सोमवार, 7 अगस्त 2017

अजहूं चेत गंवार - प्रवचन-07

दिनांक 27 जूलाई, 1977;
श्री रजनीश आश्रम, पूना।

सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।

सहज आसिकी नाहिंखांड खाने को नाहीं।

झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहीं।।

जीते जी मरि जायकरै ना तन की आसा।

आसिक का दिन रात रहै सूली उपर बासा।।

मान बड़ाई खोय नींद भर नाहीं सोना।

तिलभर रक्त न मांसनहीं आसिक को रोना।।

पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं।

सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।2।।




यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।।

खाला का घर नाहिंसीस जब धरै उतारी।

हाथ-पांव कटि जायकरै ना संत करारी।।

ज्यौं-ज्यौं लागै घावतेहुंत्तेहुं कदम चलावै

सूरा रन पर जायबहुरि न जियता आवै।।

पलटू ऐसे घर महैंबड़े मरद जे जाहिं।

यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।।



लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।।

और बिगाड़ैं कामसाइत जनि सोधैं कोई।

एक भरोसा नाहिंकुसल कहुवां से होई।।

जेकरे हाथै कुसलताहि को दिया बिसारी

आपन इक चतुराई बीच में करै अनारी।।

तिनका टूटै नाहिं बिना सतगुरु की दाया।

अजहूं चेत गंवारजगत् है झूठी काया।।

पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।

लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ै काम।।

जीसस ने कहा है : जो खोएगा वही पाएगा। जो बचाएगासब खो देगा।
प्रेम के शास्त्र का यह बुनियादी सिद्धांत है। कंजूस की वहां गति नहीं। पकड़ने वाले के लिए वहां उपाय नहीं। वहांखोनेवाले की मालिकी है। वहां जो बचाते हैंदीन और दरिद्र रह जाते हैं। वहां जो लुटाते हैंवही पाते हैं।
प्रेम का जगत् बड़ी उलटबांसी है।
संसार में एक गणित चलता हैप्रेम का गणित बड़ा उलटा है। संसार में बचाओगे तो बचेगा। प्रेम में लुटाओगे तो बचेगा। संसार में लुटाओगे तो दीन-दरिद्र हो जाओगे। प्रेम में न लुटाया तो दीन-दरिद्र हो जाओगे।
संसार से सत्य की दिशा बिल्कुल उलटी है।
संसार परमात्मा की प्रतिछाया है। जैसे कभी-कभी किसी झील पर तुम खड़े हो और झील में झांक कर देखोतो जमीन पर तो तुम्हारे पैर नीचे हैं और सिर ऊपर हैलेकिन झील में दिखाई पड़ेगा कि पैर ऊपर हैं और सिर नीचे है।
परमात्मा से संसार ठीक उलटा है। संसार के गणित को उलटा लो तो धर्म का गणित बन जाता है।
आज के सूत्र बड़े बहुमूल्य हैं। उनका मूल्य नहीं आंका जा सकता। धर्म के शास्त्र की जो बुनियादी भित्ति हैइन्हीं सूत्रों की ईंटों से बनी है। इन्हें खूब भाव से ग्रहण करना। इनके रस में डूबना।

"सीस उतारै हथ सेसहज आसिकी नाहिं।'
तुमने सदा सुना है कि भक्ति का मार्ग बड़ा सरल है। बात सच भी है और झूठ भी है। सच इसलिए कि जिन्हें प्रेम आ जाए उनके लिए भक्ति से सरल और क्या! झूठ इसलिए कि प्रेम आना बड़ा कठिन है। प्रेम आ जाए तो सब सुगम। फिर तो प्रयास करना ही नहीं होता--प्रसाद में मिलता है। प्रभु की तरफ जाना ही नहीं पड़ता भक्त कोभगवान ही भक्त को खोजने आता है। हरि सुमिरण मेरा करैं! भक्त की स्मृति हरि को होने लगती है। भक्त तो भूल ही जाता है। प्रेम में किसको याद रहती है! प्रेम की मस्ती में कौन हिसाब रखता है--मंत्रपाठ-पूजाप्रार्थनाउपासना! लेकिन परमात्मा स्मरण रखने लगता है। इधर भक्त का स्मरण भूलता है उधर परमात्मा में स्मरण जगता है। और मजा तो तभी है जब हरि तुम्हारा स्मरण करे। तुम्हीं स्मरण करते रहे तो कुछ खास मजा नहीं। जब आग दोनों तरफ से लगे तभी प्रेम के फल पकते हैं।
तो तुमने सुना है बहुत बार कि भक्ति बड़ी आसान है। तुमने यह भी सुना है कि कलियुग में तो भक्ति ही मार्ग है। सच्चाई है इसमें और सच्चाई नहीं भी। सच्चाई है अगर प्रेम कर पाओ। मगर प्रेम कर पाओगेप्रश्न तो वहां खड़ा है।

"सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।'
पलटू कहते हैं : भूलकर भी यह मत सोचना कि प्रेम का रास्ता सरल हैकि आशिकी सहज है कि सुगम है। हांसुगम है किन्हीं के लिए। जो अपने सिर को अपने हाथ से उतार कर रख देंउनके लिए ज़रा भी कठिन नहीं है। लेकिन जिन्होंने अपने को बचा-बचा कर चाहा कि पहुंच जाएंउनके लिए महा दुर्गम है यह पथ। वे कभी नहीं पहुंच पाएंगे। जिन्होंने सोचा कि हम अपने को भी बचा लें और परमात्मा को भी पा लेंवे भटकेंगे अनंत काल तककभी न पहुंच पाएंगे।
भक्ति के मार्ग पर अपने को बचाने का तो उपाय ही नहीं है। भक्ति के पहले ही कदम में अपने को गिरा देना है। समर्पण भक्ति की पहली किरण है। तपस्वी को अंतिम। तपस्वी तो अंत में गिराता है अपने अहंकार कोपहले शुद्ध करता है--उपवास सेतप सेव्रत सेयोग सेशुद्ध करता है अपने अहंकार कोपहले अपने "मैंकी शुद्धि करता है। जब "मैंबिल्कुल शुद्ध हो जाता है तब आखिरी घड़ी मेंउसे याद आती है बात कि और सब तो हो गयाअब यह शुद्ध "मैंही बाधा बन रहा है। झीना-सा परदा रह गयाकोई भारी परदा नहीं रह गया। पारदर्शी परदा रह गयाजैसे शुद्ध कांच हो। दूर से देखो तो पता चलता है कि दरवाजा खुला ही है। पास आओगेपास आओगेतब पता चलेगा कि कांच का दरवाजा हैबंद हैयह कांच भी तोड़ना पड़ेगा। पारदर्शी थाइसलिए दूर से ऐसा लगता था खुला ही हैकोई दरवाजा नहीं है। अब पता चलता है कि कांच की दीवाल अभी बीच में खड़ी है। जब तक धूल जमी रहती है कांच पर तब तक तो पता चलता है कि कांच हैजब धूल बिल्कुल साफ हो जाती है तो पता ही नहीं चलता कि कांच है। फिर तो जब निकलने लगोगे आखिरी घड़ी मेंसंसार से परमात्मा में प्रवेश होगातब सिर टकराएगा।
तो भक्त को तो पहले ही कदम पर वही करना होता है जो ज्ञानी और तपस्वी अंतिम कदम पर करता है। क्योंकि भक्ति की तो पहली शर्त यही है : सीस उतारै हाथ से। अपने ही हाथ से अपने सीस को उतार कर रख देना है। दूसरा उतारता हैतब भी हम नहीं चाहते हमारा सिर उतर जाए। तो अपने हाथ से उतारना तो बड़ा कठिन हो जाएगा। सहज आसिकी नाहिं। अपने ही हाथ से अपना ही सिर काटना है। और यह सिर ऐसा है कि दूसरे के काटे न कटेगा। दूसरा तुम्हारी देह के सिर को तो काट सकता हैमगर फिर उग आएगाफिर नया जन्म हो जाएगा। जब तक तुम न काटोगे अपने अंतरतम के सिर कोअपने अहंकार कोतब तक जन्मों की यात्रा जारी रहेगी। दूसरा नहीं काट सकता। कोई भी नहीं काट सकता। कोई उपाय नहीं है। कोई इतना सूक्ष्म अस्त्र नहीं है कि तुम्हारे भीतर के अहंकार को बाहर से काटा जा सके।
गुरु भी कह सकता हैपुकार सकता हैतुम्हें प्यास से भर सकता हैचुनौती दे सकता हैमगर काट नहीं सकता तुम्हारे अहंकार को। वह काम तो तुम्हें ही करना पड़ेगा। इसलिए बात बड़ी कठिन हो जाती है : अपना ही सिर काटना!
जब तुम सुनते हो कि अहंकार को छोड़ देना है तो तुम्हें बात इतनी कठिन नहीं मालूम पड़ती। लेकिन ज़रा ख्याल करो। राह से निकलते होकोई हंस देता हैसह नहीं पाते। हंसी कांटे की तरह चुभ जाती है। कोई ज़रा-सा अपमान कर देता हैआग की लपटें उठने लगती हैं। ज़रा-सी कोई प्रशंसा कर देता है तो तुम फूल के कुप्पा हो जाते हो। यह अहंकार जो दूसरे की ज़रा-सी चोट से तिलमिला जाता है और बदला और प्रतिशोध लेने को तैयार हो जाता हैइस अहंकार को तुम स्वयं ही काट पाओगे?अपने ही हाथ से काट पाओगेऔर जब तक न काटो तब तक पहली शर्त ही पूरी नहीं होतीप्रेम के मंदिर में प्रवेश ही नहीं होता।

"सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।
सहज आसिकी नाहिंखांड खाने को नाहीं।
झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहीं।।'
यह कोई मिठाई नहीं है भक्ति। बड़ी मीठी हैसचमगर मिठाई जैसी सस्ती नहीं है। अपने को गंवाकर खरीदनी पड़ती है। इतना दाम चुकाना पड़ता है। अपने को गंवाकर मिलती है। यह कोई सस्ती शक्कर नहीं है कि घोल ली और पी ली। यह तो जीवन का परम रस है। यह तो अमृत है। इसका मूल्य बिना चुकाए नहीं मिलती है।

"सहज आसिकी नाहिंखांड खाने को नाहीं।
झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहीं।।'
और सावधान रहनाकहीं झूठे आशिक मत बन जाना। दुनिया में बहुत लोग झूठे आशिक बन जाते हैं। झूठी आशिकी बड़ी सरल है। उसमें कोई कठिनाई भी नहीं हैक्योंकि वह तो सिर्फ आवरण हैअभिनय हैऐक्टिंग। तुम भीतर से कुछ बदलते नहींऊपर से एक वेश पहन लेते हो। झूठी आशिकी का अर्थ है अहंकार तो खोया नहीं और निर्अहंकारी होने का दावा करने लगे;समर्पण तो किया नहीं और कहने लगे आपके चरणों की धूल। शरीर को तो झुका दिया और भीतर अकड़े खड़े रहे। तो झूठी आशिकी अगर की. . . जो कि बिल्कुल सरल है। यही तो झूठ की खूबी है कि झूठ बड़ा सरल है। इसलिए तो इतना प्रलोभन झूठ में है।
इसलिए तो लोग झूठ के जाल में पड़ जाते हैंक्योंकि झूठ सरल है। सत्य कठिन मालूम पड़ता है। सत्य कीमत मांगता हैझूठ कीमत नहीं मांगता। झूठ कहता है : जो चाहो मुझसे ले लोमैं कोई कीमत मांगता ही नहींमैं तो तुम्हारे साथ हूं। सत्य कहता है : जो चाहो ले लोमगर मेरी कीमत चुका दो। लेकिन सत्य को जब तुम कीमत चुका देते हो तो तुम्हें उत्तर में कुछ मिलता है। झूठ को तुम कीमत तो नहीं चुकातेमिलता कुछ भी नहीं और झूठ बोलने के बाद तुम्हें हजार तरह से कीमत भी चुकानी पड़ती है। झूठ बोले कि फंसे। कीमत चुकानी पड़ेगी और मिलेगा कुछ भी नहीं। यह झूठ की तरकीब हैवह कहता है,कीमत कुछ भी नहींमुफ्त मिल रहा हूं। यह गंगा बही जा रही हैहाथ धो लो। तुम क्यों खड़े होकुछ मांगता भी नहींऐसे ही मुझे ले लोअंगीकार कर लो। मैं तुम्हारा धन्यवादी रहूंगा। और इतना सरल हैसामने से गंगा बह रही हैक्यों नहीं धो लेते हाथ?
तुम्हें भी लगता है : चुकाना कुछ है नहींले ही क्यों न लें? . . .े कर फंसोगे। ऐसे फंसोगे जैसे मछली फंस जाती है आटे के मोह में कांटे से। मछली तो आटे के लिए ही आती है। जब कोई मछुआ बंसी लटका कर बैठ जाता है नदीत्तट परतो कोई मछलियों को आटा खिलाने के लिए नहीं बैठता हैकांटा खिलाने के लिए बैठता है। लेकिन कोई कांटा मछली सीधा तोलीलेगी नहीं। कोई मछली इतनी मूढ़ नहीं है। तो आटे में छिपाना पड़ता है कांटे को। मछली तो कांटा लीलेगीवस्तुतः कांटा लील जाएगी। सोचेगी आटा मिल रहा हैमिलेगा कांटा।
ऐसे ही झूठ ही कहता है : "कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। तुम्हारा लगता क्या हैन हल्दी लगे न फिटकरीरंग चोखा हो जाए। ऐसे ही हूंमिल रहा हूं मुफ्तले लो।तुम ले लेते हो। फिर खूब कीमत चुकानी पड़ती है। फिर जन्मों-जन्मों तक कीमत चुकानी पड़ती है। क्योंकि एक झूठ को बचाने के लिए फिर दूसरा झूठ बोलना पड़ता हैदूसरे झूठ को बचाने के लिए तीसरा। फिर श्रृंखला लग जाती है। और जैसे-जैसे झूठों की कतार बढ़ती जाती है वैसे-वैसे फांसी लगती जाती है। अब सब तरफ से तुम उलझे। अब वह जो तुम बोल चुके हो उसको बचाने के लिए और बोलो और ध्यान रखना कि झूठ को सच से नहीं बचाया जा सकताझूठ को सिर्फ झूठ से ही बचाया जा सकता है। असल में छोटे झूठ को बड़े झूठ से बचाया जा सकता है। इसलिए एक छोटा-सा झूठ बोलो और देखो कि महीने भर के भीतर तुम बड़े झूठ बोलने लगे। उस एक छोटे-से झूठ को बचाने के लिए और बड़ा घर बनाना पड़ाऔर बड़ा घर। धीरे-धीरे तुम पाओगे तुम्हारी सारी जीवन की व्यवस्था झूठ हो गईतुम असत्य हो गए। और तुम जब असत्य हो जाओगे तो तुम खो गए--बिना कुछ पाए मूल्य चुका दिया। अपनी संपदा भी गई और हाथ भी कुछ न लगा। यह बात समझ लेना।
झूठ कहता है : खर्च कुछ भी नहीं होगाबस मुझे मुफ्त ले लोऐसे ही भेंट में आता हूं।
सत्य कहता है : खर्च बड़ा हैतुम्हें अपने से चुकाना होगा। और मुफ्त में नहीं मिलता हूं। लेकिन अगर तुम सत्य की कीमत चुकाओ तो सत्य जरूर मिलता है। यह विरोधाभास है।
झूठ बड़ा कुशल हैप्रलोभन देता है। सत्य सीधा-साफसाफ-साफ कह देता हैयह कीमत लगेगी। इस कीमत से कम में नहीं होगा।

"झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहीं'
तो इस संसार में भी जूते पड़ेंगेअगर झूठा प्रेम किया। क्या मतलब है जूते पड़ने से इस जीवन में भी दुःख ही दुःख रहेगा। यहां भी अगर झूठा प्रेम किया तो भी तुम्हारे जीवन में रसधार न बहेगीफूल न खिलेंगे। तुम्हारे जीवन में कोयल नकूकेगी। कोई वीणा न बजेगी। तुम्हारा जीवन एक अंधकार का जीवन होगाजहां कभी सूरज न उगेगा। इस जगत् में भी और उस जगत् में भी जूती खानी पड़ेगी। क्योंकि यहां ही प्रेम न कर पाएसाधारण मनुष्यों कोस्त्रियों कोपुरुषों को प्रेम न कर पाएतो परमात्मा को कैसे करोगे?
साधारण प्रेम में पूरा अहंकार मांगा भी नहीं जाता। साधारण प्रेम तो कहता है थोड़ी विनम्रताथोड़े झुको। साधारण प्रेम पूरी आत्मा मांगता भी नहीं--मांग भी नहीं सकता। कोई पत्नी तुमसे पूरी आत्मा नहीं मांगतीन कोई पति मांगता हैन कोई मित्र मांगता हैन कोई बेटान कोई मांन कोई पिता। पूरी आत्मा तो तुम से मांगी नहीं जा सकती।
इस संसार में तो थोड़े-से झुको तो काफी रस तुम्हारी झोली में भर जाएगा। और थोड़े झुकोगेरस भरेगाऔर झुकने का खयाल आएगा। और झुकोगे और रस भरेगातब तो सूत्र समझ में आ जाएगा कि अगर बिल्कुल झुक जाओ तो पूरे रस से भर जाओफिर विरस समाप्त हो जाए। तब तुम्हारे जीवन का मरुस्थल गयातुम उपवन बने। सूखे-साखे दिन गएवर्षा के दिन आए। हरियाली आईफूल खिले।
और इसी जीवन के झुकाव और झुकने की कला से धीरे-धीरे आदमी प्रार्थना का सूत्र समझ पाता है--पूरे झुकने का। लेकिन यहां भी हम धोखा देते हैं।
तुम खयाल करना। तुम जिनसे कहते हो हमें तुमसे प्रेम हैउनसे तुम्हें प्रेम हैकभी तुमने उस पर सोचा हैतुमने यह सोचा है कि प्रेम का अर्थ क्या होता हैतुम कभी सच में झुके होतुम किसी के सामने झुके होया कि तुम अकड़े ही रहते होअगर तुम अकड़े ही रहते हो तो तुम खाली ही रहोगे। सूखते जाओगे। तुम्हारा जीवन-संगीत प्रकट ही न हो पाएगा। निश्चित दुःख पाओगे बहुतपीड़ा और कांटेनरक में जीओगे।
प्रेम जहां नहीं वहां नरक है। प्रेम का अभाव नरक है। और अगर तुमने यहां धोखा दियाघर में दिया तो ध्यान रखना तुम धोखेबाजमंदिर में जाकर भी धोखा दोगे। तुमने अपनी पत्नी को कभी प्रेम नहीं कियाअपने पति को कभी प्रेम नहीं कियावहां भी जालसाजी करते रहे। कहते रहेबताते रहेदिखाते रहे मगर कभी किया नहींक्योंकि करने में तो कुछ चुकाना पड़ता है। एक-दूसरे का शोषण करते हो और कहते हो प्रेम। एक-दूसरे को गुलाम बनाने की चेष्टा में लगे हो और कहते हो प्रेम। एक-दूसरे की छाती पर बैठ गए हो और कहते हो प्रेम। एक-दूसरे के लिए फांसी बन गए हो और कहते हो प्रेम। एक-दूसरे की स्वतंत्रता नष्ट कर दी है और एक-दूसरे का जीवन तुम्हारे कारण कारा में पड़ गया है और कहते हो प्रेम। फिर इसी प्रेम की भाषा को समझे-समझे एक दिन मंदिर जाते होवहां भी सिर झुकाते हो। वहां भी असली सिर नहीं झुकता। वहां भी सब पाखंड चलता है।
तुमने कभी देखाअगर मंदिर में तुम जाओ और अकेले हो तो जल्दी पूजा खत्म हो जाती हैजल्दी प्रार्थना इत्यादि,क्योंकि कोई देखनेवाला ही नहीं तो सार भी क्या है! परमात्मा से कुछ प्रार्थना हो नहीं रही। लेकिन जिस दिन मंदिर में जलसा होबहुत लोग आए होंउस दिन आरती देर तक उतरती है। उस दिन बड़े तुम बड़े भाव-विभोर होकर प्रार्थना गाते हो। उस दिन तुम्हारी आंखों में आंसू बहते हैं--सब प्लास्टिक के आंसू! उस दिन तुम लोगों को दिखा रहे हो।
मैंने सुना हैइंग्लैंड की महारानी चर्च गई। उसका जन्म-दिन था और जन्म-दिन पर वह चर्च में जाती। उस दिन वहां बड़ी भीड़ थी। हजारों लोग चर्च में आए थे। महारानी ने चर्च के प्रधान पुरोहित को कहा : "लोगों की अभी भी धर्म में श्रद्धा है,इतने लोग आए हैं!चर्च का पुरोहित हंसा और उसने कहा : देवीकभी बिना खबर किए आएं। ये कोई भी नहीं यहां आते। ये आपको देखने आए हैं। इनको परमात्मा से कुछ लेना-देना नहीं है।
आदमी मंदिर में भी जाता है तो उसके प्रयोजन होते हैं। मंदिर में भी निखालिस हृदय से नहीं जाता। हांकभी जरूरत होती है तो जाता है कि पत्नी बीमार हैबेटा बीमार है तो प्रार्थना कर आता है। मगर मतलब होता है तब। और मतलब से कहीं मजहब का जन्म हुआ हैस्वार्थ से कहीं सत्य का जन्म हुआ हैहेतु से कहीं प्रेम जन्मा हैप्रेम तो अहेतुकी है।
तो तुम यहां भी झूठफिर धीरे-धीरे यही झूठ तुम्हारी प्रार्थनाओं में भी झलकना स्वाभाविक है। जो तुमने बाजार में किया है वही तो तुम मंदिर में करोगे! तुम तो तुम्हीं हो न! तुम अचानक बाजार से चलते होजूते उतारे मंदिर में दरवाजे पर तुम सोचते हो एकदम तुम जूते उतार कर हाथ-पैर धोकर मंदिर में जब प्रवेश करने लगते होतो तुम बदल जाते होतुम कैसे बदल जाओगेतुम अखंड बह रहे हो। तुम वही हो।
गंगा उतरी पहाड़ सेचली बहती तो काशी पर आकर अचानक पवित्र थोड़े ही हो जाती है कि काशी के घाट पर आई और पवित्र हो गई और काशी का घाट छूटाफिर अपवित्र हो गई। या तो पवित्र रहती है पहले ही से और या फिर कभी पवित्र नहीं होती। जीवन में अचानकअनायासअकारण तो कुछ भी नहीं घटता। श्रृंखलाएं हैं।
तुम यहां आएतुम आए नतुम्हारे भीतर तुम्हारा सारा बाजारतुम्हारा घरतुम्हारे संबंधतुम्हारे नाते-रिश्तेतुम्हारा सारा अतीत तुम्हारे भीतर आकर बैठ गया है। तो तुमने जिस ढंग का जीवन जीया है उसी ढंग से तुम मुझे भी सुनोगे। यह स्वाभाविक भी है।
तो जिसने प्रेम में झूठ किया . . .। पलटू साफ कह देते हैं, . . .संत शिष्टाचार की बातों में नहीं पड़तेऔपचारिक बातों में नहीं पड़तेसाफ कह देते हैं :

"सहज आसिकी नाहिंखांड खाने को नाहीं।
झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहीं।।'
फिर जूते खाने हों तो तैयारी रखनाझूठ प्रेम करना। यहां भी जूते पड़ेंगेवहां भी जूते पड़ेंगे। संसार में भी दुःख पाओगे और दूसरे संसार में भी दुःख पाओगे। सुख तुम पा ही न सकोगे।
कम-से-कम एक चीज तो सच रहने दो--कम-से-कम प्रेम को तो सच रहने दो!

"जीते-जी मरि जायकरै ना तन की आसा।
आसिक का दिन-रात रहै सूली पर वासा।।'
"जीते-जी मरि जाय' . . . मरते तो सभी हैं। मरना तो सभी को है। कोई भी बच तो सकेगा नहीं। फिर आशिक मेंप्रेमी मेंभक्त मेंऔर साधारण संसारी में क्या फर्क हैसंसारी मजबूरी में मरता है। मारा जाता हैतब मरता है। मौत जब आकर घसीटती हैतब मरता है।
संसारियों ने जो कथाएं लिखी हैं मौत कीवह तुम समझ लेना। तुम्हारे पुराणों में जो लिखा हैवे पुराण किन्हीं ज्ञानियों ने नहीं लिखे होंगे। क्योंकि जो बात लिखी है वह अज्ञान की है। तुम्हारे पुराणों में लिखा है कि जब मौत आती है तो मौत का जो राजा है यमदूतकाला-कलूटाभयंकरभैंसे पर सवार होकर आता है। ज्ञानियों ने तो मौत में परमात्मा को ही देखा है आते;काला-कलूटा नहींयमदूत नहींभैंसे पर सवार नहीं। यह भैंसे पर सवार जो मौत तुम्हें दिखाई पड़ी हैयह तुम्हारी वासनाओं के कारण दिखाई पड़ी हैक्योंकि यह तुम्हें दुश्मन मालूम पड़ती है। तो तुम दुश्मन को काले रंग में रंगते होभैंसे पर बिठालते हो। यह तुम्हें अतिथि नहीं मालूम होती। इसके साथ तुम अतिथि का संबंध नहीं बनाते--शत्रु काआ रही है और तुम्हें जिंदगी से जबरदस्ती ले जाएगी। तुम जबरदस्ती ले जाए जाते होइसलिए भैंसों की जरूरत पड़ती हैयमदूतों की जरूरत पड़ती हैतुम्हें घसीटा जाता हैतुम्हें जबरदस्ती खींचा जाता है। तुम इस किनारे को जोर से पकड़ते हो। तुम छोड़ते ही नहीं। मरते दम तक तुम छोड़ते नहींतुम देह को पकड़ते होमोह को पकड़ते होमाया को पकड़ते हो। चूंकि तुम्हारी यह दृष्टि पकड़ने की है,इसलिए मौत तुम्हें लगती है छुड़ाने आ रही है। लेकिन जो खुद ही छोड़ चुका, "जीते-जी मरि जाय'; जो मौत के आने के पहले मर गयाजो परमात्मा के चरणों में मर गयाजिसने अपने होने को शून्य कर दियाजिसने कहा अब मैं नहीं हूं तू है--उसके लिए मौत यमदूत की तरह नहीं आतीभैंसे पर सवार होकर नहीं आती। उसके लिए तो मौत का भी मुंह बड़ा प्यारा है। वह भी परमात्मा की ही तस्वीर है। वह भी प्रभु का ही रूप है। प्रभु ही भेजता है। वही एक दिन लेकर आता है और ले जाता है। लेकिन यह तो तभी संभव हैमृत्यु में तुम्हें परमात्मा तभी दिखाई पड़ेगामृत्यु तुम्हारी समाधि जैसे आनंद से तभी भरेगी--जब तुम जीते-जी मर जाओ।
यही फर्क है भक्त में और संसारी में। संसारी भी मरता हैभक्त भी मरता है। संसारी बे-मन से मरता है अनिच्छा से मरता हैमारा जाता है। संसारी की हत्या होती है। भक्त मौत से मरता हैस्वयं मर जाता है। वह कहता है : जो हाथ से छूट ही जाना है उसे मैं छोड़ ही क्यों न दूं। जब छूट ही जाना है तो पकड़ना क्या! फिर यह पकड़ने की और व्यर्थ की झंझट क्यों करूंजो मुझसे ले ही लिया जाएगा उसे देने का मजा क्यों न ले लूंउसे बांट क्यों न दूंउसे परमात्मा के चरणों में पहले ही क्यों न रख दूं कि जब तुम आओगे ही और ले ही लोगे तो इतना मौका मैं क्यों खोऊं कि तुम्हारे चरणों में खुद रख दियाचढ़ा दियाअर्पण कर दिया।

"जीते-जी मरि जायकरै ना तन की आसा।'
तन की आशा हो तो फिर तो जीते-जी कैसे मरोगेफिर तो पकड़ोगे। मौत आ जाएगी तो भी धकाओगेकहोगेथोड़ी देर रुक जा। यमदूतों से डॉक्टरों को लड़वाओगे कि तुम ज़रा लड़ोभैंसे को ज़रा हटाओमुझे थोड़ी देर और जी लेने दो। ऐसे बहुत-से मरीजजो वस्तुतः मर चुके हैंजबरदस्ती जीते हैं। अस्पतालों में लटके हैंटांगें उलटी-सीधी बंधी हैं। ऑक्सीजन दी जा रही है कि ग्लूकोस का इंजेक्शन दिया जा रहा है। होश भी नहीं है। महीनों से अटके हैं।
अमरीका में तो बड़ा विचार चलता है कि क्या करनाकुछ लोग तो ऐसे हैं कि महीनोंसालों इस तरह अटके रहते हैं। इनको मरने देना कि इनको बचाने की कोशिश रखनाऔर डॉक्टर यह भी कहते हैं कि इनको बचाने का कोई मतलब नहीं है। अब ये करीब-करीब मरे हुए हैंजबरदस्ती ये यमदूत को धकाए हुए खड़े हैं। बीच में लगा दिया है ऑक्सीजन का सिलिंडर और ग्लूकोस के इंजेक्शन और दवाइयों की लंबी कतारकि यमदूत अपने भैंसे को लेकर घुस नहीं पाते। इनको बचाना कि मरने देनाक्योंकि ये जीवित भी नहीं हैं और मरे भी नहीं हैं।
आदमी का मोह ऐसा है जीवन से . . . तन की ऐसी आशा है . . . थोड़ी देर और जी लूं। एक दिन और सही। एक दिन सही तो भी और सही। एकक्षण ही सही तो और सही।
मरते वक्त अगर तुमसे पूछा जाए कि एक दिन अगर और जी सको तो क्या कहोगेतुम कहोगे : "फिर क्या बात है ! एक दिन और जी लेने दें।और इतने दिन तुमने गंवाए और कभी कुछ नहीं पायाअब एक दिन और जी कर क्या करोगे?
तुम्हें कभी जीवन के सत्य दिखायी पड़ते हैं या नहीं दिखाई पड़ते?
भक्त वही है जिसने देखा कि इस जीवन में कुछ मिल तो रहा नहीं हैऐसे नाहक धक्का-धुक्की हो रही है। यहां से वहां फेंके जा रहे हैंकहीं कुछ मिलता तो है नहीं। कोई मंजिल तो हाथ आती नहीं। इस जीवन को अपने ही हाथ से चढ़ा दें।

"जीते-जी मरि जायकरै ना तन की आसा।
आसिक का दिन-रात रहे सूली पर वासा।।'
और आशिक तो वही है जो कहता है कि जब बुला लो . . . उसी वक्त तैयार हूं। क्षणभर देर न होगी। बोरिया-बिस्तर भी बांधने के लिए समय न मांगूंगातैयार ही रखा है।
रोज रात भक्त जब सोता है तो कह कर ही सोता है कि उठा लेना रात तो मैं तैयार हूं। सुबह जब उठता है तौ चौंकता है कि आज भी नहीं उठाया। तो चलो आज दिन में जिंदगी में चलाते हो तो चल लूंगा। हर सुबह नयी और हर सांझ सोचकर सोता है कि आखिरी रात आ गई। ऐसा भक्त का तो दिन-रात सूली पर वासा है। वह तो सूली को सिंहासन बना लेता है।
और यही तो जीवन की सबसे बड़ी कला है कि सूली सिंहासन हो जाए। अकसर तो ऐसा होता है कि हम इससे उलटी कला जानते हैं। हम सिंहासन को भी सूली बना लेते हैं।
तुम देखोसिंहासन पर बैठे लोग सूली पर लटके हुए मालूम पड़ेंगे। धन के ढेर पर बैठ जाते हैं और जीवन सिर्फ दुःख है,घाव की तरह है। पद के बड़े ऊंचे सिंहासन पर बैठ जाते हैंलेकिन उनकी हालत बड़ी खराब है। क्योंकि चारों तरफ से कोई उनकी टांग खींच रहा हैकोई उनका पैर खींच रहा हैकोई उन्हें धक्का लगा रहा है। क्योंकि दूसरों को भी बैठना है इसी सिंहासन पर। सूली लग जाती है। पद पर पहुंच कर ही लोगों को पता लगता है। पहले पता ही नहीं चलता। पद पर पहुंच कर ही पता चलता है कि यह तो बड़ी मुसीबत है। इसी पद पर पहुंचने के लिए जीवनभर कोशिश कीमेहनत की। पहुंच कर पता चलता है कि यह तो बड़ी झंझट हो गई। मगर अहंकार के वश यह भी नहीं कह सकते कि हम उतरे जाते हैं। अब जिंदगीभरइसी दांव पर लगाया थाअब उतरें भी कैसे! जिंदगी भर लड़ें कि सिंहासन पर पहुंच जाएं। सिंहासन पर पहुंचते ही दूसरी लड़ाई शुरू होती है कि अब सिंहासन से न उतर जाएंक्योंकि लोग खींच रहे हैं। दुश्मन तो खींचते ही हैंमित्र भी खींचते हैंक्योंकि मित्रों को भी बैठना वहीं है।
सिंहासन पर बैठा आदमी सूली पर लटक जाता है। यह तो संसारी की हालत है। लेकिन भक्त की हालत ठीक इससे उलटी है। भक्त को कुछ कला आती है। वह सूली पर लटक जाता है और सूली सिंहासन बन जाती है। जिसने मौत को अंगीकार कर लियाउसके लिए इस जगत् में दुःख रह ही नहीं जातामौत रह ही नहीं जाती। मौत को अंगीकार किया कि मौत मिटी।
अमृत चाहिए हो तो मृत्यु को स्वीकार कर लेना।
"जीते-जी मरि जायकरै ना तन की आसा।
आसिक का दिन-रात रहै सूली पर वासा।।'
उसे तो एक ही धुन लगी रहती है। उसे तो एक ही याद बनी रहती है। उसके भीतर तो एक ही जिक्रएक ही स्मरण,एक ही सुरति चलती रहती है।

मेरे हर लफ्ज़ में बेताब मेरा सोजे-दरूं
मेरी हर सांस मुहब्बत का धुआं है साकी।
मेरे हर लफ्ज में बेताब मेरा सोजे-दरूं। मेरे भीतर की आग मेरे हर शब्द में झलकती हैवही प्रकट होती है। भीतर की आग--प्रेम की आग। वह जो भीतर उसको परमात्मा से मिलने की अहर्निश पुकार चल रही हैवह कहता है मौत के द्वार से मिलते हो तो चलो मौत का द्वारजहां से मिलते हो मैं वहीं से गुजरने को राजी हूं।

मेरे हर लफ्ज में बेताब मेरा सोजे-दरूं
मेरी हर सांस मुहब्बत का धुआं है साकी।
और उसकी श्वास-श्वास में बस एक ही जिक्र है : मोहब्बत! मोहब्बत ! प्रेम के स्वर ही उसमें उठते हैं।

मुहब्बत इक तपिश-ए-नातमाम होती है
न सुबह होती है इसकीन शाम होती है।
मुहब्बत इक तपिश-ए-नातमाम होती है। यह तो एक ऐसी आग हैयज्ञ की अग्नि जो कभी समाप्त नहीं होतीजलती ही रहती है। न सुबह होती है इसकीन शाम होती है।
भक्त को पता ही नहीं रह जाता धीरे-धीरे कि कब जवानी आयीकब गईकब बुढ़ापा आयाकब गयाकब जिंदगी आई,कब मौत आई--कुछ पता नहीं रह जाता। उसे तो एक ही धुन रहती है। उसके भीतर तो एक ही इकतारा बजता रहता है--प्रभु के प्रेम का। जीवन से मिले तो जीवनमौत से मिले तो मौत। सुख से मिले तो सुखदुःख से मिले तो दुःख। उसका और कोई चुनाव नहीं है।

"मान बड़ाई खोयानींद भर नाहीं सोना।
तिलभर रक्त न मांसनहीं आसिक को रोना।।'
सूख जाए शरीरहड्डी-हड्डी रह जाएतो भी उसे पता नहीं चलता। उसके भीतर बस प्रभु का स्मरण चलता रहेवही उसका जीवन हैवही उसकी एकमात्र आशा है।
"मान बड़ाई खोय' . . . वह सब मान-बढ़ाई भी खो देता है। जब अहंकार ही चढ़ा दिया चरणों में तो अब उसे क्या फिक्र!
मीरां ने कहा है : लोकलाज खोई। नाचने लगी मीरां सड़कों पर। राज-घर से थीराज-रानी थी। और मेवाड़ की! घूंघट से बाहर न निकली होगी कभी। किसी ने चेहरा न देखा होगा कभी। फिर नाचने लगी रास्तों परपागलों की तरह दीवानी। लोक-लाज खोई। चिंता ही न रही। उसके चरणों में रख दिया सबअब अपनी क्या चिंता रही! अब चिंता करे तो वही करे।

"मान बड़ाई खोयनींद भर नाहीं सोना।'
भक्त को नींद कहां! शरीर सो जाएभक्त के भीतर राम की धुन तो चलती रहती है। शरीर पड़ा रहे निद्रा मेंथक जाता है तो सो जाता हैलेकिन भीतर भक्त की सुरति नहीं थकती। वहां तो सतत धार बहती रहती है।
ऐसा हुआरामतीर्थ अमरीका से वापस लौटे तो सरदार पूर्णसिंह उनके भक्त थे और उनके पास कुछ दिन रहे हिमालय में जाकर। एक रात सरदार पूर्णसिंह को नींद नहीं आ रही थी। कुछ चिंता में पड़ गए होंगे। रोज तो सो जाते थे तो एक चमत्कार देखने से वंचित रह गए। उस रात नींद नहीं आई तो बड़ी हैरानी हुई। पहाड़ पर एकांत में बना हुआ यह बंगला था। यहां आस-पास कोई आता भी नहींरात तो कोई आ भी नहीं सकता। रामतीर्थ हैं और पूर्णसिंह हैंबस दोनों कमरे में हैं। और उन्हें सुनाई पड़ने लगा कि राम-राम की कोई धुन कर रहा हैराम-राम राम-राम का कोई पाठ कर रहा है। तो उठेजाकर वरांडे में चक्कर लगा कर आएबाहर देखकर आए कि कोई भी नहीं है। और जब बाहर गए तो हैरानी हुई कि बाहर कुछ आवाज धीमी हो गई और जब भीतर आए तो आवाज फिर बढ़ गई। तो वे थोड़े और चकित हुए। सोचा कि कहीं स्वामी रामतीर्थ तो राम-राम नहीं जप रहे हैं! तो पास जाकर देखापास गए तो आवाज और बढ़ गई। और पास जा कर देखा तो वे सो रहे हैं। वे तो गहरी नींद में हैं। फिर यह आवाज कहां से हो रही हैसिर के पास गएपैर के पास गएहाथ के पास गएकान लगाकर शरीर से देखा-सुनातो समझ में आयापूरा रोआं-रोआं राम-राम कह रहा है!
इस बात की संभावना है। यह घटना घट सकती है। अगर प्रभु के स्मरण में ऐसी डुबकी लग जाए कि तुम भूलो ही न,भूलो ही नतो तुम्हारे अचेतन में भी गूंज चलती रहेगी। तुम्हें भी होती है यह घटनातुम्हें खयाल में नहीं रहती। अगर तुम रुपए की बात सोचते-सोचते सो जाओ तो रात रुपए का ही तो सपना देखते हो! रात तुम वही तो देखते हो तो दिन भर चलता रहा था मन मेंवही तो व्यापार फैल जाता है। रात तुम भी तो बड़बड़ाते हो। तुम्हारी बड़बड़ाहट बता देगी कि तुम दिन भर क्या सोचते रहे थे। कोई झगड़ने लगता है रात की नींद मेंगालियां बकने लगता है रात की नींद में। यह तो रोज घटता है।
तो दूसरी बात भी घट सकती हैजो चौबीस घंटे अहर्निश परमात्मा का स्मरण कर रहा हैयह स्मरण इतना गहन हो जाए कि जब शरीर सो जाए तब भी भीतर गूंजता रहे।
मंत्र केस्मरण के चार तल हैं। एक तलजब तुम ओंठ का उपयोग करते होकहते हो राम। ओंठ का उपयोग किया तो यह शरीर से है--सबसे उथला तलसबसे छिछला तल। पर यहां से शुरू करना पड़ता हैक्योंकि शुरुआत तो उथले से ही शुरू करनी होती है। फिर ओंठ तो बंद हैं और तुम भीतर कहते हो राम--सिर्फ मन में। यह पहले से थोड़ा से थोड़ा गहरा हुआ। लेकिन मन में भी कहते हो तो कहते तो हो हीमन के यंत्र का उपयोग करते हो। पहले शरीर के यंत्र का उपयोग करते थेअब मन के यंत्र का उपयोग करते हो। फिर तुम उसे भी छोड़ देते हो। तुम राम कहते नहींतुम राम को अपने-आप उठने देते होतुम नहीं कहते। शांत बैठ जाते हो। जिसने बहुत राम-राम जपा हैपहले ओंठ से जपाफिर मन से जपा--वह अगर शांत बैठ जाएजब भी शांत होगा तो अचानक पाएगा भीतर उसके कोई जप रहा है! रामरामराम! वह कह नहीं रहा। अपनी तरफ से कहने की अब कोई चेष्टा नहीं है। अब तो कोई जप रहा हैतुम सुननेवाले हो गएकहनेवाले न रहे। यह तीसरा तल है। और एक चौथा तल है। जब राम पूरा फूल की तरह खिल जाता हैतो तुम्हारा समस्त यंत्रजीवन-यंत्रशरीरतन-मनसब इकट्ठा उसी धुन से गूंजने लगते हैं।
ऐसी ही किसी घटना में पूर्णसिंह को सुनाई पड़ा होगा राम कानिद्रा में प्रभु-स्मरण।

"मान बड़ाई खोय नींद भर नाहीं सोना।
तिल भर रक्त न मांसनहीं आसिक को रोना।।'
आशिक को शिकायत तो होती नहींचाहे तिलभर रक्त-मांस न बचे। शिकायत आशिक जानता ही नहींधन्यवाद ही जानता है। भूलकर भी उसके भीतर शिकायत नहीं उठतीकोई शिकायत नहीं उठती। जैसा है बिल्कुल ऐसा ही होना चाहिए। जैसा है ठीक हैतथाता-भाव होता है। दर्द भी होता हैपीड़ा भी होती हैतो भी वह कहता है : धन्यभाग मेरेआज कल से बहुत कम है! वह धन्यवाद का रास्ता खोज लेता है।

उनके अल्ताफ का इतना ही फुसूं काफी है
कम है पहले से बहुत दर्दे-जिगर आज की रात।
--उनकी कृपाओं का जादू इतना ही क्या कम है!

 उनके अल्ताफ का इतना ही फुसूं काफी है
--इतनी ही उनकी कृपा बहुतइतना ही उनका जादू-चमत्कार बहुत।

कम है पहले से बहुत दर्दे-जिगर आज की रात।
--पहले से दर्द बहुत कम हैधन्यवाद।
दुःख में और पीड़ा में भी वह सुख का कोई सूत्र खोज लेता है। तुम उलटे हो। तुम्हें सुख भी मिलता हो तो तुम शिकायत का कोई कारण खोज लेते हो। तुम कहते हो : हां ठीक हैगुलाब का फूल तो हैलेकिन इतने कांटे हैंइनके बाबत क्याहां ठीक हैजिंदगी में कभी-कभी रोशनी भी आती हैलेकिन एक दिन और दोनों तरफ दो रात हैंइसके बाबत क्या?
तुम कभी भी शिकायत से बच ही नहीं पाते--सुख भी मिले तो उसके पास भी शिकायत की बाढ़ खड़ी होती है।
आशिक का मतलब है : अब शिकायत क्याजिसको प्रेम किया उससे गलत हो सकता हैयह बात ही क्या उठानी! उससे गलत हो ही नहीं सकता। प्रेमी जानता ही नहीं कि दुःख हो सकता है। दुःख में भी उसे सुख है।

"तिलभर रक्त न मांसनहीं आसिक को रोना।
मान बड़ाई खोय नींद भर नाहीं सोना।।'
इसलिए अपने रोने की कथाएं लेकर मंदिर मत जाना। मत जाना भूलकर मस्जिद-गुरुद्वारा शिकायत लेकरअन्यथा तुम गए ही नहीं। शिकायत ही ले जानी थी तो जाना ही नहीं। जिस दिन कोई शिकायत न हो उस दिन जाना। जिस दिन मन में कोई शिकायत का भाव न होअपूर्व धन्यवाद उठ रहा होअहोभाव जग रहा होतुम्हारे मन में कृतज्ञता का भाव गहरा रहा हो--उस दिन जाना। उसी दिन पहुंचोगे।

"पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं।
सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।'
 बड़ा अद्भुत वचन है! पलटू कहते हैंसुन लो पक्की बात। यह पागलों का काम हैबेवकूफों का काम है आशिकी मेंपड़ना--क्योंकि अपने को गंवाना पड़ता है। होशियार होइस तरफ चलना ही मत। चतुर-चालबाजों के लिए यह जगह नहीं है।
"पलटू बड़े बेकूफ वे' . . . जो बिल्कुल बेवकूफ हैंनादान हैंनासमझ हैंसरल हैंभोले हैंबच्चों जैसे हैंपागलों जैसे हैंजिन्हें होश-हवास नहींजिंदगी का गणित जिन्हें नहीं आताउनके लिए यह रास्ता है।

"पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं।'
बड़े पागल ही प्रेम के रास्ते पर चलते हैं। भोले-भालेनिर्दोष चित्त लोगों का यह मार्ग है। चतुर और चालाकगणित में होशियार और दुकानदार उनका यह मार्ग नहीं है। वे तो कहते हैं : "अपने को गंवाओ तो फिर सार ही क्या पाने में! अपने को रहते कुछ मिले तो सार है।'
बुद्ध के पास एक सम्राट आया और उस सम्राट ने कहा कि आप कहते हैं शून्य हो जाओ। यह भी कोई बात हुईशून्य ही हो गए तो फिर सार क्याजब हमीं न रहे तो मोक्ष का भी क्या करेंगे और निर्वाण का भी क्या करेंगेजब हम ही न रहे?
तुम ही सोचोतुम किसी सुख की तलाश में जाओ और कोई कहे कि हांमिल सकता हैमगर पहले तुम मर जाओ। तो तुम कहोगेफिर इससे फायदा क्यासीधा गणित है।
उस सम्राट ने कहा कि आप कहते हैं शून्य हो जाओतब निर्वाण मिलेगामगर जब मैं ही न रहा तो उस निर्वाण का मैं करूंगा भी क्याउससे तो संसार ही बेहतरकम से कम मैं तो हूं!
ये सांसारिक गणित है।
लेकिन उस सम्राट को पता नहीं कि एक और गणित है--महागणित है। शून्य होने का मतलब मिट जाना थोड़े ही होता है। शून्य होने का मतलब शांत हो जाना होता है। शून्य होने का मतलब होता है तुम्हारे भीतर जो उपद्रव था वह मिट गया। वह अहंकार उपद्रव हैऔर कुछ भी नहींभीड़-भाड़शोरगुलबेचैनीपरेशानीतनावसंताप। तुम्हारे भीतर जो "मैंहै वह आंधी-अंधड़ है। जैसे सागर पर आंधी आई हुई हैतूफान आया हुआ है और बड़ी लहरें उठ रही हैंजब ये लहरें मिट जाएंगी तो सागर थोड़े ही मिट जाएगा। ये लहरें जब मिट जाएंगी तभी सागर पूरा शांत होकर अपने में थिर हो पाएगाअपने घर आएगा।
यह "मैंतुम्हारा वास्तविक होना नहीं है।
 इसलिए भक्त कहते हैं : सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं। अपना सिर उतार कर रख देना पड़ता हैक्योंकि यह सिर्फ बोझ है। यह सिर बोझ है।

"पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं।'
पागल हैं वे जो आशिक होने जाते हैं। जो पागल हों वही चलें इस रास्ते पर। पलटू कहते हैं पहले ही सावधान कर देते हैं,यह पागलों का मार्ग है।

"सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।'
मिट जाने की तैयारी हो तो इस दिशा में चलना। खो जाने की तैयारी हो तो इस मार्ग को पकड़ना। अपने को निछावर कर देने की तैयारी हो तो हीतो ही भक्ति का द्वार खुलता है।
एक स्वर बोलो!
जीवन में आता-सा
घूम कर जाता-सा
विवश संकल्प में
जीवन जागता-सा
दूर की हेला-सा
फूलते बेला-सा
एक स्वर बोलो
एक एकस्वर बोलो
कोटि पंथों जगी
कोटि दीपों लगी
आग-सी स्पष्ट वह
स्नेह-बाती पगी
आ गई जलन को,
जीवन को बारती
देव-देव हर्ष उठे
बन गई आरती
ओंठ ज़रा खोलो
एक एकस्वर बोलो!
तुम्हारा जीवन आरती तभी बनेगा जब तुम जल उठोभभक उठो।
कोटि पंथों जगी
कोटि दीपों लगी
आग-सी स्पष्ट वह
स्नेह-बाती पगी
आ गई जलन को,
      जीवन को बारती
देव-देव हर्ष उठे
बन गई आरती!
तुम्हीं नहीं प्रसन्न होओगे जब तुम खो जाओगेसारा जगत्सारा अस्तित्व प्रसन्न होता है। एक भक्त का जन्म और सारे अस्तित्व के लिए अपूर्व आनंद का अवसर है।
देव-देव हर्ष उठे!
सारा जगत्सारे देवता आनंद-विभोर हो उठ जाते हैं जब कोई एक हिम्मतवर आदमी अपने शीश को उतारकर रख देता है।

"यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।'
यह कोई तुम्हारी मौसी का घर नहीं है कि चले गए और आराम कर लियाकि वहां कुछ करना भी नहीं पड़तामेहमान बन गए।

"यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।'
यह कोई रिश्तेदारी नहीं हैयह कोई मेहमानबाजी नहीं है। यह प्रेम का घर है। यहां मिटकर आना पड़ता है।

"खाला का घर नाहिंसीस जब धरै उतारी।'
इसकी शर्त है और शर्त बड़ी अजीब है कि शीश को बाहर ही रख आओ। मंदिर में अगर शीश को लेकर आ गए तो तुम आए ही नहीं। शीश को बाहर ही रख आएसीढ़ियों परतो ही आए।

"हाथ-पांव कटि जायकरै ना संत करारी।
खाला का घर नाहिंसीस जब धरै उतारी।
हाथ-पांव कटि जायकरै ना संत करारी।।'
सब मिट जाएशीश कट जाएहाथ-पैर कट जाएफिर बचता क्या है?
थोड़ा समझो। शीश का अर्थ होता है : चिंतनविचार। वह जो तुम्हारे सिर में चलती रहती है अनंत धारा विचारों कीवह मिट जाए। और हाथ-पैर का क्या अर्थ है?--वह जो करने की आतुरता कि कुछ करूंकुछ करके दिखा दूंकि कुछ बन जाऊं कि कुछ हो जाऊं। हाथ और पैर--तुम्हारी गति और कृत्य। तो कर्ता का भाव तुम्हारे हाथों में है। तुम्हारे जीवन की गतितुम्हारे जीवन की दौड़कुछ हो जाने का भावतुम्हारे पैरों में है। और तुम्हारे सिर में विचार--"कैसे हो जाऊंक्या हो जाऊंकैसा आयोजन करूंकैसा गणित बिठाऊं?' इतने ही तो तुम हो। तुम्हारे जीवन की सारी कथा इतनी ही तो है। क्या तुम सोचते रहते होकैसे धन बढ़ेकैसे मकान बढ़े?कैसे प्रतिष्ठा बड़े तुम क्या सोचते होक्या करते हो?
संत तो वही है जिसका सिर भी कट जाएहाथ-पैर भी कट जाए। संत तो वही है जिसको कर्ता की कोई दृष्टि ही न रह जाए। कर्ता तो एक ही है परमात्मा। करता पुरुष! एक ही कर्ता है। हम नाहक ही यह दंभ करते हैं कि हम कर्ता हैं।

"हाथ-पांव कटि जायकरै न संत करारी।'
सब मिट जाएहोने की यह दौड़ मिट जाएकुछ न बचेशून्य हो जाएलेकिन कोई करार नहीं पैदा होताकोई कराह पैदा नहीं होतीन कोई इनकार पैदा होती है। जो भी होसंत स्वीकार करता हैइनकार करता ही नहीं। वह कहता है : यही तेरी मरजी यही होऐसा ही हो!

दिल रहे या न रहे जख्म भरें या न भरें
चारा-साजों की खुशामद मुझे मंजूर नहीं।
दिल रहे या न रहेयह बचूं या न बचूंयह जिंदगी बचे या न बचे . . ."जख्म भरें या न भरेंचारा-साजों की खुशामद मुझे मंजूर नहीं' . . .लेकिन वैद्यों की खुशामद न करने जाऊंगा कि मुझे बचाओकि ये मेरे घाव भर दो। मैं कोई औषधियां नखोजूंगा जीवन को चलाए रखने की। मैं घावों के लिए कोई मलहम तलाश करने न जाऊंगा

दिन रहे या न रहेजख्म भरें या न भरें
चारा-साजों की खुशामद मुझे मंजूर नहीं।
जिसको आखिरी चारा-साज मिल गयाजिसको असली वैद्य मिल गयाजिसको परमात्मा मिल गयाअब तो उसके हाथ से लगे हुए घाव भी कमल के फूल हो जाते हैं।

"ज्यौं-ज्यौं लागै घावतेहुंत्तेहुं कदम चलावै
सूरा रन पर जायबहुरी न जियता आवै।।'
और जैसे-जैसे घाव बढ़ते हैं--यह तो उलटा गणित कह रहा हूं तुमसे--जैसे-जैसे घाव बढ़ते हैं . . ."ज्यौं-ज्यौं लागै घाव,तेहुंत्तेहुं कदम चलावै' . . .भक्त वैसे-वैसे और दौड़ा कर बढ़ता है परमात्मा की तरफऔर गति से बढ़ता है। जैसे-जैसे घाव लगते हैं! तुम कहोगेपागल होवह तो पलटू ने पहले ही स्वीकार कर लिया। "पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं। सीस उतारैहाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।वह तो मान ही लिया पलटू ने कि हम तो पागल हैंपागलों की बातें कर रहे हैं और पागल ही सुनें और पागल ही इस पर चलें। होशियारों का काम संसार में है। होशियार धन इकट्ठा करेंमकान बनाएंपरिवार बढ़ाएं। होशियार सब इकट्ठा करें और एक दिन मर जाएं और कुछ हाथ न लगे। पागल वे जो सब लुटा दें और सब पा लें। पागल यानी जुआरीदुकानदार नहीं।

"ज्यौं-ज्यौं लागै घावतेहुंत्तेहुं कदम चलावै'
यह भी कोई बात हुई कि जैसे-जैसे घाव बढ़ते हैंकदम और तेजी से पड़ने लगते हैंक्योंकि हर घाव उसकी हर कृपा का सबूत है। हर घाव इतना ही कहता है कि वह तुम्हें शुद्ध करने को लग गया। हर घाव इतना ही कहता है कि उसने तुम्हें मिटाना शुरू कर दिया। हर घाव नया धन्यवाद पैदा कर जाता है।

"ज्यौं-ज्यौं लागै घावतेहुंत्तेहुं कदम चलावै
सूरा रन पर जायबहुरि न जियता आवै।।'
जैसे शूरवीर जाता है युद्ध परतो गया। सब सेतु तोड़कर आता है घर से। लौटने की तैयारी रखकर नहीं आता। लौटने की टिकट की तैयारी रखकर नहीं जाता। गया तो गया। जहां से जाता हैगया।
संसार में लौटने का भाव नहीं है भक्त का। भगवान मिटा देघाव मारेतो भी ठीक। और संसार में प्रतिष्ठा मिले तो भी ठीक नहीं।

"सूरा रन पर जायबहुरि न जियता आवै'
और यह कुछ ऐसा युद्ध है भक्त और भगवान के बीच . . .। संसार के युद्ध मेंसंसार के साधारण युद्धों में तो बहादुर भी कभी लौट आता हैजीत कर लौट आता है। हार कर तो कभी नहीं लौटामर जाएगामगर जीत जाएगा तब तो लौट आएगा। मगर यह जो भगवान और भक्त के बीच जो सघर्ष होता इसमें भक्त कभी नहीं लौटता--लौटता ही नहीं। गया तो गया। जैसे नदी उतर जाती है सागर में और खो जाती हैफिर लौटकर थोड़े ही आती है।

"सूरा रन पर जायबहुरि न जियता आवै
पलटू ऐसे घर महैं बड़े मरद जे जाहिं।
यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।।'
इसलिए पलटू कहते हैंपागल होओ तो चलनामर्द होओ तो चलना। हिम्मत होमौत को अंगीकार कर लेने का साहस हो तो चलना। बड़े मरद जे जाहिं!
साधारणतः तुम सोचते होभक्ति कमजोरों की बात है। साधारणतः तुम सोचते हो कि यह तो कमजोर और काहिलों का मामला है। जिनसे कुछ नहीं बनताजो जिंदगी में नहीं जूझ पातेजिनकी जिंदगी में कोई पकड़ नहीं हैजिंदगी में हार गए हैं,पराजित हैं--ये मंदिरों में प्रार्थना करते हैं। यह कमजोरकाहिलसुस्तदीनों की बात है।
नहींभक्ति से बड़ा साहस और कुछ भी नहीं हैक्योंकि अपने को पूरा दांव पर लगाना पड़ता है। लौटकर आने का कोई मार्ग ही नहीं बचता। इस प्रेम की अग्नि में जो गया पतंगावह जल ही जाता है।

विश्व में सबसे वही हैं वीर
है जिन्होंने आप अपने को गढ़ा
और वे ज्ञानी अगम गंभीर
है जिन्होंने आप अपने से पढ़ा।
यह भक्ति तो तुम्हारे भीतर परमात्मा को गढ़ने की प्रक्रिया है। यह भक्ति तो तुम्हारे भीतर छिपे हुए परम शास्त्र को पढ़ने की प्रक्रिया है। यह बड़े साहसियों का काम है। कमजोर लोग उधार से काम चला लेते हैंदूसरों की किताबें पढ़ लेते हैं,अपने भीतर छिपी किताब को पढ़ते ही नहीं। दूसरों ने जो कहा है परमात्मा के संबंध मेंमान लेते हैं। खुद देखने जाते ही नहीं। दरिया देखे जानिए . . .। और देखकर ही जानना चाहिए। जानना तभी जब अपनी आंख से देखा हो। फिर जो भी दांव पर लगे,लग जाए।

"सूरा रन पर जायबहुरि न जियता आवै
ज्यौं-ज्यौं लागै घावतेहुंत्तेहुं कदम चलावै।।
पलटू ऐसे घर महैंबड़े मरद जे जाहिं।'
यह जो परमात्मा का घर हैयह जो परमात्मा का मंदिर हैमर्दों के लिए हैदुस्साहसियों के लिए है।

"यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।'
ले चलहां मझधार में ले चलसाहिल-साहिल क्या जाना
मेरी कुछ परवाह न करमैं खूंगर हूं तूफानों का।
भक्त तो कहता है कि किनारे-किनारे लगाकर क्या नौका को चलना!
ले चलहां मझधार में ले चलसाहिल-साहिल क्या जाना!
यह भी कोई जाना है--होशियारी-होशियारी और चतुराई और गणित और हिसाब! हिसाब-हिसाब में ही बंधे भी कोई जाना होता है!
ले चलहां मंझधार में ले चलसाहिल-साहिल क्या जाना
मेरी कुछ परवाह न करमैं खूंगर हूं तूफानों का।
जिसने परमात्मा के तूफान को झेलने की तैयारी दिखला दीअब सब तूफान छोटे हैं। अब मंझधार में नौका ले जाई जा सकती है। अब तो डूब जाने में भी मजा है। अब तो डूब जाने में ही मजा है।

"लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।'
बड़ी प्यारी बातें हैंपलटू कह रहे हैं। कहते हैं कि यह प्रेम के लिए कोई लगन महूरत मत देखनाकोई ज्योतिषी से पूछने मत चले जाना कि कब करें प्रेमकब करें प्रार्थनाकि ब्रह्म-मुहूर्त में करें कि रात करें कि सांझ करेंकि संध्या कब होनी चाहिएकिस पंडित-पुरोहित को बुला कर करेंकौन-सी पूजाकिस विधि से करें। विधि-विधान में मत पड़ जाना।
प्रेम की विधि एक ही है : "सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।एक हीविधि है : "पलटू बड़े बेकूफ वेआसिकहोने जाहिं।पागल होने की तैयारी चाहिएऔर कोई विधि नहीं चाहिए।
"लगन महूरत झूठ सब' . . . तो पंडित-पुजारियों के चक्कर में मत पड़ जाना। भक्ति का उससे कुछ लेना-देना नहीं है। तुम सोचते हो कि सत्यनारायण की कथा करा ली तो तुम भक्त हो गए! ये तो तरकीबें हैं। तुम तो भगवान को भी धोखा देने चले हो। ज़रा सोच कर चलना : "झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहिं'
क्या कोई लग्न मुहूर्त होता हैकोई विधि-विधान होता है?

"लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।
और बिगाड़ैं कामसाइत जनि सोधैं कोई।'
और जो इन मुहूर्तों में पड़ा रहता है--शुभ मुहूर्त देखूंशास्त्र के हिसाब से चलूंविधि-विधान का पालन करूंकैसे पूजा करना--इस सब में जो पड़ा रहता हैवह कभी प्रेम की दीवानगी में उतर ही नहीं पाता।
रामकृष्ण पुजारी हुए थे तो कभी पूजा करतेकभी न भी करते। और कभी करते तो दिनभर करते और कभी दो मिनट में निकल आते। और इसके पहले कि काली को भोग लगातेखुद चख लेते। शिकायत हुई। मंदिर की जो कमेटी थी उसके सामने बुलाए गए कि यह कोई पूजा है कि किसी दिन दिनभर चलती हैफिर दो-चार दिन मंदिर बंद भी हो जाता है! फिर कभी दो मिनट में बाहर निकल आते हो। और हमने यह भी सुना है कि तुम भगवान को प्रसाद लगाने के पहले खुद चख लेते होवहीं मंदिर में खड़े होकर चखते हो! यह तो सब बात गड़बड़ है।
 तो रामकृष्ण ने कहा : सम्भालो अपनी फिर यह पूजायह मुझसे न होगी। मेरी मां जब भी कुछ बनाती थी तो पहले खुद चखती थीफिर मुझे देती थी। मैं बिना चखे दे ही नहीं सकता। क्योंकि पता नहीं देने योग्य हो भी कि न होमुझे पता कैसे चले! जब मैं चख लूं और पाऊं कि हांस्वादिष्ट हैदेने योग्य है तो लगा दूं।
अब यह कुछ और ही बात हो गई। यह शास्त्र के बिल्कुल विपरीत हो गई। पहले भगवान को लगाओफिर अपना भोग लगा लेना। रामकृष्ण पहले अपने को लगाते। मगर उनकी बात में तो बड़ा बल है। और उन्होंने कहा कि जब दिल बैठ जाता है तो फिर कोई घड़ी-घंटों का हिसाब रहता है! जब बैठ गया दिल तो फिर बैठा रहता दिलफिर दिनभर भी चलती है तो दिनभरभी चलती है। फिर यह कोई थोड़े ही है कि घंटे के हिसाब से . . . यह कोई स्कूल थोड़े ही है कि घंटा बजाया और क्लास शुरू;घंटा बजायाक्लास बंद।
मेरे एक शिक्षक थे--विश्वविद्यालय में मेरे एक प्रोफेसर थे। बस एक ही शिक्षक जैसे शिक्षक थे। उनकी कक्षा में कोई भरती नहीं होता था। दो-चार सालों से उनकी कक्षा में कोई आया ही नहीं था। जब मैं पहले दफा उनकी कक्षा में गया तो उन्होंने कहा कि भाई तुम समझ लोक्योंकि तीन-चार साल से तो कोई विद्यार्थी आया ही नहीं। झंझट यह है कि मैं घंटे से शुरू तो कर सकता हूं लेकिन खत्म नहीं कर सकता। तो घंटा बजता है कि ग्यारह बज गए तो मैं शुरू कर देता हूं। लेकिन ग्यारह बज कर चालीस मिनट पर खत्म नहीं कर सकता। क्योंकि जब तक मेरी बात पूरी न हो जाए मैं खत्म नहीं करता। कभी दो घंटे लगते हैंकभी तीन घंटे लगते हैं। कभी पांच-दस मिनट में ही खत्म हो जाती है बात। तो अंत का कुछ पता नहीं है। इसलिए विद्यार्थी यहां आने में डरते हैं। तुम आ रहे हो तो ठीक। तुम घबड़ा जाओ तो तुम चले जाना। तुम परेशान हो जाओगे तीन घंटे हो गए सुनते-सुनतेतो तुम चुपचाप खिसक जानामुझे बाधा मत डालना। तुम्हारी फिर मौज हो तो फिर घूम-फिर कर लौट आना।
बड़े अद्भुत आदमी थे। ऐसा ही होता था। और मैं अकेला ही विद्यार्थी उनकी कक्षा में । मैं चला भी जाता कभी तो भी वे बोलते रहते। मैं भी लौट आता। वे मुझसे बड़े खुश थे। वे कहते थे : तुम बाधा नहीं डालतेयह बात ठीक है। मैं कभी सो भी जाता क्योंकि वे काफी लंबा बोलते। तो वे मुझे उठाते जब उनका बोलना खत्म हो जाता कि अब उठो भाई।
रामकृष्ण कहते थेपूजा का कोई हिसाब तो नहीं हो सकता। तो कभी जमती है तो जम जाती है। कभी बैठ जाती है बात तो बैठ जाती है। कभी दिल से दिल बैठ जाता है तो मिल जाता हैतो फिर चलती है। कभी नहीं बैठतातब कोई जबरदस्ती थोड़े ही हो सकती है। "झूठ आसिकी करै मुलुक में जूती खाहींतब झूठी पूजा कैसे करूं। हो ही नहीं रहीआज मन उठ ही नहीं रहा। और कभी-कभी तो मैं नाराज भी हो जाता हूं भगवान पर। तब नाराजगी में कैसे पूजा होजब नाराज हो जाता हूं तो ताला लगाकर बंद कर देता हूं कि पड़े रहोअब पछताओगे! अब नहीं आऊंगा। फिर याद आने लगती है कि यह तो बात ठीक नहीं। फिर जाकर मना लेता हूं।
तो रामकृष्ण ने कहाअगर तुम्हारी मरजी हो तो मुझे अलग कर दोमगर मेरी पूजा तो ऐसी ही चलेगीक्योंकि यह पूजा है।

"लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।
और बिगाड़ैं कामसाइत जनि सोधैं कोई।
एक भरोसा नाहिंकुसल कहुवां से होई।'
जमाने भर की विधि-विधानों का फिक्र कर रहे हो और असली बात भीतर सोच ही नहीं रहे हो कि--एक भरोसा नाहिं,कुसल कहुवां से होई। उस परमात्मा पर भरोसा नहीं हैबस यह असली बात तो खो रही है। और सब इंतजाम किए ले रहे हो। विवाह का सब इंतजाम कर लिया हैबैंड-बाजे इकट्ठे कर लिए हैंबाराती इकट्ठे हो गए हैं और यह भूल ही गए वर कहां है! बारात निकलने की तैयारी होने लगीतब याद आई कि वर तो है ही नहीं। असली बात तो एक हैबाकी बारातियों से कहीं बारात थोड़ी ही बनती है--वर चाहिए! भरोसा!

"एक भरोसा नाहिंकुसल कहुवां से होई।'
 कहां से तुम्हारी कुशलता होगीतुम्हें उस एक पर भरोसा नहीं। तुम्हें एक भरोसा नहीं।

"जेकरे हाथै कुसलताहि का दिया बिसारी
आपन इक चतुराईबीच में करै अनारी।।'
"जेकरे हाथै कुसल'. . . जिसके हाथ सारी कुशलता हैसारा कल्याण हैउसको तो भूल बैठे हो और पंडित-पुजारी और ज्योतिषी और विधि-विधान और हिसाब-किताबइस सब में पड़े हो!

"जेकरे हाथै कुसलताहि का दिया बिसारी
आपन इक चतुराईबीच में करै अनारी।।'
बड़े मूढ़ हो तुमअपनी चतुराई लगा रहे हो!
चतुर जो हैं वे परमात्मा में नहीं पहुंच पाते। उनकी चतुराई ही बाधा बन जाती है। वहां तो भोले सरल चित्त लोग चाहिए।

"पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं।
सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।'
"तिनका टूटै नाहिं बिना सतगुरु की दाया।
अजहूं चेत गंवारजगत् है झूठी काया।।'
"तिनका टूटै नाहिं बिना सतगुरु की दाया।बिना सतगुरु की दया के एक तिनका भी नहीं टूटता। "अजहूं चेत गंवार,जगत् है झूठी काया।यह सारा जगत् तो झूठ का फैलाव है। अब भी चेत। और कब तक सोया रहेगा?

सपनों के सारे शीशमहल फिर चकनाचूर हुए।
जब सांझ लगी घिरनेअपने साए भी दूर हुए।
जल्दी ही वक्त आ जाएगामौत करीब आने लगेगी। अपनी छाया भी दूर हो जाती हैदूसरों का तो कहना ही क्या! जगत् है झूठी काया।

सपनों के सारे शीशमहल फिर चकनाचूर हुए।
ऐसा कितनी बार नहीं हो चुका है! कितनी बार जन्म और कितनी बार मौत! कितनी बार सपनों के शीशमहल चकनाचूर नहीं हुए!

सपनों के सारे शीशमहल फिर चकनाचूर हुए
जब सांझ लगी घिरनेअपने साए भी दूर हुए।
इसके पहले कि सांझ घिर जाएजागो! अजहूं चेत गंवार!

ढल गया सूरजउदासी छा गई
सांवरी-सी सांझ सहसा आ गई
पंथ थे उन्मुक्तक्यों कर रुक गए
क्यों धरा की ओर सहसा झुक गए
दृष्टि काली डोर से टकरा गई
सांवरी-सी सांझ सहसा आ गई।
अनमनी धरतीगगन है अनमना
रह गया सपना कि जैसे अधबना
घिर गए बादल बहुत से सुरमई
सांवरी-सी सांझ सहसा आ गई।
सूर्य के अंतिम किरण-सर छूटते
और जल-दर्पण वहीं पर टूटते
टूटते ही बिंब लौ टूटे गई
सांवरी-सी सांझ सहसा आ गई।
सुबह आयासांझ भी आती ही होगी। सुबह के साथ ही आ गई। सुबह के साथ सांझ का आना शुरू हुआ। इसके पहले किसांवरी सांझ आ जाएरात घिरे मौत की और अंधकार छा जाए और तुम्हारे हाथ में करने को कुछ भी न बचे और जिसेजिंदगीभर बसाया थासंभाला थाबचाया थावह सब छुड़ा लिया जाए--उसके पहले देने की कला सीख लेना। उसके पहले समर्पित होने की कला सीख लेना।

"तिनका टूटै नाहिं बिना सतगुरु की दाया।'
यही मतलब है सूत्र का। मैं कुछ कर सकूंगायही तो संसार की दृष्टि है। फिर धर्म में आते होतब भी कहते हो मैं कुछ कर सकूंगातो तुम्हारी वही पुरानी अकड़ जारी है। धर्म के जगत् में तो तुम कहो : मैं कुछ भी नहीं कर पाया। इस "मैंसे कुछ होता ही नहीं।
सद्गुरु के चरणों में रख दो इस "मैंको। कहो कि अब जो तुझे करना हो कर।
सद्गुरु का अर्थ होता हैः तुमने ईश्वर तो देखा नहींपहचाना नहींभगवान् तुम्हारी कोई मुलाकात नहींजिसकी मुलाकात होउसके चरणों में रखोवहां से शुरुआत करो। राजा से मिलना नहीं होता तो चलो वजीर से मिलो। वजीर से मिलना नहीं होता तो चलो चौकीदार से मिलो। मगर चौकीदार से भी मिलकर भी थोड़ा संबंध बनता है। तुम्हारी तो कोई पहचान ही नहीं है,चौकीदार की कम से कम पहचान है।
सद्गुरु का इतना ही अर्थ होता है कि जिसकी मुलाकात हो गई है उससे तुम भी दोस्ती बांधो। इसी दोस्ती के सहारे तुम भी जुड़ जाओगे।

"तिनका टूटै नाहिं बिना सतगुरु की दाया।
अजहूं चेत गंवारजगत् है झूठी काया।।
पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।
लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।।'
पलटू कहते हैं : "पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।जब प्रभु की याद आ जाए वही घड़ी शुभ है। आधी रात आ जाए तो ब्रह्ममुहूर्त। भर दुपहरी में आ जाए तो ब्रह्ममुहूर्त का अर्थ होता है जब ब्रह्मा की याद आ जाए।

"पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।'
 जब उसकी स्मृति तुम्हें झकझोरने लगेजब उसकी पुकार तुम्हें खींचने लगेजब उसका प्रेम तुम्हें डोर में बांधने लगे;जब तुम्हारे भीतर परमात्मा की स्मृति जगने लगेसुगबुगाने लगेजब तुम्हारे भीतर थोड़ा-सा अंकुर फूटने लगे उसकी तरफ--कहो प्रार्थनाकहो ध्यानकहोसुरतिशब्दनामजो तुम्हें कहना हैलेकिन जब तुम्हारे भीतर यह दिखाई पड़े कि संसार व्यर्थ हैसंसार का अतिक्रमण करना हैबहुत देर हो गईअब घर लौटना है। मालिक की याद आने लगी। साहिब की याद आने लगे।

"पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।'
जब भी याद पड़ जाए नामवही घड़ी शुभवही दिन शुभ। फिर न पूछना पंडित-पुजारी-पुरोहित सेज्योतिषी से। क्या पूछना किसी से! चौबीस घड़ियां शुभ हैंलेकिन अशुभ हुई जा रही हैंक्योंकि उसकी याद से नहीं जुड़ी हैं। हर पलहर छिन शुभ हैलेकिन खाली जा रहे हैंक्योंकि परमात्मा से नहीं जुड़ा है। जिस क्षण जोड़ बैठ जाएसेतु बन जाएउसी क्षण क्रांति घटनी शुरू हो जाती हैउसी क्षण तुम तुम न रहेतुम महिमावान हो गए। इधर मिटे और महिमा आई।

"पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।
लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।।'
विधि-विधान में मत पड़ना। प्रेम की कोई विधि नहींकोई विधान नहीं। प्रेम तो पागलों की बात हैदीवानों का काम है। प्रेम तो भाव की दशा हैविचार की नहीं। विचार में विधि-विधान होते हैं। हृदय की बात है। इसलिए तो सिर को उतार देना पहली शर्त है।
ये सूत्र प्रेम का पूरा शास्त्र है। ये तुम्हारे हृदय में बैठ जाएं। इनकी थोड़ी गंध तुम्हारे जीवन में आ जाए तो तुम अपूर्व आनंद से भर जाओगे।
जीवन में एक ही आनंद हैवह परमात्मा से मिलने का आनंद है। और भी जो आनंद कभी आनंद जैसे मालूम पड़ते हैं,जाने-अनजाने परमात्मा से मिलने के कारण ही होते हैं। सुबह सूरज उगता हैप्राची पर लाली फैल जाती हैपक्षी गीत गाते हैं,हवाओं में सुवास होती हैशीतलता होती है--तुम उठेरातभर के सोएताजे और तुमने उगते सूरज को देखा और तुमने कहा कितना सुंदर! और यह पलक्षण शुभ हो गया। मगर यह सूरज का सौंदर्य उसी का सौंदर्य है। यह उसी की तस्वीर का एक हिस्सा है। यह उसका ही एक अंग है। हिमालय के उत्तुंग शिखर देखेकुंवारी बर्फ से जमेजिन पर कोई कभी नहीं चलाउन पर चमकती सूरज की किरणें देखींफैली चांदी देखीसोना देखा पहाड़ों पर--उस अपूर्व दृश्य को देख कर तुम ठगे-ठगे अवाक रह गए। विचार क्षणभर को रुक गए। ऐसा तो कभी देखा नहीं था। इस अपूर्व ने तुम्हें अवाक कर दियाआश्चर्य-विमुग्ध कर दिया। तुमने कहा : बड़ा सुंदरबड़ा प्रीतिकर! परमात्मा को फिर देखा। पहाड़ पर उसकी छाया देखी।
कभी सागर के किनारे सागर की उठती लहरों को देखकरउस तुमुल नाद को देखकरउस विराट को फैले हुए देखकर,तुम्हारा छोटा-सा मन गुपचुप हो गया। कहाबड़ा सुंदर है! बड़ा सुख पाया। फिर परमात्मा की एक झलक मिली।
कभी किसी की आंखों में झांककरकभी किसी का हाथ हाथ में लेकरप्रेम का थोड़ा-सा झरना बहा और तुमने कहाबड़ा सुंदर व्यक्ति हैकि बड़ा प्यारा व्यक्ति हैकि मनचीता मिल गया! फिर परमात्मा मिला। फिर उसका एक हिस्सा मिला।
और ये सब छोटे-छोटे खंड हैं। इन छोटे-छोटे खंडों को ज्यादा देर नहीं अनुभव किया जा सकता। ये झलकें हैं। जैसे चांद झलकता हो झील मेंसुंदर हैझलक भी असली चांद की हैमगर झलक है।
जैसे तुम दर्पण के सामने खड़े होते हो और चेहरा बना है दर्पण मेंतुम कहते हो सुंदर हैमगर जो चेहरा दर्पण में बन रहा हैवह सच की ही नकल हैमगर सच नहीं है। झलक तो सच की ही हैमगर झलक स्वयं नहीं है। क्षणभंगुर है--आया,गया।
रोज-रोज ऐसे बहुत-से क्षण तुम्हारे जीवन में आते हैंजब परमात्मा की झलक कहीं से आती हैसुध आती है। ये छोटे-छोटे सुखक्षणभंगुर सुख भी उसी के ही हैं। लेकिन ये आएंगे और जाएंगे। धीरे-धीरे जब तुम यह समझोगे कि सारा सुख उसका हैसारा आनंद उसका हैतब तुम खंड-खंड न खोजोगेतब तुम अखंड में खोजोगे। तब तुम ऐसे टुकड़े से राजी न होओगेतुम कहोगे अब तो पूरा चाहिए।
और पूरा मिलता है। पूरा मिला है। मैं तो रामरतन धन पाया! पूरा मिला है। पूरा मिल जाता है। मगर मिलता उन्हीं को है जो पूरा खोने को तैयार हैं। पूरे को पाने के लिए पूरे चुकाना पड़ता है।

मैं इन सूत्रों को दोहराए देता हूं :

सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।
सहज आसिकी नाहिंखांड खाने को नाहीं।
झूठ आसिकी करैमुलुक में जूती खाहीं।।
जीते जी मरि जायकरै ना तन की आसा।
आसिक का दिन रातरहै सूली पर वासा।।
मान बड़ाई खोयनींद भर नाहीं सोना।
तिलभर रक्त न मांसनहीं आसिक को रोना।।
पलटू बड़े बेकूफ वेआसिक होने जाहिं।
सीस उतारै हाथ सेसहज आसिकी नाहिं।।
यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।।
खाला का घर नाहिंसीस जब धरै उतारी।।
हाथ-पांव कटि जायकरै ना संत करारी।
ज्यौं-ज्यौं लागै घावतेहुंत्तेहुं कदम चलावै
सूरा रन पर जायबहुरि न जियता आवै।।
पलटू ऐसे घर महैंबड़े मरद जे जाहिं।
यह तो घर है प्रेम काखाला का घर नाहिं।।
लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।।
और बिगाड़ैं कामसाइत जनि सोधैं कोई।
एक भरोसा नाहिंकुसल कहुवां से होई।।
जेकरे हाथै कुसलताहि का दिया बिसारी
आपन इक चतुराईबीच में करै अनारी।।
तिनका टूटा नाहिंबिना सतगुरु की दाया।
अजहूं चेत गंवारजगत् है झूठी काया।।
पलटू सुभ दिन सुभ घड़ीयाद पड़ै जब नाम।
लगन महूरत झूठ सबऔर बिगाड़ैं काम।।

आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें