गुरुवार, 3 अगस्त 2017

एक ओंकार सतनाम - प्रवचन-2

हुकमी हुकमु चलाए राह—(प्रवचन—दूसरा)
पउड़ी: 2

हुकमी होवन आकार हुकमी न कहिया जाए।
हुकमी होवन जीअ हुकमी मिलै बड़िआई।
हुकमी उत्तम नीचु हुकमी लिखि दुख सुख पाईअहि।
इकना हुकमी बख्शीस इकि हुकमी सदा भवाईअहि।
हुकमी अंदर सभु को बाहर हुकुम न कोय।
'नानकहुकमी जे बुझे त हऊ मैं कहे न कोय।

पउड़ी: 3
गावै को ताणु होवै किसे ताणु। गावै को दाति जाणै निसाणु।।
गावै को गुण वड़िआइया चारु।
गावै को साजि करे तनु खेह।  गावै को जीअ लै फिरि देह।।
गावै को जापै दिसे दूरि। गावै को वेखै हादरा हदूरि।।
कथना कथी न आवै तोटि। कथि कथि कथी कोटि कोटि कोटि।।
देदा दे लैदे थकि पाहि। जुगा जुगंतरि खाहा खाहि।।
हुकमी हुकमु चलाए राह। 'नानकविगसै बेपरवाह।।



जीवन को जीने के दो ढंग हैं। एक ढंग है संघर्ष काएक ढंग है समर्पण का। संघर्ष का अर्थ हैमेरी मर्जी समग्र की मर्जी से अलग। समर्पण का अर्थ हैमैं समग्र का एक अंग हूं। मेरी मर्जी के अलग होने का कोई सवाल नहीं। मैं अगर अलग हूं,संघर्ष स्वाभाविक है। मैं अगर इस विराट के साथ एक हूंसमर्पण स्वाभाविक है। संघर्ष लाएगा तनावअशांतिचिंता। समर्पण: शून्यताशांतिआनंद और अंततः परम ज्ञान। संघर्ष से बढ़ेगा अहंकारसमर्पण से मिटेगा। संसारी वही है जो संघर्ष कर रहा है। धार्मिक वही है जिसने संघर्ष छोड़ा और समर्पण किया। मंदिरगुरुद्वारेमस्जिद जाने से धर्म का कोई संबंध नहीं। अगर तुम्हारी वृत्ति संघर्ष की हैअगर तुम लड़ रहे हो परमात्मा सेअगर तुम अपनी इच्छा पूरी कराना चाहते हो--चाहे प्रार्थना से ही सही,पूजा से ही सही--अगर तुम्हारी अपनी कोई इच्छा हैतो तुम अधार्मिक हो।
जब तुम्हारी अपनी कोई चाह नहींजब उसकी चाह ही तुम्हारी चाह है। जहां वह ले जाए वही तुम्हारी मंजिल हैतुम्हारी अलग कोई मंजिल नहीं। जैसा वह चलाए वही तुम्हारी गति हैतुम्हारी अपनी कोई आकांक्षा नहीं। तुम निर्णय लेते ही नहीं। तुम तैरते भी नहींतुम तिरते हो...।
आकाश में कभी देखें! चील बहुत ऊंचाई पर उठ जाती है। फिर पंख भी नहीं हिलाती। फिर पंखों को फैला देती है और हवा में तिरती है। वैसी ही तिरने की दशा जब तुम्हारी चेतना में आ जाती हैतब समर्पण। तब तुम पंख भी नहीं हिलाते। तब तुम उसकी हवाओं पर तिर जाते हो। तब तुम निर्भार हो जाते हो। क्योंकि भार संघर्ष से पैदा होता है। भार प्रतिरोध से पैदा होता है। जितना तुम लड़ते हो उतना तुम भारी हो जाते होजितने भारी होते हो उतने नीचे गिर जाते हो। जितना तुम लड़ते नहीं उतने हल्के हो जाते होजितने हल्के होते हो उतने ऊंचे उठ जाते हो।
और अगर तुम पूरी तरह संघर्ष छोड़ दो तो तुम्हारी वही ऊंचाई हैजो परमात्मा की। ऊंचाई का एक ही अर्थ है--निर्भार हो जाना। और अहंकार पत्थर की तरह लटका है तुम्हारे गले में। जितना तुम लड़ोगे उतना ही अहंकार बढ़ेगा।
ऐसा हुआ कि नानक एक गांव के बाहर आ कर ठहरे। वह गांव सूफियों का गांव था। उनका बड़ा केंद्र था। वहां बड़े सूफी थेगुरु थे। पूरी बस्ती ही सूफियों की थी। खबर मिली सूफियों के गुरु कोतो उसने सुबह ही सुबह नानक के लिए एक कप में भर कर दूध भेजा। दूध लबालब था। एक बूंद भी और न समा सकती थी। नानक गांव के बाहर ठहरे थे एक कुएं के तट पर। उन्होंने पास की झाड़ी से एक फूल तोड़ कर उस दूध की प्याली में डाल दिया। फूल तिर गया। फूल का वजन क्या! उसने जगह न मांगी। वह सतह पर तिर गया। और प्याली वापस भेज दी। नानक का शिष्य मरदाना बहुत हैरान हुआ कि मामला क्या है?उसने पूछा कि मैं कुछ समझा नहीं। क्या रहस्य हैयह हुआ क्या?
तो नानक ने कहा कि सूफियों के गुरु ने खबर भेजी थी कि गांव में बहुत ज्ञानी हैंअब और जगह नहीं। मैंने खबर वापस भेज दी है कि मेरा कोई भार नहीं है। मैं जगह मांगूंगा ही नहींफूल की तरह तिर जाऊंगा।
जो निर्भार है वही ज्ञानी है। जिसमें वजन हैअभी अज्ञान है। और जब तुममें वजन होता है तब तुमसे दूसरे को चोट पहुंचती है। जब तुम निर्भार हो जाते होतब तुम्हारे जीवन का ढंग ऐसा होता है कि उस ढंग से चोट पहुंचनी असंभव हो जाती है। अहिंसा अपने आप फलती है। प्रेम अपने आप लगता है। कोई प्रेम को लगा नहीं सकता। और न कोई करुणा को आरोपित कर सकता है। अगर तुम निर्भार हो जाओतो ये सब घटनाएं अपने से घटती हैं। जैसे आदमी के पीछे छाया चलती हैऐसे भारी आदमी के पीछे घृणाहिंसावैमनस्यक्रोधहत्या चलती है। हलके मनुष्य के पीछे प्रेमकरुणादयाप्रार्थना अपने आप चलती है। इसलिए मौलिक सवाल भीतर से अहंकार को गिरा देने का है।
कैसे तुम गिराओगे अहंकार कोएक ही उपाय है। वेदों ने उस उपाय को ऋत कहा है। लाओत्से ने उस उपाय को ताओ कहा है। बुद्ध ने धम्ममहावीर ने धर्मनानक का शब्द है हुकुमउसकी आज्ञा। उसकी आज्ञा से जो चलने लगाजो अपनी तरफ से हिलता-डुलता भी नहीं हैजिसका अपना कोई भाव नहींकोई चाह नहींजो अपने को आरोपित नहीं करना चाहतावह उसके हुक्म में आ गया। यही धार्मिक आदमी है।
और जो उसके हुक्म में आ गयावह सब पा गया। कुछ पाने को बचता नहीं। क्योंकि उसके हुक्म को माननाउसके हृदय तक पहुंच जाने का द्वार है। अपने को ही माननाउससे दूर हटते जाना है। अपने को मानना है कि तुमने परमात्मा की तरफ पीठ कर ली। उसकी आज्ञा को माना कि तुम्हारा मुख परमात्मा की तरफ हो गया। तुम सूरज की तरफ पीठ कर के जीवन भर भागते रहो तो भी अंधेरे में रहोगे। और तुम सूरज की तरफ मुंह इसी क्षण कर लो तो जन्मों-जन्मों का अंधेरा कट जाएगा।
परमात्मा के सन्मुख होने का एक ही उपाय है और वह यह है कि तुम अपनी मर्जी छोड़ दो। तुम तैरो मतबहो। तुम तिरोवह काफी है। तुम अकारण ही बोझ ले रहे हो।
और तुम्हारी सफलताएं-असफलताएं तुम्हारे अहंकार के ही रोग हैं। और तुम्हारी हालत वैसी हैजैसा मैंने सुना है कि एक रथ गुजर रहा था। और एक मक्खी उसके पहिए की कील पर बैठी थी। बड़ी धूल उठती थी। रथ बड़ा था। बारह घोड़े जुते थे। बड़ी भयंकर आवाजबड़ी धूल उठती थी। उस मक्खी ने आसपास देखा और कहा कि आज मैं बड़ी धूल उड़ा रही हूं। रथ से उड़ रही है धूल। मक्खी कील पर बैठी हैपर सोच रही हैआज मैं बड़ी धूल उड़ा रही हूं। और जब इतनी धूल उड़ा रही हूं तो इतनी ही बड़ी हूं।
तुम सफल भी होते हो उसके ही कारण। जो भी तुम पाते हो उसके ही कारण। तुम रथ पर बैठी एक मक्खी से ज्यादा नहीं हो। भूल कर यह मत सोचना कि इतनी धूल मैं उड़ा रहा हूं। धूल है तो उसके रथ की है। यात्रा है तो उसके रथ की है। लेकिन तुम अपने को बीच में मत ले लेना।
तुमने सुनी होगी बात उस छिपकली कीकि मित्रों ने उसे निमंत्रित किया था और कहा कि आओ आज थोड़ा जंगल में घूम आएं। उस छिपकली ने कहा कि जाना मुश्किल है। क्योंकि इस छप्पर को कौन सम्हालेगाछप्पर गिर जाएगा तो जिम्मेवारी मेरे ऊपर होगी। छिपकली सोचती है कि छप्पर को महल के वही सम्हाले हुए है। छिपकली को लगता भी होगा।
तुमने सुनी होगी कहानी कि एक बूढ़ी औरत के पास एक मुर्गा था। वह सुबह बांग देता था तभी सूरज उगता था। बूढ़ी अकड़ गई। और उसने गांव में लोगों को खबर कर दी कि मुझसे जरा सोच-समझ कर व्यवहार करना। ढंग और इज्जत से। क्योंकि अगर मैं चली गई अपने मुर्गे को ले कर दूसरे गांव तो याद रखनासूरज इस गांव में कभी उगेगा ही नहीं। मेरा मुर्गा जब बांग देता है तभी सूरज उगता है।
और बात सच ही थी कि रोज ही मुर्गा बांग देता था तभी सूरज उगता था। गांव के लोग हंसे। लोगों ने मजाक उड़ाई कि तू पागल हो गई। तो बूढ़ी नाराजगी में दूसरे गांव चली गई। मुर्गे ने बांग दी और दूसरे गांव में सूरज उगा। तो बूढ़ी ने कहाअब रोएंगे। अब बैठे होंगे छाती पीटेंगे। न रहा मुर्गान उगेगा सूरज।
तुम्हारे तर्क भी...बूढ़ी का तर्क भी है तो बहुत साफ। क्योंकि ऐसा कभी नहीं हुआ कि मुर्गे के बांग दिए बिना सूरज उगा हो। लेकिन बात बिलकुल उलटी है। सूरज उगता है इसलिए मुर्गा बांग देता है। बांग देने के कारण सूरज नहीं उगते। लेकिन बूढ़ी को कौन समझाएतुमको कौन समझाएबूढ़ी दूसरे गांव चली गई और उसने देखा कि सूरज अब यहां उग रहा है। और जब यहां उग रहा है तो हर गांव में कैसे उगेगा?
तुम अपनी छोटी बुद्धि से छोटे दायरे में सोचते हो। तुम्हारे कारण परमात्मा नहीं हैपरमात्मा के कारण तुम हो। यह श्वास तुम्हारे कारण नहीं चल रही हैउसके कारण चल रही है। प्रार्थना भी तुम नहीं करते होवही तुम्हारे भीतर प्रार्थना बनता है।
इस भाव को खयाल में ले लेंतो नानक के ये बड़े बहुमूल्य शब्द समझ में आ जाएंगे। एक-एक शब्द कीमती है।
हुकमी होवन आकार हुकमी न कहिया जाए।
'हुक्म से आकार की उत्पत्ति हुई। हुक्म को शब्दों में नहीं कहा जा सकता।'
हुक्म का अर्थ ठीक से समझ लेना--दि कास्मिक ला। वह जो सारे जीवन को चलाने वाला महानियम हैहुक्म का वही अर्थ है।
'हुक्म से ही जीवों की उत्पत्ति हुई। हुक्म से बड़ाई मिलती है।'
हुकमी होवन आकार हुकमी न कहिया जाए।
हुकमी होवन जीअ हुकमी मिलै बड़िआई।
जब तुम जीतोतो यह मत सोचना कि मैं जीत रहा हूं। और अगर तुम जीत में ही न सोचोगे कि मैं जीत रहा हूंतो हार में भी तुम पाओगे कि मैं नहीं हार रहा हूं। वही जीतता हैवही हारता है। उसका ही खेल है। इसलिए हिंदू इस पूरे जगत को लीला कहते हैं। लीला का मतलब हैहारता भी वहीजीतता भी वही। इस हाथ से जीतता हैउस हाथ से हारता है। लेकिन जीतने और हारने वाले बीच में ही सोच लेते हैंजो उपकरण हैंजो निमित्त हैंजो साधन हैंवे समझ लेते हैंहम कर्ता हैं।
कृष्ण अर्जुन को गीता में कह रहे हैं कि तू व्यर्थ बीच में अपने को मत ले। वही कर रहा हैवही करवा रहा है। युद्ध उसका आयोजन है। जिनको मारना है वह मारेगा। जिनको बचाना है वह बचाएगा। तू यह मत सोच कि तू मारने वाला है और तू बचाने वाला है। कृष्ण पूरी गीता में जो कहते हैंवही नानक इन शब्दों में कह रहे हैं।
हुकमी होवन जीअ हुकमी मिलै बड़िआई।
हुकमी उत्तम नीचु...।
'वही छोटे-बड़े को पैदा कर रहा है।'
यह थोड़ा सोचने जैसा है। अगर वही छोटे-बड़े को पैदा कर रहा हैतो फिर कोई छोटा नहीं कोई बड़ा नहीं। क्योंकि दोनों का बनाने वाला वही है। तुमने एक छोटी सी मूर्ति बनाईतुमने एक बड़ी मूर्ति बनाईबनाने वाले तुम ही हो। जब कर्ता एक है,तो कौन छोटा कौन बड़ाजब दोनों में उसका ही हाथ लगा है--लेकिन हम सोचते हैं मैं छोटामैं बड़ाऔर जीवन भर हम पीड़ा उठाते हैं। और तुम इतने बड़े कभी भी न हो पाओगे कि तुम तृप्त हो जाओ। अगर तुमने रूप को देखाअपने आकार को देखा,तो तुम कभी इतने बड़े न हो सकोगे कि तृप्त हो जाओ। आकार तो छोटा ही होगाकितना ही बड़ा क्यों न हो।
लेकिन अगर तुमने निराकार के हाथ अपने आकार में देखेतब तुम तत्क्षण बड़े हो गए। बनाने वाला वही है। एक छोटे से घास को भी वही बनाता है। और दूर आकाश को छूते देवदार के वृक्ष को भी वही बनाता है। अगर दोनों के पीछे उसी का हाथ हैफिर कौन बड़ा कौन छोटाउसी की हार हैउसी की जीत है। फिर हम सब शतरंज के मोहरे हैं। जीते तो वहहारे तो वह। बड़ाई मिले तो उसेबुराई मिले तो उसे।
ध्यान रखनातुमने बहुत बार भक्तों के वचन सुने होंगेपढ़े होंगे। अनेक भक्त तुमने पाए होंगेकहते हैंबड़ाई तेरी,बुराई मेरी। ऊपर से देखने पर बहुत अच्छा लगता है। वे कहते हैं कि जो-जो भला हैतेराजो-जो बुरा हैमेरा। लगता है बड़े विनम्र हैं। लेकिन अगर बुराई तुम्हारी तो भलाई उसकी कैसे हो सकेगीयह विनम्रता झूठी है। यह विनम्रता वास्तविक नहीं है। क्योंकि वास्तविक विनम्रता तो सभी दे देगीकुछ भी न बचाएगी। तुमने अपने अहंकार के लिए थोड़ा सहारा फिर बचा लिया। और तुम कितना ही ऊपर-ऊपर से कहो कि बड़ाई तेरी और बुराई मेरीलेकिन जब बुराई मेरी है तो बड़ाई तेरी होगी कैसे?असफलता मेरी और सफलता तेरीयह बात थोथी है। या तो दोनों मेरे होंगेया तो दोनों तेरे होंगे।
इसलिए झूठी विनम्रता और सच्ची विनम्रता में बड़ा फर्क है। झूठी विनम्रता कहती है कि मैं तो आपके पैरों की धूल हूं,लेकिन हूं जरूर। और जब कोई आदमी कहता हैमैं आपके पैरों की धूल हूंतब उसकी आंखों में देखना। वह आपसे अपेक्षा कर रहा है कि आप भी कहो कि नहीं-नहींआप और कैसेमैं आपके पैरों की धूल हूं। उसकी आंखों में चाह है। और अगर आप मान लो कि बिलकुल ठीक कह रहे हैंयही तो मेरा विचार हैतो वह आदमी सदा के लिए दुश्मन हो जाएगा। और कभी आपको माफ न कर सकेगा।
बड़ाई भी उसकीबुराई भी उसकी। हम बीच में आते ही नहीं हैं। हम तो बांस की पोंगरी हो गए। वह गीत जैसा गाए उसका। इतनी भी अकड़ क्यों अपनी बचा कर रखना कि अगर भूलचूक होगी तो मेरी--तब तो मैं बच गया। तब तो थोड़ा सा मैंने अपने को बचा लिया। और मैं ऐसा रोग है कि तुम थोड़ा-सा बचाओवह पूरा बच जाता है। या तो उसे पूरा छोड़ोया वह पूरा बचता है। तुम उसकी रत्ती भी बचाओतो वह पूरा का पूरा बचा हुआ है। वह कहीं गया नहीं। तुमने छिपाया है।
नानक कहते हैं, 'हुक्म से आकार की उत्पत्ति हुई। हुक्म को शब्दों में कहा नहीं जा सकता है।'
जीवन में जो भी महत्वपूर्ण है उसे शब्दों में नहीं कहा जा सकता। और हुक्म तो सबसे महत्वपूर्ण बात है। उसके पार तो कुछ भी नहीं है। शब्द तो कामचलाऊ हैं। साधारण जीवन का काम चल जाता है। लेकिन असाधारण को शब्दों में प्रकट करने का कोई उपाय नहीं है। उपाय न होने के कई कारण हैंवे समझ लेने चाहिए।
एक--उस अलौकिक की प्रतीति मौन में होती है। और जिसे हम मौन में जानते हैं उसे शब्द में कैसे कहेंगेशब्द और मौन विपरीत हैं। जब उसका अनुभव होता है तब भीतर कोई शब्द नहीं होते। तब परम सन्नाटा होता है। उस परम सन्नाटे में उसकी प्रतीति होती है। तो जिसको शून्य में जाना हैउसको शब्दों में कैसे बांधिएगामाध्यम बदल गया। शून्य अलग माध्यम है। शून्य निराकार का माध्यम है। शब्द आकार हैं। सब शब्द आकार देते हैं। तो निराकार को आकार में कैसे बांधिएगा?
इसलिए जिन्होंने भी जाना हैउन्हें बड़ी अड़चन है। कैसे कहें उसेऐसा ही समझो कि तुमने एक सुंदर संगीत सुनाऔर तुम किसी बहरे को समझाना चाहते हो...।
सूफियों की एक पुरानी कहानी है। ऐसा हुआ कि एक चरवाहा अपनी भेड़ों को एक पहाड़ के किनारे पर चरा रहा था। दोपहर हो गई। राह देखते-देखते थक गयाउसकी पत्नी भोजन ले कर न आयी। ऐसा तो कभी न हुआ था। भूख उसे जोर से लगी थी। फिर उसे चिंता भी पकड़ी कि कहीं पत्नी बीमार तो नहीं हो गई। कोई दुर्घटना तो नहीं हो गई। ऐसा कभी हुआ ही न था। लेकिन वह था बिलकुल वज्र बधिर। सुन नहीं सकता था। उसने आसपास देखा कि कोई आदमी हो। देखा कि एक लकड़हारा लकड़ी काट रहा है। वह झाड़ पर चढ़ा था। वह उसके नीचे पहुंचा। उसने कहामेरे भाई! जरा मेरी भेड़ों का ध्यान रखना। मैं जरा घर हो आऊं। पत्नी भोजन नहीं लायी है। दौड़ कर अभी ले आऊंगा।
वह आदमी भी बहरा थाजो लकड़ी काट रहा था। उसने कहाजा-जा! हमारे पास बातचीत का कोई वक्त नहीं है। मैं अपने काम में लगा हूंतुझे बातचीत की सूझी।
तो जब उसने कहाजा-जा! तो यह समझा कि वह कह रहा है कि जातू अपनी रोटी ले आ। मैं तेरी भेड़-बकरी की फिक्र कर लूंगा।
यह भागा हुआ घर गया। रोटी ले कर आया। लौट कर उसने अपनी भेड़ों की गिनती कीबराबर थी। धन्यवाद देने गया कि आदमी बड़ा प्यारा हैअच्छा हैईमानदार हैफिक्र रखीएक भी भेड़ न भटकी। फिर उसको खयाल आयाधन्यवाद कोरा क्या देनाएक लंगड़ी भेड़ थी उसके पासउसे आज नहीं कल काटना ही था। सोचायह इसे भेंट कर दें।
वह लंगड़ी भेड़ ले कर आया। उसने कहामेरे भाईबड़े-बड़े धन्यवाद। तुम्हारी बड़ी कृपा। यह भेड़ स्वीकार कर लो। ऐसे भी इसे काटना ही था।
दूसरे बहरे ने कहातेरा क्या मतलबमैंने तेरी भेड़ लंगड़ी की?
विवाद बढ़ गया। क्योंकि वह एक चिल्ला रहा थामैंने तेरी भेड़ देखी नहीं। मुझे मतलब क्याऔर दूसरा कह रहा था,मेरे भाईइसको स्वीकार कर लो। पर दोनों बहरे थे और बड़ी कठिनाई थी।
एक राहगीर एक घोड़े परएक चोर जो घोड़े को चुरा कर जा रहा थावह रास्ता भटक गया था। वह इन दो आदमियों से पूछने आया था। इन दोनों ने उसको पकड़ लिया। वह भी बहरा था। वह समझा कि पकड़े गए! ये ही घोड़े के मालिक हैं। ये दोनों उससे कहने लगे कि भाईजरा उसको समझा दो कि मैं भेड़ दे रहा हूं और यह नाहक नाराज हो रहा हैचिल्ला रहा है।
और वह दूसरा बोला कि मैंने इसकी भेड़ों को छुआ भी नहीं। लंगड़े होने का कोई सवाल नहीं। उस तीसरे ने कहाभाई,घोड़ा जिसका भी हो ले लो। मुझसे जो भूल हो गईमुझे माफ करो।
यह विवाद चल ही रहा था और कोई रास्ता नहीं दिखाई पड़ता था। क्योंकि कोई किसी की सुन ही नहीं रहा था। तब एक सूफी फकीर वहां से गुजर रहा हैउसे तीनों ने पकड़ लिया और कहा कि हमारा मामला सुलझा दो। उसने मौन की कसम ले रखी थी। जीवन भर के लिए चुप हो गया था। समझ लिया उसने तीनों का मामला। लेकिन अब करे क्यातो पहले उसने जो घोड़े पर सवार चोर था उसकी आंखों में गौर से देखा। उसने इतनी गौर से देखा कि थोड़ी ही देर में घोड़े का चोर बेचैन होने लगा कि यह आदमी या तो सम्मोहित कर रहा हैया क्या इरादे हैंवह इतना घबड़ा गया कि छलांग लगा कर अपने घोड़े पर चढ़ा और भाग गया।
तब उस सूफी फकीर ने दूसरे आदमी की आंखों में देखाजो भेड़ों का मालिक था। उसको भी लगा कि यह आदमी तो बेहोश कर देगा। देखे ही जाता है अपलक। वह जल्दी से सिर झुका कर अपनी भेड़ों को खदेड़ कर अपने घर की तरफ चल पड़ा।
तब उसने तीसरे की तरफ देखा। वह तीसरा भी डरा। उसकी आंख बड़ी तेजस्वी थी। जो लोग चुप रहते हैं बहुत देर तक उनकी आंखों में एक अलग तेज आ जाता है। क्योंकि सारी ऊर्जा इकट्ठी होती है और आंख ही अभिव्यक्ति का माध्यम रह जाती है। जब उसने गौर से देखा उस तीसरे की तरफवह भी डरा। उसने अपनी लकड़ी का बंडल बांधा और भागा। सूफी हंसता हुआ अपने रास्ते पर चला गया। सूफी ने मामला हल कर लिया तीन बहरों का बिना बोले।
यही संतों की तकलीफ है हमारे साथ। तीन बहरे नहीं हैं यहांतीन अरब बहरे हैं। और जो भी हम कह रहे हैं वह सब संगत-असंगतउसमें कुछ भी नहीं है। कोई किसी की नहीं समझ रहा है। जिंदगी में संवाद तो हो ही नहीं रहा हैविवाद चल रहे हैं। संत क्या करेंजिन्होंने मौन रहना सीख लिया हैवे क्या करेंबोलने का कोई उपाय नहीं है। वे कितना ही बोलें। वह सूफी फकीर कितना ही बोलता तो भी वे तीन बहरे कुछ समझ न पाते। तीन की जगह चार उपद्रव वहां हो जाते। उसने सिर्फ आंख से गौर से उन्हें देखा।
संतों ने सिर्फ तुम्हारी तरफ गौर से देखा है और हल करने की कोशिश की है। और जो उनके भीतर समाया हैवह तुम्हारी आंखों में उंडेलना चाहा है। इसलिए साधु-संगत की बात करते हैं नानक। कि साधुओं के साथ रहो अगर समझना हैजो उन्होंने जाना है। संगति करोसत्संग करो। सुनने-कहने से बहुत न होगा। कुछ कहा जाएगाकुछ तुम समझोगेलोग बहरे हैं। कुछ बताया जाएगाकुछ तुम देखोगेलोग अंधे हैं। तुम अपनी व्याख्या करोगेतुम शब्दों को अपने अर्थ दे दोगे।
नानक कहते हैंहुकमी न कहिया जाए।
वह कहा नहीं जा सकता। फिर भी इशारे किए जा सकते हैं। ये इशारे हैं। यह कहना नहीं हैये इशारे हैं। इन शब्दों में वह हुक्म नहीं है। ये शब्द तो मील के किनारे लगे पत्थर की तरह हैं। ये बता रहे हैं कि चले जाओआगे है मंजिल। लेकिन बहुत से लोग मील के पत्थर को पकड़ कर बैठ जाते हैं।
वह तुम भी कर सकते हो। तुम भी कर सकते हो कि रोज सुबह उठ कर जपुजी का पाठ करो। और उसको दोहराते रहो। और कंठस्थ कर लो। तुमने मील का पत्थर पकड़ लिया। यह तो इशारा है। इसे कंठस्थ करने से कुछ भी न होगा। इसमें जिस तरफ इशारा है उस तरफ चलना पड़ेगा। यात्रा करनी पड़ेगी। धर्म एक यात्रा है। तुम चाहे जपुजी को पकड़ोचाहे गीता कोचाहे कुरान कोअगर तुम पकड़ कर बैठ गएतो तुमने मील के पत्थर को छाती से लगा लिया। समझो और आगे बढ़ो। जैसे-जैसे तुम आगे बढ़ोगे वैसे-वैसे राज प्रकट होगा।
'हुक्म को शब्दों में नहीं कहा जा सकता। हुक्म से ही जीवों की उत्पत्ति होती है। हुक्म से ही बड़ाई मिलती है। हुक्म से ही कोई छोटा हैकोई बड़ा है। हुक्म से ही सुख-दुख की प्राप्ति होती है।'
थोड़ा सोचोजब तुम्हें दुख मिलता है तो तुम किसी को जिम्मेवार ठहराते हो। अगर जिम्मेवार ही ठहराना है तो हुक्म को जिम्मेवार ठहराओ। पति दुखी है तो सोचता है कि पत्नी जिम्मेवार है। पत्नी दुखी है तो सोचती हैपति जिम्मेवार है। बाप दुखी है तो सोचता हैबेटा जिम्मेवार है। अगर जिम्मेवारी ही देनी हैतो परमात्मा को दो। उससे छोटे में काम न चलेगा।
लेकिन बड़ा मजा है। तुम जब भी दुखी होतो अपने आसपास जिम्मेवारी किसी के कंधे पर टांग देते हो। और जब तुम भी सुखी हो तब तुम खुद मानते हो कि मेरे ही कारण मैं सुखी हूं।
यह तर्क किस भांति का हैसुखी हो तब तुम अपने कारण और दुखी हो तब किन्हीं और के कारण! इस वजह से न तो तुम दुख को हल कर पाते हो और न तुम सुख का राज खोज पाते हो। क्योंकि दोनों हालत में तुम गलत हो। न तो दूसरा जिम्मेवार है दुख के लिए और न तुम जिम्मेवार हो सुख के लिए। दोनों के पीछे परमात्मा जिम्मेवार है। और अगर एक ही हाथ से सुख-दुख आ रहे हैं तो उनमें भेद क्या करना! फर्क क्या करना!
एक मुसलमान बादशाह हुआ। उसका एक गुलाम था। गुलाम से उसे बड़ा प्रेम थाबड़ा लगाव था। वह बड़ा स्वामिभक्त था। एक दिन दोनों जंगल से गुजरते थे। एक वृक्ष में एक ही फल लगा था। सम्राट ने फल तोड़ा। जैसी उसकी आदत थीउसने एक कली काटी और गुलाम को दी। गुलाम ने चखी और उसने कहामालिकएक कली और।
और गुलाम मांगता ही गया। फिर एक ही कली हाथ में बची। सम्राट ने कहाइतना स्वादिष्ट हैगुलाम ने झपट्टा मार कर वह एक कली भी छीननी चाही।
सम्राट ने कहायह हद हो गई! मैंने तुझे पूरा फल दे दियाऔर दूसरा फल भी नहीं है। और अगर इतना स्वादिष्ट है,तो कुछ मुझे भी चखने दे।
उस गुलाम ने कहा कि नहींस्वादिष्ट बहुत है और मुझे मेरे सुख से वंचित न करेंदे दें। लेकिन सम्राट ने चख ली। वह फल बिलकुल जहर था। मीठा होना तो दूरउसके एक टुकड़े को लीलना मुश्किल था। सम्राट ने कहापागल! तू मुस्कुरा रहा है,और इस जहर को तू खा गयातू ने कहा क्यों नहीं?
उस गुलाम ने कहाजिन हाथों से इतने सुख मिले हों और जिन हाथों से इतने स्वादिष्ट फल चखे होंएक कड़वे फल की शिकायत?
फलों का हिसाब ही छोड़ दियाहाथ का हिसाब है।
जिस दिन तुम देख पाओगे कि परमात्मा के ही हाथ से दुख भी मिलता हैउस दिन तुम उसे दुख कैसे कहोगेतुम उसे दुख कह पाते हो अभीक्योंकि तुम हाथ को नहीं देख रहे हो। जिस दिन तुम देख पाओगे सुख भी उसका दुख भी उसकासुख-दुख दोनों का रूप खो जाएगा। न सुख सुख जैसा लगेगान दुख दुख जैसा लगेगा। और जिस दिन सुख-दुख एक हो जाते हैं,उसी दिन आनंद की घटना घटती है। जब तुम्हें सुख-दुख का द्वैत नहीं रह जातातब अद्वैत उतरता हैतब आनंद उतरता है,तब तुम आनंदित हो जाओगे।
नहीं! किसी कोपड़ोस मेंपति कोपत्नी कोमित्र कोभाई कोदोस्त कोदुश्मन को दोषी मत ठहराना। सब दोषों का मालिक वह है। और जब खुशी आएसफलता मिलेतो अपने कोअपने अहंकार को मत भरना। सब सफलताओंसब स्वादिष्ट फलों का मालिक भी वही है। अगर तुम सब उसी पर छोड़ दोतो सब खो जाएगा। सिर्फ आनंद शेष रह जाता है।
'हुक्म से कोई ऊंचा कोई नीचाहुक्म से सुख-दुख की प्राप्तिहुक्म से ही कोई प्रसाद को उपलब्ध होता है। हुक्म से ही कोई आवागमन में भटकता है। सभी कोई हुक्म के अंदर हैं। हुक्म के बाहर कोई भी नहीं। नानक कहते हैंजो इस हुक्म को समझ लेता है वह अहंकार से मुक्त हो जाता है।'
नानक हुकमी जे बुझे त हऊ मैं कहे न कोय।
कि जिसने यह सार की बात समझ ली कि सब उसी का हैतो मैं कहने को बचता ही कौन है?
इसे थोड़ा समझें। तुम अहंकार को अनेक बार छोड़ना भी चाहते होक्योंकि उससे पीड़ा मिलती है। फिर भी छोड़ नहीं पाते। क्या कारण होगाक्योंकि उसी से तुम्हें सुख भी मिलता हैइसलिए अड़चन है। अहंकार से दुख मिलता हैयह जाहिर है। क्योंकि जब कोई गाली देता हैपीड़ा होती है। वह पीड़ा अहंकार को होती है। तुम छोड़ना भी चाहते हो।
मुझसे लोग आते हैंपूछते हैं कि दुख को कैसे छोड़ेंऔर यह भी कहते हैं कि समझ में आता हैअहंकार ही दुख है। कैसे छोड़ेंमैं उनसे कहता हूंकैसे का सवाल ही नहीं है। अगर तुम्हें सच में दिखाई पड़ता है अहंकार दुख हैतो तुम छोड़ ही देते। पूछना क्या है?
लेकिन बात उलझी हुई है। कोई गाली देता हैअहंकार को दुख मिलता हैतुम छोड़ना चाहते हो। लेकिन कोई फूलमाला पहनाता है तब अहंकार को सुख मिलता है। अहंकार आधा तुम छोड़ना चाहते होआधा तुम बचाना चाहते हो। उसी को निंदा अखरती हैउसी को प्रशंसा सुख देती है। भूल हो जाती है तो चोट लगती हैठीक बात घट जाती है तो भली लगती है। लोग निंदा करते हैं चारों तरफअपमान करते हैंखलता है। लोग प्रशंसा करते हैंयशगान करते हैंगीत गाते हैंगुणगान करते हैं,बड़ा भला लगता है। दोनों ही घटनाएं अहंकार को घट रही हैं।
और तुम्हारी मुसीबत यह है कि तुम अगर अहंकार छोड़ो तो दुख भी मिट जाएगासुख भी मिट जाएगा। सुख को तुम बचाना चाहते होदुख को तुम मिटाना चाहते हो। यह कभी हुआ नहींकभी होगा नहीं। दोनों ही साथ जाएंगे। एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। एक पहलू को तुम बचाना चाहते होदूसरे को फेंक देना चाहते हो। यह कैसे होगा! फेंकते होउठा लेते हो। क्योंकि यह दूसरा पहलू भी हाथ से जाता है। हाथ में रखते होफेंकना चाहते हो। क्योंकि वह दुख वाला पहलू भी हाथ में रह जाता है।
अहंकार को समझो। सुख भी वही देता हैदुख भी वही देता है। और अगर तुम दोनों परमात्मा पर छोड़ दो--जहां से कि वास्तविक स्रोत है जीवन का--अगर तुम सब उसी पर छोड़ दोतो तुम्हारे मैं को बचने की जगह कहां रह जाएगीतुम कैसे कहोगे मैं हूं?
मैं कृत्यों का जोड़ है। तुमने जो-जो किया हैउसका इकट्ठा जोड़ मैं। मैं कोई वस्तु नहीं है। सिर्फ बहुत-बहुत कृत्यों की जोड़ी हुई धारणा है। तुम्हारा अतीततुमने जो-जो किया हैउसका जोड़ अहंकार है। अगर सारा कर्तृत्व तुम छोड़ दोऔर तुम कह दोकर्ता तू है--कर्ता पुरुख। मैं केवल माध्यम हूं। फिर कैसे अहंकारजो उसने करवाया वह मैंने किया। जो उसने नहीं करवाया वह मैंने नहीं किया। पापी बनाया तो पापी।
इसे थोड़ा समझोक्योंकि नानक बड़ी अनूठी बात कह रहे हैं। वे यह कह रहे हैंहुक्म से ही कोई प्रसाद को उपलब्ध होता हैज्ञान को। और हुक्म से ही आवागमन में भटकता है। नानक यह कह रहे हैं कि अगर तुम पापी होतो भी मत सोचो कि मैं पापी हूं। क्योंकि उसकी मर्जी। यह खतरनाक बात है। क्योंकि तुम कहोगेऐसे तो लोग पाप करने लगेंगे। और लोग कहेंगेउसकी मर्जी।
लेकिन यही तो मजा है कि जिसने जान लिया उसकी मर्जीउससे फिर जो भी होता है वही पुण्य है। जब तक तुम नहीं जानते हो उसकी मर्जीतभी तक तुम्हारे उसके बीच एक कलह चल रही है। उस कलह में ही पाप का जन्म है। उस कलह से ही सारा दुख खुद को और दूसरे को देने की स्थिति बनती है। जिस दिन तुमने सब उस पर छोड़ दियाउसी दिन पाप तिरोहित हो जाता है। पाप तुम्हारे और परमात्मा के बीच हो रहे संघर्ष का फल है। लेकिन छोड़ना पड़ेगा उसे।
नानक कहते हैंवह भी उसी के द्वारा हो रहा है। तुम पापी हो तो वहीतुम पुण्यात्मा हो तो वही। न तो तुम सोचो कि पुण्य मैंने किया हैऔर न तुम सोचो कि पाप मैंने किया है। मैंने किया हैयही बात भ्रांति है। एक ही अज्ञान है--मैंने किया है। और एक ही ज्ञान है--कर्ता पुरुख। कि वह पुरुष कर्ता हैमैं केवल माध्यम हूं।
'हुक्म से बाहर कोई भी नहींसभी कोई हुक्म के अंदर हैं।'
हुकमी अंदर सभु को बाहर हुकुम न कोय।
और नानक कहते हैं, 'जो उस हुक्म को समझता हैवह अहंकार से मुक्त हो जाता है। कोई उसके बल का गान करते हैं,जिनमें गुणगान करने का बल है। कोई उसके दान का गीत गाते हैंऔर दान को उसका प्रतीक मानते हैं। कोई उसके गुण और सुंदर बड़ाइयों को गाते हैं। कोई उस विद्या को गाते हैं जिसका विचार कठिन है। कोई यह गाते हैं कि वह शरीर रचता है और उसे फिर खाक कर देता है। कोई गाते हैं कि जीव फिर उससे ही देह ग्रहण करता है। कोई गाते हैं कि वह बहुत दूर दिखाई देता है। और कोई गाते हैं कि वह हमें देखता है और सर्वव्यापी है। उसके गुणगान का अंत नहीं आतायद्यपि करोड़ों लोग करोड़ों ढंग से कथन करते हैं। दाता देता ही चला जाता हैलेने वाले लेते-लेते थक जाते हैं। युग-युगांतर से जीव उसको भोग रहे हैंपर उसका अंत नहीं। वह हुकमी हुक्म से पथ-निर्देश करता है। नानक कहते हैंवह बेपरवाह है और आनंदित है।'
हजारों वर्णन हैं उसके और सब अधूरे हैं। अधूरा मनुष्य पूरे का वर्णन कैसे कर सकेगाअधूरा मनुष्य जो भी कहेगा वह अधूरा होगा। अंशी की खबर अंश से कैसे मिलेगीअंश जो भी कहेगा वह अंश की ही समझ होगी। परमाणु परमात्मा को कैसे जानेगाजानेगा भीतो भी परमाणु की ही बुद्धि होगी।
तो जो गीत गा सकते हैं वे उसके गुणों का गीत गाते हैंलेकिन फिर भी वह जो अज्ञात हैअज्ञात ही रह जाता है। उपनिषद थक गएगीता थक गईकुरान थक गयाबाइबिल थक गई। वह अनिर्वचनीय हैअनिर्वचनीय ही बना है। अब तक हम उसका पूरा गुणगान नहीं कर पाए। सब शास्त्र अधूरे हैंहोंगे ही। अनिवार्यतः होंगे। क्योंकि सभी शास्त्र मनुष्य की चेष्टाएं हैं उस अनंत को प्रकट करने की।
सूर्य निकला हैचित्रकार उसका चित्र बनाता है। कितना ही ठीक बनाए तो भी उस चित्र से रोशनी तो न मिलेगी। और अंधेरे में रख कर तुम बैठ जाओ तो तुम इस आशा में मत रहना कि घर प्रकाश से भर जाएगा। कोई कवि उस सुबह के निकलते सूरज का मधुर से मधुर गीत गाएउसके गीत में बड़ी गंभीरता होउसके गीत में बड़ी गहराई होउसका गीत हृदय को छुएतुम उस गीत को गाते रहना अंधेरे में बैठ कर तो भी रोशनी न मिलेगी।
परमात्मा के संबंध में गाए गए गीतरचे गए चित्रबस ऐसे ही हैं। सब चित्र अधूरे हैं। सब गीत अधूरे हैं। कोई गीत पूरा उसे कह न पाएगा। क्योंकि किसी भी गीत में हम उसकी जीवंतता को न उतार पाएंगे। शब्द थोथे हैंथोथे ही रहेंगे। तुम्हें प्यास लगी हो तो शब्द पानी से न बुझेगी। तुम्हें भूख लगी हो तो शब्द अग्नि पर रोटी न पकेगी। और तुम्हें परमात्मा की अभीप्सा पैदा हो गई हो तो शब्द परमात्मा काफी नहीं हैकाफी उन्हीं को हैजिन्हें अभीप्सा नहीं है।
इसको ठीक से समझ लो। अगर तुम्हें प्यास नहीं लगी है तो शब्द पानी भी काफी हैएच टू ओ भी काफी है। अगर प्यास लगी है तब अड़चन शुरू होती है। तब न तो एच टू ओ काम देगान पानी काम देगान जल काम देगान वाटर काम देगा। तुम दुनिया भर के सब शब्द इकट्ठे कर लो। कोई तीन हजार भाषाएं हैं। तीन हजार शब्द पानी के लिए हैं। सब इकट्ठे कर लोउनको कंठ से बांध लोतो भी बूंद प्यास उनसे न बुझेगी। लेकिन अगर प्यास न लगी हो तो तुम शब्दों से खेल सकते हो।
दर्शनशास्त्र उन लोगों का खेल है जिन्हें प्यास नहीं लगी है। और धर्म उनकी यात्रा है जिन्हें प्यास लगी है। इसलिए दर्शनशास्त्र शब्दों से खेलता है। धर्म शब्दों से नहीं खेलता। धर्म तो शब्दों का इशारा जिस तरफ हैउस यात्रा पर जाता है। सरोवर की तलाश हैसरोवर शब्द का क्या करेंगेजीवन की खोज हैजीवन शब्द से क्या होगा?
कोई गा नहीं पाया उसे पूरा। कोई बता नहीं पाया उसे पूरा। उसकी सब मूर्तियां अधूरी हैं। कोई उसे बना नहीं पाया पूरा। बनाएगा भी कैसे?
थोड़ा इसे समझो। दर्शनशास्त्रियों के सामने एक बड़ा गहन सवाल रहा है। और वह सवाल है कि अगर एक यात्री हिंदुस्तान आता हैतो हिंदुस्तान का नक्शा हम उसे दे देते हैं। वह जेब में रख लेता है नक्शा। हिंदुस्तान को तो जेब में न रख सकोगेवह नक्शा जेब में रख लेता है। उस नक्शे से हिंदुस्तान का मेल क्या हैक्या वह नक्शा हिंदुस्तान जैसा हैअगर हिंदुस्तान जैसा है तो हिंदुस्तान जैसा बड़ा होगा। और अगर हिंदुस्तान जैसा नहीं है तो उसे हिंदुस्तान का नक्शा क्यों कहते हो?नक्शे का उपयोग क्या हैअगर वह बिलकुल हिंदुस्तान जैसा हो तो उसका कुछ उपयोग ही नहीं। क्योंकि उसको जेब में न ले जा सकोगे। उसको कार में बैठ कर उपयोग न कर सकोगे। वह दूसरा हिंदुस्तान हो जाएगा। और अगर वह हिंदुस्तान जैसा नहीं हैतो बड़ी हैरानी की बात हैवह काम कैसे आता है?
नक्शा प्रतीक है। वह ठीक हिंदुस्तान जैसा नहीं हैफिर भी हिंदुस्तान के संबंध में रेखाओं के माध्यम से कुछ इंगित करता हैइशारे करता है। तुम पूरा हिंदुस्तान घूम कर भी हिंदुस्तान का नक्शा कहीं न देख पाओगे। जहां भी जाओगेहिंदुस्तान मिलेगानक्शा नहीं। लेकिन अगर नक्शा पास हैतो यात्रा सुगम हो जाएगी। लेकिन नक्शे को मान कर चलना पड़ेगा। नक्शे को छाती से रख कर बैठने से कुछ भी न होगा।
और दुनिया भर के धार्मिक लोग नक्शों को छाती से रख कर बैठ गए हैं। जैसे नक्शा सब कुछ है। धर्मशास्त्र नक्शा है,मूर्तियां नक्शे हैंमंदिर नक्शे हैं। उनमें कुछ इशारे छिपे हैं। अगर इशारे चूक जाएंतो नक्शे बोझ हैं। हिंदू अपने नक्शे ढो रहा हैमुसलमान अपने नक्शे ढो रहा है। न हिंदू यात्रा कर रहा हैन मुसलमान यात्रा कर रहा है। नक्शे इतने हो गए हैं कि यात्रा अब हो ही नहीं सकती। या तो नक्शों को ढोओ--तो तुम चल नहीं सकते। नक्शे संक्षिप्त चाहिएछोटे चाहिए। और नक्शों की पूजा करने का कोई अर्थ नहीं है। उनका उपयोग करना है।
नानक ने हिंदू और मुसलमान दोनों नक्शों में जो सार था उसको निचोड़ लिया। नानक को न तो तुम हिंदू कह सकते हो,न तुम मुसलमान कह सकते हो। नानक दोनों हैंया दोनों नहीं हैं। और नानक को समझने में लोगों को बड़ी मुश्किल हुई। नानक के संबंध में पुरानी उक्ति है--
बाबा नानक शाह फकीरहिंदू का गुरु मुसलमान का पीर।
वे दोनों हैं। उनके दो खास शिष्य हैं--मर्दाना और बाला। एक मुसलमानएक हिंदू। न हिंदू मंदिर में उनको जगह हैन मुसलमान की मस्जिद में उनको जगह है। दोनों जगह संदेह है कि यह आदमी है किस जगह परइसको हम किस कोटि में रखेंकहां बिठाएं?
जो भी महत्वपूर्ण था हिंदू मेंऔर जो भी महत्वपूर्ण था मुसलमान मेंउन दोनों नदियों का संगम है नानक। जो भी सार था...इसलिए सिक्ख न तो हिंदू हैन मुसलमान। या तो वह दोनों है और या दोनों नहीं है। वह एक संगम है।
यह जो संगम हैइस संगम को समझना और कठिन हो जाता है। क्योंकि एक नदी का साफ-सुथरा नक्शा होता है। अब यह दो नदियों का नक्शा इकट्ठा मिल गया। इसलिए कुछ वचन खबर देते हैं इस्लाम कीकुछ वचन खबर देते हैं हिंदुओं की। और दोनों मिल कर और धूमिल हो जाते हैं। यह धूमिलता तभी हटेगीजब कोई प्रयोग में उतरेगा। तो धीरे-धीरे बात साफ होती जाएगी। अगर तुमने छाती पर रख लिए शास्त्रजैसा कि हो गया हैसिक्ख पूज रहा है शास्त्रों को। इसलिए ग्रंथ ही गुरु हो गया। और बड़े मजे की बात है कि हम भूलों को कैसे पुनरुक्त करते हैं!
नानक मक्का गएतो मक्का के प्रधान पुरोहित ने आ कर उनको कहा कि अपने पैर दूसरी दिशा में करो। तुम्हारे पैर पवित्र पत्थर की तरफकाबा की तरफ हैं। तो कहानी है कि नानक ने कहापरमात्मा जहां न होवहां मेरे पैर कर दो। कहानी तो यह है कि जहां-जहां उनके पैर किए गए वहां-वहां काबा हट गया। लेकिन यह प्रतीक है। अर्थ इतना ही है कि तुम पैर कहीं भी करोगेवहीं परमात्मा है। तो पैर कहां करोगेवह सब ओर है।
स्वर्ण मंदिर अमृतसर में मुझे निमंत्रण दिया कि मैं आऊं। मैं गया। मैं तो कोई टोपी नहीं लगातातो दरवाजे पर ही उन्होंने कहा कि यह तो बहुत मुश्किल है। आपको सिर पर कपड़ा बांधना ही पड़ेगा। यह तो परमात्मा का मंदिर है। इसमें सिर पर टोपी चाहिए। तो मैंने उनसे कहातुम भूल गए कि नानक के साथ काबा में क्या हुआ था! तो अभी जहां मैं खड़ा हूं बिना टोपी लगाएवहां परमात्मा नहीं हैवहां मंदिर नहीं हैपर भूलें वही की वही दोहर जाती हैं। तो मैंने उनसे कहामुझे बताओ वह जगहजहां मैं बिना टोपी लगाए रह सकता हूं। और तुम भी तो स्नान करते होओगेतब पगड़ी निकाल देते होओगे। उस वक्त परमात्मा का अपमान होता होगा! तुम भी तो रात सोते होओगेतब पगड़ी अलग कर देते होओगे। उस वक्त परमात्मा का अपमान होता होगा!
तो आदमी की नासमझियां वही की वही हैं। बुद्ध कुछ कहेंबुद्ध को मानने वाला सब लीपपोत देता है। नानक कुछ कहेंनानक को मानने वाला सब लीपपोत देता है। फिर वही जाल शुरू हो जाता है। क्योंकि आदमी की नासमझी में कोई फर्क नहीं। उसके बहरेपन में कोई फर्क नहीं है। सुन लेता हैअपने मतलब निकाल लेता है। अपने मतलब से चलता हैजो सुना है उसके अनुभव से नहीं।
ये जो शब्द हैंनानक कहते हैंकोई कितने ही गीत गाएउसे कोई पूरा नहीं कर पाया। अलग-अलग लोग उसके अलग-अलग गीत गाते हैं। क्योंकि अलग-अलग लोग अलग-अलग तरफ से उसकी तरफ पहुंचते हैं। उनके गीतों में कोई विरोध भी नहीं है। कितना ही विरोध दिखाई पड़ेवेद भी वही कहते हैं जो कुरान कहता है। लेकिन मुहम्मद के पहुंचने का ढंग औरयाज्ञवल्क्य के पहुंचने का ढंग और। बुद्ध भी वही कहते हैं जो नानक कहते हैंलेकिन पहुंचने का ढंग और।
अनंत द्वार हैं उसके। तुम जहां से भी जाओ वहीं उसका द्वार है। और तब तुम अपने द्वार का वर्णन करोगे। और तुम जिस मार्ग से जाओगे उस मार्ग का वर्णन करोगे। दूसरा जिस मार्ग से पहुंचा है उसका वर्णन करेगा। फिर मार्ग से ही फर्क नहीं पड़ता। तुम्हारी समझतुम्हारी दृष्टितुम्हारी भावदशा...।
एक बगीचे में कवि आता है तो गीत गाता है। चित्रकार आता है तो चित्र बनाता है। फूलों का सौदागर आता है तो फूलों के दाम के संबंध में सोचता हैव्यवसाय की बात सोचता है। वैज्ञानिक आ जाएगा तो फूलों का विश्लेषण करके देखेगा कि उनके रासायनिक तत्व क्या हैं। कोई आदमी जो नशे में भरा हो वह गुजर जाएगाउसे फूल दिखाई ही नहीं पड़ेंगे। वह बगीचे से गुजरा हैइसका भी पता नहीं चलेगा। तुम जो भी देखोगे वह तुम्हारी खिड़की से देखा गया है। तुम्हारी खिड़की का आकार उस पर छा जाएगा।
नानक कहते हैंकोई उसके बल का गान गाते हैं कि वह महा शक्तिशाली हैपरम शक्तिशाली हैओम्नीपोटेंट--सर्व शक्तिशाली है। कोई उसके दान का गीत गाते हैं कि वह परमदाता। कोई उसके गुण और सौंदर्य का बखान करते हैं कि वह परम सौंदर्य। कोई उसे कहते हैं सत्यकोई उसे कहते हैं शिवकोई उसे कहते हैं सुंदर।
रवींद्रनाथ ने लिखा है कि मैंने तो उसे सौंदर्य में पाया। इससे परमात्मा के संबंध में कोई खबर नहीं मिलतीइससे रवींद्रनाथ के संबंध में खबर मिलती है। गांधी कहते हैं कि वह मेरे लिए सत्य हैट्रुथ इज गाड। इससे परमात्मा के संबंध में कोई खबर नहीं मिलतीगांधी के संबंध में खबर मिलती है। रवींद्रनाथ कवि हैं। कवि को सौंदर्य में परमात्मा है--परम सौंदर्य! गांधी कवि नहीं हैंगांधी से कम कवि आदमी खोजना मुश्किल है। वे बिलकुल हिसाबी-किताबी हैं। काव्य नहींगणित। तो गणित की दृष्टि से देखने पर परमात्मा सत्य है। प्रेम की दृष्टि से देखने पर प्रेमीप्रियतमप्यारा।
किस दृष्टि से हम देखते हैंहमारी दृष्टि की खबर मिलती है उससे। वह सभी है एक साथऔर कोई भी नहीं है। इसलिए महावीर का एक बहुत अदभुत प्रयोग है चिंतन के संबंध में कि जब तक तुम्हारी दृष्टि न छूट जाएतब तक तुम उसे न जान सकोगे। क्योंकि तुम जो भी जानोगे वह तुम्हारी दृष्टि होगी। महावीर उसको कहते हैंनय दृष्टि। और दर्शन तब मिलेगा जब सब दृष्टि छूट जाए।
लेकिन तब तुम चुप हो जाओगे। क्योंकि बिना दृष्टि के बोलोगे कैसेजब कोई भी दृष्टि न होगी तब तुम उसी जैसे हो जाओगे। तब बोलोगे कैसेतब तुम उतने ही विस्तीर्ण हो जाओगे। तब तुम आकाश के साथ लीन हो जाओगे। तुम बोलोगे कैसे?तुम अलग ही न रहोगे। सब दृष्टियां अलग होने वाले की दृष्टियां हैं।
इसलिए नानक सब की दृष्टियां गिनाते हैं। वे यह कह रहे हैं कि ये सभी ठीक हैं और फिर भी कोई पूरा ठीक नहीं है। और जब कोई अधूरे को पूरे ठीक होने का दावा करता है तभी भ्रांति हो जाती है।
संप्रदाय का अर्थ हैतुमने अधूरी दृष्टि को पूरा होने का दावा कर दिया। संप्रदाय को धर्म कहने का अर्थ है कि तुमने अधूरी दृष्टि को पूरी होने की घोषणा कर दीकि बस यही दृष्टि पूरी है। इसलिए एक संप्रदाय दूसरे संप्रदाय के विरोध में है। सभी संप्रदाय धर्म की दृष्टियां हैं। और कोई संप्रदाय धर्म नहीं है। अगर हम सभी संभव संप्रदायों को मिला देंतो धर्म पैदा होगा। जो संप्रदाय हुए हैंजो हैंऔर जो होंगे...अगर हम सभी दृष्टियों को इकट्ठा कर देंतो धर्म होगा। कोई संप्रदाय धर्म नहीं है।
संप्रदाय शब्द बड़ा अच्छा है। संप्रदाय का अर्थ हैमार्ग। संप्रदाय का अर्थ हैपहुंचने का रास्ता। धर्म का अर्थ हैमंजिल। मंजिल एकमार्ग अनेक हैं।
नानक कहते हैंकोई बल का गान करता। कोई गुण का गान करता। कोई उसके दान का गीत गाता। कोई उसके सौंदर्य की चर्चा करता। कोई उस विद्या का वर्णन करता है जिसका विचार कठिन है। कोई यह गाते हैं कि उसने शरीर रचा। फिर वही शरीर को मिटाता है। कोई कहते हैं जीव फिर उससे ही देह ग्रहण करता है। कोई कहते हैं वह बहुत दूर दिखाई देता है। कोई कहते हैं वह बहुत निकट है। कोई गाते हैं वह हमें देखता है और सर्वव्यापी है। उसके गुणगान का अंत नहीं आता।
कथना कथी न आवै तोटि।
'कहते-कहते थक जाते हैं और उसके गुणगान का कोई अंत नहीं आता।'
कथि कथि कथी कोटि कोटि कोटि।
'करोड़करोड़करोड़ बार कहने पर भी वह अनकहा ही पीछे छूट जाता है। दाता देता ही चला जाता है। लेने वाले लेते-लेते थक जाते हैं।'
यह बड़ा महत्वपूर्ण वचन है। जीवन वही देता है। श्वास वही चलाता है। धड़कन में वही धड़कता है। वह देता चला जाता है। उसके देने में कोई पारावार नहीं है। उत्तर में हमसे कुछ मांगता भी नहीं है।
इसलिए तो जीवन तुम्हें सस्ता मालूम पड़ता है और चीजें महंगी मालूम पड़ती हैं। तुम जीवन गंवाने को कभी भी राजी होधन गंवाने को नहीं। क्योंकि धन लगता है बड़ी मुश्किल चीज है। जीवन तो मुफ्त में मिलता है। वह तुम्हें जो भी दिया है,मुफ्त है। उसके बदले में तुमने कुछ भी नहीं दिया है।
और जिस दिन तुम्हें यह एहसास होना शुरू होगा कि जो भी मुझे मिला है उसमें मेरी पात्रता क्या हैअगर मैं न होता तो हर्ज क्या थातुम्हारे भीतर जो जीवन की संभावना बनी है और तुम्हारे भीतर चेतना का जो फूल खिला हैअगर न खिलता तो तुम किससे शिकायत करतेऔर तुम्हारी क्या योग्यता है कि तुम्हें जीवन मिलेतुमने किस भांति इसे अर्जित किया है?
हर छोटी-छोटी चीज के लिए योग्यता चाहिए। तुम एक दफ्तर में क्लर्क होउसके लिए योग्यता चाहिए। तुम एक स्कूल में मास्टर होउसके लिए योग्यता चाहिए। तुम उसे अर्जित करते हो। तुमने जीवन के लिए क्या अर्जित कियाकैसे अर्जित किया है?
वह दान है। वह तुम्हें ऐसे ही मिला हैतुम्हारी कोई पात्रता के कारण नहीं। और जिस दिन तुम्हें यह प्रतीति होगीउस दिन प्रार्थना का जन्म होगा। उस दिन तुम कहोगे मैं क्या करूंमैं कैसे धन्यभाग्य प्रकट करूंमैं कैसे तेरे ऋण को चुकाऊं?प्रार्थना मांग नहीं है। प्रार्थना जो पहले से ही मिला है उसका धन्यवाद है। और ये प्रार्थना के दो भेद हैं।
तुम जब जाते हो मंदिर तो तुम और मांगने जाते हो। तुम्हारी प्रार्थना झूठी है। नानक भी जाते हैं। वे धन्यवाद देने जाते हैं। वे कहने जाते हैंजो तूने दिया है वह भरोसे के बाहर है। कोई कारण नहीं मेरे भीतर कि मुझे मिले। कोई मेरी योग्यता नहीं। न मिलेशिकायत करने का कोई उपाय नहीं। और तू देता चला जाता है।
परमात्मा औघड़ दानी हैअस्तित्व दिए चला जाता है। और हमहमसे ज्यादा कृतघ्न लोग खोजने कठिन हैं। हम धन्यवाद भी नहीं दे सकते। उसके देने का अंत नहीं है और हमारी कृतघ्नता का कोई अंत नहीं। हम कृतज्ञता भी प्रगट नहीं कर सकते। हम यह भी नहीं कह सकते कि धन्यवाद! कि हम आभारी हैं! कि तेरा शुक्रिया! उतना भी हमसे नहीं होता। उतने में भी हमें बड़ी कठिनाई मालूम पड़ती है। हमारा कंठ अवरुद्ध हो जाता है।
तुम क्षुद्र बातों के लिए धन्यवाद दे देते हो। तुम्हारा रुमाल गिर जाए और कोई उठा कर दे देतो तुम उससे कहते हो,धन्यवाद। और जिसने तुम्हें जीवन दिया हैतुम उसके लिए धन्यवाद देने भी कभी नहीं गए। और जब भी तुम गए हो,शिकायत ले कर गए हो। जब भी तुम गए होतब तुम बताने गए हो कि क्या-क्या तू गलत कर रहा है! कि मेरा लड़का बीमार पड़ा हैकि मेरी पत्नी दर्ुव्यवहार कर रही हैकि धंधा ठीक नहीं चल रहा है।
और तुम अपनी शिकायतों को जब बहुत बढ़ा लेते होतब तुम्हारी शिकायतों का अंतिम जोड़ यह होता है कि तुम कहते होतू है ही नहीं। क्योंकि अगर हैतो ये चीजें पूरी कर।
नास्तिकता का अर्थ हैतुम्हारी शिकायतें इतनी बढ़ गईं कि अब तुम परमात्मा को मान नहीं सकते। तुम्हारी शिकायतों के कारण तुम परमात्मा की हत्या कर देते हो। आस्तिकता का क्या अर्थ हैआस्तिकता का अर्थ हैतुम्हारा अहोभाव इतना बढ़ गयातुम्हारा धन्यभाव इतना बढ़ गयातुम इतनी कृतज्ञता से भर गए हो कि वह तुम्हें सब जगह दिखाई पड़ने लगता है। हर तरफ उसका हाथहर जगह उसकी प्रतीतिहर जगह उसका एहसास होने लगता है। आस्तिकता धन्यवाद की परम स्थिति है। नास्तिकता शिकायत का आखिरी रूप है।
जब नानक यह कह रहे हैं कि दाता देता ही चला जाता है। लेने वाले लेते-लेते थक जाते हैंलेकिन दाता नहीं थकता। युग-युगांतर से जीव उसका भोग कर रहे हैंपर उसका अंत नहीं है...।
तुम उसे कितना ही भोगोतुम उसे चुका न पाओगे। तुम्हारा भोग ऐसे ही है जैसे कोई चम्मच ले कर सागर के किनारे बैठा हो और चम्मच से सागर को खाली कर रहा हो। यह भी हो सकता है कि कभी न कभी वह सागर को खाली कर ले--क्योंकि चम्मच की भी सीमा है और सागर की भी सीमा है--लेकिन तुम परमात्मा को खाली न कर पाओगेक्योंकि उसकी कोई सीमा नहीं।
अनंत काल से तुम भोग रहे हो। अनेक रूपों में तुम भोग रहे हो और तुम्हारे हृदय से धन्यवाद की आवाज भी नहीं उठी! तुमने एक बार आकाश की तरफ आंखें उठा कर न कहा कि मैं धन्यभागी हूं और तूने जो दिया है वह अपरंपार है। जब भी तुम उसके पास गएशिकायत ले कर गए। और जब भी तुमने कुछ कहानाराजगी जाहिर की। जब भी तुम गएतुमने ऐसा बताया कि तुम्हारी योग्यता ज्यादा है और तुम्हें मिला कम है।
कुछ दिन हुएएक बड़े अधिकारी दिल्ली से मुझे मिलने आए। बड़े से बड़े पद पर हैं। लेकिन जितने बड़े पद पर हों,उतनी शिकायत बढ़ जाती है। क्योंकि वे सोचते हैंउनको अब मंत्री होना चाहिए। प्रधानमंत्री होना चाहिए। वे मुझसे कहने लगे,और सब तो ठीक हैकोई रास्ता बताएं जिससे कि मेरे साथ जीवन में जो अन्याय हुआ हैउसको मैं सहने में समर्थ हो जाऊं। अन्याय क्या हुआ हैअन्याय यह हुआ है कि जो मुझे मिलना चाहिए था वह नहीं मिला। जिस पद के मैं योग्य हूं उससे नीचे रह गया।
सभी को ऐसा लगता है। इसलिए हर आदमी इसी दुख में जीता है कि जो मुझे मिलना चाहिए था वह नहीं मिला। मैं योग्य तो था कि वाइस चांसलर हो जाताऔर पड़ा हूं एक स्कूल में मास्टर हो कर। योग्य तो था कि मालिक हो जाताबना हूं चपरासी। और यह स्थिति सदा बनी रहती है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जो प्रधानमंत्री बन जाता है वह भी सोच रहा है कि अब मेरी योग्यता तो इससे भी बड़ी हैलेकिन अब विस्तार का कोई उपाय नहीं दिखाई पड़ता कि मैं सारी दुनिया का मालिक कैसे हो जाऊं!
तुम सिकंदरों को तृप्त नहीं कर सकते। और सभी सिकंदर हैंछोटे-मोटेबड़ेलेकिन सभी सिकंदर हैं। सभी की बड़ी आकांक्षा है। और आकांक्षा तुमसे आगे जाती है। तुम हमेशा पीछे रहते हो। और योग्यता तुम्हें सदा ज्यादा मालूम पड़ती है। यह अधार्मिक आदमी का लक्षण है।
धार्मिक आदमी का लक्षण यह है कि जो मिल जाएवह मेरी योग्यता से ज्यादा है। थोड़ा सोचोदेखो। जो तुम्हें मिला है,वह तुम्हारी योग्यता से ज्यादा है या कमवह सदा ज्यादा है। वह सदा ही ज्यादा है। क्योंकि कुछ भी हमने अर्जित नहीं किया है। यह विराट जीवन हमें यूं ही मिला है दान में। हमने मांगा तक नहीं थाबिना मांगे मिला है। फिर भी अहोभाव पैदा नहीं होता।
नानक कह रहे हैं कि उसको युग-युग तक भोग कर भी हम चुका नहीं पाते। वह हुकमी हुक्म से पथ-निर्देश करता है। यह बड़ी गहरी चाबी है। और नानक के विचार का बड़ा महत्वपूर्ण हिस्सा उसमें छिपा है। वह यह है--
हुकमी हुकमु चलाए राह।
'वह हुक्म से दुनिया को चला रहा है।'
और हमेशा तुम्हें हुक्म देता है। अगर तुम्हारे पास थोड़ी भी सुनने की समझ हो तो तुम उसके हुक्म को समझ सकते हो। और उसके अनुसार चल सकते हो। तुम सुनते ही नहीं।
तुम चोरी करने जाते होवह भीतर से तुमसे कहता हैमत करो। एक बार कहता हैदो बार कहता हैहजार बार कहता है। तुम जाते ही जाते होतुम करते ही जाते हो। फिर धीरे-धीरे वह आवाज भीतर धीमी होती जाती है। तुम बहरे हो जाते हो। फिर तुम्हें वह सुनाई भी नहीं पड़ती। फिर भी वह आवाज दिए जाता है। तुम ऐसा पापी न खोज सकोगेजिसके भीतर आवाज खो गई होहुक्म खो गया हो। तुम ऐसा बुरा आदमी न खोज सकोगेजिसको वह अब भी आवाज न दे रहा हो। वह कभी थकता नहीं और कभी निराश नहीं होता। तुम कितना ही बुरा करोपरमात्मा तुमसे निराश नहीं है। और वह कभी तुम्हें इस स्थिति में नहीं मान लेता कि अब कुछ भी नहीं हो सकता। तुम असाध्य कभी भी नहीं हो उसके लिए। तुम्हारा रोग कितना ही बढ़ जाएउसका इलाज संभव है। परमात्मा की अनंत आशाअनंत संभावना है। वह तुमसे कभी निराश नहीं होता।
ऐसा हुआएक सूफी फकीर हुआबायजीद। उसके पड़ोस में एक आदमी थाजो बड़ा बुरा आदमी था। लुटेराचोर,बेईमानदगाबाजहत्यारासब तरह के पाप उसने किए थे। पूरा गांव उससे त्रस्त था। एक दिन बायजीद ने प्रार्थना की। परमात्मा से कहामैंने तुझ से कभी कुछ नहीं मांगा। लेकिन यह आदमी अब बहुत ज्यादा उपद्रव कर रहा है। इस आदमी को हटा ले। तो बायजीद ने भीतर से आवाज सुनी कि मैं उससे नहीं थकातो तू उससे क्यों थक गया हैऔर मुझे जब अब भी उस पर भरोसा हैतो तू भी भरोसा रख।
कितने ही पाप तुमने किए होंकितने ही जन्मों तकपरमात्मा को तुम थका नहीं सकते। न भोग से चुका सकते होन पाप से थका सकते हो। वह अब भी आवाज दिए जाता है। वह कभी निराश नहीं होता। और अगर तुम जरा शांत हो कर सुनो,तो उसकी धीमी आवाज तुम्हें सुनाई पड़ेगी। और जब भी तुम कुछ करते होवह आवाज तुम्हें निर्देश देती है।
नानक कह रहे हैं, 'वह हुकमी हुक्म से पथ-निर्देश करता है।'
इसलिए तो वे उसको हुकमी कह रहे हैं। क्योंकि उसका हुक्म आता है। तुम्हारे गहरे चेतन में छिपा हुआ जो अंतःकरण हैतुम्हारे हृदय में दबा हुआ जो अंतःकरण हैवह उसकी आवाज का यंत्र है। वहां से वह बोलता है। कुछ भी करने के पहले,आंख बंद करके पहले उसकी आवाज सुन लेना। और अगर तुम उसकी आवाज के अनुसार चलेतो तुम्हारे जीवन में आनंद की अपरंपार वर्षा होगी। अगर तुम उसके विपरीत चले तो तुम नर्क अपने हाथ निर्मित कर लोगे। अगर तुमने आवाज न सुनी तो तुमने पीठ कर दी। तुम बड़ा खतरनाक कदम ले रहे हो। कुछ भी करने के पहलेऔर कुछ भी निर्णय करने के पहलेआंख बंद करके उससे पूछ लेना। यही तो सारे ध्यान का सूत्र है कि पहले हम पूछेंगेपहले हम हुक्म खोजेंगेफिर हम चलेंगे। एक भी कदम हम बिना हुक्म के न उठाएंगे। आंख बंद करके उसकी आवाज पहले सुनेंगे। हम अपनी आवाज से न चलेंगेउसकी आवाज से चलेंगे।
और एक दफे तुम्हें यह कुंजी मिल जाएतो यह कुंजी अनंत द्वार खोल देती है। और यह कुंजी तुम्हारे भीतर है। हर बच्चा ले कर आता है। लेकिन बुद्धि का हम विकास करवाते हैंअंतःकरण का कोई विकास नहीं। वह कांसियन्सअंतःकरण अधूरा रहा जाता हैअविकसित रह जाता है। और उसके ऊपर हम बुद्धि के इतने विचार थोप देते हैंइतनी बड़ी पर्त लगा देते हैं कि आवाज गूंजती भी रहे तो हमें पता नहीं चलती।
भीतर की इस आवाज को सुनने की कला ही ध्यान है। उसके हुक्म का पता लगाना जरूरी है। वह क्या चाहता हैउसकी क्या मर्जी है?
'वह हुकमी हुक्म से पथ-निर्देश करता है।'
और नानक कहते हैं--
हुकमी हुकमु चलाए राह। नानक विगसै बेपरवाह।।
नानक कहते हैं, 'वह बेपरवाह है और आनंदित है।'
एक तो परवाह का अर्थ होता है चिंता। वह तुम्हें दिए जाता हैलेकिन दे कर कोई अपेक्षा नहीं करता। कोई उत्तर नहीं चाहता। आवाज दिए जाता हैतुम सुनो या न सुनोदिए जाता है। परवाह नहीं करता इस बात की कि तुम नहीं सुन रहे हो। बंद करोबहुत हो गयाइस आदमी को हटा लो।
परमात्मा को तुम चिंतित नहीं कर सकते। इसलिए जिस व्यक्ति को भी परमात्मा की प्रतीति होने लगती हैतुम उसे भी चिंतित नहीं कर सकते। ही विल बी बोथ साइमलटेनियसली कंसर्न्ड एंड अनकंसर्न्ड। वह तुम्हारी परवाह भी करेगा और बेपरवाह भी होगा। तुम उसे चिंतित नहीं कर सकते।
इधर मैं हूं। न मालूम कितने लोगों की परवाह करता हूंफिर भी बेपरवाह हूं। तुम आते हो अपना दुख ले करमैं पूरी परवाह करता हूंलेकिन तुम उससे मुझे चिंतित नहीं कर देते। तुम्हारे दुख से मैं दुखी नहीं हो जाता। क्योंकि अगर तुम्हारे दुख से मैं दुखी हो जाऊं तो फिर मैं तुम्हें साथ ही न दे पाऊंगा। जरूरी है कि तुम्हारे दुख को मैं सहानुभूति से समझूंतुम्हारे दुख के लिए उपाय करूंउपाय सोचूंलेकिन परवाह मुझे पैदा न हो। तुम्हारी चिंता मुझे न पकड़े। और यह भी जरूरी है कि कल जो मैंने तुम्हें बताया हैतुम न करोतो मुझमें नाराजगी न आएकि मैंने इतनी परवाह ली और तुमने नहीं किया। तुम जब कल आओ बिना किए--और आओगे ही बिना किए--तो फिर तुम्हारी परवाह लूंलेकिन मैं बेपरवाह रहूं।
परमात्मा को सारे जगत की परवाह हैऔर बेपरवाह है। वह सदा राजी है तुम्हें उठाने कोलेकिन किसी जल्दी में नहीं है। और तुम अगर सोचते हो कि कुछ देर और भटकने का मजा लेना हैतो वह बेपरवाह है। उसकी परवाह का अंत नहीं है,लेकिन उसकी परवाह अनासक्त है। और इसीलिए तो वह आनंदित हैनहीं तो अब तक किस हालत में हो जाता! पागल हो जाता। तुम सोचोतुम सरीखे कितने लोग! और कितने तरह के उपद्रव! और परमात्मा एक और तुम अनेक! तुम सबने उसे कभी का पागल कर दिया होता। अस्तित्व बेपरवाह होतो ही पागल होने से बच सकता है।
लेकिन बेपरवाह का अर्थ इनडिफरेंस नहीं हैउपेक्षा नहीं है। यह बड़ा सूक्ष्म है। तुम्हारे प्रति पूरी की पूरी चेष्टा है। तुम्हें बदलनेरूपांतरित करनेतुम्हें उठाने का पूरा भाव है। लेकिन भाव अनाक्रामक है। वह आक्रमण नहीं करेगा। वह प्रतीक्षा करेगा। ऐसे हीजैसे सूरज तुम्हारे द्वार पर दस्तक दे रहा हैकिरणें तुम्हारे द्वार पर दस्तक दे रही हैंऔर तुम दरवाजा बंद किए अंदर बैठे हो तो सूरज जबर्दस्ती नहीं घुसेगारुकेगा। और ऐसा भी नहीं कि नाराज हो कर लौट जाए। कि अब इस आदमी का दरवाजा बंद हैचलो। अब कभी यहां नहीं आना। रुकेगातुम जब दरवाजा खोलोगेतब प्रवेश कर जाएगा।
परमात्मा तुम्हारे लिए चिंतित हैअस्तित्व तुम्हारे लिए चिंतित है। होगा ही। क्योंकि अस्तित्व तुम्हें पैदा करता है। अस्तित्व तुम्हें विकसित करता है। अस्तित्व की बड़ी आकांक्षाएं हैं तुममें। अस्तित्व की बड़ी अभीप्साएं हैं तुममें। अस्तित्व तुम्हारे भीतर से चेतन होने की चेष्टा कर रहा है। अस्तित्व तुम्हारे भीतर से बुद्धत्व पाने की चेष्टा कर रहा है। परमात्मा तुम्हारे भीतर कुछ फूल लाने के प्रयास में लगा है।
लेकिन अगर तुम देरी कर रहे हो तो उससे वह चिंतित नहीं होगापरेशान नहीं होगा। वह अस्पर्शित रहेगा। तुम उसकी न सुनोगेन सुनोगेन सुनोगेभटकोगेऔर सब करोगे सिवाय उसकी सुनने केतो भी वह इससे पीड़ित और परेशान न होगा।
तो अगर तुम समझ सको दोनों बातें एक साथतभी तुम समझ सकते हो कि अस्तित्व आनंद से भरा है। परमात्मा आनंद है।
नानक कहते हैंहुकमी हुकमु चलाए राह। देता है हुक्मराह बताता है। फिर भीनानक विगसै बेपरवाह। लेकिन फिर भी बेपरवाह है। और परम आनंद में विकसित होता रहता है। खिलता रहता है उसका फूल।
कठिन है हमें। क्योंकि दो बातें हमें आसान दिखाई पड़ती हैंया तो हम परवाह करते हैं तो चिंता पैदा होती हैया परवाह छोड़ दें तो चिंता छूट जाती है। इसीलिए तो हमने संसार और संन्यास को अलग-अलग कर लिया है। क्योंकि अगर घर में रहेंगे,परवाह करेंगेतो परवाह करते हुए बेपरवाह कैसे होंगेपत्नी की फिक्र होगीबीमार होगी तो चिंता पकड़ेगीरात सो न सकेंगे। बच्चा रुग्ण होगा तो फिक्र पकड़ेगीचिंता पकड़ेगीइलाज करना पड़ेगा। और नहीं ठीक हो सकेगा तो पीड़ा होगी। तो हम भाग जाते हैं। न दिखाई पड़ेंगे पत्नी-बच्चेभूल जाएंगे। जो आंख से ओझल हुआवह चित्त से भी भूल जाता है। तो भाग जाते हैं पहाड़। पीठ कर लेते हैं। धीरे-धीरे विस्मृति हो जाएगी।
दो बातें हमें दिखाई पड़ती हैं। अगर हम संसार में रहेंगे तो परवाह करेंगे। परवाह करेंगे तो चिंता होगी। चिंता में आनंद का कोई उपाय नहीं। तो फिर हम ऐसा करें कि बेपरवाह हो जाएं। छोड़ कर भाग जाएं। वहां चिंता न होगीतो आनंद की संभावना बढ़ेगी।
लेकिन यह परमात्मा का मार्ग नहीं। इसलिए नानक गृहस्थ बने रहे और संन्यस्त भी। फिक्र भी करते रहे और बेफिक्र भी। और यही कला हैऔर यही साधना है कि तुम चिंता भी पूरी लेते हो और निश्चिंत बने रहते हो। बाहर-बाहर सब करते हो,भीतर-भीतर कुछ नहीं छूता। बेटे की फिक्र लेते होपढ़ाते होबिगड़ जाए तोन पढ़ पाए तोहार जाए तो...तो इससे चिंता पैदा नहीं होती।
और जब तक तुम दोनों को न जोड़ दो--संसार में रहते हुए संन्यस्त न हो जाओ--तब तक तुम परमात्मा तक न पहुंच सकोगे। क्योंकि परमात्मा का भी ढंग यही है। वह संसार में छिपा हुआ और संन्यस्त है। जो उसका ढंग हैछोटी मात्रा में वही ढंग तुम्हारा चाहिए। तभी तुम उस तक पहुंच पाओगे।
बच्चा बीमार है तो दवा दोपूरी चिंता लोलेकिन चिंतित होने की क्या जरूरत हैपूरी फिक्र करोपरवाह पूरी करो,लेकिन इससे भीतर की बेपरवाही को मिटाने का क्या कारण हैबाहर-बाहर संसार मेंभीतर-भीतर परमात्मा में। परिधि छूती रहे संसार कोकेंद्र बना रहे अछूता। यही सार है।
इसीलिए नानक से लोग बड़े परेशान थे। क्योंकि वे थे गृहस्थ और कपड़े-लत्ते पहन लिए थे संन्यासी जैसे। लोग समझ ही न पाते कि मामला क्या हैहिंदू पूछते कि तुम गृहस्थ हो कि संन्यासीकि तुम बातें संन्यासी की करते होतुम्हारा ढंग-डोल संन्यासी काफिर घरबच्चे-पत्नीतुम घर वापस भी लौट जाते होबच्चा भी हुआ हैगांव लौट कर तुम खेती-बाड़ी भी करते हो। तुम किस भांति के संन्यासी हो?
स्मरण रहेवही उनसे मुसलमान पूछते--कि तुम्हारा भेष तो फकीरी का हैफिर तुमने घर-गृहस्थी छोड़ क्यों न दी?अनेक जगहअनेक गुरुओं ने उनसे कहा कि तुम सब छोड़ कर अब हमारे शिष्य हो जाओ। छोड़ दो सब। लेकिन नानक उस मामले में कभी भी फर्क नहीं लाए। वे सब के बीच रहते हुए सब के बाहर रहने की ही कला को साधते रहे। और वही परमात्मा का ढंग है। और वही साधक का ढंग होना चाहिए।
मेरे पास लोग आते हैं। वे कहते हैं कि आप क्या कर रहे हैंगृहस्थों को संन्यासी के कपड़े दे रहे हैं?
परमात्मा का ढंग यही है। वह इस संसार में है और नहीं है। और यही तुम्हारा सूत्र भी होना चाहिए।
हुकमी हुकमु चलाए राह। नानक विगसै बेपरवाह।।
विकास कर रहा हैआनंदित हो रहा हैप्रफुल्लित हो रहा हैफूल की तरह खिल रहा हैफिर भी कोई परवाह नहीं। फिक्र करता है तुम्हारीलेकिन चिंतित नहीं है।
इसे तुम थोड़ा प्रयोग करोगे तो ही समझ में आ सकेगा। इसे थोड़ा जिंदगी में प्रयोग करो। दूकान जाओकाम करो,लेकिन दूर भी बने रहो। तुम्हारे काम और तुम्हारे होने में एक फासला बना रहे। काम अभिनय हो जाएनाटक हो जाएलीला हो जाए। तुम कर्ता न रहो। बस! सूत्र सध गया। तुम अभिनेता हो जाओ। अभिनय की कला तुम्हारे पूरे जीवन का सूत्र बन जाए। क्योंकि वही परमात्मा के होने का ढंग है। वही तुम्हारा साधना-पथ होगा।

आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें