गुरुवार, 3 अगस्त 2017

एक ओंकार सतनाम - प्रवचन-13

सोई सोई सदा सचु साहिबु—(प्रवचन—तेरहवां)
पउड़ी: 27

सो दरु केहा सो घरु केहा जितु बहि सरब समाले।
बाजे नाद अनेक असंखा केते वावणहारे।।
केते राग परी सिउ कहीअनि केते गावणहारे।
गावहि तुहनो पउणु पाणी वैसंतरु गावे राजा धरम दुआरे।।
गावहि चितगुपतु लिखि जाणहि लिखि लिखि धरमु वीचारे।
गावहि ईसरु बरमा देवी सोहनि सदा सवारे।।
गावहि इंद इंदासणि बैठे देवतिया दरि नाले।
गावहि सिध समाधी अंदरि गावनि साध विचारे।।
गावनि जती सती संतोखी गावहि वीर करारे।
गावनि पंडित पड़नि रखीसर जुगु जुगु वेदा नाले।।
गावनि मोहणीआ मनु मोहनि सुरगा मछ पइआले।
गावनि रतनि उपाए तेरे अठसठि तीरथ नाले।।
गावहि जोध महाबल सूरा गावहि खाणी चारे।
गावहि खंड मंडल वरमंडा करि करि रखे धारे।।
सेई तुधनो गावनि जो तुधु भावनि रते तेरे भगत रसाले।
होरि केते गावनि से मैं चिति न आवनि नानकु किया विचारे।।
सोई सोई सदा सचु साहिबु साचा साची नाई।
है भी होसी जाई न जासी रचना जिनि रचाई।।
रंगी रंगी भाती करि करि जिनसी माइआ जिनि उपाई।
करि करि वेखै कीता आपणा जिव तिस दी बडिआई।।
जो तिसु भावै सोई करसी हुकमु न करणा जाई।
सो पातिसाहु साहा पातिसाहिबु नानक रहणु रजाई।।



क सूफी कहानी है। एक सम्राट अपने वजीर पर नाराज हो गया। और उसने वजीर को आकाश-छूती एक मीनार में कैद कर दिया। वहां से कूद कर भागने का कोई उपाय न था। कूद कर भागता तो प्राण ही खो जाते। लेकिन वजीर जब कैद किया जा रहा थातब उसने अपनी पत्नी के कानों में कुछ कहा।
पहली ही रात पत्नी मीनार के करीब गयी। उसने एक साधारण-सा कीड़ा दीवार पर छोड़ा। और उस कीड़े की मूंछों पर थोड़ा-सा मधु लगा दिया। कीड़े को मधु की गंध आयी। मधु को पाने के लिए कीड़ा मीनार की तरफऊपर की तरफ सरकने लगा। मूंछ पर लगा था मधुतो गंध तो आती ही रही। और कीड़ा मधु की तलाश में सरकता गया। उस कीड़े की पूंछ से एक पतला से पतला रेशम का धागा पत्नी ने बांधा हुआ था। सरकता-सरकता कीड़ा उस तीन सौ फीट ऊंची मीनार के आखिरी हिस्से पर पहुंच गया। वजीर वहां प्रतीक्षा कर रहा था। कीड़े को उठा लियापीछे बंधा हुआ रेशम का धागा पहुंच गया। रेशम के धागे में एक पतली-सी सुतली बांधी। सुतली में एक मोटा रस्सा बांधा था। और वजीर रस्से के सहारे उतर कर कैद से मुक्त हो गया।
कहानी कहती है कि वजीर न केवल इस कैद से मुक्त हुआबल्कि उसे उस मुक्त होने के ढंग में जीवन की आखिरी कैद से भी मुक्त होने का सूत्र मिल गया।
पतला-सा धागा भी पकड़ में आ जाए तो छुटकारे में कोई बाधा नहीं है। पतले से पतला धागा भी मुक्ति का मार्ग बन सकता है। लेकिन धागा पकड़ में आ जाए! एक छोटी-सी किरण पहचान में आ जाएतो उसी किरण के सहारे हम सूरज तक पहुंच सकते हैं।
सभी धर्मसभी गुरु किसी पतले से धागे को पकड़ कर परमात्मा तक पहुंचे हैं। वे धागे अनेक हो सकते हैं। अनेक तरह के कीड़ों पर धागा बांधा जा सकता है। और जरूरी नहीं कि कीड़े की मूंछों पर मधु ही लगाया जाएकुछ और भी लगाया जा सकता है। वे गौण बातें हैं। असली बात यह है कि धागा कैदी तक पहुंच जाए। धागा ही फिर सेतु बन जाता है मुक्ति तक।
नानक ने जो धागा पकड़ा हैवह धागा है बड़ा साफ और बहुत स्पष्ट। लेकिन चूंकि हम अंधे और बहरे हैंइसलिए हमें सुनायी नहीं पड़ा।
जीवन को अगर तुम गौर से देखोगे तो अस्तित्व में जो सबसे ज्यादा प्रकट बात दिखायी पड़ती हैवह है गीत। पक्षी अभी भी गा रहे हैं। सुबह होते ही गीत पक्षियों का शुरू हो जाता है। हवाओं के झोंके वृक्षों से टकराते हैं और गाते हैं। पहाड़ों से झरने गिरते हैं और नाद उत्पन्न होता है। आकाश में बादल आते हैं और तुमुल-उदघोष होता है। नदियां बहती हैं। सागर की तरंगें तटों से टकराती हैं। अगर जीवन को चारों तरफ गौर से तुम देखो और सुनोतो तुम्हें पूरा अस्तित्व गाता हुआ मालूम पड़ेगा।
गीत से ज्यादा स्पष्ट अस्तित्व में और कोई बात नहीं है। सिर्फ जब जीवन शांत हो जाता हैमृत हो जाता हैतभी गीत बंद होता है। जब कोई मर जाता हैतभी ध्वनि खोती है। अन्यथा जीवन में तो ध्वनि है। लेकिन आदमी बहरा है। इसलिए साफ धागा हाथ में होते हुए भी पकड़ में नहीं आता।
अगर जीवन इतना गीत से भरा हैतो इस गीत के पीछे परमात्मा का हाथ होगा। और इस गीत में छिपा हुआ कहीं न कहीं परमात्मा है। अगर हम भी गा सकेंअगर हम भी इस गीत में लीन हो सकेंतो धागा हाथ में आ जाएगा। गीत में लीन होना धागा है। फिर इस संसार की कैद से परमात्मा के मोक्ष तक जाने में देर नहीं।
नानक ने गीत को साधना का माध्यम बनाया है। तुम्हें भीजब कभी तुम गाते होतब एक मस्ती पकड़ने लगती है। तब एक नशा छाने लगता है। लेकिन लोग गाने से डर गए हैं। कोई पक्षी इसकी चिंता नहीं करता है कि उसकी ध्वनि मधुर है या नहींआदमी बहुत भयातुर हो गया है। थोड़े-से लोग गा सकते हैंजिनकी ध्वनि बहुत मधुर हो। बाकी लोग ज्यादा से ज्यादा स्नानगृह में थोड़ा गुनगुनाते हैं। वह भी डरे-डरे! स्नानगृह में गुनगुनाते हैंक्योंकि कोई देखने वाला नहींकोई सुनने वाला नहीं। और ध्यान रखनास्नान से भी तुम्हें उतनी ताजगी नहीं मिलतीजितनी गुनगुनाने से मिलती है। क्योंकि स्नान तो शरीर को ऊपर-ऊपर ही छूता हैगुनगुनाहट भीतर उतर जाती है। और जो आदमी गुनगुनाना नहीं जानताउस आदमी के सभी संबंध परमात्मा से टूट गए। वह अस्तित्व से दूर हो गयावह जीते जी मुर्दा है।
कबीर ने कहा हैई मुर्दन के गांव।
हमारे गांव के लिए कहा कि ये मुर्दों के गांव हैं। जिंदगी का गीत यहां गूंजता ही नहीं। न कोई नाचता है अहोभाव मेंन कोई गाता है आपूर हृदय सेन कोई डूब जाता है अपने गीत में।
यह सवाल नहीं है कि स्वर मधुर है या नहीं। क्योंकि गीत कोई बाजार में बेचने के लिए नहीं हैगीत तो अहोभाव के लिए है। और गीत की असली सार्थकता उसके माधुर्य में नहींउसकी लीनता में है। तुम उसमें लीन हो सकते हो। तुम उसमें इतने लीन हो सकते हो कि तुम बिलकुल मिट ही जाओ। तुम बचो ही न और गीत ही बचे। गुनगुनाहट रह जाए और कर्ता खो जाए। गीत ही बचे और गायक समाप्त हो जाए। यह हो सकता है। और यह सरलतम है। इससे ज्यादा सरल धागा तुम न पा सकोगे। पक्षी गा लेते हैंपौधे गुनगुनाते हैंझरने गाते हैं। तुम इतने असमर्थ हो क्या कि झरनों का मुकाबला भी न कर सको?कि पक्षियों का मुकाबला भी न कर सकोकि वृक्षों से भी होड़ न ले सको?
लेकिन तुम डर गए हो। और तुमने गीत को बाजार में खड़ा कर दिया है। तुम गीत को बेचते हो। और फिर एक मजेदार घटना घटी है कि जब गीत बिकता हैतो सभी नहीं गा सकते। क्योंकि तब गीत जीवन का सहज कृत्य नहीं रह जाता। बाजार की सामग्री हो गयी। फिर तुम सोचोगे कि ध्वनि योग्य है या नहीं! शिक्षण हुआ या नहीं! तुमने संगीत सीखा है या नहीं!
कोई पक्षी संगीत सीखने नहीं जाता। कोई झरना संगीत सीखने नहीं जाता। संगीत तो जीवन की सहज सरिता है। सीखने का कोई सवाल नहीं। संगीत तो वहां अनसीखा मौजूद है। सिर्फ थोड़ी हिम्मत जुटाने की जरूरत है। थोड़े पागल होने की हिम्मत चाहिए और संगीत फूट पड़ेगा। और जब पक्षी विश्वविद्यालय में नहीं जातेतो तुम्हें जाने की क्या जरूरत हैलेकिन पक्षियों को चिंता नहीं है कि कौन क्या कहता हैपक्षियों को विचार नहीं है कि बाजार में बिकेगा यह गीत या नहींपक्षी आनंद से गाते हैं।
चूंकि हम बेचते हैं गीत कोधीरे-धीरे एक दूसरी दुर्घटना घटती है। और वह यह कि फिर हम गा तो नहीं सकतेहम सिर्फ सुन सकते हैं। तब पैसिविटी पैदा होती है। तब कोई गाता है और हम सुनते हैंकोई नाचता है और हम देखते हैं। तुम सोचो जरायह बड़ी दीनता है। किसी दिन ऐसा जरूर आ जाएगाजब कोई प्रसन्न होगाहम देखेंगे।
तुम फर्क समझते होकोई प्रसन्न होता हैतुम देखते हो--इसमेंऔर तुम प्रसन्न होते हो--अंतर दिखायी नहीं पड़ता?कोई प्रेम कर रहा है और तुम देखते हो--इसमेंऔर तुम प्रेम करते हो--इसमें तुम्हें भेद नहीं मालूम पड़तादेखने से कभी कोई प्रेम को जान सकेगाप्रेम तो करके ही जाना जा सकेगा।
दूसरा गा रहा होकोकिल-कंठ होबड़ा संगीतज्ञ होलेकिन सुन कर तुम संगीत को न जान सकोगे। यह तो उधार हो गया। कोई दूसरा गा रहा हैतुम मुर्दे की भांति बैठे सुन रहे हो। इससे संगीत से तुम्हारा संबंध न जुड़ेगा। संगीत में उतरने के लिए तुम्हें सक्रिय होना पड़ेगा। नाच कर ही नाच जाना जा सकता हैदेख कर नहीं। देखना तो सबस्टीटयूट हैवह तो परिपूरक है। वह तो झूठा है। असली नहीं हैप्रामाणिक नहीं है।
और आदमी धीरे-धीरेधीरे-धीरे सभी चीजें दूसरों पर छोड़ दिया है। दूसरे करते हैंतुम देख लेते हो। कोई खेलता है,लाखों लोग देखते हैं। कोई नाचता हैहजारों लोग देखते हैं। कोई गाता हैहजारों लोग सुनते हैं। न तुम गाते होन तुम खेलते होन तुम नाचते हो। तुम्हारे जिंदा रहने का प्रयोजन क्या हैतुम जिंदा क्यों होसभी काम विशेषज्ञ पूरा कर देते!
और मजे की बात यह है कि देखने वाले को भी उपलब्धि नहीं हो पातीऔर वह जो कर रहा हैउसे भी नहीं हो पाती। क्योंकि उसकी नजर भी पैसे कमाने पर है। वह भी नाच आत्मा का नहीं है। और वह भी नाच सिर्फ ऊपर की कुशलता का है। उसे कोई प्रयोजन नहीं है। वह नाच रहा ही नहीं। उसके भीतर भी नाच इतना गहन तक नहीं उतरता कि उसमें डूब जाए। क्योंकि उसकी नजर पैसे पर लगी है।
ऐसा हुआ कि अकबर ने तानसेन को पूछा कि तुम्हारे गुरु को मैं मिलना चाहता हूं। क्योंकि कल रात जब तुम गा कर विदा हुएतो मेरे मन में ऐसा भाव था कि तुमसे श्रेष्ठ न तो गायक कभी हुआ हैऔर न होगा। तुम परम हो। तुम आखिरी हो। लेकिन जब मैं यह सोच रहा थातभी मुझे खयाल आया कि तुमने भी किसी से सीखा होगा! कोई होगा तुम्हारा गुरु! तो मेरे मन में एक जिज्ञासा उठ गयी कि कौन जाने तुम्हारा गुरु तुम से आगे हो। तो मैं तुम्हारे गुरु को मिलना चाहूंगा। मैं तुम्हारे गुरु को भी सुनना चाहूंगा।
तानसेन ने कहायह जरा कठिन है। गुरु मेरे हैं। और अभी जीवित हैं। सुनना भी हो सकता हैलेकिन बड़ी कठिनाई है। उन्हें दरबार में नहीं बुलाया जा सकता। फरमाइश पर वे नहीं गाते। उनका गान तो पक्षियों जैसा है। तुम कोयल से कितनी ही प्रार्थना करो कि गाओ। तुम्हारी प्रार्थना की वजह से हीकोयल गा रही होगी तो चुप हो जाएगीकि क्या मामला हैवे जब गाते हैं तभी सुना जा सकता है। तो अगर आप उनको सुनना चाहते हैंतो हमें ही उनके झोपड़े के पास चलना पड़ेगा। और वह भी छिप कर ही सुना जा सकता है। क्योंकि हम पहुंचेंगे तो वे शायद रुक जाएं। तो मैं पता लगाऊंगा कि अभी कब गाते हैं वे! क्योंकि जब वे गाते हैंतो हम छिपे रहेंगे।
पता चला कि वे तीन बजे रात उठते हैं। वे तो फकीर थे। हरिदास उनका नाम था। वे तीन बजे उठते हैं। यमुना के तट पर उनका झोपड़ा है। अब वहीं वे अपने झोपड़े में गाते हैं। अपनी मस्ती में गाते हैं। वही गीत पक्षियों का है। उस गीत का किसी से कुछ लेना-देना नहीं है।
अकबर और तानसेन रात दो बजे जा कर झोपड़े के पास छिप गए। तीन बजे संगीत शुरू हुआ। अकबर मूर्ति की तरह ठगा रह गया। आंख से झर-झर आंसू की धार लग गयी। जब वापस लौटे अपने रथ मेंतो रास्ते भर तानसेन से कुछ बोल न सका। ऐसा भावविभोर हो गया। भूल ही गया तानसेन को। महल में उतरते वक्त उसने इतना ही कहा कि अब तक मैं सोचता था कि तेरा कोई मुकाबला नहीं है। और आज मैं सोचता हूं कि तेरे गुरु के सामने तू तो कुछ भी नहीं है। मैं यह पूछना चाहता हूं कि इतना फर्क क्यों?
तानसेन ने कहाफर्क भी पूछने की जरूरत है क्यामैं आपके लिए गाता हूंमेरे गुरु परमात्मा के लिए गाते हैं। और जब मैं गाता हूं तो मेरी नजर लगी है पुरस्कार पर कि क्या मिलेगामैं गाता हूंताकि कुछ मिले। मेरा गाना व्यवसाय है। मेरे गुरु कुछ पाने के लिए नहीं गाते हैं। ठीक स्थिति उलटी है। मेरे गुरु तभी गाते हैंजब उन्हें कुछ मिला होता है। जब वे इतने भरे होते हैं परमात्मा के भाव सेजब उन्हें कुछ मिला होता हैजब उनका कंठ भरा होता हैजब उनके हृदय में लहरें उठ रही होती हैंजब वे आपूर होते हैं उसके दान सेतब बहते हैं। उन्हें जब कुछ मिला होता हैतब वे गाते हैं। गाना उनकी छाया की तरह है। मिलना पहले हैगीत बाद में है। और मैं गाता हूंमिलना पीछे है। तो कर्म-फल पर मेरी नजर लगी है। और इसलिए मैं क्षुद्र हूं। आप ठीक कहते हैं। मेरे गुरु से मेरा क्या मुकाबलामैं कितना ही कुशल हो जाऊंमेरे हाथ कितने ही सध जाएं,मेरा गला कितना ही प्रवीण हो जाएलेकिन आत्मा उसमें प्रवेश न पा सकेगी। मैं विशेषज्ञ रहूंगा और मेरे गुरु कोई विशेषज्ञ नहीं हैं। उनका गीत एक पक्षी का गीत है।
तो तुम जिन्हें सुनते हो उनका गीत व्यवसाय है। सुनने वाला खालीव्यर्थ बैठा है। निष्क्रिय है। गाने वाला व्यवसायी है। तुम परमात्मा के गीत से बिलकुल दूर ही चले गए। जो चित्रपट पर प्रेम का प्रदर्शन कर रहा हैउसके लिए प्रेम धंधा है। वह उस प्रेम में जो भी कर रहा हैवह अभिनय है। और देखने वाला निष्क्रिय बैठा हैअपनी कुर्सी में बंधा हुआ।
जीवन के सत्य सक्रियता से जाने जाते हैं। जीवन के सत्यों में तुम्हें उतरना पड़ेगा। कोई दूसरा तैरेगा तो तैरने का आनंद तुम कैसे ले पाओगेथोड़ा सोचो! जब देखने से इतना सुख मिलता हैतो हो जाने से कितना सुख न मिलता होगा! गाओ,नाचोभूल जाओ सारे जगत को। उसकी याद ही तो तुम्हें नाचने नहीं देती और गाने नहीं देती। और तब तुम परमात्मा के द्वार पर खड़े हो।
नानक बड़े मधुर शब्दों में यह बात कहते हैं। वे कहते हैं--
सो दरु केहा सो घरु केहा जितु बहि सरब समाले।
वह द्वार कहां हैवह घर कहां हैजहां बैठ कर तू सबकी सम्हाल कर रहा हैतेरे घर का द्वार कहां खोजूंजिसके भीतर छिपातू सबको सम्हाले हुए है। और उत्तर देते हैं--
बाजे नाद अनेक असंखा केते वावणहारे।।
केते राग परी सिउ कहीअनि केते गावणहारे।
वह द्वार कहांवह घर कहांजहां बैठ कर तू सबकी सम्हाल करता है?
यह प्रश्न है। और उत्तर देते हैं--
अनेक नाद बज रहे हैंऔर कितने असंख्य बजाने वाले हैं। असंख्य गायक हैंअनंत राग-रागिनियां हैं। पानी और अग्नि और पवन यश गा रहे हैं। धर्मराज तेरे द्वार पर बैठ कर गीत गा रहे हैं। चित्रगुप्त भीशिवब्रह्मादेवी सभी तेरा गान कर रहे हैं। इंद्रासन पर बैठे इंद्र गाते हैं। देवता तेरे द्वारों पर बैठे गाते हैं। समाधि में बैठ कर सिद्ध और ध्यान में बैठ कर साधु गाते हैं।
नानक पूछते हैंकहां तेरा द्वारकहां तेरा घरऔर तत्क्षण कहते हैंअनेक नाद बज रहे हैंकितने असंख्य बजाने वाले हैं।
नानक कह रहे हैंनाद तेरा द्वार है। नाद में छिपा ही तू सारे जगत को सम्हाले हुए है। ओंकार तेरा द्वार। उसी में छिपा हुआ तू सारे जगत को सम्हाले हुए है। और अगर गीत की एक कड़ी तुम्हें पकड़ जाएतो उस धागे को पकड़ कर तुम उस परमात्मा के द्वार तक जा सकोगे। नाद जब तुम्हारे भीतर बजेगाजब तुम नाद में लीन हो जाओगेउसी क्षण द्वार के सामने अपने को पाओगे।
सो दरु केहा सो घरु केहा जितु बहि सरब समाले।
बाजे नाद अनेक असंखा केते वावणहारे।।
केते राग परी सिउ कहीअनि केते गावणहारे।
कितने रागकितनी रागिनियांकितने नादकितने गायक! यही तेरा द्वार है। सुबह से सांझ तकसांझ से सुबह तक असंख्य राग बज रहे हैं।
तुम जीवन में उन रागों को पहचानना शुरू करो। मनुष्य का सारा संगीत अस्तित्व के रागों से पैदा हुआ है। मनुष्य के सारे वाद्य अस्तित्व की नकल से पैदा हुए हैं। पक्षी गाते हैंझरने गाते हैंहवाएं गाती हैंआकाश में बादल गरजते हैंइन्हीं सबसे नाद पैदा हुए मनुष्य के। सारी राग-रागिनियां पैदा हुईं। इनसे ही सारे वाद्य निर्मित हुए।
अस्तित्व में राग को पहचानने की कोशिश करो। सुबह उठ कर पहला ध्यान चारों तरफ हो रही ध्वनियों पर डालना। और अगर तुम्हें ध्वनियां सुनायी पड़ने लगेंतो तुम पाओगे कि वे दिनभर तुम्हें सुनायी पड़ती रहेंगी। क्योंकि वे सदा जारी हैं। सिर्फ तुम बहरे हो।
रात के सन्नाटे में बैठ जाना और सुनना सन्नाटे को। सन्नाटे का नाद बहुत निकट है ओंकार के। इसलिए जब भी तुम्हारे भीतर ओंकार बजेगातो पहले तो तुम्हें सन्नाटे का नाद ही सुनायी पड़ेगा। सन्नाटे की झांईजैसे झींगुर बोलते हों और रात बिलकुल चुप होवैसी झांई तुम्हें पूरे वक्त सुनायी पड़ने लगेगी--चौबीस घंटे! बाजार मेंदुकान परदफ्तर में तुम पाओगे कि वह झांई बजती ही जाती है। क्योंकि वह बज ही रही है। बाजार के शोरगुल में दब जाती हैबजना बंद नहीं होता। उपद्रव में खो जाती हैसमाप्त नहीं होती। और तुम्हें पकड़ में आ जाएतो तुम उसे कभी भी पहचान लोगे। और जैसे-जैसे तुम्हारी पकड़ साफ होती जाएगी और पहचान निखरेगीवैसे-वैसे तुम पाओगे चौबीस घंटेअहर्निश उसके द्वार पर राग-रागिनियों का मेला लगा हुआ है।
ध्यान रखोजिन्होंने भी उसे जाना हैउन्होंने उसे सच्चिदानंद कहा है। जब भी कोई आनंद से भर जाता हैतो गीत से भर जाता है। गीत और आनंद में बड़ा नैकटय है। बड़ी समीपता है। दुख में कोई नहीं गातासिवाय फिल्मों को छोड़ कर! दुख में आदमी रोता हैगाता नहीं है। दुख में आंसू बहते हैंगीत नहीं। जब कोई आह्लादित होता हैआनंदित होता हैतब गाता है। और तब अगर आंसू भी बहेंतो भी उन आंसुओं में गीत होता है। आनंद के क्षण में तुम जो भी करोगे उसमें गीत होगाउसमें गीत की भनक होगी। तुम्हारे उठने-बैठने में गीत होगा। तुम्हारे चलने-फिरने में गीत होगा। तुम्हारे श्वास लेने और छोड़ने में गीत होगा। तुम्हारे हृदय की धड़कन में नाद होगा। जैसे-जैसे तुम आनंद के करीब पहुंचते होवैसे-वैसे गीत के करीब पहुंचते हो। निश्चित ही गीत उसका द्वार है। क्योंकि भीतर परमानंद है।
ऐसी भी घड़ी आती है जब गीत भी बंद हो जाता है। क्योंकि गीत द्वार है। जब तुम द्वार के भीतर प्रविष्ट हो जाते हो,तो गीत भी खो जाता है। क्योंकि ऐसी घड़ी भी आती है जब गीत भी बाधा मालूम पड़ता है। तब उसका ही गीत चलता है,तुम्हारा गीत बिलकुल खो जाता है। तब तुममें अनंत ध्वनियां गूंजती हैं। तुम्हारी अपनी कोई ध्वनि नहीं होती। तुम सूने घर हो जाते हो।
हमने मंदिर इस ढंग से बनाए थे कि उनमें आवाज गूंजे। आवाज गूंजने को ध्यान में रखा था। मंदिर का पूरा स्थापत्य,उसका पूरा आर्किटेक्चर आवाज को गुंजाने को ध्यान में रख कर बनाया गया था। वह इस खबर को देने के लिए कि एक तो मंदिर खाली है। उसमें हम कुछ रखते नहीं। वह खाली होना ही चाहिए। क्योंकि वह हमारी आखिरी खाली अवस्था का प्रतीक है। जहां हम बिलकुल खाली हो जाएंगे और जहां नाद गूंजेगा। मंदिर के द्वार पर ही हमने घंटा लटका रखा था। जो भी आएपहले घंटे को बजाएक्योंकि द्वार पर नाद है।
ये सब प्रतीक हैं उस परमद्वार के। बिना घंटा बजाए कोई मंदिर में प्र्रवेश न करे! क्योंकि नाद में ही प्रवेश है। और घंटे की यह खूबी है कि तुम बजा दोतो भी वह गूंजता रहता है। और जब तुम प्रवेश करते हो मंदिर के द्वार में तब घंटे का नाद गूंजता रहता है। उस नाद में ही मंदिर के द्वार में प्रवेश करने की व्यवस्था है। बिना बजाए कोई प्रवेश न करे! क्योंकि वैसे ही नाद मेंतुम परमात्मा में भी प्रवेश करोगे।
परमात्मा का घर है यह मंदिरउसका प्रतीक घर है। वहां तुम्हें घंटा न बजाना पड़ेगावहां नाद बज ही रहा है। लेकिन हमने प्रतीक में भी व्यवस्था की थी। फिर जब तुम वापस मंदिर से लौटो द्वार परफिर घंटा बजाना। गूंजते नाद में ही वापस लौटना। पूजा हैप्रार्थना हैवह घंट-नाद से ही शुरू होती है।
नानक कहते हैंअनेक नाद बज रहे हैं। कितने असंख्य बजाने वाले हैं।
और नानक ऐसे नहीं कह रहे हैंजैसे कहीं दूर से वर्णन कर रहे होंजैसे द्वार पर खड़े हैं। इसलिए जो शब्द उन्होंने उपयोग किए हैंवे सीधे हैं।
वह द्वार कहांवह घर कैसाजहां बैठ कर तू सबकी सम्हाल कर रहा है। अनेक नाद बज रहे हैंकितने असंख्य बजाने वाले हैं।
जैसे यह सब नानक की आंख के सामने है।
असंख्य गायकअनंत राग-रागिनियांपवनपानीअग्नि तेरा यश गाते हैं। धर्मराज भी तेरे द्वार पर बैठ कर गाते हैं।
थोड़ा समझें। क्योंकि धर्मराज का तो काम ही धर्म और अधर्म का भेद करना है। धर्मराज का अर्थ हैनीति की पराकाष्ठा। वे नीति के देवता हैं। क्या शुभ हैक्या अशुभ हैउसकी ही बारीक खोज करनाशुभ-अशुभ का निर्णय ही धर्मराज की व्यवस्था है। नानक कहते हैंउनको भी मैं देख रहा हूं कि वे भी तेरे द्वार पर बैठे गीत गा रहे हैं।
क्योंकि धर्मराज से ज्यादा गंभीर आदमी तो खोजा नहीं जा सकता। धर्मराज का अर्थ ही यह हैबहुत गंभीर होगा। इंच-इंच सोचेगा कि क्या ठीकक्या गलतक्या करूंक्या न करूंक्या करने योग्यक्या न करने योग्य! उनको भी देखता हूं कि वे भी मस्ती में गीत गा रहे हैं। तेरे द्वार पर धर्मराज तक गीत गा रहे हैं। चित्रगुप्त भी गीत गा रहे हैंजिनका कि सारा काम ही पाप-पुण्य लिखना है। पाप-पुण्य का जो हिसाब-किताब रखता होवह क्या गीत गाएगा!
अदालत में देखते हैंमजिस्ट्रेट कैसा बैठा होता है! ये छोटे-मोटे चित्रगुप्त हैं! अकड़ कर बैठा रहता है। कपड़े भी उसके हम इस तरह से बनाते हैं--काले--कि गंभीरता कीमौत की खबर दें। पुरानी व्यवस्था तो यही थी कि मजिस्ट्रेट अदालत में जब बैठेतो वह सफेद बालों का विग पहने। काले कपड़ेसफेद बालवह भी विग--सब झूठा। और चेहरे पर गंभीरतावह हंसे न। अदालत में हंसना तो अदालत की तौहीन है। सजा दी जा सकती हैअगर कोई अदालत में हंसे। वहां गान कैसा! गीत कैसा! और चित्रगुप्त यानी आखिरी अदालत।
नानक कहते हैं कि देखता हूं कि चित्रगुप्त भी गीत गा रहे हैं! जैसे सारी गंभीरता मिट गयी तेरे द्वार पर। तेरा द्वार उत्सव का द्वार है।
इसे थोड़ा समझ लेना। क्योंकि कहीं ऐसा न हो कि जीवन के पाप-पुण्य का हिसाब लगाते-लगाते तुम बहुत गंभीर हो जाओ। जो गंभीर हुआउसने खोया। कहीं जीवन में क्या ठीक हैक्या गलत हैइसी में उलझे-उलझे तुम सिकुड़ मत जाना,सूख मत जाना। क्योंकि उसके द्वार पर सूख गएजड़ हो गएगंभीर हो गए लोगों का प्रवेश नहीं है। उदासी का वहां प्रवेश नहीं है। वहां तो नाचते हुए की गति है। वहां तो गीत गाता ही प्रवेश पा सकेगा। इसलिए अक्सर ऐसा हो जाता है कि तुम्हारे तथाकथित साधु उससे सदा दूर रह जाते हैं। क्योंकि वे अति-गंभीर हो गए हैं।
एक बात समझ लेंगंभीरता हमेशा अहंकार का हिस्सा है। गंभीर आदमी और निरहंकारी न हो सकेगा। गंभीर आदमी तो अहंकारी होगा ही। और अहंकारी आदमी भी गंभीर होगाअकड़ा हुआ होगा। छोटे बच्चे जैसी सरलता वहां न होगी।
और नानक का तो नाम ही निरंकारी था। नानक निरंकारी उनका पूरा नाम है। और मरदाना सदा तैयार है वाद्य को छेड़ देने को। और नानक बोलते नहींगाते हैं। तुम कितना ही गंभीर प्रश्न पूछोउनका उत्तर प्रसन्नता है। तुम कितनी ही गहरी बात पूछोउनका उत्तर उत्सव है। वे गा कर ही उत्तर देते हैं। मरदाना वाद्य छेड़ देता है। और नानक गाना शुरू कर देते हैं। किसी विशेष कारण से उन्होंने यह विधि चुनी। क्योंकि उसके द्वार पर वाद्य बज रहा हैनाद बज रहा है।
उत्सव धार्मिक आदमी का लक्षण है। लेकिन तुम साधारणतः धार्मिक आदमी को देखोतो तुम उन्हें उत्सव से बिलकुल विपरीत पाओगे। तुम उन्हें बिलकुल अकड़ा हुआ पाओगे। और तुम उनकी आंखों में गीत नहीं देखोगेक्योंकि उनकी आंखों में निंदा है। बुरे और भले का विचार करते-करते वे जड़ हो गए हैं। वे इसी सोच-सोच में मरे जा रहे हैं--गीत की फुर्सत किसेकि क्या ठीक है और क्या गलत! यह खाना खाएं या न खाएंइतने बजे उठें या न उठेंयह कपड़ा पहनना कि नहीं पहनना?उनका जीवन चौबीस घंटे अनुशासन की जड़ता में जकड़ा हुआ है।
निश्चित ही उत्सव का भी एक अनुशासन हैलेकिन वह अनुशासन ऊपर से थोपा हुआ नहीं है। उत्सव का भी एक अनुशासन हैलेकिन वह भीतर से जन्मता है। वह एक इनर डिसिप्लिन है। उदासी का भी एक अनुशासन हैजो ऊपर से थोपा जाता है। भीतर कुछ भी होलेकिन चेहरे को तुम गंभीर करके बैठ जाते हो। शरीर को तुम मुर्दा कर लेते हो। ये धार्मिक आदमी के लक्षण नहीं हैं। सच तो यह है कि ये बहुत भयभीत आदमी के लक्षण हैं। यह आदमी इतना डरा हुआ है कि हंस भी नहीं सकता। क्योंकि हंसा तो इसे डर हैयह किसी पाप में उतर जाएगा। हंसी पाप हो गयी है। और उदासी और लंबे चेहरे पुण्य के प्रतीक हो गए हैं।
नानक की विधि में उत्सव हैसंगीत है। और इसी उत्सव के सूत्र को पकड़ कर उसके द्वार पर कोई प्रवेश कर सकता है।
कहते हैंसमाधि में बैठ कर सिद्ध और ध्यान में बैठ कर साधु गा रहे हैं। यतीसतीसंतोषीमहान शूरवीर गा रहे हैं। पंडितविद्वानऋषीश्वर और उनके वेद युग-युग से तुझे ही गाते हैं। मन को मोहने वाली स्वर्ग की अप्सराएं तेरा गुणगान करती हैं। और पाताल की मछलियां भी तेरे ही गीत गा रही हैं। स्वर्ग से ले कर पाताल तक तेरे गीत के अतिरिक्त और कोई धुन नहीं है। तेरे उत्पन्न किए चौदह रत्न गाते हैंअड़सठ तीर्थ गाते हैंयोद्धामहाबलीशूरवीर गाते हैं। चार योनियों के जीव गाते हैं। जो तेरे द्वारा उत्पन्न और धारण किए गए हैंवे खंडमंडल और ब्रह्मांड तेरा ही गीत गाते हैं। जो तुझे भाते हैं और तुझमें अनुरक्त हैंऐसे रसिक भक्त तेरा यशोगान करते हैं।
नानक थकते नहीं कहते कि तेरा गीत चल रहा है समस्त में। सब तरफ से अस्तित्व एक सेलीब्रेशन हैएक उत्सव है। और परमात्मा हंस रहा हैरो नहीं रहा है। रोती शक्लें उसे भाती ही नहीं। उदासी का अस्तित्व से क्या लेना-देनाउदास होने का अर्थ ही यह है कि तुम अस्तित्व से कहीं टूट गए। कहीं परमात्मा के विपरीत पड़ गए।
जब तुम्हारे जीवन में उदासी छा जाएतो जानना कि तुमने कोई कदम गलत लिया। जब तुम दुख से भर जाओतो जानना कि तुम कहीं भटके। दुख तो केवल सूचक है। दुख को तुम जीवन की विधि मत बना लेना। दुख को जीवन की शैली मत बना लेना। आत्मपीड़क मत बन जाना। क्योंकि आत्मपीड़क होना तो एक रोग है। मनोवैज्ञानिक उसको एक खास नाम देते हैं। वे कहते हैंमेसोचिजम। ऐसे लोग हैंजो खुद को दुख देने के रोग से पीड़ित हैं।
मैसोच एक लेखक हुआजिसके नाम पर मेसोचिजम रोग पैदा हुआ। मैसोच खुद को ही मारता था। कोड़ों से मारता था,कांटे चुभाता थालहू निकाल लेता था। मैसोच ने घाव बना रखे थे अपने हाथ मेंपैरों में। अपने जूतों में उसने खीले लगा रखे थे अंदर की तरफ। वह चलता तो घाव में चुभते रहते।
ऐसे मैसोचिस्ट तुम सब जगह पाओगे। काशी में तुम उन्हें कांटों पर लेटा हुआ पाओगे। ये आत्मपीड़क हैं। ये बीमार हैं। तुम इन्हें उपवास करते हुएसड़ते-गलते हुए पाओगे। जगह-जगह मठों मेंमंदिरों में इस तरह के रुग्ण लोग बैठे हुए हैं। और लोग उनकी पूजा भी करेंगे।
क्योंक्योंकि एक दूसरी बीमारी है। जिसको मनोवैज्ञानिक सैडिजम कहते हैं। दूसरे को दुख में देखने में कुछ लोगों को रस आता है। इन दोनों का बड़ा मेल बैठ जाता है। दुख देने वाले लोग हैंऔर दूसरे को दुख मिले इसमें रस लेने वाले लोग हैं। तो तुम ध्यान रखना। जब तुम किसी दुखीउदास और अपने को सताने वाले आदमी को आदर देते होतो तुम भी बीमार हो। वह बीमार है एक बीमारी सेऔर तुम्हारी बीमारी दूसरी बीमारी है। लेकिन दोनों बीमारियां एक-दूसरे से मेल खाती हैं। इसलिए तुम इन दुष्टों के पास जो अपने को सता रहे हैंदूसरे तरह के दुष्टों की जमात पाओगेजो इनको सताने में मजा ले रहे हैं। वे कहेंगेआहा! कैसी तपश्चर्या है! धन्यकि आप कांटों पर लेटे हैं। और इस तरह वे उनके अहंकार को फुसला रहे हैं। और उनको सहारा दे रहे हैं।
ध्यान रखनाकभी किसी आदमी को दुख में देख कर कोई सहारा मत देना। क्योंकि दूसरे को दुख में सहारा देना पाप है। वह दूसरे को दुख देने के बराबर है। वह बड़ी सूक्ष्म तरकीब है। मैं तुम्हारी छाती में छुरा भोंकना चाहता हूंयह पाप है। लेकिन तुम खुद छाती में छुरा भोंक लो तो मैं कहता हूंबड़ी कुर्बानी कीतुम शहीद हो गएयह भी पाप है। क्योंकि मैं भी उसमें भागीदार हूं।
जो आदमी कांटों पर लेटा पड़ा हैवह खुद तो भागीदार है ही। वे सब लोग भीजो उसके पैरों में पैसे चढ़ा जाते हैं और फूल रख जाते हैंवे भी पाप के भागीदार हैं। क्योंकि वे सब इस आदमी को सहारा दे रहे हैं कि तुम पड़े रहो। वे कह रहे हैं कि तुम बड़े महात्मा हो।
दो तरह के रुग्ण लोग हैं जगत में। खुद को सताने वालेऔर दूसरों को सताने वाले। ये दोनों ही चित्त की अस्वस्थ,परवर्टेडविकृत स्थितियां हैं। इनसे सावधान रहना।
स्वस्थ आदमी न तो दूसरे को सताता हैऔर न अपने को सताता है। स्वस्थ आदमी सताता ही नहीं। जैसे-जैसे स्वस्थ होता हैवैसे-वैसे आनंदित होता है। वह अपना आनंद बांटता है। और उसका आदर हमेशा आनंद के लिए होगा।
जब तुम किसी आदमी को नाचते देखोतब उसके पैर में फूल चढ़ा आना। लेकिन यह तुमने कभी नहीं किया है। नहीं तो दुनिया के आश्रम भिन्न होते। मठ भिन्न होते। वहां उत्सव होतावहां गीत होतेवहां नृत्य होता। लेकिन वहां रुग्णबीमार आदमी भरे हैंजिनको पागलखानों में होना चाहिए। और जिनकी मानसिक-चिकित्सा की जरूरत हैवे भरे हुए हैं। तुम्हारे कारण! क्योंकि तुमने उनको आदर दियाउनके अहंकार को फुसलायाबड़ा किया। तुमने कभी प्रसन्न आदमी को आदर दिया है?
कल ही एक संन्यासिनी ने मुझे सांझ आ कर कहा कि एक बड़ी हैरानी की घटना घट रही है। और वह यह कि जैसे-जैसे ध्यान गहरा हो रहा हैमैं बहुत आनंदित अनुभव करती हूं। लेकिन आनंद के अनुभव के साथ ऐसा लगता है कि कोई गलती हो रही हैअपराध हो रहा है। जैसे कुछ गलत रास्ते पर जा रही हूं। आनंद के भाव के साथ ऐसा प्रतीत होता है।
ऐसा सभी को होगा। क्योंकि बचपन से ही तुम्हें दुखी होने के लिए तैयार किया गया हैआनंदित होने के लिए नहीं। बच्चा अगर उदास बैठा है एक कोने मेंतो मां-बाप कहते हैंबिलकुल ठीक! राजा बेटा। और बच्चा अगर नाच रहा हैप्रफुल्लित हो रहा हैतो सारा घर उसका दुश्मन है कि चुप रहोशांत बैठोयह क्या कर रहे होबंद करो आवाज! जब भी बच्चा आनंदित हैतब कोई न कोई कहने वाला मिल जाता है कि बंद करोयह गलत है। और आंखें और भी ज्यादा कहती हैंजो शब्द नहीं कह पाते। हर जगह बच्चा पाता है कि जब भी वह प्रसन्न होता हैतभी कहीं कोई गलती हो जाती है। जब उदास होता हैतब बिलकुल सब ठीक चलता है। धीरे-धीरे यह बात अचेतन में बैठ जाती है कि प्रसन्न होना कुछ भूल है। दुखी होने में कुछ बड़ा गुण-गौरव है।
तो जब ध्यान में कोई गहरा उतरता है तो उलटी प्रक्रिया शुरू होती है। क्योंकि ध्यान में जैसे-जैसे कोई जाता है तो प्रसन्नता और गीतऔर परमात्मा के द्वार की तरफ बढ़ाउत्सव पास आता है। जैसे-जैसे उत्सव पास आता हैदबी हुई वृत्तियां सदा कीऔर दूसरों की आंखेंऔर निंदाऔर निंदा का भाव बीच में खड़ा हो जाता है। वह कहता हैआनंदित हो रहे होवह हजार तरह की तरकीबें खोजता है। वह दमन का भाव है।
एक मित्र ने मुझे आ कर कहा कि ध्यान तो ठीक लग रहा है। लेकिन एक खयाल आता है कि जब सारी दुनिया दुखी है तो अपने को आनंदित करना क्या स्वार्थ नहीं?
अब उन्होंने बड़ी बौद्धिक तरकीब खोजी। वे अपने आनंद से भयभीत हैं। छह महीने पहले आए थेतब वे यही कहते आए थे कि मैं दुखी हूंकिसी तरह आनंद चाहिए। तब उन्हें दुनिया से मतलब न था। अब जब आनंद के करीब आने लगेऔर पहला सुराख खुलाऔर पहली धुन बजने लगीतब वे भयभीत हो गए। उन्होंने जल्दी से अपने मन को बंद कर लिया।
मुझसे बोले कि मैंने तो ध्यान वगैरह बंद कर दिया है। क्योंकि यह तो बड़ा स्वार्थ मालूम होता है। तो मैंने कहादुखी होओ खूब! उससे बड़ी सेवा होगी। रोओछाती पीटोअपने को सताओआत्महत्या कर लोउससे जगत का बड़ा उद्धार होगा!
तुम्हारे दुखी होने से कैसे दूसरे का उद्धार होगातुम्हारे दुखी होने से दूसरे का दुख बढ़ेगा। तुम दुखी होतो तुम इस जगत के दुख की मात्रा बढ़ा रहे हो। तुम अगर सुखी होतो तुम इस जगत के दुख की मात्रा कम कर रहे हो। और एक भी आदमी अगर सुखी होतो उससे ऐसी तरंगें उत्पन्न होनी शुरू हो जाती हैंजो दूसरे को भी सुखी होने में सक्षम बनाती हैं।
एक घर में भी दीया जल रहा होतो एक तो पड़ोसियों को अपने अंधेरे का पता चलता है। और जब एक दीया जल रहा होतो जले हुए दीए से बुझे हुए दीए को जला लेने में कितनी दूरी हैकितनी कठिनाई हैएक दीया सारे संसार के दीए जला सकता है।
लेकिन मन दुख के लिए राजी किया गया है। और सारा जगत दो तरह के दुखी लोगों में विभक्त है। एकजो चाहते हैं दुखी किए जाएं। और दूसरेजो चाहते हैं कि कोई मिले जिसको वे सताएं और दुख दें। इन दोनों से धर्म का कोई संबंध नहीं। क्योंकि इन दोनों में से किसी को भी गीत सुनायी नहीं पड़ेगा। यह तो एक ही दुख के सिक्के के दो पहलू हैं। और दुख से परमात्मा का कोई नाता नहीं।
तुम्हारा जब नाता टूटता हैतभी तुम दुखी होते हो। बीमारी का अर्थ है कि इस प्रकृति से तुम्हारा नाता टूटा। दुख का अर्थ है कि परमात्मा से तुम्हारा नाता टूटा। शरीर जब प्रकृति से विपरीत चलता हैतो बीमारीऔर जब चेतना परमात्मा के विपरीत चलने लगती हैतो दुख। जब शरीर प्रकृति के अनुकूल चलता है और साथ-साथ बहता हैतो स्वास्थ्य। और जब आत्मा परमात्मा के साथ-साथ चलती हैअनुकूल बहती हैतो आनंद।
नानक कहते हैं कि गीत उसके द्वार पर हैं। गीत ही उसका द्वार है। उत्सव उसकी साधना है। यह सारा अस्तित्व नानक कहते हैंउसके गीत से भरा है। बहरे हो तुम। दिखायी नहीं पड़तासुनायी नहीं पड़ता। एक-एक पत्ती परएक-एक फूल पर वही लिखा है। इतने रंग उसने लिए हैं। इन सभी रंगों मेंइन इंद्रधनुषी रंगों में उसी का तो गान है। उसी का उत्सव है।
जो तुझे भाते हैं और तुझ में अनुरक्त हैंऐसे रसिक भक्त तेरा यशोगान करते हैं।
नानक के शब्द प्यारे हैं--
गावहि तुहनो पउणु पाणी वैसंतरु गावे राजा धरम दुआरे।।
गावहि चितगुपतु लिखि जाणहि लिखि लिखि धरमु वीचारे।
गावहि ईसरु बरमा देवी सोहनि सदा सवारे।।
गावहि इंद इंदासणि बैठे देवतिया दरि नाले।
गावहि सिध समाधी अंदरि गावनि साध विचारे।।
गावनि जती सती संतोखी गावहि वीर करारे।
गावनि पंडित पड़नि रखीसर जुगु जुगु वेदा नाले।।
गावनि मोहणीआ मनु मोहनि सुरगा मछ पइआले।
गावनि रतनि उपाए तेरे अठसठि तीरथ नाले।।
गावहि जोध महाबल सूरा गावहि खाणी चारे।
गावहि खंड मंडल वरमंडा करि करि रखे धारे।।
सेई तुधनो गावनि जो तुधु भावनि रते तेरे भगत रसाले।
होरि केते गावनि से मैं चिति न आवनि नानकु किया विचारे।।
नानक कहते हैं कि और कितने तेरा गुणगान करते हैंइसका अनुमान मैं नहीं लगा सकता। मैं क्या विचार करूंवही और वही सच्चा साहब हैवही सत्य हैवही सत्य नाम है। वह हैऔर वह सदा होगा। वह न जाता हैन जाएगा।
सोई सोई सदा सचु साहिबु साचा साची नाई।
है भी होसी जाई न जासी रचना जिनि रचाई।।
वह परमात्मा एकमात्र सत्य हैऔर शेष सब उस सत्य का उत्सव है।
नानकमाया में जो दंश हैउसे अलग कर लेते हैं। माया में जो निंदा का भाव हैउसे अलग कर लेते हैं। और जिस रहस्य को शंकर नहीं खोल पातेउसे नानक खोल लेते हैं। शंकर के लिए बड़ी कठिनाई है। क्योंकि शंकर बहुत तर्र्कनिष्ठ चिंतक हैं। और उनकी पूरी आकांक्षा यह है कि जगत की पूरी व्यवस्था को तार्किक ढंग से समझाया जा सकेगणित के ढंग से समझाया जा सके। वह बड़ी कठिनाई में हैं।
माया और ब्रह्म...एक तरफ तो शंकर जानते हैं कि माया नहीं है। क्योंकि जो नहीं हैउसी का नाम माया है। जो दिखायी पड़ती है और नहीं हैउसी का नाम माया है। और ब्रह्मजो दिखायी नहीं पड़ता और है। माया सदा परिवर्तनशील हैसपने की भांति। ब्रह्म सदा सत्य हैशाश्वत है।
शंकर के सामने सवाल हैपूरे अद्वैत-वेदांत के सामने सवाल हैकि माया पैदा कैसे होतीक्यों होतीअगर बिलकुल नहीं हैतब तो सवाल ही क्या है! तब तो किसी को यह भी कहना कि क्यों माया में उलझे होनासमझी है। क्योंकि जो है ही नहींउसमें कोई कैसे उलझेगातब यह कहना कि छोड़ो मायाव्यर्थ की बकवास है। क्योंकि जो है ही नहींउसे कोई छोड़ेगा कैसेऔर जो है ही नहींउसे कोई पकड़ेगा कैसेतो माया है तो! तभी छोड़ना हैतभी पकड़ना है।
और अगर माया है तो बिना परमात्मा के कैसे होगीउसका सहारा तो होने के लिए चाहिए। सपना भी होगातो वह सपना देखता है इसलिए है। तो बड़ी कठिनाई है अद्वैत-वेदांत के सामने कि कैसे हल करो इस बात कोअगर परमात्मा ही पैदा कर रहा है मायातो ये महात्मागण जो लोगों को समझा रहे हैंछोड़ो मायाये परमात्मा के दुश्मन मालूम पड़ते हैं। और अगर परमात्मा ही पकड़ा रहा हैतो हम कैसे छोड़ सकेंगेहमारा क्या बसऔर जब उसकी ही मर्जी हैतो उसकी मर्जी ठीक है।
माया आती कहां से हैअगर ब्रह्म से ही पैदा होती हैतो जो सत्य से पैदा होती हैवह असत्य कैसे होगीसत्य से तो सत्य ही पैदा होगा। या अगर माया असत्य हैतो जिस ब्रह्म से पैदा होती हैवह असत्य होगा। दोनों एक गुणधर्म के होंगेया तो दोनों सत्यया तो दोनों असत्य।
शंकर सुलझा नहीं पाते। लेकिन नानक सुलझा लेते हैं। दार्शनिक जिसको नहीं सुलझा पातेउसको भक्त सुलझा लेते हैं। क्योंकि नानक के लिए मायाये जो अनंत रूप-रंग हैं चारों तरफउसका उत्सव है। ये जो राग-रागिनियां बज रही हैं इतनीयह उसके द्वार पर चल रहा अहर्निश नाद है। ये जो इतने रंग हैं तितलियों केफूलों केवृक्षों केपत्तों केयह उसका आनंद-भाव है। वह इतने-इतने रूपों में प्रकट हो रहा है। वह इतने-इतने रूपों में प्रसन्न हो रहा है। इतने-इतने रंगों मेंइतने-इतने फूलों में खिल रहा है। यह उसकी परम-ऊर्जा का फैलाव है। तो माया और ब्रह्म विपरीत नहीं हैं। माया उत्सव हैवह ब्रह्म का नृत्य है,या ब्रह्म का गीत है!
शंकर का ब्रह्म बिलकुल रूखा-सूखा है। क्योंकि माया तो बिलकुल कट जाती है। वह तो गणित के सिद्धांत की तरह है। उसमें कोई राग नहींरंग नहींउसमें कोई दुख नहींकोई खुशी नहींउसमें कुछ भी नहीं है। वह एक शून्य की भांति है। उससे तुम क्या प्रेम करोगेशंकर के ब्रह्म से प्रेम करना मुश्किल है। कैसे प्रेम करोगेकहीं तर्क के सिद्धांतों से प्रेम होता हैगणित के सिद्धांतों से कहीं प्रेम होता हैदो और दो चार होते हैंयह ठीक है। सिद्धांत साफ है। लेकिन इससे क्या प्रेम करोगेशंकर का ब्रह्म बिलकुल रूखा-सूखा है। गाणितिक हैमैथामेटिकल है।
नानक का ब्रह्म बिलकुल भिन्न है। वह एक गणितज्ञ की धारणा नहीं है। बल्कि एक सौंदर्य-प्रेमी कीएक कवि की धारणा है। नानक कवि हैं। दार्शनिक नहीं हैं। और दार्शनिक जो हल नहीं कर पातावह कवि हल कर लेता है। क्योंकि दार्शनिक को तो तर्क बिठाना होता है। कवि को तर्क की कोई चिंता नहीं। वह अतर्क हो सकता है। वह जोड़ लेता है। जो नहीं जुड़तावह जुड़ जाता है कवि की धारणा मेंउसके प्रेम मेंउसकी भक्ति में।
इसे खयाल रखना कि नानक के लिए माया उसका उत्सव है। इसलिए नानक ने अपने शिष्यों कोसिक्खों को संसार छोड़ने को नहीं कहा। छोड़ना कहां हैछोड़ना क्या हैजो उसका ही हैउसको छोड़ कर भागना क्याइसलिए नानक ने अपने शिष्यों को कहा कि तुम संसार में ही रह कर उसे खोजनाक्योंकि संसार भी उसी का है। और तुम संसार में से ही उसकी तरफ यात्रा-पथ खोजना। माया से भागना मतडरना मत। वह उसी का खेल है।
इतना पक्का है कि तुम खेल में ही मत खो जानाखेलने वाले पर ध्यान रखनावह सुरति है। नृत्य में ही मत खो जानानृत्य जिसका चल रहा है उसका स्मरण रखना। वृक्षों को देखनापक्षियों के गीत सुननाउनमें इतना मत खो जाना कि तुम यह भूल जाओ कि उस गीत के पीछे कौन छिपा है! माया यानी प्रकट ब्रह्म है। तुम प्रकट के भीतर अप्रकट को खोजते रहना। दृश्य के भीतर अदृश्य को देखते रहना।
नानक कहते हैंऔर कितने तेरा गुणगान करते हैंइसका मैं अनुमान भी नहीं लगा सकता। मैं क्या विचार करूंवही और वही सच्चा साहिब है। वही सत्य है। वही सत्य नाम है। वह हैवह सदा होगावह न जाता हैन जाएगा। उसने ही यह सारी रचना रची है।
रचना जिनि रचाई।
उसने ही यह सारी रचना रची है। उसने अनेक रंगभाव और प्रकार की माया की वस्तुएं उत्पन्न की हैं। वह रच-रच कर अपनी रचना को देखता है। उसकी देखभाल करता है। और उसे बड़प्पन देता है।
सोई सोई सदा सचु साहिबु साचा साची नाई।
है भी होसी जाई न जासी रचना जिनि रचाई।।
रंगी रंगी भाती करि करि जिनसी माइआ जिनि उपाई।
करि करि वेखै कीता आपणा जिव तिस दी बडिआई।।
जो तिसु भावै सोई करसी हुकमु न करणा जाई।
बड़ी अदभुत बात नानक कह रहे हैं। वे यह कह रहे हैं कि परमात्मा बनाता हैबना-बना कर अपनी सृष्टि को देखता है।
जैसे कोई चित्रकार अपना चित्र बनाए। तुमने अगर कभी चित्रकार को बनाते देखा है चित्रतो वह बनाएगाफिर चार कदम पीछे हटेगा फिर गौर से देखेगाफिर बाएं खड़ा होगाफिर दाएं जाएगाफिर खिड़की के पास सेफिर दरवाजे के पास से,फिर चित्र को प्रकाश में रखेगाफिर छाया में रखेगा। हजार तरह से देखेगा। मूर्तिकार मूर्ति को बनाएगादेखेगा सब दिशाओं से।
नानक कहते हैंवह बना-बना कर अपने कृत्य को देखता है। और इस भांति जिसे उसने बनाया हैउसे बड़प्पन देता है।
तो परमात्मा संसार के विपरीत नहीं हैनहीं तो बनाए ही क्योंऔर परमात्मा माया का शत्रु नहीं हैअन्यथा माया हो ही क्योंतर्क के लिए जो कठिनाई थीप्रेम के लिए कठिनाई नहीं है। नानक कहते हैंन केवल वह बनाता हैबल्कि बना-बना कर देखता है। और बनाए हुए को बड़प्पन देता है।
ध्यान रखनाअगर तुम्हें यह समझ में आ जाए कि तुम्हें परमात्मा ने बनाया हैऔर तुम्हें बना-बना कर चारों तरफ से देखा है और देखता चला जा रहा हैऔर तुम्हें बड़प्पन और महिमा दे रहा हैक्योंकि तुम कृत्य उसके होअगर यह तुम्हें स्मरण आ जाएतो तुम्हारे जीवन से पाप अपने आप विसर्जित हो जाएगा। क्योंकि तब तुम उस तरह उठोगे और चलोगे,जिसको परमात्मा ने बनाया है। तुम उस तरह बोलोगेउस तरह व्यवहार करोगेजिसको परमात्मा ने बनाया है। और न केवल परमात्मा ने बनाया हैपरमात्मा जिसे बचा रहा है। बहुमूल्य साज-संवार कर रहा है। और बार-बार देख रहा हैनिरख रहा है। परमात्मा तुमसे प्रसन्न है। और तुम कितने ही भटक जाओतो भी उसकी आंख तुम्हें देखती रहेगी। और वह तुम से उदास नहीं है और निराश नहीं है। अन्यथा तुम्हें अभी मिटा दे। तुम कितने ही बुरे हो जाओतो भी उसकी आशा का दीया नहीं बुझता। तुम कितने ही दूर चले जाओतुम बिलकुल उसकी तरफ पीठ कर लोतुम उसे बिलकुल विस्मरण कर दोतो भी वह तुम्हें देख रहा है। और जानता है कि आज नहीं कलतुम वापस लौट आओगे। जो दूर गया हैवह वापस लौटेगा। लौटना सुनिश्चित है। देर-अबेर और बात! क्योंकि जितने तुम दूर जाओगेउतने तुम दुखी होओगे। उतने तुम भटकोगे। जैसे छोटा-सा बच्चा घर से भाग जाए...।
एक छोटा बच्चाज्यादा नहीं चार साल की उम्र रही होगीएक छोटा-सा बिस्तर और पोटली बांधे हुए सड़क पर एक कोने से दूसरे कोने आ-जा रहा है। पुलिस वाले ने उससे पूछामामला क्या हैबहुत बार--कहां जा रहे होउसने कहाघर से भाग रहा हूं। लेकिन मां ने मना किया है कि चौरस्ते के उस तरफ मत जाना। और न सड़क के उस तरफ जाना। और घर से भाग खड़ा हुआ हूं। इसीलिए चौरस्ते और घर के बीच आ-जा रहा हूं। उस तरफ जा भी नहीं सकताक्योंकि मां ने मना किया है।
छोटा बच्चा--घर से भागेगा भी कितनी दूर! और मां से नाराज भी हो जाएतो भी मां ने मना किया है। उस सीमा का उल्लंघन कैसे करेगा?
तुम परमात्मा से कितने दूर जाओगेचौरस्ते और घर के बीच में ही घूमोगे। जा भी कितने दूर सकते होजाओगे भी कहांक्योंकि जहां भी जाओगेवह उसकी ही सीमा है। जहां भी होओगेउसमें ही होओगे। तुम्हारी नाराजगी छोटे बच्चे की नाराजगी हैजो कि प्रेम का हिस्सा है। तुम्हारी नाराजगी से परमात्मा नाराज नहीं हो जाता।
नानक कहते हैंवह बनाता है।
करि करि वेखै कीता आपणा जिव तिस दी बडिआई।
और बड़ाई देता है और महिमा देता है। जो उसने बनाया हैवह उसको देखता है। जो कुछ उसे भाता हैवह वही करता है। उसके हुक्म में कोई दखल नहीं दे सकता है। वह बादशाहों का बादशाह है। नानक कहते हैंउसकी मर्जी के भीतर ही रहना।
हुकमु न करणा जाई।
सो पातिसाहु साहा पातिसाहिबु नानक रहणु रजाई।।
उसकी जो रजा हैउसकी जो आज्ञा हैउसका जो हुक्म हैउसके भीतर रहना। बाहर चले जाने से वह नाराज नहीं हो जाएगाबाहर चले जाने से तुम अकारण दुख पाओगे। दुख पाना उसके द्वारा दिया गया दंड नहीं है। दुख पाना उससे विपरीत जाने का सहज फल है। जैसे तुम दीवाल से निकलने की कोशिश करो और सिर टूट जाएतो दीवाल तुम्हारे सिर को तोड़ नहीं रही है। तुम दीवाल से निकलने की कोशिश कर रहे हो। तुम खुद ही अपना सिर तोड़ रहे होजब कि दरवाजा उपलब्ध है।
नानक रहणु रजाई।
वह दरवाजा उसकी रजाई है। जब दरवाजा उपलब्ध है तो तुम दीवाल से क्यों निकलना चाह रहे होनिकलोगे तो सिर टूटेगा। और ध्यान रखना कि परमात्मा नाराज हो कर सिर नहीं तोड़ रहा है। तुम अपनी ही नासमझी से सिर तोड़ रहे हो। और जब तुम सिर तोड़ रहे होतब भी अस्तित्व तुम्हारे लिए अनुभव करता करुणा का। इसलिए तुम कितना ही सिर तोड़ोअस्तित्व बार-बार तुम्हारे सिर को ठीक करता रहता है। तुम कितने ही भटकोहाथ-पैर तोड़ लोफिर ठीक हो जाते हो। अस्तित्व तुम्हें सम्हालता है अनंत तक। न मालूम तुम कितने-कितने जन्मों से दीवार से सिर टकरा रहे हो! फिर भी तुम हो। और अभी भी साजे होपूरे हो। अभी भी कुछ टूट नहीं गया है। आत्मा खंडित नहीं होती। पर व्यर्थ दुख झेलने का अपने हाथ से उपाय हो जाता है।
इसलिए नानक कहते हैंनानक रहणु रजाई। उसकी आज्ञा में रहनाउसके हुक्म में रहना।
कैसे जानो कि उसका हुक्म क्या हैकैसे पक्का करोगे कि क्या है उसकी रजाईबड़े-बड़े चिंतक यहां जा कर अटक गए हैं। क्योंकि यह तो ठीक हैमान लियाउसकी आज्ञा में रहना। क्या है उसकी आज्ञाकैसे तुम निश्चित करोगेयही उसकी आज्ञा हैउसकी आवाज उसकी ही हैतुम्हारी नहींकिसी और की नहींकैसे पहचानोगेइन हजारों आवाजों के मेले में तुम कैसे पकड़ पाओगे?
रास्ता है। रास्ता विचार से नहीं खुलता। विचार से तुम कभी तय न कर पाओगे कि उसकी आज्ञा क्या है। रास्ता खुलता हैजैसे-जैसे तुम उसकी धुन में डूबते होजैसे-जैसे तुम्हारा अहंकार खोता हैजैसे-जैसे तुम लीन होते हो ध्यान मेंसमाधि में--तत्क्षण उसकी आवाज सुनायी पड़ने लगती है। तुम्हारा अहंकार भीतर शोरगुल मचा रहा हैइसलिए तुम आवाज नहीं सुन पा रहे हो। तुम्हारा अहंकार शांत हो जाएविचारों का उपद्रव भीतर न रहेतत्क्षण उसकी आवाज सुनायी पड़ेगी। वह आवाज सदा दे रहा है। एक क्षण को भी आवाज से तुम टूटे नहीं।
मनुष्य के भीतर अंतःकरण है। जैसे आंख से तुम देखते होकान से तुम सुनते होऐसा अंतःकरण तुम्हारे भीतर एक यंत्र हैजो परमात्मा की आवाज को पकड़ता है। आंख रोशनी को पकड़ती है। अभी तक वैज्ञानिक समझ नहीं पाए कि कैसे पकड़ती हैअभी तक वैज्ञानिक हल नहीं कर पाए कि आंख से कैसे खबर जाती है मस्तिष्क तक कि बाहर एक सुंदर स्त्री खड़ी हैया फूल खिला हैया सूरज निकला हैआंख कैसे रोशनी को ले जाती है भीतरऔर कैसे रोशनी से चित्र बनाती हैअभी तक रहस्य खुल नहीं सका है। अभी तक रहस्य है और बड़ा तिलिस्म जैसा है।
हाथ छूते हैं। जब तुम किसी को छूते हो तो हाथ तो छू रहा हैलेकिन मन को पता चलता है छूने काकि चमड़ी खुरदरी हैया चिकनी हैया मुलायम हैया कोमल हैया मखमली है। यह सारी घटना तो अंगुली की चमड़ी पर घट रही है। लेकिन यह सारी सूचना कैसे पहुंच जाती है तुम्हारे मन तकक्षण भी नहीं लगता।
जैसे ये पांच इंद्रियां हैं इस जगत से संबंधित होने कीएक छठवीं इंद्रिय हैजिसको हमने अंतःकरण कहा है,कान्सियन्स। वह छठवीं इंद्रिय भी तुम्हारे भीतर है और प्रतिपल काम कर रही है। लेकिन तुम दूसरी चीजों में उलझे हो। तुम विचार में उलझे हो और उसकी धीमी आवाज सुनायी नहीं पड़ती। जब तुम्हारे भीतर सब सन्नाटा हो जाता हैअचानक तुम पाते हो कि उसकी आवाज सदा मिलती रही है।
नानक कह रहे हैंनानक रहणु रजाई--उसकी आज्ञा में रहना।
लेकिन उसकी आज्ञा को पहले खोजना पड़ेगा। और उस आज्ञा को खोजना कठिन नहीं है। तुम्हारे सोचने से कोई संबंध नहीं है कि क्या ठीक हैक्या गलत है! तुम्हारा सोचना बंद होना चाहिए। जैसे ही सोचना बंद हुआक्या ठीक हैवह सुनायी पड़ने लगता है। और तब तुम्हारी सारी चिंता खो जाती हैसारा दायित्व खो जाता है। उसकी जो मर्जीवही तुम करते हो।
उसकी मर्जीनानक का मार्ग है। इसलिए उन्होंने जीवन के परम-सूत्र को हुक्म कहा है--उसकी मर्जी। और उससे जुड़ने का तुम्हारे पास उपाय है। वह उपाय जन्म के साथ तुम ले कर पैदा हुए हो। लेकिन तुमने अब तक उसका उपयोग नहीं किया है। ध्यान तुम्हें अंतःकरण तक ले जाएगाबस! और अंतःकरण तुम्हें परमात्मा से जुड़ाए हुए है। वह जो अंतस में जुड़ा हुआ तार है,वह प्रतिपल कह रहा है क्या करोक्या न करो।
नानक कहते हैंजब वह तुम्हें सुनायी पड़ने लगेतो बसउसकी सीमा में रहना। फिर तुम्हारे जीवन में कोई दुख नहीं है। फिर तुम्हारे जीवन में उत्सव की घनी वर्षा होगी।
उसी क्षण में कबीर ने कहा हैगरजे गगन बरसे अमी! आनंद का जन्म हुआ है। आकाश गरज रहा है। पानी नहीं बरस रहा हैअमृत बरस रहा है।
अंतःकरण से जुड़ते ही तुम्हारे और परमात्मा के बीच सीधा संबंध हो गया। वह अभी भी है। परमात्मा की तरफ से अभी भी है। तुम्हारी तरफ से अभी नहीं है। चुप होने की कला अंतःकरण से जुड़ जाने का उपाय है। मौन मार्ग है।
आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें