शनिवार, 5 अगस्त 2017

अथातो भक्‍ति जिज्ञासा-भाग-2 - प्रवचन-11

दिनांक 21 मार्च 1978;
श्री रजनीश आश्रम, पूना।

लध्वपि भक्ताधिकारे महत्वक्षेपकमपरसर्वहानात्।। 76।।
तक्मानत्वादनन्यधर्म: खले बालीवत्।। 77।।
अनिन्द्ययोन्यधिक्रियतेपारम्पर्यात् सामान्यवत्।। 78।।
अतोह्यविपक्कभावानामपि तल्लोके।।79 ।।
क्रमैकणत्युपपत्तेस्तु।। 80 ।।




 मुझे अपना नीड़ बना लो
कह रही है पेडू की हर शाख,
अब तुम आ रहे अपने बसेरे।
आज दक्खिन की हवा ने
आ अचानक द्वार मेरे खड़खडाए,
हलचली है मच गई उन बादलों में
जो कि थे आकाश छाए,
जो कि सुन सौ प्रश्न मेरे चुप खडी थी
आज बारंबार झुक—झुक 
कह रही है पेड़ की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।


सूर्य की किरणें प्रखरतम घन तहों के
बीच होतींपार करतीं,
कालिमा पर ज्योति का विस्तार करतीं।
चूमती जैसे कि धरती;
हे रजत पक्षीतिमिर को भेदने से,
जो तुम्हारी राह छेंके
अब नहीं रुकते तुम्हारे पांखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
हे रजत पक्षीतिमिर को भेदने से,
जो तुम्हारी राह छेके
अब नहीं रुकते तुम्हारे पाख,
अब तुम आ रहे अपने बसेरे।
कह रही है पेडू की हर शाख,
अब तुम आ रहे अपने बसेरे।
आज हीरे ले लहर आतीबिछाती
है कहीं मरकत किनारे,
आज उज्ज्वल मोतियों से हाथ अपने है कहीं सरसिज संवारे,
पर तुम्हारा मन प्रलोभन दे लुभाना 
है असंभवआज कोई
पंथ में वैभव बिछाए लाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
मैं तुम्हें बुलाता हूं और तुम आ जाते हो। दूर दिशाओं से। दूर नगरों सेदूर देशों से एक प्रीति तुम्हें खींचे लाती है। और मेरे पास देने को सिवाय शून्य के और कुछ भी नहीं है। छीनूंगा तुमसेमिटाऊंगा तुम्हेंक्योंकि तुम्हारे मिटने में ही परमात्मा के होने की संभावना है। तुम शून्य हो जाओ तो पूर्ण तुम्हारे भीतर उतरे। तुम शून्य बनो तो मंदिर बनो। फिर पूर्ण तो अपने से आ जाता है। अवकाश चाहिएतुम्हारे हृदय में आकाश चाहिए।
मैं तुमसे छीनता हूं। मैं तुम्हें ही तुमसे छीनता हूं। फिर भी तुम आ जाते हो। तुम्हारा प्रेम गहन होगा। तुम  दुस्साहसी हो। पंडित—पुरोहितों के पास जाना एक बात हैमेरे पास आना दूसरी ही बात है। तुम दुस्साहस कर रहे हो। तुम आग से खेलने चले हो। अगर जलने की हिम्मत दिखाईतो तुम फूल होकर निखरोगे। अगर मिटने का साहस कियातो तुम पहली बार हो पाओगे। कोई प्रीति तुम्हें खींचे लिए आती है—जनम—जनम की प्रीति। वह आज की नहीं हो सकती। आज की कभी इतनी गहरी नहीं होती। जिसके लिए हम मिटने को तैयार हो जाएं वह प्रीति पुरातन होती हैजनमों—जनमों की होती है।
जीवन से भी जब किसी का बड़ा मूल्य हो जाएतभी तुमने गुरु पाया। जिसके लिए तुम जीवन भी गंवाने को तैयार हो जाओतभी तुमने गुरु पाया। गुरु पाना दुर्लभ हैक्योंकि शिष्य होना अति कठिन है। शिष्य होने के लिए जुआरी चाहिए।
तुम सब जुआरी हो। वहां तुम जाओ जहां तुम्हें कुछ मिलता होतर्क समझ में आता है। यहां तुम आओ जहां सब छीन जाता होअतर्क्य हो जाती है बात। लेकिन प्रेम सदा से अतर्क्य है। आए हो तो शून्य लेकर ही जाना।
आए हो तो खाली होकर जाना। गुरु इतना ही कर सकता है कि तुम्हारे भीतर स्थान निर्मित कर देफिर शेष सब परमात्मा करता है। गुरु भूमि तैयार कर सकता हैफिर शेष अपने से हो जाता है। परमात्मा को खोजने जाना नहीं पड़ता। जिस परमात्मा को खोजने जाना पड़ेवह परमात्मा झूठा होगा। जिस परमात्मा को खोजने एक कदम भी उठाना पड़ेवह परमात्मा सच नहीं रहा।
मनुष्य की सामर्थ्य भी क्या है कि परमात्मा को खोजेरो सकता हैगिर सकता हैबिलख सकता हैखोजेगा कैसे?खोज तो उसकी हो सकती है जिससे हमारी पहले से ही पहचान हो। अपरिचित कीअनजान कीअज्ञात की खोज कैसीजिसे कभी देखा नहींजिसे कभी छुआ नहींजिससे कभी आलिंगन नहीं हुआस्पर्श नहीं हुआजिससे कभी दरस—परस नहीं हुआ,उसे खोजोगे कहांउसका पता कहां हैउसका ठिकाना कहां हैतुम जाओगे कहांकिस दिशा मेंकिस देशनहींपरमात्मा को खोजने कोई कभी नहीं जा सकता है।
फिर करना क्या होगा?
भक्त अपने को मिटा लेता हैपरमात्मा उसे खोजता आता है। तुम मिटने में थोड़ी कठिनाई अनुभव करते होतो गुरु की जरूरत पड़ती है। तुम अपने हाथ से नहीं मिट पाते होइसलिए गुरु की जरूरत पड़ती है। गुरु के प्रेम में मिटने का साहस जुटा लेते हो। गुरु को देखकर तुम्हें यह भरोसा आ जाता है कि मिटकर भी मिटना नहीं तुम होता। गुरु को देखकर यह श्रद्धा उमगती है कि मिटकर ही होना होता है। जैसे बीज वृक्ष को देखकर इस श्रद्धा से भर जाए कि मिटूकोई फिक्र नहींटूटूं भूमि मेंबिखर जाऊं। वृक्ष हो जाते हैं बीजजब टूट जाते हैं। बीज अकेला ही होकिसी वृक्ष से पहचान न होकिस भरोसे टूटेगा?किस आशा में टूटेगासम्हालेगा अपने को, बचाएगा अपने को। गुरु तुम्हारी सुरक्षाएं छीन लेता हैतुम्हारे बचाव छीन लेता है,तुमने जो आरक्षण की व्यवस्था कर रखी हैतुमसे छीन लेता है। गुरु तुम्हें असहाय छोड़ देता है—निरालंबमझधार में। यह किनारा भी गयावह किनारा भी गया। कोई किनारा कहीं दिखाई भी नहीं पड़ता है। सब तरफ आधी और तूफानऔर नाव डूबने लगीऔर पतवार हाथ से छूट गई। गुरु तुमसे सब छीन लेता है।
मगर जो इस मझधार में डूबने को राजी हो जाते हैंउन्हें किनारा मिल जाता है। किनारा मझधार के विपरीत नहीं,मझधार में छिपा है। जो परिपूर्ण रूप से असहाय हो जाता हैउसे परमात्मा का सहारा मिल जाता है। उसके पहले सहारा मिलता भी नहीं है। तो मुझे छीन लेने दो तुम्हारी पतवारमुझे डूबा देने दो तुम्हारी नाव। मुझे ले लेने दो तुम्हारे शास्त्रतुम्हारे सिद्धांत तुम्हारे संप्रदाय। तुम्हारा हिंदू धर्मतुम्हारा मुसलमान धर्मतुम्हारा जैन धर्म मुझे छीन लेने दो। कर देने दो तुम्हें मुक्त शब्दों सेसिद्धातों सेतुम्हारे सहारों से। फिर उसी असहाय अवस्था मेंदो बूंद आंसू की टपकेगी तुम्हारी आंखों सेऔर प्रार्थना पूरी हो जाएगी।
धीरे— धीरे जो बीज बोने शुरू किए थेअंकुराने लगे हैं। धीरे— धीरे जो गंगोत्री की धार की तरह शुरू हुई थी—गैरिक गंगा—बड़ी होने लगी हैगंगा बनने लगी है। दूर—दूर देशों तक गैरिक संन्यासी दिखाई पड़ने लगा है। कुछ होने को है। तुम्हें शायद पता भी न हो कि तुम किसी एक बड़ेमहत आयोजन में हिस्सेदार होभागीदार हो। तुम्हें अपने सौभाग्य का भी शायद ठीक—ठीक पता न हों—किसी को कभी नहीं था। जो बुद्ध के साथ चले थेउनको पता नहीं था कि वे किस महत्वपूर्ण इतिहास के हिस्से हो रहे हैं। जो महावीर के साथ उठे—बैठे थेउन्हें कुछ पता न था कि सदियों तक मनुष्य की चेतना आंदोलित रहेगी। वे दस—बारह शिष्य जो जीसस के साथ खड़े हुए थेउन्हें क्या पता हो सकता था?
और फिर उनका मसीहाउनका गुरु सूली पर चढ़ गया। उन्हें तो लगा कि सब समाप्त हो गयाअब क्या बचाउन्हें पता नहीं था कि पृथ्वी पर इतना बड़ा आंदोलन इसके पहले कभी हुआ नहीं था। जीसस का सूली पर चढ़ जाना इस पृथ्वी के इतिहास में अपूर्व घटना है। उस दिन समय दो हिस्सों में बंट गया : जीसस—पूर्व और जीसस— पश्चात। बीच में खड़ा हो गया समय की धार में जीसस का क्रास। उस दिन से आदमी दूसरा हुआ। उस दिन से आदमी ने कुछ नई बात सीखी। चेतना के कुछ नए आयाम खुलेकुछ नए द्वार खुले।
तुम्हें शायद ठीक—ठीक पता भी न हो। मुझे पता है कि तुम एक विराट आयोजन के भागीदार हो रहे हो— अनजाने। तुम जो अपनी छोटी—सी ईंट रख रहे हो इस मंदिर मेंयह किसी विराट मंदिर का हिस्सा बनेगी। तुम्हारी ईंट के बिना यह मंदिर उठ भी नहीं सकता। तुम्हारी ईंट कितनी ही छोटी होतुम्हारी ईंट अनिवार्य है। तुम धन्यभागी हो! जो जितना ज्यादा मेरे पास आकर मिट सकेगाउतना धन्यभागी होगाक्योंकि उतनी ही उसकी ईंट इस उठते हुए मंदिर के काम आ जाएगी। अहंकार की ईंट का उपयोग नहीं हो सकता। अहंकार की ईंट को तो हमें त्यागना होगा। निरहंकार की ईंट से बनेगा यह मंदिर। और इस मंदिर की बड़ी जरूरत आ गई है। पृथ्वी बेचैन है। मनुष्य की चेतना बहुत बड़े संकट में है। ऐसे संकट में जैसा कि शायद पहले कभी भी नहीं था।
क्या है संकट?
संकट है धर्म की पुरानी भाषाएं इतनी पुरानी हो गई हैं कि मनुष्य के काम की नहीं रहीं। उनके कहने और बताने के ढंग इतने जराजीर्ण हो गए कि मनुष्य और उनके बीच कोई तालमेल नहीं रहाकोई संवाद नहीं रहा। आदमी प्रौढ़ हुआ है और धर्म अभी भी बचकानी भाषा बोल रहे हैं। वे धर्म बच्चों के लिए विकसित किए गए थे। तो परमात्मा पिता था। या मां था। अब आदमी को पिता और मां की जरूरत नहीं है। अब आदमी के सामने परमात्मा का नया रूपगहरा रूप प्रगट होना चाहिए। नहीं कि पुराना रूप गलत था—कोई रूप गलत नहीं होता—लेकिन जैसे—जैसे मनुष्य की चेतना रूपांतरित होती हैनए रूपों की जरूरत पड़ जाती है। अब आज आकाश की तरफ हाथ उठाकर किसी परमात्मा कोकिसी परमपिता को आकाश में बैठे हुए मानने में कठिनाई होती हैकहीं अड़चन आती है। तुम्हारी चेतना गवाही नहीं देती। तुम कर भी लेते हो अगर आदतवशतो भी तुम आस्तिक नहीं हो पाते।
आज की सदी में नास्तिकता तर्कसंगत मालूम पड़ती हैआस्तिकता तर्क—विपरीत मालूम पड़ती है।
यह बात उचित नहीं है। आस्तिकता जिस दिन तर्क—विपरीत मालूम पड़ने लगेउस दिन खोने लगेगी। आस्तिकता तर्कातीत जरूर हैलेकिन तर्क—विपरीत होने की कोई जरूरत नहीं है। आस्तिकता नास्तिकता से ज्यादा बड़ा तर्क है। यद्यपि तर्क पर आस्तिकता समाप्त नहीं होतीऔर आगे जाती है। उसकी यात्रा बड़ी हैतर्क से आगे जाती है—तर्क की सीढ़ी पर चढ़ जाती है—लेकिन तर्क के विपरीत नहीं है। नास्तिकता जब भी तर्क के अनुकूल मालूम पड़ने लगेतो उसका सिर्फ एक ही अर्थ होता है कि धर्म की भाषा पुरानी पड़ गई। भाषा को नया परिमार्जन चाहिएनया परिष्कार चाहिएनई चमक। भाषा को नया ढंगनई शैली चाहिए। भाषा को नया जीवन चाहिए। 
धर्म को प्रतिदिन नया होना पड़ता है—मनुष्य की चेतना के साथ—साथ चलना होगा। तुम बच्चे थेतुमने जो कपड़े पहने थे वे बिलकुल ठीक थे। लेकिन अब तुम बड़े हो गए। अब तुम उन्हीं कपड़ों को पहने रखोगे तो तुम्हें बंधन मालूम होगावे कपड़े तुम्हें जकड़ लेंगेवे कारागृह बन जाएंगे। अब तुम्हें और अन्य कपड़ों की जरूरत पड़ेगी। 
सारी पृथ्वी पर धर्म हैंलेकिन इस सदी का धर्म कोई भी नहीं। वे सब पुराने हैं। जिन्होंने विकसित किए थेजिनके लिए विकसित किए गए थेवे सब जा चुके हैं। उन धर्मों को भी चले जाना चाहिए। कोई धर्म यहां शाश्वत होकर नहीं रह सकता। और ध्यान रखनाधर्म कीआत्यंतिक धर्म की गहराई शाश्वत हैलेकिन धर्म का कोई रूप शाश्वत नहीं हो सकता। आत्मा शाश्वत हैदेह शाश्वत नहीं है। धर्म का शाश्वत रूप किसी को पता नहीं है। धर्म का शाश्वत रूप जब भी पता होता हैतब भाषा में बंध जाता है। और जब भाषा में बंध जाता हैतो शाश्वत नहीं रह जातासामयिक हो जाता है। समय—समय के धर्म हैं।
और क्रांति इस अर्थ में भी अनूठी होने वाली है। पहले भी नए धर्म पैदा हुए थे। हिंदू धर्म थाफिर बुद्ध धर्म आया। बुद्ध धर्म नया धर्म था। यहूदी धर्म थाफिर ईसाइयत आई। ईसाइयत नया धर्म थी। अब तो एक और नई छलता घटने वाली है। वह छलता है : अब धर्म भविष्य में विशेषण वाला धर्म नहीं होगा। हिंदू और मुसलमान और ईसाईऐसा नहींधार्मिकता होगी। और धार्मिकता विशेषणशून्य होयह मेरा प्रयास है। यह जो तुम्हें गैरिक वस्त्रों में रंगे जाता हूं यह जो गैरिक अग्नि फैलाए चला जाता हूं, इस अग्नि के पीछे एक ही लक्ष्य है कि इस अग्नि में सारे विशेषण जल जाएं—हिंदू केमुसलमान के,ईसाई के। इस अग्नि में ब्राह्मण केशूद्र केक्षत्रिय के विशेषण जल जाएं। इस अग्नि में स्त्री केपुरुष के विशेषण जल जाएं। यह अग्नि सबको एक रंग में रंग दे। यह पृथ्वी को एक बना दे। यह पहली बार धर्म हो विशेषण से मुक्तमात्र धार्मिकता का नाम हो।
और समझ लेना बात को—
अगर धर्म विशेषण से मुक्त हो जाए तो नास्तिक भी धार्मिक हो सकता है। सच तो यह हैसभी नास्तिक धार्मिक होने की तलाश में ही नास्तिक हो गए हैं। धर्म उन्हें तृप्त नहीं कर पाते। शायद उनकी प्यास तथाकथित आस्तिकों से ज्यादा गहरी है। जिससे आस्तिक तृप्त हो जाता हैउससे नास्तिक तृप्त नहीं हो पाता। नास्तिक चाहता है अनुभव। नास्तिक मांगता है—जब तक मैं न जान लूं मानूंगा नहीं। नास्तिक चाहता है कसौटी सत्य कीप्रमाण। तुम्हारे प्रमाण छोटे पड़ गए हैंतुम्हारे प्रमाण ओछे पड़ गए हैं। तुम्हारे प्रमाण पुराने पड़ गए हैं। वे पुराने नास्तिकों के काम आ गए होंगेनया नास्तिकनए तर्क लेकर आया है। नया नास्तिक नए विचार लेकर जनमा है। उन नए विचारों का उत्तर कहां हैउन नए विचारों का उत्तर चाहिए। यह गैरिक अग्नि उस नए विचार को उत्तर देगी।
मेरे पास आकर नास्तिक भी स्वीकृत हो जाता है। अभी कुछ ही दिन पहले किसी ने कहा कि मैं नास्तिक हूं क्या मैं भी संन्यासी हो सकता हूंमैंने कहानास्तिक के लिए ही यह संन्यास है। मैं नास्तिकों की तलाश में हूं। उसने कहामैं ईश्वर को नहीं मानता। मैंने कहाइस संन्यास में ईश्वर को मानने की कोई शर्त नहीं है। तुम मानते तो गलत होते। बिना जाने जो मान लेता हैवह आदमी बेईमान है। उसको तुम आस्तिक कहते होसंन्यास जानने की प्रक्रिया है। तो संन्यास लेने के लिए ईश्वर को मानना शर्त कैसे हो सकती हैसंन्यास तो प्रक्रिया है ईश्वर को जानने की। संन्यास तो आकांक्षा हैअभीप्सा है ईश्वर को जानने की। जानने की अभीप्सा के पहले मानने की शर्त तो बेईमानी हो जाएगी।
एक आदमी कहता हैमैं प्रकाश को नहीं जानता हूंहम कहते हैंपहले मानो। पहले मानो! तो यह आदमी कैसे मानेगा?मान भी लेगा तो ऊपर—ऊपर मानेगा। भीतर इसकी अंतरात्मा तो कहती रहेगी कि मुझे प्रकाश का कोई पता नहीं हैमैं यह क्या कर रहा हूंतुमने खयाल कियातुम मंदिर में झुक जाते होऊपर—ऊपर झुकते होभीतर तुम्हें कुछ पता नहीं है। भीतर तुम कभी— कभी सोचते भी होकभी तुममें भी बुद्धि जगती हैतुम्हें खयाल आता है—मैं क्या कर रहा हूंमुझे पता है कि ईश्वर हैमैं किसके सामने झुक रहा हूं?
नहींसंन्यास में कोई शर्त मानने की नहीं है। संन्यास जानने की आकांक्षा  हैमानने का भाव नहीं। जानकर मानना। जानकर मानोगेसत्य— निष्ठा होगी। वही परम आस्तिकता होगी।
नास्तिक मैं उसे कहता हूं जो ईश्वर की तलाश कर रहा हैआस्तिक उसे कहता हूं जिसकी तलाश पूरी हुई। तो तथाकथित आस्तिक मेरे लिए झूठे नास्तिक हैं। वस्तुत: तो नास्तिक हैंऊपर से उन्होंने राम—नाम की चदरिया ओढ़ रखी है। उनके प्राणों में गहन नास्तिकता है। अनुभव के बिना स्वीकार हो ही नहीं सकता। जब तक आमने—सामने परमात्मा से मिलन न हो जाएजब तक जीवन के अमृत का स्वाद न आ जाएतब तक मानना भी मत। हर व्यक्ति को नास्तिक होना चाहिएताकि हर व्यक्ति आस्तिक हो सके। मेरे संन्यास में नास्तिक का स्वागत है।
फिरपरमात्मा की अगर कोई धारणा आरोपित करो कि कृष्य को माननाकि क्राइस्ट को माननाकि राम कोकि बुद्ध कोमहावीर कोतो अड़चन खड़ी होनी शुरू हो जाती है। उस धारणा में संकीर्णता है। मैं तुमसे कहता हूं परमात्मा तुम्हारे सामने जब प्रगट होगा तो सामने—प्रगट नहीं होगातुम्हारे अंतस्तल में प्रगट होगा। दृश्य की तरह प्रगट नहीं होगाद्रष्टा की तरह प्रगट होगा। तुम उसे बाहर खड़ा हुआ नहीं पाओगेतुम उसे अपने भीतर खड़ा हुआ पाओगे। तुम उसे अपनी तरह पाओगे। अहं ब्रह्मास्मि। तुम उसे पाओगे : मैं परमात्मा हूं। चैतन्य परमात्मा है। तत्वमसि श्वेतकेतु। वह तू है। फिर कोई विवाद नहीं रह जाता। फिर परमात्मा मुसलमान नहीं रह जाताहिंदू नहीं रह जाताईसाई नहीं रह जाता। उसकी कोई प्रतिमा नहीं रह जाती,उसका कोई मंदिर नहीं रह जाता। चैतन्य। चैतन्य कहीं हिंदू हुआमुसलमान हुआसाक्षीसाक्षी कहीं जैन हुआबौद्ध हुआ?साक्षी तो बस साक्षी है। दर्पण की भांति झलकाता है। उस दर्पण के अनुभव से ही तुम्हारे जीवन में पहली दफा विशेषणरहित धर्म का जन्म होगा।
यह आग फैलेयह आग तुम्हारी सारी परंपराओं को जला देयह आग तुम्हारी सारी रूढ़ियों को तोड़ देयह आग तुम्हें शब्दों और संस्कारों से मुक्त कर देयह आग तुम्हारे साक्षी को निखार देइसलिए तुम्हें बार—बार हूं। अनेक बहानों से बुलाता हूं। और तुम आ जाते हो। तुम्हारा आना इस बात की गवाही है कि तुम्हारे बुलाता हृदय की वीणा मुझसे तरंगित होनी शुरू हुई है। इस संगीत को पूरा होने दो। यह संगीत जब पूरा होगातो धर्म की एक अभिनव व्याख्या का जन्म होगा। मैं यह व्याख्या शब्दों में ही नहीं करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं यह व्याख्या तुम्हारे जीवन में फूले—फले। तुम इसके प्रतीक बनो।
क्या व्याख्या है मेरे हृदय में जो मैं चाहता हूं फैल जाएऔर अब समय आ गया है कि मैं तुमसे कहूं। क्योंकि अब समय आ गया है कि तुम बढ़ते जाते होतुम फैलते जाते हो। जल्दी ही इस पृथ्वी पर कोई भी संन्यास से अपरिचित नहीं रह जाएगा। क्या मेरी व्याख्या है जो मैं धर्म को देना चाहता हूं?
अतीत के धर्म जीवन—विरोधी धर्म थे। उनकी भाषा जीवन के प्रति शत्रुता की भाषा थी। मैं तुम्हें जीवन—स्वीकार  का धर्म देना चाहता हूं। अतीत के धर्म शरीर—विरोधी थे। मैं तुम्हें शरीर को सम्मान करने वाला धर्म देना चाहता हूं। अतीत के धर्म घर और गृहस्थी के विरोधी थेपरिवार और प्रेम के विरोधी थे। मैं तुम्हें एक धर्म देना चाहता हूं जो इतना विराट हो कि सब उसमें समा जाए। छोटे थे अतीत के धर्म। उनमें पत्नी नहीं समा सकती थीउनमें पति नहीं समा सकता था। संकीर्ण थे। उनमें तुम्हारा बेटा नहीं समा सकता थातुम्हारी बेटी नहीं समा सकती थी। इसलिए उन धर्मों में वे ही लोग उत्सुक हो सके जो बड़े कठोर थे। मेरी बात को ठीक से समझो तो इसका अर्थ यह हुआउन धर्मों में वे ही लोग उत्सुक हो सके जो वस्तुत: धार्मिक नहीं थेकठोर थेदुष्ट थेहिंसक थे।   जो आदमी अपनी पत्नी को बिलखता छोड्कर भाग गया हैइसको तुम अब तक धार्मिक कहते रहे होसंन्यासी कहते रहे हो। यह एक दिन डोला सजाकरबैंड़—बाजे बजाकर इसे किसी भरोसे पर अपने घर ले आया था। इसने अपना वचन तोड़ दिया है। इसने अपनी प्रतिबद्धता तोड़ दी है। इसने प्रेम का नाता नहीं निभाया है। उसे ले आया था किसी दिन सम्हालकर अपने घरफिर उसके बच्चे जन्म गए हैंऔर अब यह भाग गया है! अतीत में कितने लोग जीवित स्त्रियों को विधवा करके भाग गए। उन विधवाओं के आंसुओ का कुछ हिसाब हैउन विधवाओं के आंसुओ ने इनके मोक्ष में बाधा नहीं डाली होगीमैं तुमसे पूछता हूंउनके बच्चे तड़पे होंगेभूखे सोए होंगेभीख मांगी होगी—पति तो संन्यासी हो गए थेशायद पत्नी को वेश्या हो जाना पड़ा हों—यह कैसा संन्यासइसमें कहीं कोई बुनियादी रोग हैकहीं कोई भ्रांति है।
संन्यास बड़ा होना चाहिएविराट होना चाहिएसबको समा ले। संन्यास हार्दिक होना चाहिएप्रेमल होना चाहिए। संन्यास में कहीं भी कोई कदम ऐसा उठे जो प्रेम के विपरीत जाता हो तो वह संन्यास नहीं है। यह मैं तुम्हें कसौटी देना चाहता हूं। जब तुम प्रेम की तरफ बह रहे हो तो समझना सब ठीक हैऔर जब तुम प्रेम के विपरीत जाने लगोसमझना कुछ भूल हो गई,कहीं कोई भ्रांति हो गई। अपने को सुधारनासम्हालना अपने को वापस लौटाना। जीवन का सम्मान चाहिए। यह परमात्मा की देन है। उसकी भेंट है। इसे तुम छोड्कर भाग गए! इसका तुमने तिरस्कार किया!
और मजा यह है कि यही सारे धार्मिक लोग कहते रहेपरमात्मा ने सृष्टि बनाई हैवह स्रष्टा है। उसकी सृष्टि को तुम छोड्कर भागते होतुम कवि की कविता का अपमान करोगेयह कवि का सम्मान होगातुम संगीतज्ञ के संगीत का इनकार करोगेयह संगीतज्ञ का आदर होगासृष्टि को छोड्कर भागोगेयह स्रष्टा के प्रति तुम्हारा समर्पण होगाअगर चित्रकार का सम्मान करना हैउसके चित्र का सम्मान करो। और अगर मूर्तिकार का सम्मान करना हैउसकी मूर्ति का सम्मान करो। अगर स्रष्टा का तुम्हारे मन में कोई भी सम्मान उठा हैतो उसकी यह विराट सृष्टिये फूलये पक्षीये पत्तेये लोगये पत्थरइन सबका सम्मान करो। इस सब पर उसके हस्ताक्षर हैं।
एक जीवन—विधेय का धर्म देना चाहता हूं। एक ऐसा धर्म जो संकीर्ण न होआकाश जैसा विराट होजिसमें सब समा जाए। एक ऐसा धर्म जिसमें दमन न होजिसमें उत्सव होजिसमें उदासी न होजिसमें नृत्य होगीत होगायन हो। एक ऐसा धर्म जिसमें लते सृजनात्मक हों। जाकर गुफाओं में न बैठ जाएं मुर्दों की भांति। वह तो तुम कब्र में कर लेनाअभी जल्दी क्या हैकनफ्यूसियस से उसके एक शिष्य ने पूछा कि मैं शात कैसे हो जाऊंमैं बिलकुल शात हो जाना चाहता हूं। कनफ्यूसियस ने कहा—जल्दी क्या हैजब तू कब्र में सोए तब शांति से सो जाना। अभी जी लेअभी नाच लेअभी जीवन के साथ उत्सव मना ले।
शांति से भी ज्यादा बड़ा मूल्य आनंद का है। और निश्चित ही आनंद के पीछे एक तरह की शांति आती है छाया की भांति। लेकिन तब वह मुर्दा शांति नहीं होती हैमरघट की शांति नहीं होती है। शांति होती है जैसी संगीत को सुनने के बाद आती है। शांति होती है जैसे नृत्य के बाद आती है। एक आनंद का भाव शांति को भी अपने साथ बहा लाता हैलेकिन वह जीवन की तरंग पर चढ़कर आती है।
अतीत के धर्म व्यक्ति—विरोधी धर्म थे। उन्होंने व्यक्तियों को स्वतंत्रता नहीं दीउन्होंने व्यक्तियों को व्यक्तित्व नहीं दिया। उन्होंने व्यक्तियों को भेद  बनाने की कोशिश की। मैं तुम्हें स्वतंत्रता देना चाहता हूं। मैं तुम्हें तुम्हारी निजता देना चाहता हूं। तुम अद्वितीय हो। यहां कोई एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति जैसा नहीं है। तुम्हें किसी दूसरे की नकल होने की आवश्यकता नहीं है। तुम तुम जैसे होऔर तुम्हें तुम जैसा ही होना है। ऐसे होकर ही तुम परमात्मा को प्रसन्न कर सकोगे। तुम गुलाब हो तो गुलाब की तरह खिलोऔर चमेली हो तो चमेली की तरह खिलोतुम्हें कमल होने की जरूरत नहीं है। तुम कमल हो तो कमल की तरह खिलोकमल को गुलाब होने की जरूरत नहीं है। तुम अपने को स्वीकार करोअपने को अंगीकार करो। न तुम्हें बुद्ध बनना हैन तुम्हें महावीर बनना हैन तुम्हें रजनीश बनना है। तुम्हें तुम ही बनना है और तुम जिस दिन तुम ही बनोगेउसी दिन तुम्हारे जीवन में उल्लास होगा।
नया धर्म विशेषणमुक्त हो। नया धर्म दमनमुक्त हो। नया धर्म सिद्धांत मुक्त हो। नया धर्म निजता काव्यक्ति के परम सम्मान का धर्म हो। और नया धर्म सृजन का धर्म हो। परमात्मा स्रष्टा है। तुम भी कुछ रचोकुछ बनाओतो तुम भी उसके साथ हो लोगे। स्रष्टा होकर ही तुम स्रष्टा के साथ अपना सरगम बिठा सकोगे।
फिर स्रष्टा होने के लिए कुछ ऐसा नहीं है कि तुम पिकासो होओया वानगागया कालिदासया भवभूतिकि तुम कोई बड़ा महाकाव्य लिखोकि तुम कोई बड़ा संगीत जनमाओ। बड़े और छोटे का सवाल नहीं है। उसकी महफिल में बड़े और छोटे का हिसाब नहीं हैं। तुम अगर अपने छोटे से फूल को भी चढ़ाने गए तो वहां उतना ही सम्मान है। तुम सोने का ही फूल चढ़ाओ,ऐसी कोई बात नहीं है। वहां सोने में और मिट्टी में कोई फर्क नहीं है। सृजनात्मकता चाहिए। और सृजनात्मकता जीवन का अंग बन सकती है। तुम भोजन पकाओलेकिन उसमें सृजनात्मकता हो। तुम बुहारी लगाओ घर मेंउसमें सृजनात्मकता होउसमें प्रार्थना हो। तुम परमात्मा की पृथ्वी  को झाडू रहे हो। बस तभी फर्क हो जाएगा। तुम्हारा बेटा भोजन करने आ रहा हैतुम्हारा बेटा भी परमात्मा है। तुम्हारा पति भोजन करने आ रहा हैतुम्हारा पति भी परमात्मा है। तुम अपनी पत्नी के लिए कुछ तैयार कर रहे होतुम्हारी पत्नी में परमात्मा छिपा है। तुम ऐसे जीओ कि सब तरफ से परमात्मा के प्रति तुम्हारा समादर प्रगट हो। मंदिरों—मस्जिदों में जाओ या न जाओफर्क नहीं पड़ता। यहां चलते—फिरते मंदिर हैं चारों तरफ। यहां हर आंख में परमात्मा छिपा है। झांकों थोड़ाऔर इस ढंग से जीओ कि तुम्हारा पूरा जीवन परमात्मा की सेवा बन जाए। उसे मैं सृजनात्मकता कह रहा हूं।
कुछ करो। भाव सेसमग्रता से। और हर समग्रता तुम्हें परमात्मा के करीब लाने लगेगी।
मैं तुम्हें एक ऐसा धर्म देना चाहता हूं जो मधुशाला का धर्म हो। रस का। रसों वै सः। वह परमात्मा रसरूप हैआनंदरूप है। तुम रस में निमग्न होओ। सुनो इन शब्दों को :
हंसने का वक्त हैयह हंसाने का वक्त है
यानी चमन में फूल खिलाने का वक्त है

 आई हैफिर बहार—ब—अंदाजे—दिलबरी
सर को हुजूरे—दोस्त झुकाने वक्त है
मानाखिरद हैशमए—रहे—जिंदगी मगर
ऐ बेखबर! यह होश में आने का वक्त है
कब से है इंतजार नजर को न पूछिए
काशानाए—हयात बसाने का वक्त है
अब बन रही हैअपनी यह धरती ही आस्मां
खुर्शीदो—माहताब उगाने का वक्त है
छिटकी है फिर चमन में बहारों की चांदनी
तारीकिए—हयात मिटाने का वक्त है
ले आ गए हैंबज्म में मीना—बदोश वह
हर— हर कदम पै जाम लुढाने का वक्त है
कब तक रहेगी ईद मुहर्रम बनी हुई
आओ कि जश्ने—शौक मनाने का वक्त है
नजरों के साथ दिल भी करो फशें—राह तुम
'रखशां'! यह उनके बज्म में आने का वक्त है
हर घडी परमात्मा के आने का समय है।
'रखशां'! यह उनके बज्म में आने का वक्त है
हंसने का वक्त हैयह हंसाने का वक्त है
यह पूरा जीवन हंसने और हंसाने का जीवन होना चाहिए। रसो वै सः। वह रसरूप है। तुम भी रसरूप हो जाओ।
उदास मत बैठो।
कब तक रहेगी ईद मुहर्रम बनी हुई
आओ कि जश्ने—शौक मनाने का वक्त है
धर्म मुहर्रमी हो गए हैं। वहा उदासी छा गई है। वहा लोग मुर्दों की भांति बैठे हैं। वहा समय के पहले मर गए हैं। मंदिरों में फिर से नाच को ले आओ। मंदिरों में फिर गीत को ले आओ। फिर बजने दो वीणाफिर थिरकने दो पाव। फिर ताल पड़ने दो। देखते नहीं चारों तरफ परमात्मा सदा उत्सव में हैतुम उदास होकर इस महोत्सव से टूट जाते हो।
ले आ गए हैंबज्म में मीना—बदोश वह
परमात्मा सदा ही मधु की मटकी भरे हुए आ रहा है।
ले आ गए हैं बज्म में मीना—बदोश वह
हर—हर कदम पै जाम लुढाने का वक्त है
तुम जरा आंख खोलकर देखोगे तो फूलों में दिखाई पडेगा उसका मधु। सूरज में दिखाई पडेगाचांद—तारों में दिखाई पडेगा। सब तरफ दिखाई पडेगा। मगर तुम्हारी आंखों पर धूल जम गई है। तुम्हारी आंखों को उदासी के पाठ पढ़ाए गए हैं। उन पाठों ने तुम्हारे जीवन को विकृत कर दिया है। तुम्हें इतने काटो के पाठ पढ़ाए गए हैं कि तुम्हें फूल दिखाई पड़ने बंद हो गए हैं। इस जमीन को आसमान बनाना है। यह मेरा संदेश है आज के दिन।
अब बन रही हैअपनी यह धरती ही आस्मां
खुर्शीदो—माहताब उगाने का वक्त है
अब चांद—तारों को उगाने का समय आ गया है। धरती को आसमान बनाना है। बहुत दिन खोज चुके हम आसमान में स्वर्ग कोअब स्वर्ग को यहीं उतार लाना है।
और परमात्मा प्रतिपल तैयार है। तुम जरा मौका दो। तुम जरा अपने हृदय की वीणा को उसके सामने करोतुम जरा पुकारो। और अचानक तुम पाओगेएक दिन तुम्हारी वीणा पर किन्हीं अज्ञात अंगुलियों ने आकर अपना रास रचाना शुरू कर दिया है। कोई आ गया अज्ञातचुपचापकब किस गली—कोने सेकब किस गली—द्वार से और तुम्हारी वीणा बजने लगी! मगर पुकारो।
शांडिल्य के सूत्रों का यही सार है। भक्ति का शास्त्र इतने में ही निचोड़ा जा सकता है कि वीणा मेरी पड़ी हैमैं पुकारता हूं वीणावादकतू आ और इसे बजा!
तुम छेड़ो मेरी बीन कसीरसराती।
बंद किवाडे कर—कर सोए
सब नगरी के वासी,
वक्त तुम्हारे आने का यह,
मेरे राग—विलासी,
आहट भी प्रतिध्वनित तुम्हारी
इस पर होती आई,
तुम छेडो मेरी बीन कसीरसराती।
इसके गुण— अवगुण बतलाऊं
क्या तुमसे अनजाना
मिला मुझे है इसके कारण
गली—गली का ताना,
लेकिन बुरी— भलीजैसी भी,
है यह देन तुम्हारी,
मैंने तो सेई एक तुम्हारी थाती।
तुम छेडो मेरी बीन कसीरसराती।
तुम पैरों से ठुकरा देते 
यह बलि—बलि हो जाती,
कहा तुम्हारी छाती की भी
धड़कन यह सुन पाती,
और चुकी हैं चूम उंगलियां
मधु बरसाने वाली,
अचरज क्या इतनी आज बनी मदमाती।
तुम छेडो मेरी बीन कसीरसराती।
मेरी उर—वीणा पर तुम जो 
चाहो राग उतारो,
उसके जिन भावों— भेदों को
तुम चाहो उदगारो,
जिस पर्दे को चाहो खोलो,
जिसको चाहो मूंदो,
यह आज नहीं है दुनिया से शरमाती।
तुम छेडो मेरी बीन कसीरसराती।

प्रत्येक व्यक्ति एक वीणा हैजो कसी हैतैयार हैजनमों—जनमों सेरस से भरी है। पर वीणावादक को तुमने बुलाया नहींतुमने पुकारा नहीं। और वीणावादक न आए तो जीवन संताप रह जाता है। मैं तुम्हें वीणावादक को पुकारने के लिए कहता हूं। भक्ति का इतना ही सारसूत्र है। जिस दिन तुम कह सकोगे अनन्यभाव से—तुम छेडो मेरी बीन कसी रसरातीउसी क्षण क्रांति घटनी शुरू हो जाती है।
आज के सूत्र— 
'लघु अपि भक्ताधिकारे महत्क्षेपकम अपर सर्वहानात्।। '

अपूर्व सूत्र है। 
थोड़ी—सी भक्ति उदय होने पर भी महापातक का नाश हो जाता है।
थोड़ी—सी! अंधेरे को मिटाने के लिए कोई सूरज ही थोड़े चाहिएएक मोमबत्ती भीएक छोटा—सा मिट्टी का दीया भी। शांडिल्य कहते हैंतुम इस फिक्र में मत पड़ो कि बहुत आयोजन करना पड़ेगातब तुम्हारे पाप कटेंगेतब। तुम्हारा अंधेरा मिटेगा। शांडिल्य कहते हैंथोड़ी—सी भक्ति उदय होने पर भी महापातक का नाश हो जाता है।
भक्ति आणविक शक्ति है। एक छोटे से अणु में छिपी विराट शक्ति है। प्रेम से बड़ी कोई शक्ति इस जगत में नहीं है। प्रेम से ही घूमती है पृथ्वीप्रेम से ही चांद—तारे चलते हैं। प्रेम के धागों से ही बंधा है अस्तित्व। तुम यहां होप्रेम की अनंत धारा के कारण। तुम्हारे बच्चे यहां होंगेप्रेम की अनंत धारा के कारण। अनंत काल तक जीवन बहता रहता है। प्रेम सम्हाले है उसेकोई और सम्हालने वाला नहीं। भक्ति उसी प्रेम की अपूर्व ऊर्जा का उपयोग है। तुम्हारे पास जो सबसे बड़ी शक्ति हैवह प्रेम है। तुम्हारे प्रेम को ही ईश्वर के उन्मुख कर देने का नाम भक्ति है।
शांडिल्य कहते हैंथोड़ी—सी भक्ति उदय हो जाने पर भी महापातक का नाश हो जाता है। कैसे यह होता होगाक्योंकि तुमने जनम—जनम तक न मालूम कितने पाप किए हैंन मालूम कितने कर्म किए हैंउन सबका बोझ है। गणित जो बिठाते हैं,हिसाब जो लगाते हैंदुकानदार जो हैंवे कहते हैं—यह कैसे होगाभक्ति मात्र से कैसे होगाअशुभ कर्मों का इतना जाल है,उसे तोड़ना पड़ेगा। लेकिन तुमने सुनी न कहावत, 'सौ सुनार कीएक लोहार की। सुनार को समझ में भी नहीं आता कि एक चोट से कैसे कुछ होगावह तो खटखट—खटखट—खटखट करता ही रहता है। उसे भक्ति का सार पता नहीं है। एक चोट काफी है!
तुम्हारे घर में अंधेरा हैसदियों पुराना अंधेरा है। क्या तुम सोचते हो जब तुम दीया जलाओगे तो अंधेरा कहेगा—मैं बहुत पुराना हूं इतनी जल्दी नहीं जा सकता हूंएक छोटे से मिट्टी के दीए को जलाकर तुम समझ क्या रहे होअपने को समझ क्या लिया है! सूरज चाहिए। और जन्मों—जन्मों तक लाओगेजलाओगेतब हटूगा। नहींअंधेरा तो हट जाता है। अंधेरा कहने के लिए समय भी नहीं पाता कि नहीं हटना चाहता हूं। इधर दीया जलाउधर अंधेरा गया।
ठीक वैसी ही घटना भक्त की है। यहां प्रेम का दीया जलावहा सब पातक सरि गए।
सारे पापों का सार क्या है?
सारे पापों का सार अहंकार है। कोई और पाप नहीं है। अहंकार की छायाएं हैं पाप। 'मैं हूं?, यही पाप की जड़ है। दूसरे लोग जो कर्मों का हिसाब— किताब रखते हैंवे पत्ते काटते रहते हैं। वे लेकर कैंची लगे रहते हैं पत्ते काटने मेंशाखाएं छाटने में। उनके छाटने और काटने का एक ही परिणाम होता है—वृक्ष और घना होता जाता है। वे एक पत्ता काटते हैंतीन पत्ते निकल आते हैं। आखिर वृक्ष भी जवाब देना जानता है! कि तुमने समझा क्या हैइसीलिए तो वृक्ष को घना करने के लिए कलम करते हैं। कलम करते ही से वृक्ष घना होने लगता है। लेकिन अगर जड़ काट दोतो बस बात समाप्त हो गई। जड़ छिपी हैपत्ते दिखाई पड़ते हैं। इसीलिए लोग पत्ते काटने में जल्दी उत्सुक हो जाते हैं। भक्त जड़ काटता है भक्त कहता हैमुझसे भूलें हुइमुझसे बहुत पाप हुएलेकिन इन सारे पापों के होने का मूल कारण क्या हैमूल जड़ क्या हैसारे पापों के भीतर घूमकरखोजकर पाओगे,  'मैंबैठा हुआ है। क्रोध किया था वह भी 'मैंसे पैदा हुआ था। जितना अहंकारउतना क्रोध। लोभ किया थावह भी अहंकार से हुआ था। जितना अहंकारउतना लोभ। आसक्ति थीवह भी अहंकार से थी। जितना अहंकारउतनी आसक्ति।
तुम जरा अपने जीवन के सारे पापों का लेखा लो। तुम अचानक पाओगेसबके भीतर एक ही छिपा बैठा है। रूप अनेक हैंढंग अलग हैंलेकिन सबके भीतर सारसूत्र एक है। परिधि पर बड़ी बातें दिखाई पड़ती हैं—क्रोधलोभमोहमायामत्सर—लेकिन बहुत गहरे में सिर्फ एक ही दिखाई पड़ता है केंद्र पर बैठा हुआ—अहंकार। वह जड़ छिपी हुई है।
भक्ति का अर्थ इतना ही है :
अब मैं नहीं हूं परमात्मा तू है। अहंकार के कटते ही सारा वृक्ष सूख जाता हैसारे कर्म—संस्कार गलित हो जाते हैं। 
'तत् स्थानत्वात् अनन्य धर्म : खले बालीवत्।।
भागवत भक्तों की भक्ति क्षुद्र होने पर भी अनन्यता के कारण खरल में बाला की भांति महापाप भी नष्ट कर देती है।
तुमने वैद्य को देखाखरल लिए कूटता रहता है अपनी औषधि। उसमें जो भी पड़ जाता हैपिस जाता है। छोटी औषधि होबड़ी औषधि होसब पिस जाता है। शांडिल्य कह रहे हैंठीक वैसे ही भक्ति का खरल हैउसमें सब पाप पिस जाते हैंसब पाप जीर्ण—शीर्ण होकर मिट जाते हैं। सबका चूर्ण बन जाता है।
भक्ति छोटी दिखाई पड़ती होछोटी नहीं है।
तुम देखतेदूसरा महायुद्ध समाप्त हुआ है हिरोशिमा पर। अणु बम का विस्फोट हुआ। अब अणु छोटी से छोटी तुम चीज है। विज्ञान को इसके पहले पता नहीं था कि छोटे में इतना विराट छिपा हो सकता है। अणु आंख से दिखाई नहीं पड़ता। अगर हम एक लाख अणुओं को एक के ऊपर एक रखते जाएं तो बाल की मोटाई के होंगे। एक बाल की मोटाई बनेगी—एक लाख अणुओं को एक के ऊपर एक रखने से। इतना छोटा अणुऔर हिरोशिमा में एक लाख आदमियों को क्षण में राख कर दिया! यह मामला क्या है?
जिन्होंने परमात्मा को तलाशा हैउन्हें यह राज बहुत पहले से पता रहा है। जैसे पदार्थ में अणु की शक्ति विराट हैऐसे ही चेतना में प्रेम की शक्ति विराट है। प्रेम चेतना का अणु है। जैसे पदार्थ विद्युत से बना हैऐसे चेतना प्रेम से बनी है। अगर हम उस अणु को पा लेंतो हमारे हाथ में विराट शक्ति आ गई।
इसलिए कृष्ण ने कहा है गीता में अर्जुन को :
'सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज'
तू सब छोड़— छाड़तेरे धर्म इत्यादिकर्म इत्यादिजप— तपयोग—यागसब छोड़। तू मुझ एक की शरण आ जा।'मामेकं शरणं व्रज। मुझ एक की।
यह कौन एक हैयह कृष्ण किसकी तरफ से बोल रहे हैंयह उस परम एक की तरफ से बोला गया वक्तव्य है। यह कृष्ण अपने लिए नहीं बोल रहे हैं। यह कृष्ण यह नहीं कह रहे हैंकि तू मेरी शरण आ। कोई सदगुरु यह नहीं कहतातुम मेरी शरण आओ। और जब कोई सदगुरु कहता हैतुम मेरी शरण आओतो उसका मतलब यही होता है कि अब वह नहीं हैअब उसके भीतर से परमात्मा बोल रहा है— 'मामेकं शरणं व्रज'। कृष्ण तो बांसुरी हो गए हैंअब जो स्वर आ रहा है वह परमात्मा का है। कृष्ण शुद्ध हो गए हैंशांत हो गए हैंमौन हो गए हैं। अब उनके भीतर से वह परमवाणी सुनाई पड़ रही है। जब कृष्ण ने यह कहा अर्जुन को, 'सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज', तब यह कृष्ण के संबंध में नहीं कहा हैयह उस परम अवस्था के संबंध में कहा है जो भीतर कृष्ण के सघन हो गई है।
उस एक की शरण आते ही सब हो जाएगाफिर किसी धर्मयोग इत्यादि की कोई जरूरत नहीं हैकोई जरूरत नहीं है। क्योंकि उस एक के शरण जाने में जड़ कट जाती है। उसके शरण जाने का मतलब हैतुमने अपने अहंकार को पोंछाअलग किया।
और कृष्ण ने यह भी कहा : अहं त्वा सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामि मा शुचः '। हे अर्जुनतू वैध और अवैधसब कामों का त्याग करके मेरी शरण आ जामैं तुझे सब पापों से मुक्त करूंगा। मैं तुझे मोक्ष दूंगा। कृष्ण मोक्ष देंगेइतना ही अर्थ है कृष्ण के कहने का कि अगर तू सब छोड्कर आ जाएगिर जाए एक की शरण मेंतो मोक्ष हो गया। कोई देता थोड़े ही है। यहां लेना—देना कहांलिया—दिया मोक्ष किसी बड़े मूल्य का हो भी नहीं सकता।
कृष्ण को आज मौज आ गईदे दिया और कल दिल फिर गयाले लिया। क्योंकि जो दिया जा सकता हैवह लिया जा सकता है। नहीं रही दोस्तीकह दिया कि अब बहुत हो गयावापस कर दोया मैं लिए लेता हूं। नहींमोक्ष न दिया जाता है,न लिया जाता है। फिर कृष्ण का अर्थ क्या है   कृष्ण इतना ही कह रहे हैंअगर तू अपने को छोड़ दे तो मोक्ष हो गया। और एक बार तुझे समझ में आ जाए कि  'मैंके छोड़ते ही मोक्ष हो जाता हैफिर कोई पागल है जो कारागृह में जाए 'मैं की वापसफिर कौन उस अंधेरी कोठरी में बंद होगा?
अहं त्वासर्वपापेभ्योमोक्षयिष्यामि मा शुचः '
आ जामुक्त हो जा। एक ही काम कर ले। एक जड़ काट दे।
भक्त से इतनी ही अपेक्षा हैऔर कुछ ज्यादा नहींकि वह इस मैं भाव को छोड़ दे।
मैं खुद फरेब सहीदिल उम्मीदवार तो है
वफा होया न हो वादे पै ऐतबार तो है
बला से पाएं न मंजिल मगर यह क्या कम है
भटकते फिरने में इस दिल को कुछ करार तो है
छोटी—सी भक्ति। भक्त कहता हैन मिले सूरजछोटी—सी किरण। न पहुंच पाएं मंजिल तकलेकिन मंजिल की तलाश में भटक रहे हैंइससे भी बडी राहत है।
तुम धन पा लो तो भी कुछ सार नहीं। और ध्यान को पाने वालाध्यान न भी पा सकेलेकिन पाने की यात्रा पर लगा रहेतो काफी है। इसे मैं फिर से तुमसे कह दूं ध्यान के रास्ते पर तुम हार जाओ तो भी जीत गएऔर धन के रास्ते पर जीत भी गए तो क्या जीतेजीतकर भी हार हो जाती है धन के रास्ते पर। ध्यान के रास्ते पर हारकर भी जीत हो जाती है। मैं खुद फरेब सहीदिल उम्मीदवार तो है।
उसकी आकांक्षा इतना ही क्या कम हैउसकी आशा, 'दिल उम्मीदवार तो है। परमात्मा की आकांक्षा  का अंकुरण हुआ हैइतना ही बहुत है। उतनी आकांक्षा  भी रूपांतरकारी है।
मैं खुद फरेब सहीदिल उम्मीदवार तो है
वफा होया न हो वादे पै ऐतबार तो है
बला से पाएं न मंजिल मगर यह क्या कम है
भटकते फिरने में इस दिल को कुछ करार तो है
गुमाने—तकें—तअत्सुक न कीजियो नासेह 
जो उनकी बज्म नहींउनकी रहगुजर तो है
नहीं पहुंचे उनकी महफिल तककोई फिक्र नहींलेकिन उनके रास्ते पर हैं। जिस रास्ते से वे आते—जाते हैंउस रास्ते पर हैं। इतनी भक्ति भी काफी है। इतनी भक्ति भी क्रांतिकारी है।
जो उनकी बज्म नहींउनकी रहगुजर तो है
गिला नहीं मुझे बेकैफिए—हयात का अब
खटकते रहने को सीने में कोई खार तो है
अब कोई फिक्र नहीं हैशिकायत भी नहीं। एक काटा चुभ गया है परमात्मा को पाने काएक उसके वियोग का काटा चुभा हैवह भी काफी है।
उसकी याद तड़पाती हैवह भी काफी है।
विदाए—मौसमे—गुल का न गम कर ऐ बुलबुल
वह इक नवा कि जो है रुकसे—बहार तो है
चमक के कहती हैजुल्मत से इक यकीं की किरन
सहर न आई तो क्याउसका इंतजार तो है
रात के अंधेरे से आस्था कीश्रद्धा की एक छोटी—सी किरण कहती है :
चमक के कहती हैजुल्मत से इक यकीं की किरन
सहर न आई तो क्याउसका इंतजार तो है
सुबह न आई तो भी चलेगासुबह का इंतजार भी तो सुबह है। छोटी—सी भक्तिथोड़ी—सी आस्थाजरा सा बीजऔर विराट फल होता है।
हुए जो अश्क रवा उन पर इख्तियार न था
तो उनको तुझसे छुपाने पै इख्तियार तो है
मनुष्य परमात्मा की यात्रा पर दो ढंग से निकल सकता है। एक तो अकड़ सेकि पाकर रहूंगासंकल्प सेवह अहंकार की ही यात्रा है। वह अहंकार का ही सूक्ष्म रूप है। और दूसरा मार्ग है कि अपने को मिटा दूंगातेरी राह पर अपने को मिटा दूंगा,तेरी राह पर गर्दे—गुबार होकर मिट जाऊंगावह समर्पण का मार्ग है। और जो समर्पण करने को राजी हैउनके हाथ में वह विराट ऊर्जा लग जाती है जो प्रेम में छिपी है।
इस दिल की कायनात है तेरी नजर के साथ
गुंचे की जिंदगी है नसीमे—सहर के साथ
आएगी हाथ मंजिले—मकसूद खुद—ब—खुद
देखो तो चलके चार कदम राहबर के साथ
सिर्फ चार कदम भी चलकर देखो।
इस दिल की कायनात है तेरी नजर के साथ
भक्त की तो सारी दुनिया उसकी एक नजर में है। उसकी एक दृष्टि हो जाएसब हो गया। ज्यादा की उसकी माग नहीं है। उसकी मांग बडी छोटी है। छोटी हैइसीलिए जल्दी पूरी हो जाती है। सिर्फ मांगता है इतनाएक दफा मेरी तरफ देखभर लो—दूर से सहीपलभर को सहीएक बार खयाल कर लो कि मैं भी यहां हूं। और तुम्हें पुकारता हूं और तुम्हारी चाहत में मर रहा हूं।
इस दिल की कायनात है तेरी नजर के साथ
गुंचे की जिंदगी है नसीमे—सहर के साथ
जैसे सुबह की हवा के साथ फूल की जिंदगी हैऐसे परमात्मा की एक नजर के साथ भक्त की जिंदगी है।
आएगी हाथ मंजिले—मकसूद खुद—ब—खुद भक्त कहता हैमुझे फिक्र नहीं है आखिरी मंजिल कीमुझे अंतिम लक्ष्य की कोई चिंता नहीं है। मुझे मोक्ष की कोई चिंता नहीं है।
आएगी हाथ मंजिले मकसूद खुद—ब—खुद
वह अंतिम मंजिल तो अपने आप आ जाएगी। मुझे तो फिक्र तेरी दृष्टि की है। तू एक बार देख ले!
देखो तो चलके चार कदम राहबर के साथ
किसी पथप्रदर्शक के साथ चार कदम भी चलकर देख लोकिसी गुरु के साथ थोड़ा सत्संग कर लोऔर तुम्हारे भीतर भी यह भक्ति का बीज पड़ जाएगा। और यह छोटा—सा बीज बड़े विराट को अपने में छिपाए हुए है। जैसे एक छोटी—सी बूंद में पूरा सागर छिपा है। ऐसे ही भक्ति की छोटी—सी बीज में पूरा भगवान छिपा है। 
आनिद्ययोनि अधिक्रियते पारपर्यात् सामान्यवत्।। 
भक्ति में चांडाल आदि का भी अधिकार हैक्योंकि भक्त भक्ति की मर्यादा से सब समान हैं। उन पुराने दिनों में जब शांडिल्य ने ये अपूर्व सूत्र लिखेबडी मूढ़ता थी। अब भी समाप्त नहीं हो गई है। शूद्र को मंदिर में प्रवेश का अधिकार नहीं था। और चांडाल तो शूद्र से भी गया—बीता है। तुमने चार वर्ण सुने हैं : ब्राह्मणक्षत्रियवैश्यशूद्र। एक पाचवां वर्ण भी है जिसको वर्णों में गिना नहीं गया है। उसको चांडाल कहते हैं। वह इतना बाहर है कि उसकी गिनती भी नहीं की है। वह गिनने के योग्य भी नहीं है। लेकिन शांडिल्य की हिम्मत देखते हो! हजारों साल पहले यह कहने की हिम्मत कि भक्ति के मार्ग पर हम कोई भेद नहीं करते—कौन ब्राह्मण हैकौन शूद्र हैकोई भेद नहीं करते। भक्ति के मार्ग पर सब मनुष्य समान हैं। भक्ति के मार्ग पर चांडाल भी उतना ही अधिकारी है जितना कोई और।
भगवान की करुणा अपरंपार है। ब्राह्मण पर कुछ ज्यादा होगीशूद्र पर कुछ कम होगीचांडाल पर बिलकुल न होगीतो यह तो करुणा की सीमा हो जाएगी। करुणा का अर्थ ही यह होता है कि जिसे जितनी ज्यादा जरूरत है उतनी ज्यादा उसे उपलब्ध होगी। ब्राह्मणों को न भी मिले तो चलेगाचांडाल को तो मिलनी ही चाहिए। पुण्यात्मा को न मिलेचलेगालेकिन पापी को तो मिलनी ही चाहिए। पुण्यात्मा को तो पुण्य भी है सहारे के लिएपापी के लिए तो सिर्फ परमात्मा ही है सहारे के लिए। इसलिए अक्सर ऐसा हो गया है कि पापी तो पहुंच गए हैं और पुण्यात्मा भटक गए हैं। अकड़ है पुण्यात्मा को कि मेरा किया— धरामैंने इतना कियाइतना कियाइतना कियाउसके सहारे जीना चाहता है। पापी कहता हैमेरे किए तो सब गलत हुआ। मैं ही गलत हूं तो मेरे किए कुछ ठीक कैसे होगामैं अंधकार हूं तेरी किरण उतरेगी—करुणा से उतर सकती हैमेरी पात्रता से नहीं। 
भक्ति में चांडाल आदि का भी अधिकार हैक्योंकि भक्त भक्ति की मर्यादा से सब समान हैं।
भक्ति की मर्यादामर्यादा ही नहीं मानती। सब समान हैं। कोई सीमा नहीं मानती।
इसलिए मैं तुमसे कहता हूं,  ज्ञान के और कर्म के मार्ग क्षुद्र हैं भक्ति का मार्ग विराट है। शान और कर्म के मार्ग पर बड़ा हिसाब—किताब है। कौन अधिकारीकौन अनधिकारीभक्ति के मार्ग पर कोई अधिकार— अनधिकार का हिसाब नहीं है। जो रोकाजो पुकारेगाजो झुकेगावही अधिकारी है। झुकने के पहले अधिकार नहीं है। यह नहीं पूछा जाएगा कि तू पहले झुकने का अधिकारी है या नहींकि ऐसे ही झुक रहे होपहले पुण्य तो करोफिर झुकनापहले व्रत—उपवास करोफिर झुकना! सच तो यह हैव्रत—उपवास और पुण्य करने वाला झुक ही नहीं पाता। वे व्रत—उपवास ही लोहे की तरह उसकी छाती में समा जाते हैं,झुकने नहीं देते। उसकी रीढ़ मजबूत हो जाती हैझुकती नहीं।
झुकने के लिए अपनी असहाय अवस्था का बोध चाहिए। पापी से ज्यादा किसको होगापरमात्मा के पास तुम अपनी पात्रता से नहीं पहुंचते होअपनी असहाय अवस्था की पुकार से पहुंचते हो। तुम्हारी आह तुम्हें पहुंचाती  हैतुम्हारा अहंकार नहीं। 
अत: हि अविपक्कभावाना अपि तल्लोके।। '
'इस कारण पराभक्ति का लाभ नहीं होने पर भी साधक का निवास भागवत लोक में ही हुआ करता है। '
बड़े अपूर्व सूत्र हैं। सम्हालकर रख लेना हृदय में। शांडिल्य का वक्तव्य यह कह रहा हैपराभक्ति का लाभ होगा तब होगाअंतिम मंजिल जब मिलेगी तब मिलेगीपरमात्मा जब पूरा—पूरा उतरेगा तब उतरेगालेकिन भक्त जिस दिन से आंसू गिराना शुरू करता हैउसी दिन से उसका निवास भागवत लोक में हो जाता है। इस भेद को थोड़ा खयाल में लेनाभेद थोड़ा बारीक है।
भक्त के भीतर भागवत लोक कब आएगायह तो पराभक्ति में होगालेकिन भक्त तो पहले दिन से ही भागवत लोक में प्रवेश कर जाता है।
ये दो बातें हुई।
तुम यहां बैठे होदो घटनाएं घट सकती हैं। मेरा तुममें प्रवेश हो सकता हैएक घटना। तुम्हारा मुझमें प्रवेश हो सकता हैदूसरी घटना। तुम्हारा मुझमें प्रवेश उसी क्षण हो जाता है जिस क्षण तुम आकांक्षा करते हो। मेरा प्रवेश होते—होते होगा। तुम जिस दिन से पहला कदम उठाते हो अपनी यात्रा काउसी दिन से तुम मंजिल के हिस्से हो गए। मंजिल तो पीछे मिलेगी,मंजिल आते— आते आएगी—आ जाएगी जब आनी होगीभक्त को उसकी चिंता भी नहीं है कि आज आ जाए कि कल आ जाए;भक्त को भरोसा हैआएगी तब आएगी—लेकिन जिस दिन तुमने पहला कदम उठाया परमात्मा की तरफतुम परमात्मा के हिस्से हो गए। तुम्हारे भीतर भागवत लोग कभी आएगालेकिन तुम भागवत लोक के हिस्से हो गए। भक्त पहले दिन से ही भगवान में लवलीन हो जाता है।
ज्ञानी को तो अंत में ही मिलता है—इसलिए ज्ञानी उदास दिखाई पड़ते हैंस्वाभाविक है। अभी चल ही रहे हैंचल ही रहे हैंधक्के खा रहे हैंपरेशान हो रहे हैंपहुंचेंगे जब कहीं आखिर में आनंद शायद होलंबी यात्रा हैऔर यात्रा बिलकुल निर्जन है,और रास्ते पर कहीं फूल नहीं खिलतेऔर कोई पक्षी गीत नहीं गातेजिस दिन उनकी पात्रता पूरी होगीतब उनके जीवन में आनंद होगा। लेकिन अक्सर ऐसा हो जाता है—तब तक उदासी की आदत इतनी सघन हो जाती है कि आनंद भी हो जाता है मगर होंठ नहीं मुस्कुराते। भूल ही गए भाषा मुस्कुराने की। मीरा पहले दिन से ही नाचने लगती है। महावीर अंतिम दिन नाचते हैं। मगर तब तक नाचना भूल गए! तो फिर नाच भीतर ही भीतर होता है। फिर बाहर किसी को दिखाई नहीं पड़ता। फिर चेतना का ही होता हैफिर देह तो जड़ हो गई। देह तो भूल गई भाषा। देह को तो याद ही नहीं रही कभी नाचने की—कभी नाची नहीं।
तुम समझते हो न बात को?
जब परमात्मा उतरेगा तब तुम्हारे भीतर उतना ही तो प्रगट होगा जितना तुम्हारा अभ्यास होगा। जो आदमी हंसने का अभ्यास करता रहा था पूरे रास्ते परपरमात्मा उतरेगा तो शायद खिलखिलाकर हंसेगा। बोधिधर्म को ऐसा ही हुआ था। जब परमात्मा उतरा तो वह खिलखिलाकर हंसा। हंसने का बड़ा अभ्यास रहा होगा। हंसता रहा थाजिंदगी को गंभीरता से नहीं लिया था। जिंदगी एक बहुमूल्य मजाक थीएक प्यारा मजाक थी। हंसता रहा था। तो आखिर में जब परमात्मा उतरा तो हंसी में फूटा। महावीर नहीं नाचे। रास्ता शान का है। रास्ता कर्मशुद्धि का है। रास्ता आत्मशुद्धि का है। तो जिस दिन परमात्मा उतरा,उस दिन हाथ—पैर में कोई लहर न उठी। उठ नहीं सकती! मीरा पहले दिन से नाची और अंतिम दिन तक नाची।
भक्त के लिए मार्ग भी मंजिल है। पहले ही कदम से मंजिल शुरू हो जाती है। यह अपूर्वता है भक्ति कीयह विलक्षणता है। 
'इस कारण पराभक्ति का लाभ नहीं होने पर भी साधक का निवास भागवत लोक में हुआ करता है। यह सूत्र अपूर्व है। इसलिए फिर कहता हूं, इसे सम्हालकर हृदय में रख लेना और पहले दिन से ही आनंदित हो जाओ। परमात्मा हैमिलन जब होगा तब होगाउसकी राह पर चल पड़ेमगन हो जाओमस्त हो जाओ!
सब्रो—जप्त के लेंके बेशुमार नजराने
तेरी याद आई थी आज मुझको समझाने
पा गए हैं मंजिल को खुद—ब—खुद ही दीवाने
अक्ल के दोराहे पै खो गए हैं फरजाने।
समझदार तो अक्ल के दोराहे पर खो गए हैंऔर दीवाने पहुंच गए हैं।
पा गए हैं मंजिल को खुद—ब—खुद ही दीवाने
अक्ल के दोराहे पै खो गए हैं फरजाने
तुमने बात कह डालीकोई भी न पहचाना
हमने बात सोची थीबन गए हैं अफसाने
उन नई बहारों पर उन नए नजारों
पर एक रिंद ही क्या हैंरो रहे हैं मैखाने
हाय क्या मुसीबत हैहाय क्या कयामत है
हम ही खा गए धोखाहम चले थे समझाने
यहां समझने—समझाने को कुछ भी नहीं है। यहां नाचने—गाने को बहुत कुछ हैसमझने—समझाने को कुछ भी नहीं है।

पा गए हैं मंजिल को खुद—ब—खुद ही दीवाने
अक्ल के दोराहे पै खो गए हैं फरजाने
बुद्धिमान बनकर मत चलना। पागल बनोदीवाने बनोमस्त बनो। ऐसे चलो जैसे पीए हो। परमात्मा के रास्ते पर पहला कदम ही पीने वाले का कदम होना चाहिएलड़खड़ाकर उठना चाहिए। डोलकर चलो। परमात्मा तो हैसब तरफ हैजब हमारी समझ होगीजब हमारी पहुंच होगीतब समझ लेंगे। मगर नाच तो हम अब भी सकते हैं। नाच तो अज्ञानी भी सकता है न! नाचने के लिए कोई ज्ञान तो शर्त नहीं है। और नाच तो पापी भी सकता है न! नाचने के लिए पुण्य तो कोई शर्त नहीं है। तो नाचो। और जो नाचते—नाचते नाच में खो जाता हैवह पहुंच जाता है।
'क्रमैकगत्युपपत्ते: तु।। '  
'ऐसा मानने से क्रमगति और एक—गति का प्रतिपादन करने वाले वचनों की संगति होती है।    शांडिल्य कह रहे हैं,भक्ति में दोनों बातें मिल गयीं। दुनिया में दो तरह के विचार रहे हैं। क्रमिक—गतिधीरे— धीरे मिलता है निर्वाण, 'ग्रेजुअल,'क्रमश:—एक। और दूसरा, 'सड़न एनलाइटेंनमेंटतत्क्षणअक्रम सेएक गति सेएक ही छलांग में मिल जाता है। शांडिल्य कहते हैं कि भक्ति में दोनों बातें पूरी हो गयींदोनों में संगति हो गईदोनों का विरोध जाता रहा। ऐसे तो मिल जाता है पहले ही कदम परऔर वैसे मिलता है आखिरी कदम पर। भक्त नाचना तो शुरू कर देता है पहले ही कदम परफिर नाच का ही सिलसिला हैअंतिम पर भी नाचता है। अगर तुम्हें मीरा से मिलन हो जाएतो तुम पहचान न सकोगे कि मीरा कब अज्ञानी थी कब तानी हुई। वह घटना तो भीतरी हैमीरा ही जानेगी। नाच बाहर चल रहा है सो चल रहा है। और बाहर के नाच में कोई फर्क न पड़ेगा। पहले दिन भी नाच में वही माधुर्य और अंतिम दिन भी नाच में वही माधुरी।
पहला कदम अंतिम कदम भी है। भीतर बहुत फर्क पड़ जाएगा। पहले कदम पर मीरा भागवत लोक का हिस्सा हो गई। अंतिम कदम पर भागवत लोक मीरा का हिस्सा हो जाएगा। बस इतना ही फर्क है। और यह फर्क बारीक है। और यह फर्क भीतरी है। बाहर से पकड़ में भी न आएगा। आने की कोई जरूरत भी नहीं है।
शास्त्र कहते हैं :
अनेक जन्मससिद्धिस्ततोयाति परा गतिं।।
अनेक जन्मों के साधनअति साधन से सदगति की प्राप्ति होती है। भक्ति उस शास्त्र को उलट देती है। भक्ति कहती है,यह क्या बकवास लगा रखी हैसमय का कोई संबंध सत्य से नहीं है। पहले ही कदम पर हो जाती है और अंतिम कदम पर भी होती है। दोनों में थोड़ा अंतर है। वह अंतर आतरिक है। बाहर से उसको तौलने का कोई उपाय नहीं है। और कब तराजू दूसरी तरफ डोल जाता हैयह भीतर भी पहचानना बड़ा मुश्किल होता है।
नाचने वाले को फुरसत भी कहां?
इसलिए तुम देखते होमहावीर को कब निर्वाण उपलब्ध हुआहमें मालूम है तारीख। मुझे कब निर्वाण उपलब्ध हुआउस तारीख पर आज तुम इकट्ठे हो गए हो। मीरा को कब निर्वाण उपलब्ध हुआतुम्हें कोई तारीख मालूम हैवहा तारीख नहीं है। तारीख का पता मीरा ही को नहीं है! कब बात होते—होते हो गईकब चुपचाप यह भीतर घटना घट गईकब पेंडुलम संसार से सत्य में डोल गयायह नाचने वाले को पता भी नहीं हो सकता है। यह ध्यान करने वाले को पता हो सकता है। वह जो ध्यान में बैठा हैसजग होकर देख रहा है एक—एक चीज कोजांच रहा है एक—एक चीज कोउससे कोई चीज चूकेगी नहीं। उसको साफ पता चल जाएगा कि यह गई रातयह सुबह हुई। अब जो नाच रहा है मस्ती मेंरात भी नाचा थासुबह भी नाच रहा है,उसे कहां पता चलेगा कब सुबह हो गईकब सूरज निकल आयाइसलिए भक्तों को कब शान उपलब्ध हुआइसका कोई उल्लेख नहीं है। इसका राज यही है। पहले कदम पर ही वे आखिरी कदम जैसे हो गए थे। और आखिरी कदम पर भी पहले कदम ही जैसे थे। वहा एक गहरा तारतम्य है।
'क्रमैकगत्युपपत्ते तु।। '  
'ऐसा मानने से क्रमगति और एक—गति का प्रतिपादन करने वाले वचनों की संगति होती है।    अदभुत किया शांडिल्य ने। इन दोनों के बीच कोई संगति कभी बिठा पाया नहीं! झेन में दो परंपराएं हैं। बड़ा विवाद है उनमें। जो मानते हैं कि क्रमिक हैवे मानते हैं क्रमिक ही होगा। एक—एक कदमएक—एक कदम उठाकर ही तो मंजिल पर पहुंचोगे। और जो मानते हैं 'सड़न'हैअक्रमिक हैएक ही छलांग में हो जाता हैवे मानते हैं—एक ही छलांग में हो जाता है। कदम उठाकर पहुंचने का मतलब तो यह हुआ कि सत्य भी खंड़—खंड़ किया जाएगा। थोड़ा—सा मिलाफिर थोड़ा—सा मिलाफिर थोड़ा— सा मिला। सत्य के कोई खंड़ नहीं हो सकतेइसलिए कदम नहीं हो सकते। बस एकबारगी मिल जाता है। या तो आदमी अज्ञानी होता हैया ज्ञानी बीच में कोई और स्थितिया नहीं होतीं।
इन दोनों का विवाद ऐसा है कि हल नहीं हो सकता। क्योंकि जो कहता है धीरे— धीरे मिलेगावह भी पूछता है उससे जो कहता है एकबारगी में मिल जाता हैकि फिर तुम बीस साल तक ध्यान क्यों कर रहे थेअगर एकबारगी में मिल जाता है तो पहले ही दिन छलांग क्यों नहीं लगा गए थे     झेन में इस तरह की कथाएं हैं कि किसी साधक ने गुरु के पास जाकर कुछ पूछा और गुरु ने चांटा मार दिया और चाटा मारते ही वह निर्वाण को उपलब्ध हो गया। इस तरह की कहानियां पश्चिम में इस समय बहुत प्रचलित हो गई हैंक्योंकि पश्चिम में बड़ी जल्दबाजी है। कहते हैंयह बड़ा अच्छा हैकोई मिल जाए गुरु और मार दे एक चाटाचलो एक दफाझंझट मिटी। मगर तुम्हें मालूम नहीं है कि वह कहानी अधूरी हैउसके पहले वह सज्जन छब्बीस साल तक ध्यान कर रहे थेजिनको चांटा मारा गया है। यह मत सोचना कि यह चले आ रहे थे अभी उठकर बिस्तर से और मारा एक चांटा और ध्यान को उपलब्ध हो गए। वे छब्बीस साल से ध्यान कर रहे थे। यह चाटा तो बस आखिरी—कहते हैं न,ऊंट पर आखिरी तिनका—चढ़ाई तो बहुत दिन से चल रही थीसामान चढ़ाया जा रहा थाआखिरी तिनके ने ऊंट बिठा दिया।
लेकिन पश्चिम में जो कहानियां प्रचलित हो रही हैं झेन के संबंध मेंवे पूरी नहीं हैं। क्योंकि पूरी कहानी में कौन राजी होगासुनते ही से कि छब्बीस साल पहले ध्यान करना पड़ेगाउन्होंने कहा कि छोड़ोएक तो चांटा खाओछब्बीस साल के बाद! किसी तरह राजी थे कि चलोएक चांटा लग जाए एक दफाझंझट मिटे। पहले छब्बीस साल ध्यान करो! इतनी देर के लिए कोई राजी नहीं है।
तो वे जो कहते हैं क्रमिक होती है उपलब्धिउनकी बात में भी बल मालूम होता है—फिर छब्बीस साल तक क्या कर रहे थेलेकिन जो कहता है कि अक्रमिक है गतिउसकी बात में भी बल है। वह कहता हैछब्बीस साल तक ध्यान कर रहे थे,मगर ध्यान हुआ नहीं था। हो ही जाता तो फिर जरूरत क्या थी करने कीहुआ तो जब चाटा मारा तब हुआ। ऊंट पर चढ़ाया जा रहा था सामानलेकिन बैठा नहीं था। और जब तक बैठा नहीं है तब तक खड़ा ही है नयही कहोगे। तब तक यह नहीं कह सकते कि बैठ गया। इतने सेर बैठ गयाअब इतने सेर बैठ गयाअब इतने सेरअब इतने मन बैठ गया। वह तो खड़ा ही है। वह जो आखिरी तिनका पड़ाएक चांटा लगातब बैठा। जब बैठा तभी बैठा न। तो दोनों की बात में बल है।
अक्सर ऐसा हो जाता है कि जीवन के सत्य विरोधाभासी हैं और इसलिए जब उस विरोधाभास के एक—एक अंग को दो तरह के पक्ष पकड़ लेते हैं तो उनमें विवाद सदियों तक चलता हैऔर हल नहीं होता। लेकिन शांडिल्य ने अदभुत किया। शांडिल्य कहते हैंयह विवाद समाप्त करो। भक्त के जीवन में यह विवाद उठता ही नहीं है। उसने दोनों को एक साथ अपने बीच जोड़ लिया है। उसका पहला कदम अंतिम भी है— और अंतिम पहला कैसे हो सकता हैभक्त विरोधाभासी है। वह अज्ञान में भी नाचता हैवह ज्ञान में भी नाचता है। उसका नाचना एक है। अंधेरे में भी नाचता हैरोशनी में भी नाचता है। घनी अमावस की रात थी तब भी वह नाच रहा थाऔर उसके नाचने में कोई फर्क न था। और फिर पूर्णिमा की रात आ गईऔर वह अब भी नाच रहा है। उनका नाचना सतत है। वह गंगा की धारा की तरह अविच्छिन्न बह रहा है। उसे कहां फिक्र है कि कब अमावस और कब पूर्णिमा हो गईकौन है हिसाब लगाने को वहावहां कोई अहंकार पीछे बैठा हुआ हिसाब—किताब नहीं कर रहा है। नाच में सब खो गया। और जब नाच में नाचने वाला खो जाएतो कैसी अमावसअमावस ही पूर्णिमा हो जाती है। फिर कैसी पूर्णिमाफिर भेद कहांसब भेद अहंकार से पैदा होते हैं। जड़ ही कट गई।     किस कदर हुस्ने—नजर है तेरे दीवानों में
कलिया दामन की सजाई हैं गरेबानों में
हुस्न को खींच के ले आई मुहब्बत की कशिश
आके खुद शमअ को जलना पड़ा परवानों में 
'हुस्न को खींच के ले आई मुहब्बत की कशिश।
परमात्मा को खोजने नहीं जाता है भक्त। 'हुस्न को खींच के ले आई मुहब्बत की कशिशउसका प्रेम ही बुला लाता है,खींच लाता है।
हुस्न को खींच के ले आई मुहब्बत की कशिश
आके खुद शमा को जलना पड़ा परवानों में
परवाने की तरह भक्त नहीं जाता है परमात्मा को खोजनेशमा ही परवाने को खोजती हुई आती है—यह अपूर्व घटना घटती है। आके खुद शमा को जलना पड़ा परवानों में। '
क्या खबर हमको हरम क्या हैकलीसा क्या है
जिंदगी हमने गुजारी इन्हीं मैखानों में
भक्त कहता है कि हम तो मधुशाला में ही रहेहमें मंदिर और मस्जिद का कुछ पता नहीं। 'क्या खबर हमको हरम क्या हैकलीसा क्या है '! काबा क्या और गिरजा क्याहमें कुछ पता नहीं। हमें भेद नहीं है। हमें समझ नहीं है। हम बेहोश हैं। हम मस्त हैं। 'जिंदगी हमने गुजारी इन्हीं मैखानों में। भक्त तो भक्ति की शराब पीता है।

 हमने देखी है तेरी मस्त जवानी की अदा
हंसते फूलों मेंछलकते हुए पैमानों में
फूल खिलता है जो कोई तो खयाल आता है
यह भी शायद है तेरे चाक गरेबानों में
दिले—नाकाम के उजड़े हुए गेसू तौबा
एक महफिल भी थी शायद उन्हीं दीवानों में
हमको 'बिलकीसतकल्लुफ की जरूरत क्या है
पी लिया करते हैं टूटे हुए पैमानों में
भक्त को इसकी बहुत फिक्र नहीं कि पैमाना टूटा है या पूरा है। भक्त को मतलब पीने से है। भक्त को पात्रता से मतलब नहीं हैपात्र से मतलब नहीं। 'पी लिया करते हैं टूटे हुए पैमानों में '। भक्त को अंधेरे से मतलब नहीं हैनाच लिया करता है। भक्त को एक ही बात से मतलब है। कि मैं जैसा हूं जहा हूं वैसा ही तुझको अर्पित हूं समर्पित हूं।
भक्त हो सको तो फिर कुछ और होने की जरूरत नहीं है। भक्त न हो सको तो मजबूरी में कोई और रास्ता चुनना पड़ता है। भक्त हो सको तो धन्यभागी हो! मैं तुम्हें भक्त बना सकूं! और ध्यान रहे कि मैं भक्त नहीं थाइसलिए सारी तकलीफ मैं जानकर तुमसे कह रहा हूं। मुझे रेगिस्तान का अनुभव हैइसलिए तुमसे कह रहा हूं। इसलिए तुमसे कह सकता हूं कि बच सको रेगिस्तान से तो बच जाना। प्रेम के मरूद्यान से उपलब्ध हो सकता हो तो मरुस्थल में क्यों जानामुझे कोई कहने को नहीं थाइसलिए भटकना पडा। तुम्हें भटकने की कोई जरूरत नहीं है। तुम जैसे होजहा होवहीं से पुकारो। अब आ ही गए हो तो पूरे आ जाओ!
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
मुझे अपना नीड़ बना लो। मुझे अपना बसेरा बना लो।
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
आज दक्खिन की हवा ने आ अचानक
द्वार मेरे खडूखडाए,
हलचली है मच गई उन बादलों में
जो कि थे आकाश छाए,
जो कि सुन सौ प्रश्न मेरे चुप खडी थी आज बारंबार झुक—झुक
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
सूर्य की किरणें प्रखरतम घन तहों के
बीच होतींपार करतीं,
कालिमा पर ज्योति का विस्तार करतीं
चूमती जैसे कि धरती;
हे रजत पक्षीतिमिर को भेदने से
जो तुम्हारी राह छेके
अब नहीं रुकते तुम्हारे पाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
हे रजत पक्षीतिमिर को भेदने से
जो तुम्हारी राह छेके
अब नहीं रुकते तुम्हारे पाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
आज हीरे ले लहर आतीबिछाती
है कहीं मरकत किनारे
आज उज्ज्वल मोतियों से हाथ अपने
है कहीं सरसिज संवारे,
पर तुम्हारा मन प्रलोभन दे लुभाना 
है असंभवआज कोई
पंथ में वैभव बिछाए लाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।
कह रही है पेडू की हर शाखअब तुम आ रहे अपने बसेरे।

आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें