ भीजो चीज खरीद कर लानी थीउसे खरीद कर ले आएगा। लेकिन गांठ अपने आप में कुछ अर्थ रखती नहीं।
उसका बेटाहो सकता है यह देख कर कि बाप जब भी बाजार जाता थातो अक्सर अपने कुरते में गांठ बांध लेता था,जरूर इसमें कुछ राज होगाजब बेटा भी बाजार जाएगातो कुरते में गांठ बांध कर जाएगा। न तो कुछ स्मरण रखने को हैन गांठ का कोई संबंध स्मरण से रहा। अब तो गांठ एक औपचारिक परंपरा हो गयी। उसका बेटा भी ऐसा करेगा। और तब हजारों साल तक यह बात चलती रहेगी। उस घर में गांठ बांधना परंपरा हो जाएगी। जो तोड़ेगानहीं मानेगावह अधार्मिक समझा जाएगा। जो मानेगावह धार्मिक समझा जाएगा। जो मानेगावह पुरखों का आदर करता है। जो नहीं मानेगावह बगावती है,विद्रोही है। लेकिन न मानने वाला बता सकेगा कि यह गांठ किसलिएऔर न न मानने वाला बता सकेगा कि गांठ किसलिए नहीं?
सभी धर्मों में इस तरह का उपद्रव स्वाभाविक है। क्योंकि मन थोथे को पकड़ लेता हैगहरे को भूल जाता है। मन की कोई गहराई नहीं है। मन गहरे को याद रख ही नहीं सकता।
मैंने तुम्हें गैरिक-वस्त्र दिए हैं। वह तो सिर्फ तुम्हारे भीतर एक याद बनी रहे चौबीस घंटे कि तुम संन्यस्थ हो। और तुम्हें ऐसे उठनाऐसे बैठनाऐसे चलना हैजैसे एक संन्यासी को उठना चाहिएबैठना चाहिएचलना चाहिए। तुम्हें वही बोलना है,जो एक संन्यासी को बोलना चाहिए। तुम्हारा इस जगत में व्यवहार एक कैदी का न होएक मालिक का हो--इसलिए मैंने तुम्हें'स्वामीकहा--एक बंधे हुए व्यक्ति का न होमुक्त आचरण हो। माना कि आज तुम अचानक मुक्त नहीं हो जाओगेलेकिन कहीं से तो शुरुआत करनी होगी। ये तो कपड़े तुम्हारे शरीर पर एक गांठ की तरह हैं। इनका उपयोग है कि इनके कारण सुरति बनी रहेगी। और सुरति अभी बनाए रखना सब से ज्यादा महत्वपूर्ण है।
नानक ये जो वचन कह रहे हैंये नाथ-संप्रदाय के साधुओं को संबोधित कर के कहे हैं। उस समय नाथ-संप्रदाय के साधुओं का बड़ा प्रभाव था। देश के कोने-कोने में उनके मठ थे। और जिससे जन्म हुआ था नाथ-संप्रदाय कावह आदमी बड़ा अनूठा था--गोरखनाथ। लेकिन जैसे ही गोरखनाथ खोयावैसे ही साधारण आदमी के हाथ में उसकी विधियां पड़ गयीं। वे सब थोथी हो गयीं।
नाथ-संप्रदाय के साधु अपने कान को छेद लेते हैंनाथ लेते हैं। अब वह भी गांठ है। और बड़ी उपयोगी है।
आक्युपंक्चर चीन में एक बहुत पुरानी साइंस है। और अब पश्चिम में भी उसको स्वीकार किया जाता है। आक्युपंक्चर मनुष्य के शरीर में सात सौ बिंदु मानता है जहां जीवन ऊर्जा प्रवाहित होती है। दोनों कानों का लटकता हुआ हिस्साएक बड़ा महत्वपूर्ण आक्युपंक्चर का केंद्र है। और इस केंद्र से भीतर की स्मृति का बड़ा गहरा संबंध है। अगर कान छेद दिया जाएतो उस भीतर की ऊर्जा में चोट लगती है। गहरी चोट लगती है। मस्तिष्क के कुछ विकारों को दूर करने का चीन में एक ही उपाय है कि कान छेद दिया जाए। कान छिदते ही विकार दूर हो जाते हैं।
इस गहरी अनुभूति के कारण नाथ-संप्रदाय के साधु कान छेदते हैं। और उनका एक वर्ग तो कनफटा होता है। वे छेदते ही नहींकान को बिलकुल फाड़ लेते हैं। क्योंकि शरीर की ऊर्जा के बिंदु हैं। और जब कान फट जाता हैतो वहां जो चोट पड़ती थी,वह खो जाती है। वहां से जीवन की विद्युत-धारासीधी मस्तिष्क की तरफ बहने लगती है। बीच का एक अवरोध अलग हो जाता है। यह भीतरी स्मृति को जगाने में बड़ा कीमती उपाय है।
तुम कभी थोड़ी कोशिश करना। कान छेदने की कोई जरूरत नहीं हैलेकिन जब भी तुम्हारा मन उदास होचिंतित हो,उद्विग्न होक्रोध से भरा होतुम दोनों कानों के नीचे हिस्से को पकड़ कर जोर से रगड़ना। सिर्फ रगड़ने से ही तुम पाओगे कि भीतर चित्त की दशा बदलने लगी।
पर इतना तो साफ ही है कि कान फाड़ने से कोई सिद्ध न हो जाएगा। और कान छेद लिया तो सब कुछ हो गयाऐसा भी नहीं है।
भारत में बहुत पुरानी ग्रामीण परंपरा है। अभी भी कुछ लोग गांव में मिल जाएंगे। अगर तुम्हें कभी कोई आदमी मिले जिसका नाम हो कनछेदी लालया जिसका नाम हो नत्थूलालतो तुम पूछना कि यह नाम क्यों रखा गयाजिन घरों में बच्चे मर जाते हैंदो चार बच्चे हुए और मर गएतो बहुत पुरानी परंपरा है कि फिर जो बच्चा पैदा होतत्क्षण या तो उसकी नाक छेद दो या कान छेद दो। अगर नाक छेदा तो उसका नाम नत्थूलालकान छेदा तो उसका नाम कनछेदी लाल।
और यह बात बड़ी अनुभव की है कि फिर नाक या कान छेदने के बाद बच्चे नहीं मरते। उनकी जीवन-ऊर्जा में कुछ बुनियादी अंतर आ जाता है। बच्चा बच जाता है। यह हजारों सालों के अनुभव के बाद लोगों ने धीरे-धीरे प्रयोग खोजा है।
अब तो इस पर रूस में बड़ी खोज हुई है। और किरलियान फोटोग्राफी ने बड़े महत्वपूर्ण निष्कर्ष निकाले हैंकि मनुष्य के शरीर में जो विद्युत का प्रवाह हैसारा खेल स्वास्थ्य काबीमारी काजन्म कामरण काउस विद्युत के प्रवाह पर निर्भर है। और उस प्रवाह को कुछ बिंदुओं से बदला जा सकता है। उस प्रवाह के मार्ग को रूपांतरित किया जा सकता है। उस प्रवाह को एक तरफ जाने से रोका जा सकता हैदूसरी तरफ ले जाया जा सकता है।
आक्युपंक्चर की सारी कला यही है कि जब कोई आदमी बीमार होता हैतो किन्हीं शरीर के खास बिंदुओं पर वे गर्म सुई चुभोते हैं। और जरा सा सुई का चुभनऔर भीतर की विद्युत धारा बदल जाती है। उस विद्युत धारा के बदलने से सैकड़ों बीमारियां तिरोहित हो जाती हैं। चीन में तो कोई पांच हजार सालों से वे इसका प्रयोग करते हैं। उन्होंने जो शरीर में माने हैं बिंदुअब तो विज्ञान ने भी स्वीकृति दे दी है कि वे बिंदु हैं। और यह भी स्वीकार हो गया है--रूस में कम से कम! और रूस के तो अस्पतालों में भी आक्युपंक्चर का प्रयोग शुरू हो गया है। और अब तो उन्होंने यंत्र भी खोज लिए हैं कि मरीज को वे यंत्र में खड़ा कर देते हैं। तो जैसे एक्स-रे से पता चलता है कि भीतर कहां खराबी हैउस यंत्र से पता चलता है कि शरीर में घूमने वाली इलेक्ट्रिक करंट कहां बीमार पड़ गयी है। तो जहां बीमार पड़ गयी है वहां इलेक्ट्रिक का शाक उसे देते हैं। इलेक्ट्रिक का शाक देते ही विद्युतधारा प्रवाहित हो जाती है और बीमारी तिरोहित हो जाती है।
कान छेदनानाथ-संप्रदाय के योगियों ने बड़े महत्वपूर्ण शाक की तरह खोजा था। वह शाक था। इस तरह के शाक बहुत तरह खोजे गए हैं। तुम्हें पता है कि यहूदी और मुसलमान खतना करते हैं। वह खतना भी इसी तरह का शाक है और बड़ा महत्वपूर्ण है। यहूदी तोबच्चा पैदा होता हैउसके चौदह दिन के भीतर उसका खतना करते हैं। और जननेंद्रिय के ऊपर की चमड़ी को काट कर अलग कर देते हैं।
इस संबंध में बहुत अध्ययन चलता आ रहा है कि इससे क्या लाभ होते होंगेऔर लाभ प्रगाढ़ मालूम होते हैं। क्योंकि यहूदियों से ज्यादा प्रतिभाशाली कौम खोजना कठिन है। उनकी संख्या तो थोड़ी हैलेकिन जितनी नोबल-प्राइज यहूदी ले जाते हैं,उतनी कोई दूसरी जाति नहीं ले जाती। और यहूदी जिस दिशा में भी काम करेगाहमेशा अग्रणी हो जाएगा। आगे पहुंच जाएगा। दूसरों को पीछे खदेड़ देगा। यहूदी के पास प्रतिभा तो ज्यादा मालूम पड़ती है।
इस सदी में जिन लोगों ने बड़े प्रभाव पैदा किए हैं वे सब यहूदी हैं। कार्ल माक्र्ससिगमन फ्रायड और अलबर्ट आइंस्टीन,तीनों यहूदी हैं। और इन तीनों ने इस सदी को निर्मित किया है। और यहूदियों ने जितने प्रगाढ़ विचारक पैदा किए हैंवैज्ञानिक पैदा किए हैंकिसी ने पैदा नहीं किए। उनका कोई मुकाबला नहीं है। और अभी इस संबंध में विचार शुरू हुआ है कि हो सकता हैचौदह दिन के भीतर जो खतना किया जाता हैउसका कुछ न कुछ गहरा संबंध प्रतिभा से है।
मुसलमान वह नहीं कर पाएक्योंकि वे खतना बड़ी देर से करते हैं। यहूदियों का खयाल है कि चौदह दिन के भीतर बच्चे को जो पहला शाक मिलता है--क्योंकि खतना जननेंद्रिय की चमड़ी का किया जाता है--तो पहला शाक जननेंद्रिय के पास जो इकट्ठी ऊर्जा हैजो विद्युत-ऊर्जा हैउसको लगता है। और वह शाक इतना गहरा है कि वह विद्युत-ऊर्जा उस जगह से हट कर सीधी मस्तिष्क पर चोट करती है। और छोटे बच्चे को वह जो चोट हैसदा के लिए महत्वपूर्ण हो जाती है। उसकी जीवन-धारा बदल जाती है।
इस बात की संभावना है। किरलियान भी इससे राजी है रूस में। और आक्युपंक्चर का तो बहुत पुराना खयाल है कि यह बात सच है। क्योंकि जननेंद्रिय सर्वाधिक संवेदनशील जगह है। उससे ज्यादा संवेदनशील कोई हिस्सा शरीर में नहीं है। और छोटे से बच्चे की चमड़ी काट देनाउसके लिए भारी शाक है। और उस धक्के के लगते ही ऊर्जा छटक कर मस्तिष्क में प्रवेश कर जाती है।
जब कभी ये चीजें खोजी गयींतो इनका उपयोग शुरू हुआ। फिर उपयोग का अर्थ खो जाता है। तब ऊपर-ऊपर चीजें लोग ढोते रहते हैं। उन्हें भी पता नहीं होतावे क्यों कर रहे हैं?
गोरखनाथ ने बहुत-सी चीजें खोजीं। गोरखनाथ अनूठा अन्वेषक था। और उसका प्रभाव पड़ा। और लाखों लोग नाथ-संप्रदाय में सम्मिलित हुए। क्योंकि परिणाम साफ थे। लेकिन नानक के वक्त तक आते-आते चीज धुंधली हो गयी। लोग ढो रहे थे। लेकिन गोरख ने जो अर्थ दिए थे वे खो गए थे।
तो नानक कहते हैं, 'हे योगीसंतोष और लज्जा की मुद्रा बनाओ।'
क्योंकि गोरखनाथ ने बहुत सी मुद्राएं खोजीं। मुद्राएं बड़ी महत्वपूर्ण हैं। तुम्हें भी शायद कभी जीवन में अनुभव होता हो कि तुम्हारी मन की दशा तुम्हारी मुद्रा से जुड़ी होती है। जब तुम शांत होते हो तब तुम्हारे चेहरेतुम्हारे हाथतुम्हारे शरीर की मुद्रा अलग होती है। जब तुम क्रुद्ध होते होतब अलग होती है। जब तुम किसी के प्रति करुणा से भरे होते होतब अलग होती है। तुम करुणा के समय घूंसा तो बांध कर किसी के सिर के सामने खड़े नहीं हो जाओगे। क्योंकि बेतुकी होगी मुद्रा। करुणा के समय तो तुम्हारे हाथ में भी करुणा होगी। हाथ में भी अभय होगा। हाथ में भी दान का भाव होगा। हाथ भी देगा। घूंसा तो किसी को नष्ट करने के लिए है। मुट्ठी बंधी नहीं हो सकतीक्योंकि बंधी मुट्ठी तो कृपण की है। मुट्ठी खुली होगी करुणा के क्षण में। तुमसे कुछ भी दिया जा सकता है।
मन और मन के भाव और शरीर की स्थितियों का गहरा संबंध है। तो गोरखनाथ ने बहुत सी मुद्राएं खोजींजिनको साधने से योगी की भीतर की चित्त दशा बदलती है।
तुम समझो कि तुम बिलकुल क्रोध की मुद्रा साध कर खड़े हो जाओ। क्रोध बिलकुल नहीं हैलेकिन तुम क्रोध की मुद्रा साध लो। ठीक वैसी ही लाल आंखें कर लोघूसा तान लोजैसे किसी की जान लेने जा रहे होतैयार हो जाओबिलकुल हमला करना है। तो तुम अचानक पाओगे कि तुम्हारे भीतर क्रोध की सरसराहट शुरू हो गयी। सिर्फ मुद्रा तुमने बनायीऔर क्रोध पैदा हो गया।
अमरीका में इस सदी में दो बड़े मनोवैज्ञानिक हुएजेम्स और लेंगे। उन दोनों ने मिल कर एक सिद्धांत विकसित किया जो जेम्स-लेंगे सिद्धांत कहलाता है। उन्होंने बड़ी उल्टी बात कही। उन्होंने यह सिद्ध करने की कोशिश की कि लोग कहते हैं भय लगता हैइसलिए भयभीत आदमी भागता है। जेम्स और लेंगे ने सिद्ध किया कि आदमी भागता है इसलिए भय लगता है। जेम्स और लेंगे ने कहा कि मुद्रा महत्वपूर्ण है। हम कहते हैं कि आदमी डर गया इसलिए भाग रहा है। और जेम्स और लेंगे कहते हैंवह भाग रहा है इसलिए डर रहा है। अगर वह भागना रोक देतो डर खो जाए। अगर मुद्रा बदल देतो भीतर की स्थिति बदल जाए।
चित्त की हर स्थिति के साथ जुड़ी मुद्रा है। इसका यह अर्थ हुआ कि चित्त और शरीर एक पैरेललसमानांतर धारा में चलते हैं। जब तुम आनंदित होते होतब तुम्हारे शरीर की एक स्थिति होती है। जब तुम दुखी होते होतब दूसरी होती है।
तुम अध्ययन करनाजब तुम प्रसन्न होप्रफुल्लित होखुश होतो तुम पाओगे कि जैसे तुम्हारा शरीर फैल रहा है। जैसे तुम बड़े हो गए हो। एक विस्तीर्णता उपलब्ध होती है। तुम फैलते चले जाते हो। जब तुम दुखी होपरेशान होतब तुम सिकुड़ते हो। जैसे भीतर तुम सिकुडकर बंद होते जा रहे हो। जैसे वृक्ष बीज में बंद हो जाना चाहे। ऐसे तुम अपने भीतर सिकुड़ते जाते हो। और तुम ध्यान रखनादुखी आदमी का अगर तुम शरीर देखोगेतुम उसे भी सिकुड़ा हुआ मुद्रा में पाओगे।
अगर तुम मुद्राओं का अध्ययन करो तो तुम शरीर की स्थिति को देख कर बता सकते हो कि भीतर की स्थिति क्या होगी! जब आदमी प्रसन्न होता हैतो शरीर फैलाव की हालत में होता है। दुखीतो सिकुड़ा होता है। जब क्रोध होता है तो माथे की अलग अवस्था होती हैरेखाएं बदल जाती हैं। जब तुम चिंतित होते होतो माथे पर अलग बल पड़ते हैं। जब तुम निश्चिंत होते होबल खो जाते हैं।
इस रहस्य की खोज जेम्स-लेंगे ने नहीं कीइस रहस्य की खोज भारत में बहुत पुरानी है। हठयोग-प्रदीपिका से ले कर गोरखनाथ तकलाखों-लाखों योगियों ने अनुभव किया। योगियों से ज्यादा किसी ने मनुष्य के शरीर और चित्त पर प्रयोग भी नहीं किए हैंइतना अन्वेषण भी नहीं किया हैइतना निरीक्षण भी नहीं किया है।
तो उन्होंने पाया कि एक-एक चित्त की दशा के साथ शरीर की मुद्रा का जोड़ है। तब एक सूत्र हाथ लग गया। अगर चित्त को बदलना हो तो मुद्रा के बदलने से चित्त को बदलने में सहायता मिलेगी। तुम मुद्रा बदल लो। जब क्रोध आ रहा होतब तुम मुद्रा ऐसी करो जो कि शांत-चित्त की मुद्रा है। तुम अचानक पाओगे कि भीतर की ऊर्जा में रूपांतरण हुआ। वह जो शक्ति क्रोध बनने जा रही थीवही शक्ति शांति बन गयी।
शक्ति निरपेक्ष है। तुम जैसा ढांचा उसे देते होवैसी ही ढल जाती है। शक्ति तो जल की भांति तरल है। तुम गिलास में उसको भर देते हो तो उसका ढंग गिलास का हो जाता है। तुम लोटे में भर देते हो तो उसका रूप लोटे का हो जाता है। मुद्राओं से तुम रूप देते हो। शक्ति तो निरपेक्ष है। जब तुम क्रोध का रूप दे देते हो तो शक्ति क्रोध बन जाती है। मुद्रा ढांचा है। और जब तुम प्रेम का रूप दे देते होवही शक्ति प्रेम बन जाती है। यह बड़ी गहरी से गहरी खोज है।
तो अगर तुम शरीर की मुद्राओं को समझ लोतो तुम पाओगे कि तुमने भीतर के मन को बदलना शुरू कर दिया। लेकिन खतरा क्या हैखतरा यह है कि तुम भूल ही जाओ और तुम शरीर की मुद्रा के ही अभ्यास में लगे रहो। और तुम यह भूल ही जाओ कि भीतर के मन को बदलने का इससे कोई संबंध है। तो ऐसा हो सकता है कि तुम शरीर की मुद्रा का तो बिलकुल अभ्यास कर लो और भीतर कुछ भी न हो।
यह तो केवल सहारा है। असली क्रांति तो भीतर करनी है। बाहर से जितने सहारे लिए जा सकें उतना अच्छा है। जैसे कोई आदमी नया मकान बनाता हैतो मकान बनाने के लिए पहले एक स्ट्रक्चर खड़ा करता है। लेकिन अगर स्ट्रक्चर ही खड़ा कर के तुम रह जाओढांचा ही खड़ा करके रह जाओमकान कभी बनाओ ही नतो वह ढांचा मकान नहीं है। उसमें रहा नहीं जा सकता। वह ढांचा सहयोगी था। जब मकान बन जाता तो ढांचा हटा देना था। ढांचा रहने के लिए नहीं है।
मुद्रा तो ढांचा है। नानक के समय आते-आते तक ढांचे को ही लोग मकान समझ कर रहने लगे। तो योगी बैठा है एक मुद्रा में। उसने मुद्रा तो करुणा की बना रखी हैलेकिन उसे याद ही नहीं कि करुणा के लिए कुछ भीतर भी करना जरूरी है। तो मुद्रा करुणा की है और भीतर क्रोध उबल रहा है। हाथ-पैर तो वह अभय के बनाए हुए हैं और अगर तुम उसके भीतर झांकोतो वह खतरनाक है और तुम्हें नुकसान पहुंचा सकता है। द्वार पर खड़ा मांग तो भीख रहा है...नाथ-योगियों से लोग डरने लगे थे। अगर वह भीख मांगे और न दें तो वे अभिशाप दे दें। तो भिखारी का रूप उसका झूठा है।
बुद्ध नेगोरख नेअपने संन्यासियों को भिखारी बनने के लिए कहा हैक्योंकि उससे विनम्रता आएगी। जब तुम मांगोगे तो कैसी अकड़ बचेगीजब तुम भिक्षापात्र ले कर किसी के द्वार पर खड़े रहोगेतो कैसा अहंकारकर्तृत्व से अहंकार मिलता है। भिखारी हो गएअब कैसा अहंकारभिखारी का अर्थ हैमैं ना-कुछ हूं। मेरा कोई मूल्य नहीं। यह भिक्षापात्र ही मेरा सब कुछ है। और तुम दे दोगे तो मैं राजी हूं। तुम कहोगे कि चले जाओहट जाओतो मैं चुपचाप हट जाऊंगा। क्योंकि भिखारी का क्या बलमांग पर जोर-जबर्दस्ती क्यादेने वाला दे देउसकी मर्जीन देउसकी मर्जी।
तो बुद्ध ने तो अपने भिक्षुओं को कहा था कि तुम द्वार पर खड़े हो जानामांगना भी मत। क्योंकि मांगने से भी हो सकता हैजोर पड़े। मांगने से हो सकता है कि उस आदमी को इनकार करना मुश्किल हो जाए। लाजशर्म में दे दे। लेकिन वह तो लेना न हुआ। वह तो हिंसा हो गयी। तो तुम सिर्फ द्वार पर खड़े हो जाना। अगर उसे देना होगा तो दे देगा। अगर नहीं देना होगा तो तुम चुपचाप हट जाना। तुम उसे किसी पशोपेश में मत डालना। अगर तुमने मांगा भीतो कम से कम उसे न तो कहना पड़ेगा। हो सकता है कि संकोची आदमी होन देना चाहता होलेकिन 'कहना मुश्किल पाएतो उसके संकोच का शोषण मत कर लेना। तुम चुपचाप खड़े रहनाआंख बंद किए। थोड़ी देर प्रतीक्षा करना और हट जानाताकि उसे 'कहने का भी कष्ट न उठाना पड़े। और मजबूरी में देने की स्थिति मत बना देना। और तुम इतने विनम्र रहना कि मेरा क्या मूल्य! दे दिया तो उसकी मर्जीनहीं दिया तो उसकी मर्जी। और हर हालत में तुम आशीर्वाद देना। उसके देने और न देने से तुम्हारे आशीर्वाद का कोई संबंध न हो।
बुद्ध का एक भिक्षु थापूर्ण। जब वह निष्णात हो गयाबुद्धत्व को उपलब्ध हो गयातो बुद्ध ने कहाअब तू जा। और दूसरों को देजो मैंने तुझे दिया है। बहुत दीए बुझे हैंउनको जला। अब तेरी मेरे पास रहने की कोई जरूरत नहींतू पा गया है। तो पूर्ण ने कहा कि मुझे आज्ञा दें कि--बिहार का एक इलाका थाजिसका नाम सूखा था--मैं वहां जाऊं। बुद्ध ने कहा,वहां न जा तो अच्छाक्योंकि वहां के लोग बहुत कठिन हैंकठोर हैं। वे तुझे गालियां देंगेअपमान करेंगे। पूर्ण ने कहालेकिन जहां लोग बीमार हैंवहीं तो चिकित्सक की जरूरत है। तो मुझे आज्ञा दें कि मैं वहीं जाऊं। उन लोगों को जरूरत है।
तो बुद्ध ने कहामुझे तीन जवाब जाने के पहले दे दे। पहलाअगर वे गालियां देंगेअपमान करेंगेतो तुझे क्या होगा?तो पूर्ण ने कहा कि मुझे होगा कि कितने भले लोग हैं! सिर्फ गालियां ही देते हैंअपमान ही करते हैंमारते तो नहीं हैं। मार भी सकते थे।
तो बुद्ध ने कहाऔर अगर वे मारेंपत्थर फेकेंजूतों से स्वागत करेंफिर तुझे क्या होगातो पूर्ण ने कहाकितने भले लोग हैं! कि सिर्फ मारते हैंमार ही नहीं डालते। मार डाल भी सकते थे।
तो बुद्ध ने कहाआखिरी सवाल और। अगर वे मार ही डालेंतो उस मरते क्षण में तुझे क्या होगातो पूर्ण ने कहा,यही होगा कि कितने भले लोग हैं! कि उस जीवन से छुटकारा दिला दियाजिसमें कोई भूल-चूक हो सकती थी।
बुद्ध ने कहाअब तू पूर्ण भिक्षु हुआ। अब तू जा सकता है।
इतनी विनम्रता होतो ही कोई भिक्षु है। लेकिन नानक के समय आते-आतेगोरख के भिक्षु दरवाजे पर खड़े हो जाते थे। अभी भी कभी गोरखपंथी साधु खड़ा हो जाएतो वह खड़ा नहीं रहतावह आगे-पीछे हटता है। और अपने डंडे को हिलाता हैया अपने चिमटे को बजाता है। चिमटे को बजाता है और आगे-पीछे हटता है। खड़ा नहीं रहता एक जगह पर वहघबड़ा देता है घर के लोगों को। और उसकी अकड़उसकी आंख। जैसे अगर 'कहातो भयंकर उत्पात कर देगा।
तो नाथ-संप्रदाय के साधुओं ने ऐसा घबड़ा दिया था लोगों को कि लोग उनको डर कर देते थे। क्योंकि अभिशाप पक्का था। हालत बिलकुल उल्टी हो गयी थी। आशीर्वाद तो नाथ-संप्रदाय का योगी देता ही नहीं था। तुमने दियाइसमें कुछ आशीर्वाद का सवाल ही न था। तुम ही अनुगृहीत हो कि उसने लिया। आशीर्वाद तो देगा ही नहीं। आशीर्वाद क्याउसका जैसे हक! और अगर न दिया तो अभिशाप देगा। गोरख ने कहा थाकोई देकोई न देतो आशीर्वाद। लेकिन हालत बिलकुल उलटी हो गयी थी। और वह मुद्राएं बांध कर खड़ा था।
ऐसे नाथ-योगी अब भी हैंजो खड़े हैंतो दस साल से खड़े ही हैं। हिले नहीं हैं। इसका मूल्य तो था कभी। क्योंकि अगर तुम बहुत देर तक बिलकुल थिर हो कर खड़े रहो और भीतर की याद रहेतो चेतना भी खड़ी हो जाएगी। अगर तुम्हारा शरीर बिलकुल थिर हो गयातो चेतना भी थिर हो जाएगी। लेकिन यह खयाल रहे! नहीं तो शरीर तो जड़ हो जाएगा और चेतना चलती रहेगी। और खड़े-खड़े तुम जमाने भर की यात्रा करोगे। सपने आएंगे हजारविचार चलेंगे।
सहारा मिल सकता है मुद्राओं से। लेकिन मुद्राएं अंत नहीं हैं। नानक के समय में आ कर सब मुद्राएं भ्रष्ट हो गयीं। सब पंथ विकृत हो गए।
तो नानक कह रहे हैं, 'हे योगीसंतोष और लज्जा की मुद्रा बनाओ।'
मुद्राओं से न चलेगा। संतोष ही मुद्रा है। लज्जा मुद्रा है।
'प्रतिष्ठा की झोली धारण करो।'
यह झोली जो कंधे पर टांग कर चल रहे होयह काम न देगी।
समझें। संतोष बड़ा महत्वपूर्ण शब्द हैऔर विकृत हो गया है। कोई आदमी जब अपने को असहाय पाता है तो संतोष कर लेता है। उसका संतोष कंसोलेशन हैसांत्वना है। उसका संतोष कंटेंटमेंट नहीं है। जब वह असहाय हैजब कुछ भी नहीं किया जा सकताजब जो भी किया जा सकता था कर चुका और अपने को असफल पाता हैतब वह कहता हैसब ठीक! यह संतोष की मुद्रा न हुई। यह तो मजबूरी की हालत हुई।
यह तो ऐसा हुआ कि रामकृष्ण के पास एक भक्त आता थाजो हमेशा काली के उत्सव में बकरे चढ़ाता था। सैकड़ों बकरे काटता था। फिर अचानक बकरों का काटना बंद कर दिया। और रामकृष्ण ने बहुत बार उसे कहा भी थापर उसने कभी सुना नहीं। तो रामकृष्ण ने पूछा कि क्या मामला हुआअब बकरे कटने बंद हो गएऔर मैंने पहले कहा तो तुमने कभी सुना नहीं। उसने कहा कि पहले मैं सुन नहीं सकता था। अब दांत ही न रहे। तो बकरे कोई काली के लिए थोड़े ही काटता है! अपने दांतों के लिए काटता है। अब दांत ही न रहे तो मैंने संतोष कर लिया है।
बुढ़ापे में लोग संतोष कर लेते हैं। गरीबी में लोग संतोष कर लेते हैं। पर वह संतोष झूठा है। क्योंकि संतोष शक्ति है,निर्बलता नहीं। संतोष विधायकपाजिटिव एनर्जी हैनकारात्मक नहीं। संतोष कोई असहायहेल्पलेसनेस नहीं है। संतोष तो परम सहाय है। वह तो बड़ी ऊंची अवस्था है। संतोष का तो मतलब है कि जितना मुझे चाहिएउससे ज्यादा मेरे पास है। जो मेरी जरूरत हैउससे ज्यादा मेरे पास है। जो मैंने मांगा थाजो मैंने नहीं मांगा थावह भी मुझे मिला है। संतोष का अर्थ तो अनुग्रह का भाव है कि परमात्मा तेरी मर्जी बड़ी अदभुत है। तूने इतना दिया है।
वह किसी असहाय अवस्था मेंकिसी हारीपराजित चित्त की दिशा में पकड़ ली गयी सांत्वना का स्वर नहीं है। वह तो बड़ी विजय की यात्रा है। वहां तो हार का कोई सवाल ही नहीं। वह तो केवल विजेताओं को उपलब्ध होती हैयोद्धाओं को उपलब्ध होती है। महावीर ने कहा हैजिनों को उपलब्ध होती है। जिन यानी जिन्होंने जीत लिया सबउन्हीं को संतोष उपलब्ध होता है।
नानक कहते हैं, 'योगीसंतोष की मुद्रा बनाओ।'
यह हाथ-पैर की मुद्राएं साधते-साधते बहुत समय हो गया। इनसे कुछ हो नहीं रहा है। छोड़ो इन्हें। भीतर की मुद्रा साधो। और सबसे बड़ी मुद्रा है संतोष।
क्योंक्योंकि जो संतुष्ट हुआ उसकी सब चिंताएं गिर गयीं। सब चिंताएं असंतोष से पैदा होती हैं। सभी चिंताएं इस बात से पैदा होती हैं कि जो मुझे मिलना चाहिएवह नहीं मिला है। अभाव से पैदा होती हैं। जिस दिन तुम संतुष्ट हुएउस दिन तुम घोड़े बेच कर सो जाओगे। फिर कोई चिंता नहीं है। फिर रात कोई सपना भी न आएगाक्योंकि सभी सपने असंतोष से पैदा होते हैं। दिन भर जो असंतोष तुम पालते होवह रात सपना बन जाता है।
असंतोष का अर्थ हैभिखारीपन। संतोष का अर्थ हैमालिक हो गएस्वामी हो गए। वही संन्यासी का लक्षण है। वह संतुष्ट है हर हाल। तुम ऐसी कोई स्थिति पैदा नहीं कर सकतेजहां तुम उसे असंतुष्ट कर दो। क्योंकि हर स्थिति में वह शुभ को देखेगा। और हर स्थिति में उसके हाथ को पहचान लेगा। दुख की गहरी से गहरी अवस्था में भीतुम उसकी सुख की किरण न छीन सकोगे। क्योंकि अंधेरे से अंधेरे में भी वह जानता है कि सुबह आ रही हैसुबह करीब है। गहन से गहन जब अंधेरा होता हैतब वह हंसता हैप्रसन्न होता हैकि यह सुबह के करीब आने का लक्षण है। तुम उसे अंधेरे में नहीं डाल सकते। उसे हर अंधेरे बादल में भी चमकती हुई बिजली की शुभ्रता दिखायी पड़ती है। गहरी से गहरी दुख की अवस्था में भीतुम उसका सूत्र नहीं छीन सकते। उसके संतोष का धागा उसके हाथ में है। वह सभी को स्वीकार करता है। उसने परम स्वीकार धारण किया है।
इसको नानक कहते हैंमुद्रा बनाओ योगी। हाथ-पैर को साध लेने से कुछ भी न होगा। शरीर के अभ्यास से कुछ भी न होगा। अभ्यास करो चैतन्य का। और चैतन्य के अभ्यास का पहला सूत्र हैसंतोष।
मगर ध्यान रखनागलत संतोष भी है। गलत संतोष असहाय अवस्था का है। मजबूरी हैअपनी तरफ से सब कर लिया...।
मुल्ला नसरुद्दीन एक जंगल से यात्रा कर रहा था। एक मित्र साथ थे। दोनों अपनी बैलगाड़ी में जा रहे थे कि अचानक डाकुओं ने हमला किया। कोई पचास कदम पर डाकू खड़े थे बंदूकें लिए। और उन्होंने कहारुक जाओ। मुल्ला नसरुद्दीन ने तत्क्षण अपने खीसे से पांच सौ रुपए निकाले और मित्र को दिएकि भाई! तुम से जो कर्ज लिया थानिपटारा कर लें। हिसाब साफ हो गया।
तुम्हारा संतोष ऐसी ही अवस्था में होता है। जब तुम पाते होअब कुछ करने को बचा नहीं। सब जा रहा है। जब जा ही चुका होता हैतभी तुम छोड़ते हो। असल में तुम छोड़ते नहींतुमसे छीना जाता है। और जब तुमसे छीना जाता हैतब कैसा संतोष! जो छोड़ता हैवह संतुष्ट हो सकता है। जिससे छीना जाता हैवह ऊपर से कितनी ही मुद्रा साधेभीतर तो असंतोष है। वह ऊपर से कितना ही कहेसब ठीक है! लेकिन उसके सब ठीक में भी तुम स्वर को सुन लोगे कि वह कह रहा हैकुछ भी ठीक नहीं है।
संतोष की सही रूपरेखा हैकि पहला तो यह भाव कि जो मुझे मिला हैवह पहले से ही जरूरत से ज्यादा है। इससे ज्यादा हो भी क्या सकता हैजो सुख मैंने पाया हैउसके लिए मेरा अहोभाव हैधन्यवाद है। जो दुख हैंउन दुखों के पीछे भी छिपा हुआ सुख है। कांटे हैंकहीं गुलाब खिल रहे होंगे। कांटे पर नजर न रहेगुलाब पर नजर रहे। कोई आदमी गाली भी दे जाएतो संतोषी व्यक्ति सोचेगा कि या तो उसने ठीक ही कहातब मुझे धन्यवाद देना चाहिए कि उसकी गाली सच है। और या सोचेगा कि गाली सच नहीं हैबिचारे ने नाहक मेहनत कीकष्ट उठायाइतनी दूर तक आया। अगर सच है तो धन्यवाद होगा,अगर झूठ है तो दया का भाव होगा। लेकिन क्रोध किसी स्थिति में संतोषी व्यक्ति को नहीं हो सकता। वह हर हाल में कुछ खोज लेगा।
दो फकीरों की कहानी मुझे बड़ी प्रीतिकर रही है। जापान में हुए। दोनों वर्षा काल के लिए अपने झोपड़े पर वापस लौट रहे थे। आठ महीने घूमते थेभटकते थे गांव-गांवउस परमात्मा का गीत गाते थे। वर्षा काल में अपने झोपड़े पर लौट आते थे। गुरु बूढ़ा था। जवान शिष्य था। जैसे ही वे करीब पहुंचे झील के किनारे अपने झोपड़े केदेखा कि छप्पर जमीन पर पड़ा है। जोर की आंधी आयी थी रातआधा छप्पर उड़ गया है। छोटा सा झोपड़ा! उसका भी आधा छप्पर उड़ गया है। वर्षा सिर पर है। अब कुछ करना भी मुश्किल होगा। दूर जंगल में यह निवास है।
युवा संन्यासी शिष्य ने कहादेखोहम प्रार्थना कर-कर के मरे जाते हैंहम उसकी याद कर-कर के मरे जाते हैंऔर उसकी तरफ से यह फल! इसलिए तो मैं कहता हूं कि कुछ सार नहीं है। प्रार्थनापूजा--मिलता क्या हैदुष्टों के महल साबित हैंहम गरीब फकीरों की झोपड़ी गिरा गयी आंधी। और यह आंधी उसी की है।
जब वह क्रोध से ये बातें कह रहा थातभी उसने देखा कि उसका गुरु घुटने टेक करबड़े आनंदभाव से आकाश की तरफ हाथ जोड़े बैठा है। उसकी आंखों से परम संतोष के आंसू बह रहे हैं। और वह गुनगुना कर कह रहा है कि परमात्मा तेरी कृपा! आंधी का क्या भरोसा! पूरा ही छप्पर ले जाती। जरूर तूने बीच में रोका होगा और आधे को बचाया। आधा छप्पर अभी भी ऊपर है। आंधी का क्या भरोसाआंधी आंधी है। पूरा ले जाती। जरूर तूने बाधा डाली होगी। और आधा तूने बचाया होगा।
फिर वे दोनों गए। एक ही झोपड़े में वे प्रवेश कर रहे हैंलेकिन दो भिन्न तरह के लोग हैं। एक असंतुष्टएक संतुष्ट। स्थिति एक ही हैलेकिन दोनों के भाव अलग हैं। इसलिए दोनों अलग झोपड़े में जा रहे हैं। ऊपर से तो दिखायी पड़ता है कि एक ही झोपड़े में जा रहे हैं।
रात दोनों सोए। जो असंतुष्ट थावह तो सो ही न सका। उसने अनेक करवटें बदलीं और बार-बार कहा कि क्या भरोसा,कब वर्षा आ जाए। अभी वर्षा आयी नहीं। लेकिन वह चिंतित और परेशान है। उसने कहानींद नहीं आती। नींद आ कैसे सकती हैयह कोई रहने की जगह हैऔर उसका क्रोध...।
लेकिन गुरु रात बड़ी गहरी नींद सोया। जब चार बजे उठा तो उसने एक गीत लिखा। क्योंकि आधे झोपड़े में से चांद दिखायी पड़ रहा था। और उसने लिखा कि परमात्माअगर हमें पहले से पता होतातो हम तेरी आंधी को भी इतना कष्ट न देते कि आधा छप्पर अलग करे। हम खुद ही अलग कर देते। अब तक हम नासमझी में रहे। सो भी सकते हैंचांद भी देख सकते हैं। आधा छप्पर दूर जो हो गया! तेरा आकाश इतने निकट और हम उसे छप्पर से रोके रहे। तेरा चांद इतने निकट,कितनी बार आया और गयाऔर हम उसे छप्पर से रोके रहे। हमें पता ही न था। तू माफ करना। अन्यथा हम तेरी आंधी को यह कष्ट न देतेहम खुद ही आधा अलग कर देते।
यह जो गीत गा सकता हैयह संतोष है। मजबूरी में नहींअसहाय अवस्था में नहीं। वह तो नपुंसकों का मार्ग है। वे तो हमेशा ही ऐसा करते हैं। जब सब छिन जाता हैतब वे संतोष करते हैं। काशउन्होंने संतोष पहले कर लिया होता! तो कुछ भी छिन नहीं सकता था। क्योंकि संतोषी से तुम कुछ भी छीन ही नहीं सकते। तुम छीनोलेकिन तुम संतोषी से कुछ छीन नहीं सकते। तुम उसका संतोष नहीं छीन सकतेतुम क्या छीनोगे उससे कुछतुम उससे सब छीन लोगेलेकिन संतोषी वहीं रहेगा जहां था। क्योंकि उसकी संपदा भीतरी है।
नानक कहते हैं, 'संतोष की मुद्रा बनालज्जा की मुद्रा बना योगी! प्रतिष्ठा की झोली बना।'
वे भीतर के संकेत दे रहे हैं। असल में गोरखनाथ ने भी वही कहा था। बाहर के संकेत भीतर की याददाश्त के लिए थे। भीतर की बात तो भूल गयी। कमीज में लगी गांठ हाथ में रह गयी। यह भूल ही गए कि बाजार लेने क्या आए थेयह भी भूल गए कि गांठ इसलिए लगायी थी कि बाजार में कुछ याद रखना है। बसगांठ हाथ रह गयी। अब गांठ को ढो रहे हैं। गांठ अपने आप में बोझ है।
लज्जा शब्द को समझने की कोशिश करें। क्योंकि शब्द बहुत गहरा है और बहुत पूर्वीय है। पश्चिम की भाषाओं में ऐसा कोई शब्द नहीं है। क्योंकि लज्जा एक पूरब की अपनी अनूठी खोज है। लज्जा को हमने स्त्रैण व्यक्तित्व की आखिरी परम अवस्था माना है।
वेश्या को हम निर्लज्ज कहते हैंक्योंकि वह शरीर को बेच रही है। शरीर को बेचना निर्लज्ज दशा है। क्योंकि शरीर परमात्मा का मंदिर हैबेचने के लिए नहीं है। यह तो आराधना के लिए है। यह ठीकरों के लिए गंवाने के लिए नहीं है। यह तो परम-धन के पाने की सीढ़ी है। तो जो भी शरीर को बेच रहे हैंचाहे वेश्याएं होंऔर चाहे दुकानदार होंऔर चाहे तुम होअगर तुम शरीर को बेच रहे हो और ठीकरे कमा रहे होतो निर्लज्ज हो।
निर्लज्ज का एक ही अर्थ होता है कि जो शरीर को परमात्मा के खोजने के अतिरिक्त और किसी तरह से बेच रहा है। उसके जीवन में कोई लज्जा नहीं है। तुम वेश्या की तो निंदा करते होलेकिन दूसरे लोगों की क्या हालत हैफर्क क्या है?अगर तुम शरीर को बेच रहे हो धन कमाने के लिएइस संसार में इज्जत कमाने के लिएतो वेश्या और तुम में फर्क क्या है?वेश्या भी शरीर को बेच रही है धन कमाने के लिएतुम भी बेच रहे हो शरीर को धन कमाने के लिए।
लज्जा की अवस्था का अर्थ हैशरीर को धन के लिए नहीं बेचना है। वह परमात्मा का मंदिर है। उसमें परमात्मा कभी अतिथि बनेगा। उसे परमात्मा के लिए प्रतीक्षा सिखानी है। और वह प्रतीक्षा निश्चित ही वैसी ही होगीजैसी प्रेयसी अपने प्रेमी के लिए करती है। और जब प्रेमी पास आता है तो प्रेयसी घूंघट डाल लेती है। छिपती है। प्रेमी के सामने अपने को प्रगट नहीं करती,क्योंकि प्रगट करना तो निर्लज्ज अवस्था है। छिपाती हैअवगुंठित होती है। प्रेमी के लिए प्रतीक्षा करती हैप्रेमी को निमंत्रण भेजती हैजब प्रेमी पास आता है तो अपने को छिपाती है। क्योंकि प्रेमी के सामने प्रकट करना तो अहंकार होगा। सब प्रकट करने की इच्छा एक्जीबिशनअहंकार है।
परमात्मा के सामने क्या तुम अपने को प्रगट करना चाहोगेतुम परमात्मा के सामने तो छिप जाओगेजमीन में गड़ जाओगे। तुम तो परमात्मा के सामने घूंघटों में छिप जाओगे। परमात्मा के सामने अपने को प्रकट करने का भाव तो अहंकार है। वहां तो तुम प्रेयसी की भांति जाओगेपंडित की भांति नहीं। वहां तो तुम ऐसे जाओगे कि पदचाप भी पता न चले। वहां तो तुम छुपे-छुपे जाओगे। क्योंकि तुम्हारे पास है क्या जो दिखाएंलज्जा का अर्थ हैहै क्या हमारे पास जो दिखाएंकुछ भी तो नहीं है दिखाने कोइसलिए छिपाते हैं।
इसलिए भारत में जो स्त्री का परम गुण हमने माना हैवह लज्जा है। इसलिए भारत की स्त्रियों में जो एक ग्रेसएक प्रसाद मिल सकता हैवह पश्चिम की स्त्रियों में नहीं मिल सकता। क्योंकि पश्चिम की स्त्री को कभी लज्जा सिखायी नहीं गयी। लज्जा दुर्गुण मालूम होती है। उसे दिखाना हैप्रदर्शन करना हैउसे बताना हैउसे आकर्षित करना है बता कर। जैसे बाजार में खड़ी है।
पूरब में हमने स्त्री को लज्जा सिखायी है। छिपाना है। इससे घूंघट विकसित हुआ। घूंघट लज्जा का हिस्सा था। फिर घूंघट खो गया। और जैसे ही घूंघट खोयालज्जा भी खोने लगी। क्योंकि घूंघट लज्जा का हिस्सा था। वह उसका बाह्य अंग था। अब हमारी स्त्री भी प्रकट कर के घूम रही है। वह चाहती है लोग देखें। सज-संवर कर घूम रही है। और जब तुम सज-संवर कर घूम रहे होलोग देखें यह भीतर आकांक्षा हैतो तुम बाजार में खड़े हो गए।
नानक कहते हैंपरमात्मा के सामने हमारी लज्जा वैसी ही होगीजैसी प्रेमी के सामने प्रेयसी की होती है। वह अपने को छिपाएगी। दिखाने योग्य क्या हैइसलिए लज्जा। बताने योग्य क्या हैइसलिए लज्जा। इसलिए घूंघट है।
और ध्यान रखनाजितनी स्त्री लज्जावान होगीउतनी आकर्षक हो जाती है। जितनी प्रगट होगीउतना आकर्षण खो जाता है। पश्चिम में स्त्री का आकर्षण खो गया है। खो ही जाएगा। क्योंकि जो चीज बाजार में खड़ी हैउसका आकर्षण समाप्त हो जाएगा।
और परमात्मा के सामने तो हम बेचने को नहीं गए हैं अपने को। और परमात्मा के सामने तो हमारे पास क्या है दिखाने कोइसलिए परमात्मा के सामने तो हम प्रेयसी की तरह जाएंगे। कंपते पैरों सेकि पता नहीं स्वीकार होंगे या नहीं! संकोच से,कि पता नहीं उसके योग्य हो पाएंगे कि नहीं! लज्जा सेक्योंकि दिखाने योग्य कुछ भी नहीं है।
लज्जा बड़ी विनम्र दशा है। और उतनी विनम्रता से कोई उसके पास जाएगा तो ही अंगीकार होगा। और जो भक्त जितना अपने को छिपाता हैउतना आकर्षक हो जाता है परमात्मा के लिए। और जो भक्त अपने को जितना खोलता है और ढोल पीटता है कि देखो मैं पूजा कर रहा हूंदेखो मैं प्रार्थना कर रहा हूंकि देखो मैं मंदिर जा रहा हूंकि देखो मैंने कितने जपत्तप किएवह उतना ही दूर हो जाता है। क्योंकि यह कोई अहंकार नहीं हैपरमात्मा से मिलन एक निरअहंकार चित्त की बात है।
तो नानक कहते हैं, 'संतोष और लज्जा की मुद्रा बनाओ। प्रतिष्ठा की झोली धारण करो।'
किस प्रतिष्ठा कीजैसे ही किसी व्यक्ति को यह एहसास होना शुरू होता है कि मैं शरीर नहींआत्मा हूंप्रतिष्ठा मिली। आत्म-भाव प्रतिष्ठा है। क्योंकि शरीर में तो तुम प्रतिष्ठित हो ही नहीं सकते। वह रास्ते का पड़ाव हैमंजिल नहीं है। वहां कैसी प्रतिष्ठावहां क्षण भर रुक सकते होवह घर नहीं बन सकता। प्रतिष्ठित का अर्थ हैजिसने उसको पा लिया जो शाश्वत है। जिसने उसमें अपनी जड़ें जमा लीं जो कभी न मिटेगा। आदि सचु जुगादि सचु--जो सदा सच है। जिसने उसमें जड़ डाल दीवह प्रतिष्ठित हुआ। और जो सदा झूठ हैजो उसके साथ तिरता रहाउसकी कैसी प्रतिष्ठा?
तुम जब तक परमात्मा के साथ खड़े न हो जाओ तब तक प्रतिष्ठित नहीं हो। तब तक तुम राज-सिंहासनों पर बैठ जाओ भलाकोई प्रतिष्ठा न मिलेगी। इस संसार की कोई प्रतिष्ठा प्रतिष्ठा नहीं है। क्योंकि इस संसार में तो सब लहरों का खेल है। चार दिन बाद कौन तुम्हें याद रखेगाआज भी जब तुम सिंहासन पर होकौन तुम्हारी फिक्र करता है?
सिंहासन पर बैठे लोगों की हालत देखो! जहां जाएं वहां जूते फेंके जाएंजहां जाएं वहां पत्थरों से स्वागत हो। अगर तुमने फूल चाहे तो पत्थर मिलते हैं। अगर तुमने आदर चाहा तो अपमान मिलता है। तुम जबर्दस्ती पद पर बैठेतो कोई न कोई तुम्हारी टांग नीचे खींचता ही रहता है। राजनीतिज्ञों से पूछोअखबारों में भला नाम छपते होंचर्चा होती होलेकिन उसी मात्रा में निंदा चलती है। उसी मात्रा में अपमान चलता है। इस जगत में तुमने अगर जीतना चाहा तो तुम हार ही पाओगे। और तुमने आदर चाहा तो अपमान पाओगे। प्रतिष्ठा तो सिर्फ परमात्मा के साथ होने में है।
तो नानक कहते हैं, 'प्रतिष्ठा की झोली धारण करो।'
यह अकड़ और अहंकार की झोली ले कर मत चलो। निरअहंकारलज्जा और संतोष--और तुम्हारी जड़ें परमात्मा में पहुंचने लगेंगी।
'ध्यान की विभूति बनाओयोगी। राख लपेटने से कुछ भी न होगा।'
भीतर ध्यान को उपलब्ध करो। वही तुम्हारी राख हो। उसी को तुम लपेटो।
'मृत्यु को गुदड़ी बनाओ कि उसकी याद बनी रहे सदा।'
जिसको मृत्यु की याद बनी रहती हैवह परमात्मा को नहीं भूल सकता। और जिसको मृत्यु भूल गयीवह परमात्मा को भूल जाता है। और हम सब मृत्यु को बिलकुल भूल कर रहते हैं। हम ऐसा मान कर चलते हैं कि हमें मरना ही नहीं है। इसलिए तो परमात्मा की याद भूल जाती है।
'मृत्यु को गुदड़ी बनाओयोगी। काया को कुमारी।'
नाथ-संप्रदाय और तांत्रिकों के बहुत से संप्रदाय हैंजो साधना के लिए किसी कुंवारी स्त्री को खोजते हैं। क्योंकि कुंवारी स्त्री से विशेष तांत्रिक-संभोग के माध्यम से ध्यान की उपलब्धि हो सकती है। यह बात ठीक है। यह हो सकता है। तंत्र ने उसका मार्ग खोजा है।
लेकिन आदमी तो बेईमान है। तंत्र के नाम पर हजारों योगी और तांत्रिक कुंवारियों को ले कर घूम रहे थे। लाखों लोग थे जिनको तंत्र की आड़ मिल गयी। बताने को भी हो गया कि हम तांत्रिक हैंऔर यह जो कुंवारी है हमारे साथ हैयह हमारे तंत्र की साथिनी है। और इस नाम से बहुत व्यभिचार चला। बौद्ध उखड़े इस व्यभिचार के कारण। नाथ-संप्रदाय मिटा इस व्यभिचार के कारण। और तांत्रिकों की एक बड़ी महत्वपूर्ण परंपरा बिलकुल खो गयी इस व्यभिचार के कारण। आदमी तो बड़ा होशियार है। वह हर चीज में आड़ खोज लेता है। उसने देखा कि यह तो बड़ी गहरी आड़ मिल गयी कि हम तंत्र के साधक हैं। तो हम किसी भी कुंवारी स्त्री को ले कर साथ चल सकते हैं।
नानक कहते हैं, 'काया की कुंवारी बनाओयोगी।'
नानक बड़ी महत्वपूर्ण बात यहां कह रहे हैं। और वह तंत्र का ही गहरे से गहरा सूत्र है। वह यह है कि तुम्हारी काया ही तुम्हारी साथिनी बन जाए। और तुम्हारी आत्मा पुरुष हो और तुम्हारी काया कुमारी हो। इन दोनों के बीच भी संभोग हो सकता है। और वह जो संभोग हैवह परम संभोग है। उससे ही कोई मुक्ति को उपलब्ध होगा। तंत्र का भी सूत्र तो यही था कि बाहर की कुंवारी तो केवल सहारा है। उस सहारे से धीरे-धीरेधीरे-धीरे तुम्हें भीतर की कुंवारी को खोज लेना है।
हर पुरुष के भीतर छिपी स्त्री है। हर स्त्री के भीतर छिपा पुरुष है। और जब तुम्हारे दोनों स्त्री और पुरुष का भीतर मिलन होता हैतो समाधि की आखिरी अवस्था फलित होती है।
अब आधुनिक मनोविज्ञान भी इसे स्वीकार कर रहा है कि आदमी बाई-सेक्सुअल है। होगा भी। क्योंकि हरेक का जन्म मां और बाप के मिलन से हुआ है। तो तुम्हारे भीतर मां का हिस्सा भी हैऔर बाप का हिस्सा भी है। तुम्हारे भीतर स्त्री भी है,पुरुष भी है। और अगर दोनों ऊर्जाएं भीतर मिल जाएंतो बाहर का संभोग तो क्षण भर का हैयह संभोग शाश्वत हो सकता है।
तो नानक तंत्र की बड़ी गहरी बात कह रहे हैं। वे कह रहे हैं, 'योगीकाया की कुंवारी बनाओ। प्रतीति को युक्ति का डंडा बनाओ। सारी जमात को एक समझना ही नाथ-पंथ है। मन को जीतना ही जगत का जीतना है। यदि प्रणाम ही करना होउसको ही प्रणाम करो। वह आदि हैशुद्ध हैअनादि हैअनाहद हैऔर युग-युग से एक ही वेश वाला है।'
मुंदा संतोखु सरमु पतु झोली धिआन की करहि बिभूती।
किंथा कालु कुआरी काइआ जुगति डंडा परतीति।।
आई पंथी सगल जमाती मनि जीतै जगु जीत।।
आदेसु तिसै आदेसु।।
आदि अनीलु अनादि अनाहति। जुगु जुगु एको वेसु।।
जो सदा एक ही वेश में है। जो सदा एक सा हैउसको ही प्रणाम करो। किसी और को प्रणाम करने से कुछ भी न होगा। मंदिरों मेंमस्जिदों में कितने ही प्रणाम करोलेकिन अगर प्रणाम उस एक की तरफ ही नहीं जा रहे हैं तो व्यर्थ है। कहीं भी प्रणाम करोप्रणाम उसी को हो। वह याद बनी रहे।
इसे थोड़ा खयाल रखना। जब गुरु को भी प्रणाम करोतब भी ध्यान रखना कि गुरु के माध्यम से प्रणाम उसी को है--आदेसु तिसै आदेसु। मंदिर की मूर्ति के सामने झुकोतो भी याद रखना कि प्रणाम उसी को है--आदेसु तिसै आदेसु। उसी को प्रणाम है। तो फिर मूर्ति भी सहयोगी है। फिर गुरु भी सहयोगी है।
अन्यथा मूर्ति भी खतरा है और गुरु भी खतरा है। अगर प्रणाम उसको ही नहीं हैतो जिसको भी तुम प्रणाम करोगेवहीं बंधन पैदा हो जाएगा। वहीं रुकावट खड़ी हो जाएगी। और अगर उसको ही प्रणाम करना तुम जान जाओतो हर पत्थर से द्वार है। क्योंकि प्रणाम है उसकोकहां से तुम कर रहे हो इसका क्या मतलब हैकहीं भी तुम झुकोमस्जिद होगुरुद्वारा हो,मंदिर होचर्च होपर एक बात खयाल रहे कि--आदेसु तिसै आदेसु। प्रणाम उसको ही है।
'उसकोजो आदि हैशुद्ध हैअनादि हैअनाहद है। युग-युग से एक ही वेश वाला है।'
'ज्ञान को भोग बनाओयोगी! और दया को भंडारी। घट-घट में जो अनाहद नाद बजता है उसे शंख बनाओ। वही नाथ है जिसमें सब नथे-गुथे हैं। ऋद्धि-सिद्धि तो घटिया स्वाद हैं। संयोग और वियोग ये दोनों समस्त कार्य चलाते हैं। और भाग्य-लेख के मुताबिक अपना-अपना दाय प्राप्त होता है। यदि प्रणाम ही करना हो तो उसको ही प्रणाम करो। वह आदि हैशुद्ध हैअनादि हैअनाहद हैऔर युग-युग से एक ही वेश वाला है।'
'ज्ञान को भोग बनाओदया को भंडारी।'
ज्ञान और दयाप्रज्ञा और करुणादो पंख हैं। जिसने दोनों साध लिएवह परमात्मा के आकाश में उड़ने लगा। भीतर ज्ञानबाहर दया। क्योंकि खतरा है कि भीतर अगर अकेला ज्ञान हो और बाहर दया न होतो भी तुम पूर्ण न हो पाओगे। तो भी तुम अधूरे रह जाओगे। एक पंख से कोई कभी उड़ा हैअगर बाहर दया हो और भीतर ज्ञान न होतो भी तुम अधूरे रह जाओगे। एक पैर से कोई कभी चला है?
ज्ञान का अर्थ हैस्वयं को जाननाऔर दया का अर्थ हैदूसरों को पहचानना। तब पूरी घटना घट जाती है। क्योंकि ज्ञान स्वयं को जानता हैजानते ही पाता है कि मैं ही सब के भीतर हूं। जिस ज्ञान ने यह न पाया कि मैं ही सब के भीतर हूंवह ज्ञान ज्ञान ही नहीं है।
तो जब ज्ञान का वास्तविक दीया जलेगातो दया का प्रकाश सब पर पड़ेगा ही। दीया जलेगातो दीया कोई अपने को ही थोड़ा प्रकाशित करेगा! दूसरों पर भी रोशनी पड़ेगी। वह जो दीए की रोशनी दूसरों पर पड़ रही हैउसी का नाम दया है। एक अपरंपार करुणा पैदा होगीजब ज्ञान पैदा होगा। तब तुम लुटाओगेबांटोगे। तब तुम सब तरह का सहारा दोगे दूसरे को। तब तुमसे जो भी बन सकेगादूसरे को भी ले जाने की प्रक्रिया करोगेउस परमात्मा तक पहुंचाने की। सभी भटक रहे हैं। तब तुम अपने ज्ञान में ही विलीन न हो जाओगे। क्योंकि वह भी स्वार्थ होगा। वह भी होगा कि अभी तुम पुराने से बंधे हो। अभी अहंकार गया नहीं। मगर यह घटना घटती हैइसलिए नानक याद दिलाते हैं।
ऐसे लोग हैंजो ज्ञान में डूब गए हैं। जैसे जैनों के संन्यासी हैंमुनि हैं। उनका मतलब अपने से है। उन्हें कोई मतलब नहीं किसी से। क्या हो रहा है बाहरक्या घट रहा है दूसरों कोइससे कोई प्रयोजन नहीं है। वे अपने में बंद हैं। वे अपना ही साध रहे हैंअपनी ही मुक्ति साध रहे हैं। अपना ही उनका घेरा हैबस! इससे बाहर इन्हें रत्ती भर फिक्र नहीं है। और उनकी दया भी अगर हैतो वह भी ज्ञान ही साधने के लिए। दया भी उनकी झूठी है।
अगर जैन मुनि पांव सम्हाल कर चलता है कि चींटी भी न मर जाएतो तुम यह मत सोचना कि चींटी पर दया के कारण वह ऐसा कर रहा है। महावीर ने दया के कारण किया था। जैन मुनि नहीं कर रहा है। वह तो इसलिए सम्हाल-सम्हाल कर चल रहा है कि कहीं पाप न हो जाए।
फर्क समझ लेना। उसको डर यह है कि चींटी मर गयी तो पाप होगा। पाप होगा तो भटकना पड़ेगा। लेकिन नजर अपने पर हैचींटी पर नहीं। अगर चींटी के मरने से पाप न होता हो तो उसको रत्ती भर फिक्र नहीं। लेकिन पाप होता हैइसलिए वह पानी भी छान कर पी रहा है। पानी छान कर इसलिए नहीं पी रहा है कि पानी के कीटाणु मर जाएंगे तो उनको कष्ट होगा। नजर उसकी यह है कि किसी को कष्ट देने से पाप होता है। और पाप होने से आदमी भटकता है। तो ऊपर से वह ठीक वैसे ही कर रहा है जैसा महावीर करते थेलेकिन भीतर उसकी नजर अलग हैउसका स्वार्थ भिन्न है। वह यही देख रहा है चौबीस घंटे कि वही करो जिससे अपनी मुक्ति हो। वह मत करोजिससे कि नरक हो जाए।
तो इसमें दया भी उसकी झूठी हैवास्तविक नहीं। क्योंकि दया तो वास्तविक तभी होगी कि अगर तुम्हें पहुंचाने में मुझे नर्क भी जाना पड़ेतो भी तैयार हूं। दया तभी वास्तविक होगी। अभी यह तो अपना ही स्वार्थ का हिसाब है। वह तो गणित बिठा रहा है कि वही करो जिससे अपना आनंद मिलेमोक्ष मिले। ऐसा कोई काम भूल कर मत करनाजिससे मोक्ष खो जाए। तो यह तो ठीक व्यापारी की नजर है।
और इसलिए कुछ आश्चर्य नहीं कि महावीर के पीछे जो लोग चलेवे सभी व्यापारी हो गए। महावीर खुद तो क्षत्रिय थे। लेकिन उनके पीछे की जमात बनिया हो गयी। थोड़ी हैरानी की बात है! क्या हुआजैनों के चौबीस तीर्थंकर क्षत्रिय थे। और जमात क्यों बनिया हो गयीक्या कारण हुआकौन सी दुर्घटना घटी कि पूरी जमात कायरडरपोक और दूकान पर सिमट गयी?
इस घटना में घटना छिपी हैकि महावीर की दया तो दया थीलेकिन होशियार और पीछे चलने वाले लोगों की दया गणित हो गयीव्यवसाय हो गयी। उन्होंने व्यवसाय कर लिया। उन्होंने वे सब काम छोड़ दिए जिनसे पाप हो सकता था। खेती छोड़ी दीक्योंकि उसमें पौधे मरेंगे। पौधे उखाड़ने पड़ेंगे। युद्ध के मैदान पर जाना छोड़ दियाक्योंकि उसमें हिंसा होगी। तो फिर कुछ बचा नहीं उपाय। एक ही उपाय बचा कि वे व्यवसायी हो जाएं। वे उसमें सिमट गए।
यह बहुत सोचने जैसी बात है कि भारत में जितने ज्ञानी पुरुष हुएउनमें से नब्बे प्रतिशत क्षत्रिय हैं। नानक खुद भी क्षत्रिय हैं। नब्बे प्रतिशत! कृष्णराममहावीरबुद्ध सब क्षत्रिय हैं। क्षत्रिय में कुछ गुण हैंजिसके कारण ज्ञान तक पहुंचने में कुछ आसानी मालूम होती है। वह गुण है साहस काहिम्मत का। वह खतरा मोल ले सकता हैऔर दांव पर लगा सकता है। इतने ब्राह्मण भी नहीं पहुंचे। इतने कोई जाति के लोग नहीं पहुंचे परम सत्य तकजितने क्षत्रिय पहुंचे।
कारण इतना ही है कि क्षत्रिय दांव पर लगा सकता है। वह खतरा मोल ले सकता है। और क्षत्रिय को मौत भूलनी संभव नहीं है। क्योंकि मौत हर क्षण द्वार पर खड़ी है। और मौत की जिसे याद हैउसे परमात्मा की याद आनी शुरू हो जाती है। क्षत्रिय का धंधा तो मौत का धंधा है। वहां तो काम ही मौत से है। वह व्यवसाय ही मौत का है। वहां प्रतिपलकिसी भी क्षण मौत हो सकती है। और जिसको मौत की याद हैउसे परमात्मा का विस्मरण नहीं हो सकता। क्योंकि परमात्मा की याद करनी ही पड़ेगी। वह एंटीडोट है। जब मौत की याद गहरी हो तो क्या करोगेकिसको याद करोगेकिसको पुकारोगेकौन बचाएगा?तब अमृत की स्मृति आनी स्वाभाविक हो जाती है।
'ज्ञान को भोग बनाओदया को भंडारी।'
ये ऊपर के भंडार चलाने से कुछ भी न होगा। लेकिन ऊपर के ही भंडार चल रहे हैं। नाथ-संप्रदाय भंडार चलाते थेसिक्ख लंगर चलाते हैं। बाकी है सब मामला ऊपर का। भंडार को लंगर कहोक्या फर्क पड़ेगा?
नानक कहते हैंदया को लंगर बनाओ। तुम्हारे जीवन में दया हो प्रतिपल। तुम दूसरे का भी विचार करो। तुम दूसरे पर भी ध्यान दो। तुम जो भी कर रहे होउसमें यह भी खयाल रखो कि दूसरे का भी हित होकल्याण होमंगल हो। तुम अपना ज्ञान खोजोलेकिन दूसरे के ज्ञान खोजने में भी सहयोगी बनो। तुम मोक्ष की तरफ जाओलेकिन दूसरों को भी साथ ले चलो।
और ध्यान रखनाजितना ही तुमने दोनों साधे--बाहर दयाभीतर ज्ञान--उतने ही शीघ्र तुम पहुंच जाओगे। क्योंकि एक पंख से कोई कभी नहीं पहुंचा। और ये दोनों पंख साधने जरूरी हैं।
दूसरी तरफ ईसाई हैं। एक तरफ जैनदूसरी तरफ ईसाई हैं। वे सेवा में लगे हैं। अस्पतालस्कूल खोलते चले जाते हैं सारी दुनिया में। उन जैसी सेवा कोई भी नहीं करता। लेकिन ज्ञान की उन्हें फिक्र ही नहीं है। और उन्हें भी फिक्र न होने का कारण है। क्योंकि उनको यह भ्रांति हो गयी है--जैसे जैनों को भ्रांति है कि अपने को सम्हाल लेना काफी है--उनको यह भ्रांति हो गई है कि सेवा कर देना काफी है। जिसने सेवा कीवह मोक्ष पा लेगा। उनको भी फिक्र नहीं है कि जिस कोढ़ी के वे पैर दबा रहे हैंया जिस बीमार का इलाज कर रहे हैंया जिस अनाथ बच्चे को पढ़ा रहे हैंइसको पढ़ाने से कुछ लाभ होने वाला है?उनको भी इसकी फिक्र नहीं है। उनको फिक्र इसकी है कि जितना तुम दूसरों को लाभ दोगेउतना तुम्हारा मोक्ष निश्चित है। आदमी का स्वार्थ बड़ा अदभुत है। ज्ञान में से स्वार्थ निकाल लेता है। दया में से स्वार्थ निकाल लेता है।
एक बड़ी पुरानी चीनी कथा है। एक गांव में मेला भरा हुआ था। और एक छोटा सा कुआं था उस मेले मेंजिसमें एक आदमी भूल से गिर गया। वह आदमी चिल्लाने लगा कि मुझे बचाओ। लेकिन मेले में बड़ा शोरगुल थाकौन सुनेलोग अपने काम-धंधे में लगे हुए थे। चीजें बेची जा रही थींखरीदी जा रही थीं। और सांझ होने के करीब थी। लोग जल्दी में थे। मेला बंद होने को जा रहा था। कौन सुनेलेकिन एक कंफ्यूशियस को मानने वाला संन्यासी कुएं के पास आ कर बैठा। उसे आवाज सुनायी पड़ी।
उसने कहाभाईचुप रह! मैं अभी जाता हूं और पूरी कोशिश करूंगा। क्योंकि यह बात कानून के विपरीत है कि बिना दीवाल के और कुआं बनाया जाए। उस पर कोई घाट नहीं था कुएं पर। इसलिए तू गिर गया है। लेकिन पक्का भरोसा रख कि हम क्रांति कर देंगे पूरे मुल्क मेंऔर हर कुएं पर घाट बनवा देंगे।
क्योंकि कंफ्यूशियस नियम को मानने वाला है। समाजव्यवस्थानियम--कंफ्यूशियस रिफार्मर हैरिवोल्यूशनरी है। सुधारकक्रांतिकारी है। उसने कहा कि तू बिलकुल फिक्र मत कर।
उस आदमी ने कहाइससे क्या होगा कि कुओं पर घाट बन जाएंगे! मैं तो मर रहा हूं।
उस कंफ्यूशियस को मानने वाले ने कहासवाल तेरा नहीं है। सवाल सब का है। और एक-एक आदमी का सवाल नहीं है,समाज का सवाल है। व्यक्ति को बचाने का कहां उपाय हैसमाज को बचाना होगातो ही व्यक्ति बचेंगे।
वह गया कि क्रांति फैला दे। और खड़ा हो कर मेले में चिल्लाने लगा कि हर कुएं पर घाट होना चाहिए। उसके पीछे एक बौद्ध-भिक्षु आ कर उस घाट पर बैठा। वह आदमी अभी भी चिल्ला रहा था। बौद्ध-भिक्षु नीचे झुक कर देखा और उसने कहा,भाईतुमने पिछले जन्मों में कुछ कर्म किए होंगेजिसका फल भोग रहे हो। और अपना-अपना फल सभी को भोगना पड़ता है। इसमें कुछ किया नहीं जा सकता।
उस आदमी ने कहायह तुम पीछे समझा देना। मुझे कुएं के बाहर निकाल लो।
पर उसने कहामैं तो कर्मों का त्याग कर चुका हूं। क्योंकि कर्मों से बंधन होता है। बंधन से आदमी संसार में भटकता है। और मैं सब कर्मों का त्याग कर दिया हूं। मैं तो आवागमन से छूटना चाहता हूं। अब तुझे बचा कर मैं और झंझट नहीं लूंगा। और फिर क्या पक्का है कि तू बच कर न मालूम क्या करे! तू किसी की हत्या कर दे तो उसमें मैं भागीदार हो गया। न तुझे बचातान तू हत्या करता। किसी के घर में आग लगा दे। तो मैं तेरे पीछे कहां फंसने जाऊंऔर तू शांत रहक्योंकि इस कुएं पर मैं ध्यान करने रुका हूं। और तू व्यर्थ उपद्रव न मचा। तू अपना भोगमुझे अपना भोगने दे। अपना-अपना! कोई किसी के मार्ग पर न आता हैन आ सकता है।
ज्यादा शोरगुल सुन कर भिक्षु वहां से चला गया। क्योंकि वह ध्यान नहीं करने देगा। और ध्यान बड़ी चीज है। अब ऐसे एक-एक कुएं में बचाने जाने लगोगे तो कितने कुएं हैं! कितने लोग हैंकितने मेले हैं! तुम क्या कर पाओगेअपना ध्यान ही सम्हाल लिया कि सब सम्हल गया।
उसके पीछे एक ईसाई मिशनरी आ कर उस कुएं पर रुका। उसने आवाज सुनी और उसने जल्दी अपने झोले से एक रस्सी निकालीकुएं में डाली। कुएं में उतर कर गया। और उस आदमी को बाहर निकाल कर लाया। उस आदमी ने उसके पैर पकड़ लिए और कहा कि भाईतू ही एक सच्चा धार्मिक है। बाकी कंफ्यूशियस को मानने वाला गयाबुद्ध को मानने वाला गयाकिसी ने हमारी सुनी भी नहीं।
उस ईसाई ने कहा कि भाईतुमसे एक ही प्रार्थना है कि तू सदा गिरते रहना ताकि हम बचाते रहें। हम हमेशा रस्सी अपने झोली में रखते हैं। क्योंकि न तुम गिरोगेन हम बचाएंगेतो मोक्ष कैसे जाएंगे?
किसी को किसी से मतलब नहीं है। आदमी का स्वार्थ बड़ा गहन है। बचाने वाला भी अपने लिए बचा रहा है। नहीं बचाने वाला भी अपने लिए नहीं बचा रहा है। ध्यान करने वाला अपनी फिक्र कर रहा है। सेवा करने वाला भी अपनी फिक्र कर रहा है।
और दया का अर्थ हैदूसरे की फिक्र। केयरिंग फार अदर्स। दूसरा भी जीवंत है। उसका भी मूल्य है। उसका मूल्य उतना ही हैजितना तुम्हारा मूल्य है। रत्ती भर कम नहींरत्ती भर ज्यादा नहीं। और दूसरे से परमात्मा प्रकट हुआ है। तो तुम अपने भीतर के परमात्मा को देखनावह ज्ञान है। और तुम दूसरे के परमात्मा को मत भूलनावह करुणावह दया है।
नानक कहते हैं, 'ज्ञान को भोग बनादया को भंडारी। घट-घट में जो अनाहद नाद बजता हैउसे ही शंख बनाओयोगी।'
तो शंखों को फूंकने से क्या होगावह जो अंतर नाद बज रहा है सततजो अनाहदबिना किसी कारण केजो सदा भीतर बज ही रहा हैउसी को बजाओ। और शंखों को बजाने से क्या होगा?
'वही नाथ हैजिसमें सब नथे-गुथे हैं। उसकी ही याद करो। ऋद्धि-सिद्धि तो घटिया स्वाद हैं।'
तुमने कुछ चमत्कार कर लिएकि हाथ से राख पैदा कर दीकि सत्य साईं बाबा हो गएकि ताबीज निकाल कर किसी को दे दियाइससे क्या होगा?
'ऋद्धि-सिद्धि तो घटिया स्वाद हैं।'
क्योंक्योंकि ऋद्धि-सिद्धि भी अहंकार को ही भरते हैं। उनसे भी तुम्हारी अकड़ मजबूत होती है कि मैं कुछ विशेष हूं,मैं कुछ खास हूं। तो धर्म की सिद्धि तो एक ही है कि मैं ना-कुछ हूं। और जिसने इस ना-कुछ होने को जान लियावह सब कुछ हो गया। जो इधर मिटावह परमात्मा हो गया। उससे कम पर राजी मत होना। उससे कम पर राजी हुए तो घटिया स्वाद पर राजी हो गए।
क्या होगाकितने ही ताबीज हाथ से पैदा कर दोक्या होगा तुम्हारी मदारीगिरी सेन तुम्हारा कोई हित हैन किसी दूसरे का कोई हित है। हांइस बाजार में थोड़ी-बहुत प्रतिष्ठा मिल जाएगी। लेकिन इस बाजार की प्रतिष्ठा प्रतिष्ठा ही कहां है?और उस परमात्मा के सामने तुम्हारे हाथ से निकली हुई ताबीजों का क्या मूल्य होगातुम्हारे हाथ से पैदा हुई राख का क्या मूल्य हैजिस परमात्मा से सारी सृष्टि पैदा हो रही हैवहां तुम अपनी राख पैदा करके सोचते हो परमात्मा में तुम्हारी प्रतिष्ठा हो जाएगीतुम्हारी तरकीबें मनुष्य को भला धोखा देने में समर्थ हो जाएं और तुम्हारे अहंकार को थोड़ी तृप्ति मिल जाएलेकिन इससे कुछ आत्मज्ञान नहीं होगा।
इसलिए नानक कहते हैं, 'ऋद्धि-सिद्धि तो घटिया स्वाद हैं। संयोग और वियोगये दोनों समस्त कार्य चलाते हैं।'
तो एक ही सिद्धि है कि संयोग और वियोग से मुक्त हो जाना। जो चीजें जुड़ती हैंवे अलग होंगी। जो चीजें बनती हैं,वे मिटेंगी। जिसका जन्म हुआ हैवह मरेगा। जो पाया हैवह खो जाएगा। जो आज संपत्ति हैवह कल विपत्ति हो जाएगी। जो आज सुख हैकल दुख हो जाएगा। हर चीज अपने विपरीत में चली जाती है। संयोग और वियोग से यह चाक चलता है। जिससे आज मिलन हुआ हैकल वह छूट जाएगा। जो इस सत्य को समझ लेता है कि संसार का चाक संयोग और वियोग से चलता है,विपरीत से चलता हैअपोजिट से। और दोनों के पार अपने को संभाल लेता है--न तो संयोग में सुखी होता है और न वियोग में दुखी होता है--यही एक सिद्धि है। इसको ही साध लो।
'और भाग्य के लेख के मुताबिक अपना-अपना दाय प्राप्त होता है।'
इसलिए जो मिलेजो घटेउसमें शांत रहो। वह तुम्हारे भाग्य का हिस्सा है। ऐसा होना थाइसलिए हुआ है। जो होना थावही हुआ हैइसलिए क्या असंतोषइसलिए कैसा रोना-धोनाइसलिए किससे शिकायतकैसी शिकायतइसलिए जो भाग्य में होउसे चुपचाप स्वीकार कर लो। और संयोग और वियोग से अपने को मुक्त करते चले जाओ। यही सिद्धि है। बाकी सब घटिया स्वाद हैं।
'यदि प्रणाम ही करना हो तो उसको ही प्रणाम करो। वह आदि हैशुद्ध हैअनादि हैअनाहद हैऔर युग-युग से एक ही वेश वाला है।'

आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें