शनिवार, 9 सितंबर 2017

भक्तिसूत्र (नारद)—प्रवचन-14

असहाय हृदय की आह है प्रार्थना-भक्ति
दिनांक १४ मार्च१९७६श्री रजनीश आश्रमपूना

पहला प्रश्न: भगवान! सामर्थ्य तो कुछ है नहीं और प्यास उठी अनंत की! चल पड़ी हूं डगमगातीक्या मिलन होगा नहीं?

पूछा है वृद्ध संन्यासिनी सीता ने।
पहली बात: सामर्थ्य से कोई कभी परमात्मा से मिला नहीं। सामर्थ्य तो अकड़ है। सामर्थ्य ही तो बाधा है। सामर्थ्य यानी अहंकार। सामर्थ्य यानी दावा। दावे से कभी कोई मिला हैदावे ने कभी प्रेम पायादावेदार तो हार ही गयापहले ही कदम पर मंजिल चूक गई।
अगर पता है कि सामर्थ्य नहीं है तो मिलन निश्चित है। असहाय अवस्था में होता है मिलन--जहां तुम्हें लगता हैमेरे किए कुछ भी न होगाजहां तुम्हारी हार पूरी-पूरी हैजहां तुम्हें लगता हैमेरे किए होगा कैसेजहां तुम्हारा अहंकार सब भांति धूल-धूसरित होकर गिर पड़ा हैजहां तुम्हें अपनी तरफ से श्वास लेने की भी सामर्थ्य न रहीयात्रा दूर की बातजहां उठते भी नहीं बनता;जहां पैर भी उठाना चाहो तो नहीं उठता। जहां ऐसा असहाय भाव तुम्हें घेर लेता हैवहीं प्रार्थना का जन्म होता है।
प्रार्थना असहाय हृदय की आह है।
परम असामर्थ्य में ही प्रभु को पाने की सामर्थ्य है।
असहाय भाव को गहरा होने दो।
परमात्मा को कोई जीतकर थोड़े ही जीतता है--हारकर जीतता है। वहां हार ही विजय है। वहां जो अकड़कर गयाउसने अपने ही हाथ अपनी गर्दन काट ली। वहां जो गर्दन काटकर गयापहुंच ही गया।
पूछा है: "सामर्थ्य तो कुछ है नहीं और प्यास उठी अनंत की'
यह भाव शुभ है।
अनंत की प्यास के उठने के लिए अनंत को पाने की सामर्थ्य थोड़े ही चाहिए। जो सामर्थ्य में आ जाए वह तो अनंत होगा भी नहीं। सामर्थ्य की सीमा में जो समा जाएवह शांत ही होगाअनंत नहींउसकी सीमा होगीअसीम नहीं।
प्यास तुमसे बड़ी है। प्यास इतनी बड़ी है कि तुम उसे अपने भीतर समा न पाओगेतुम उसमें समा जओगे। तभी प्यास अनंत की प्यास है। अनंत की प्यास भी अनंत ही है। और परमात्मा को पाने के लिए प्यास काफी है। इससे ज्यादा कुछ भी नहीं चाहिए। यही भक्ति का सार-सूत्र है।
योग कहता हैप्यास चाहिएकुछ और भी चाहिए। भक्ति कहती हैप्यास बस काफी है।  बस प्यास चाहिए--इतनी प्यास चाहिए कि तुम प्यास में खो जाओतुम प्यास हो जाओतुम्हारे भीतर कुछ भी न बचे प्यास के अतिरिक्तबिलखती-रोती प्यास बचेशून्य में टकरातीउभरती प्यास बचेतुम्हें पता ही न चले कि तुम हो। और प्यास ही परमात्मा बन जाती है।
अनंत प्यास अनंत का ही भाग है। और अनंत प्यास को जिसने पा लियादूर नहीं हैपहुंच ही गया।
स्वभावतः मन को बड़ा डर लगता है: सामर्थ्य तो बड़ी कम हैन के बराबर हैइतने बड़े को पाना चाहा हैपरमात्मा को पाना चाहा है! सिर्फ अहंकारी को इसमें कोई भूल नहीं दिखाई पड़ती।
मेरे पास दोनों तरह के लोग आ जाते हैं। अहंकारी  कहता है,"क्या करूं जिससे परमात्मा को पा लूं?' जोर उसका करने पर है। जैसे परमात्मा भी उसके कृत्य का फल होगा! जैसे परमात्मा भी उसकी व्यवस्था में फंसेगा! जाल फेंकना हैमछली फंसेगी--कैसे जाल फेंकूं। निश्चित ही जाल फेंकने वाला मछली से बड़ा है। निश्चित ही जाल मछली से बड़ा है। मछली असहायफंसेगी।
अगर तुम परमात्मा की तरफ मछुए की तरह गए हो तो भूल हो गई--तुम परमात्मा की तरफ गए ही नहींपरमात्मा ने तुम्हें पुकारा ही नहींउसकी प्यास उठी ही नहीं।
एक दूसरे तरह का खोजी है--असली खोजी! वह कहता है कि मेरे किए कुछ भी नहीं होता! मैं तो हार गया! क्या फिर भी वह मुझे मिलेगाउसके पैर डगमगाते हैं। जाल फेंकने की बात दूर रहीउसे अपने अहंकार पर जरा भी भरोसा नहीं होता कि मेरे किए कुछ होगा।
जिस क्षण अहंकार पर भरोसा नहीं होता उसी क्षण अहंकार की मौत होनी शुरू हो गई।
तुम्हें अपने पर बहुत ज्यादा भरोसा है--वही तुम्हारा अपराध है। वही पाप है। जिस क्षण तुम्हें अपने पर भरोसा हट जाएगा और तुम देख पाओगे कि मेरे किए क्या होगा! इतनी छोटी सीमा है मेरीमेरे जाल क्या हैंकिसको फांसने चला हूंजाल में विराट को! अनंत को! जिस दिन तुम जाल फेंक दोगेअसहाय गिर पड़ोगे पृथ्वी परआंखें आंसुओं से भरी होंगी--मंजिल पूरी हो गई! यह मंजिल कुछ ऐसी नहीं है कि चलकर जाना पड़ता हैयह मंजिल कुछ ऐसी है कि तुम गिरो कि पास आ जाती है!
"सामर्थ्य तो कुछ भी नहीं है और प्यास उठी अनंत की!
चल पड़ी हूं डगमगातीक्या मिलन होगा नहीं?'
भक्त सदा कंपता रहता है। इसलिए नहीं कि शक है कि परमात्मा है या नहीं--नहीं वैसा तो कोई संदेह नहीं है--संदेह यह है कि मेरी कोई योग्यता है या नहीं।
इस भेद को समझना।
अहंकारी चलता हैअगर परमात्मा न फंसे उसके जाल में तो सोचता हैहोगा ही नहीं। अहंकारी यात्रा करता हैव्यवस्था करता हैआयोजन जुटाता हैअगर परमात्मा नहीं पास आता लगता है तो सोचता हैहै ही नहींआएगा कहां से! निरहंकारी के पास परमात्मा आता हुआ नहीं लगतातो यह सवाल नहीं उठता कि परमात्मा नहीं है--यही सवाल उठता है कि मैं बहुत छोटा हूंपात्र नहीं हूंमैं बहुत सीमित हूंमैंने जरूरत से ज्यादा की मांग कर ली हैमैंने ऐसी पुकार को सुन लिया जहां तक उठ पाना मेरे सामर्थ्य में नहीं है।
लेकिन यहीं समझने की बात है।
तुम्हारे गिरने में ही उसका अवतरण है। तुम्हारे मिटने में ही उसका होना है। परमात्मा मिला ही हुआ है--तुम गिरो तो! यह मंजिल दूर नहीं है। तुम्हारे और परमात्मा के बीच फासला नहीं है। अगर कोई फासला है तो वह तुम्हारे दम्भ का है और अहंकार का है।
बच्चन की कुछ पंक्तियां...बहुत प्यारी हैं:
तुम प्रतीक्षा में हमेशा से खड़े थे
और मैंने ही न देखा
एक सुरभित सांस आती थी कहीं से
धूल सेबनफूल सेनभतारकों से
चांद-सूरज सेगगन-अन्तःकरण से
या कि मेरी ही शिराओं सेरगों से?
इत्र की कुछ शीशियों को खोलते ही
मूंदते ही उम्र मेरी कट गई है।
तुम प्रतीक्षा में हमेशा से खड़े थे
और मैंने ही न देखा!
एक झिलमिल जोत आती थी कहीं से
सरवरोंनद-निर्झरोंसागरों से
बादलों सेबिजलियों की पायलों से
या कि मेरे ही दृगों के दायरों से?
मृतिका के कुछ दियों को जलाते
"बुझाते उम्र मेरी कट गई है।
एक हीरक से हृदय में तुम जड़े थे
और मैंने ही न देखा!
तुम प्रतीक्षा में हमेशा से खड़े थे
और मैंने ही न देखा
एक अस्फुट गूंज आती थी कहीं से
मधुकरों सेवनविहंगों के परों से
धन-पवन सेपवसी रिमझिम झरन में
या कि मेरे आंसुओं के सीकरों से?
छंद की बहु श्रृंखलाओं को जोड़ते ही,
तोड़ते ही उम्र मेरी कट गई है
किन्तु ढाई अक्षरों में मुक्ति का गुरू-
मंत्र अभिमत गुनगुनाते तुम पड़े थे
और मैंने ही न देखा!
तुम प्रतीक्षा में हमेशा से खड़े थे
और मैंने ही न देखा!
ढाई अक्षरों में--बस प्रेम के ढाई अक्षरों में सारा शास्त्र है भक्ति का!
तुम छोड़ो फिक्र परमात्मा की! आए न आएछोड़ो उत्तरदायित्व उसी पर! प्यास के अतिरिक्त हमारी सामर्थ्य क्या हैपुकार के अतिरिक्त हम क्या कर सकेंगेसुने न सुनेजुम्मेवारी उसकी है। तुम पुकारो भर हृदय से! तुम आंसुओं में कंजूसी मत करना! तुम रोने में रुकावट मत डालना! तुम्हारी प्रार्थना इधर पूरी हुई कि तुम अचानक पाओगे: परमात्मा दूर न थातुममें ही छिपा था। आंसू आंखों को साफ कर गए--दिखाई पड़ने लगा। प्रार्थना हृदय को झकझोर गईधूल को उड़ा गई--अनुभव होने लगा।
तुम्हारा होना परमात्मा के होने का हिस्सा हैइसलिए तो प्यास है। अनजान कीअपरिचित कीअज्ञेय की तो प्यास भी कैसे होगीजिसने कभी तुम्हारे कंठ को छुआ ही न हो उसकी आकांक्षा भी कैसे जगेगीकहीं किसी गहरे तल पर उसने तुम्हारे कंठ को छू ही लिया है। जिसे हमने जाना ही न हो कभीजाने-अनजानेसोये-जागे हमने पहचाना ही न हो कभीउसकी पुकार भी कैसे उठेगीतुम उस हीरे को खोजने कैसे निकल पड़ोगेजिस हीरे की झलक ने तुम्हें आकर्षित न कर लिया हो?
इजिप्त के सूफी कहते हैंतुम खोजने तभी निकलते हो जब वह तुमसे पहले तुम्हें खोजने चल पड़ा होता है। तुम उसे पुकारते तभी हो जब उसने तुम्हें पुकार ही लिया होता हैअन्यथा तुम कैसे पुकारोगे?
उनका वक्तव्य बिलकुल सही है। वे कहते हैंपरमात्मा तुम्हें जब चुन लेता हैतभी तुम उसे चुनते होउसके पहले तुम चुन ही न सकोगे।
तो मैं सीता को कहूंगाचली चल--डगमगाते सही! और चलने का कोई ढंग ही नहीं हैडगमगाते ही चला जा सकता है। राह बड़ी विराट है! आकाश बहुत बड़ा हैपंख हमारे पास बहुत छोटे हैं। लेकिन दो छोटे से पंखों से भी तो आकाश पार हुआ जाता है। कोई आकाश जैसे बड़े पंख थोड़े ही चाहिएइतने बड़े पंख होते तो उड़ना मुश्किल हो जाता। आकाश होगा विराटहमारे पास पंख छोटे सहीहर्ज क्या है!
लाओत्सु ने कहा हैएक-एक कदम से हजारों मील का रास्ता पार हो जाता है। कदम बड़े छोटे हैं। अगर कोई गणितज्ञ बैठ जाए,हिसाब लगाने लगे--हजारों मील का रास्ता हैएक-एक कदम उठता है एक बार में--घबड़ा जाएगाछाती बैठ जाएगीहिम्मत ही टूट जाएगी! पर हम जानते हैंएक-एक कदम से हजारों मील का रास्त पूरा हो जाता हैऔर एक-एक बूंद से सागर भर जाता है। फिर चिन्ता क्या!
भक्त को चिन्ता नहीं है। यही तो भक्ति का चमत्कार है। ज्ञानी चिंतित है। योगी चिंतित है। क्योंकि इन्तजाम बिठाना हैभार अपना है। भक्त निश्चिंत है। भक्त कहता है, "हमने पुकार दियाअब तुम सुन लो! न सुनोतुम जानो'! आखिर मेंभक्त यह कह रहा है कि अगर तुम न मिले तो तुम्हीं जानोजिम्मेवारी तुम्हारी है। मिल गए तो तुम्हारी कृपान मिले तो कसूर तुम्हारा हैहम कर भी क्या सकते थेपुकार दिया था!
छोटा बच्चा है। पड़ा है अपने झूले में। चिल्ला रहा है। रो रहा है मां के लिए! क्या करेगा औरआ जाएमां की अनुकंपा हैन आएकठोरता है। लेकिन सारा जिम्मा मां का है। आए तो भीउसका प्रसाद! न आएतो भी उसकी कठोरता। उस छोटे रोते बच्चे का अपना क्या हैदावा क्या है?
भक्ति की महिमा है कि सब छोड़ दिया परमात्मा पर। भक्त चुपचाप जिए चला जाता हैजैसे वह जिलाता है। और भक्त डगमगाते-डगमगाते भी पहुंच जाता हैऔर ज्ञानी बड़ी मजबूती से पैर रखते हैं और कहीं नहीं पहुंच पाते। यह रास्ता मजबूरी से पैर रखने का नहीं है। यहां डगमगाने वाले पहुंचते हैं।

दूसरा प्रश्न: आप जब भी प्रेम का गीत गाते हैं तब मृत्यु की महिमा भी बताते हैंमृत्यु की महिमा बताने से भी नहीं चूके। क्या प्रेम और मृत्यु के बीच कोई आंतरिक संबंध है?

संबंध ही नहींप्रेम और मृत्यु एक ही सिक्के के दो पहलू हैंएक ही घटना के दो नाम हैंएक ही चीज को देखने के दो ढेंग हैं,दो दृष्टियां हैं। बहुत मुश्किल होगा तुम्हें यह समझानाक्योंकि तुमने तो अकसर उलटा माना है। तुम तो मृत्यु से बचने को प्रेम की शरण में गए हो। तुमने तो मृत्यु से बचने के लिए प्रेम की सुरक्षा मांगी है--और प्रेम मृत्यु की गोद में जाने से डरे हो। और मृत्यु तो प्रेम की ही गोद है। इसलिए तो तुम्हारे जीवन में प्रेम की मांग बहुत हैप्रेम की वर्षा कभी नहीं होती। चीखते हो,चिल्लाते होरोते होबुलाते होखोजते हो--लेकिन कहीं तुम्हारे भीतर ऐसा विरोधाभास है कि प्रेम की तुम बात तो करते हो,लेकिन घटने नहीं देते।
गौर से देखना अपने प्रेम को तो तुम्हें मेरी बात समझ में आ जाएगी: तुम प्रेम मांगते भी हो और प्रेम से डरते भी हो। तुमने बहुत गहरे में झांकाप्रेम का बड़ा गहरा भय है! तुम भयभीत हो प्रेम से। ऊपर-ऊपर मांगते भी होभीतर-भीतर डरे भी होभागे हुए भी हो। ऊपर-ऊपर प्रेम की तरफ चलते होभीतर-भीतर किसी विपरीत दिशा में कदम रखते हो। एक कदम प्रेम की तरफ उठाते हो तो एक कदम प्रेम के विपरीत तत्क्षण उठा लेते हो।
प्रेम में खतरा मालूम होता हैखतरा है। मैं नहीं कहता कि खतरा नहीं है। बड़ा खतरा है। प्रेम से बड़ा कोई खतरा नहीं है। क्योंकि प्रेम को अर्थ है: तुम्हें मिटाना होगा। प्रेम का अर्थ है: तुम तुम ही न रह जाओगे: तुम वही न रह जाओगे जो प्रेम करने के पहले थेवह तुम्हारी इकाईवह अकड़वह अस्मिता डूबेगीगलेगीजलेगीराख होगी। तुम्हारे राख हो जाने से ही तो प्रेम का फूल खिलेगा। इसलिए तो भय है।
हम प्रेम की बातें करते हैंप्रेम के गीत भी गाते हैं। प्रेम की कहानियां पढ़ते हैंकहानियां कहते हैं--ये सब तरकीबें हैं प्रेम से बचने की।
प्रेम का बड़ा प्रगाढ़ भय है। मनस्विदों से पूछो। वे कहते हैं कि प्रेम का बड़ा प्रगाढ़ भय है। हम प्रेमली से दूर-दूर रहते हैंफासला बनाकर रहते हैं। इतने करीब नहीं आते कि सीमाएं मिल जाएं और खो जाएं। इतने पास आने में बड़ा भय लगता है कि फिर लौट सकें न लौट सकें। इसलिए तो हमने बहुत तरह के इंतजाम कर लिए हैं प्रेम के विपरीत। विवाह भी प्रेम के विपरीत एक इन्तजाम हैताकि प्रेम करना न पड़े। तो जाकर विवाह कर लाते हैं एक स्त्री को या एक पुरुष से विवाह कर लेते हैं। विवाह एक आयोजन है। मां-बाप कर लेते हैं इन्तजाम। जिनका हो रहा है विवाहउनसे तो पूछने की जरूरत ही नहीं होती। ज्योतिषी से पूछते हैं जिसका कोई लेना-देना नहीं है। और सब बातों का इन्तजाम कर लेते हैं जिनका प्रेम से कोई संबंध नहीं हैकि कुलीन घर हैकि सम्पन्न घर हैसुसंस्कृ लोग हैंजाति-धर्म-कुल क्या है--यह सब पता कर लेते हैं। इससे प्रेम का कोई भी लेना-देना नहीं है। न तो प्रेम जाति को जानतान कुल को जानतान कुलीनता को जानतान धन को जानता। प्रेम का धन से संबंध क्या हैन रंग को जानता। हड्डी-मांस-मज्जा से प्रेम का संबंध क्या हैतुम हिंदू हो कि मुसलमान कि जैन कि ईसाईप्रेम का लेना-देना क्या है?
लेकिन विवाह का इन्तजाम किया है--सारी दुनिया में। यह इन्तजाम बड़ी कुशलता थी। यह इस बात की खबर है कि प्रेम का बड़ा भय है। इसलिए हमने बाल-विवाह किएक्योंकि इसके पहले कि प्रेम अपना सिर उठाएविवाह कर देना जरूरी है। अगर प्रेम एक बार सिर उठा ले तो फिर विवाह कठिन हो जाएगा। और एक बार प्रेम की धुन पकड़ जाएदीवानगी आ जाएतो विवाह बहुत रूखा-सूखा मालूम पड़ेगा। विवाह प्रेम से हो तो समझ में आता हैहमने उलटी व्यवस्था की: विवाह कर दो और प्रेम करो!
अब प्रेम के साथ एक नियम है कि हो तो होन हो तो किया नहीं जा सकता। हांढोंग कर सकते हो। दिखावा कर सकते हो। अपने को समझा लेते होदूसरे को समझा देते हो कि हैसब ठीक है। लेकिन प्रेम हो तो होन हो तो न हो।
प्रेम ऐसी घटना है कि परमात्मा की तरफ से हैतुम्हारे हाथ में नहीं है।
तीन घटनाएं परमात्मा के हाथ में हैं--जन्मप्रेम और मृत्यु। और बाकी घटनाओं का कोई मूल्य नहीं है जो तुम्हारे हाथ में हैं। तुम किस तरफ की दुकान करते होकिस दफ्तर में बैठते होकिस राजनीतिक पार्टी के सदस्य हो--इन बातों का कोई मूल्य नहीं है। यह सब बीच का भरावा है। जीवन का सब महत्वपूर्ण परमात्मा के हाथ में है। परमात्मा यानी समग्र। व्यक्ति के हाथ में नहीं हैसमष्टि के हाथ में है। होता है तो होता है।
प्रेमइसलिए मैं कहता हूंजन्म और मृत्यु का ही हिस्सा है। प्रेम एक मृत्यु है और एक जन्म भी--पुराना मरता हैनया आविर्भूत होता हैअहंकार गलता हैआत्मा का आविर्भाव होता है। तो हमने प्रेम के लिए इन्तजाम कर लिए हैं और धोखे कर दिए हैं। इसलिए दुनिया में इतने लोग प्रेम करते मालूम पड़ते हैंलेकिन प्रेम की सुगंध कहां हैजीवन तो दुर्गंध से भरा है घृणा कीयुद्ध और रक्तपातकलह और वैमनस्य। शत्रुता जीवन का आधार मालूम पड़ती है। तुम जीते ही हो लड़ने के लिएजीते ही हो लड़ते हुए। प्रेम के गीत गाते हो--वे गीत शायद भ्रम हैं। शायद जीवन में जो नहीं मिलागीत गाकर अपने को समझा लेते हो। गीतों में भरोसा कर लेते हो।
प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में एक अनूठी घटना घट सकती थीवह घट नहीं पाती। लेकिन इसमें समाज का ही कसूर होऐसा नहीं है--व्यक्ति डरा हैइसलिए समाज के हाथ में सूत्र दे दिया है। भय भीतर है। इसलिए मैं जब भी प्रेम की बात करता हूं,मृत्यु की भी बात करता हूंऔर जब भी मृत्यु की बात करता हूं तब प्रेम की भी बात करता हूं। मेरे लिए दोनों एक ही ऊर्जा के ढंग हैं।
तुम समझने की कोशिश करो।
प्रेम में तुम्हारा होना डूबता हैवैसे ही जैसे मृत्यु में डूबता है। मृत्यु से थोड़ा ज्यादा भी डूबता हैकम नहीं। क्योंकि मृत्यु में शरीर तो मिट जाता हैमन नहीं मिटताअहंकार नहीं मिटताफिर नया जन्म हो जाता हैअहंकार का। नयी यात्रा शुरू हो जाती है। सिर्फ वस्त्र बदल लिए जाते हैं मृत्यु में।
प्रेम बड़ी मृत्यु है मृत्यु से--महामृत्यु है। शरीर तो वही रहता हैमन बदल जाता हैअहंकार गिर जाता है। तुम मिट जाते हो और किसी नये का जन्म होता हैजो तुमसे अपरिचित हैजिसे तुमने पहले कभी जाना ही न था। कोई और ही तुम में आविष्ठ हो जाता है। क्षणभर पहले और क्षणभर बाद में जमीन-आसमान का भेद हो जाता है। तुम्हारी आंख में किसी और ही ऊर्जा की लहर होती है। तुम्हारे पैर में किसी और ही नृत्य की गति होती है। तुम्हारे हृदय में किसी और ही गीत की गुनगुन होती है। क्षणभर पहले जहां रेगिस्तान थाक्षणभर बाद वहां अनंत-अनंत कमल खिल जाते हैं। यह क्षण में घटता है। यह क्रांति है। यह इतनी बड़ी क्रांति है कि तुम घबड़ाते हो। यह इतना बड़ा रूपांतरण है कि तुम डरते हो। तुम भी चाहोगेइसे अगर मात्रा-मात्रा में घटेअगर कदम-कदम घटेथोड़ा-थोड़ा घटेहोमियोपैथी की मात्रा में घटे। थोड़ा-थोड़ा करके घटे तो तुम भी सोचोगे कि चलो ठीक है। लेकिन यह है आकस्मिक। यह है क्रांति। इसका कोई क्रमिक हिसाब नहीं हैसीढ़ियां-सीढ़ियां नहीं घटताविस्फोट है;इधर पुराना गयाइधर नये का आविर्भाव हुआ। और दोनों का कहीं मिलन नहीं होता।
जो प्रेम के लिए तैयार है वह परमात्मा के लिए तैयार है।
भक्ति का आधार प्रेम है। भक्ति का संदेश सिर्फ इतना ही है कि अगर तुम्हारे जीवन में प्रेम घटाअगर तुमने प्रेम को घटने दियाबाधा न डालीअगर तुमने द्वार दरवाजे बंद न किए भयभीत होकरऔर अगर तुमने प्रेम को आने दियातुमने स्वागत किया--तो ज्यादा देर न लगेगीतुम प्रेम के पीछे ही परमात्मा की पगध्वनि सुनोगेउसे आता हुआ पाओगे। परमात्मा की तुम्हें पूजा करनी पड़ती हैमंदिर-मस्जिद खोजने पड़ते हैंक्योंकि तुम प्रेम से चूक गए हो। इसलिए तुम्हें नकली मंदिर बनाना पड़ता हैनकली मस्जिद बनानी पड़ती हैंनहीं तो प्रेम असली मंदिर हैअसली मस्जिद है। प्रेम ही गुरुद्वारा है। बाकी तो सब तरकीबें हैं। असली से चूक गए तो नकली को बना लेते हो। मन को समझाते होबुझाते होसांत्वना करते हो।
प्रेम मिटाएगा। प्रेम तुम्हें निखारेगा। प्रेम तुम्हें जलाएगा अग्नि की तरह। प्रेम की बड़ी पीड़ा है और बड़ा आनंद भी। प्रेम ठीक मृत्यु जैसा है--लेकिन सिर्फ मृत्यु जैसा नहींजीवन जैसा भी है: एक छोर पर मृत्यु घटती हैदूसरे छोर पर जीवन घटता है;इधर पुराना मराउधर नया जन्माइधर रात गईसुबह हुईइधर तारे ढलेउधर सूरज निकलाएक द्वार बंद हुआदूसरा खुला।
तो तुम प्रेम के लिए सोचते मत रहो--द्वार-दरवाजे खोलो! भयभीत किससे होयह शरीर तो जाएगा। तुम इसे बचाकर भी रखो तो भी जाएगा। यह अहंकार धूल-धूसरित होगा। यह खोपड़ी गिरेगी मिट्टी में। यह तो मरघट बनने ही वाला है। तुम बचा किसके लिए रहे होतुम संभाल किसके लिए रहे होयह कृपणता कैसीइसके पहले कि सब छीन लिया जाएबांट दो! फिर तुमसे कोई छीन न सकेगा। इसके पहले कि तुम मिटोमिट जाओ! फिर तुम्हें कोई मिटा न सकेगा। इसके पहले कि मौत तुम्हारे द्वार पर दस्तक देतुम प्रेम का आमंत्रण स्वीकार कर लो! फिर तुम्हारी कोई मौत नहीं है।
अब मैं तुमसे एक विरोधाभासी बात कहूं। मैं कहता हूंप्रेम मृत्यु हैऔर मैं तुमसे यह भी कहना चाहूंगा कि प्रेम में ही पता चलता है अमृत का। प्रेम में ही पता चलता है कि कुछ है तुम्हारे भीतर जिसकी कोई मृत्यु नहीं। मरकर ही पता चलता है अमृत का। कूड़ा-कर्कट जल जाता हैसोना बच जाता है। जो मर सकता थामर जाता है। जो नहीं मर सकताजो अविनाशी हैउसका साक्षात्कार हो जाता है।
मनुष्य ने अपने भय के आधार पर प्रतीक चुने हैं। इसलिए आमतौर से तुम्हें लोग प्रेम के साथ मृत्यु का संबंध जोड़ते हुए नहीं दिखाई पड़ेंगे। क्योंकि मृत्यु से तो तुम भयभीत हो और तुम सोचते हो प्रेम को तुम चाहते हो। मैं तुमसे कहता हूं: जो प्रेम को चाहता है व मृत्यु को भी चाहता है। क्योंकि जिसने प्रेम के जाना या चाहाउसने मृत्यु का सुख भी जानामृत्यु का रस भी जाना। क्योंकि मृत्यु में ही अमृत का आविर्भाव है।
तुम मौत से भयभीत होइसलिए तुम प्रेम से भी भयभीत हो। तुम्हारी सारी चिंतन की व्यवस्था तुम्हारे भय को प्रतिबिंबित करती है। जैसे शास्त्रों में लिखा हैपरमात्मा प्रकाश हैक्योंकि आदमी अंधकार से डरा हुआ है। परमात्मा दोनों हैअन्यथा अंधकार होगा कैसेलेकिन सब शास्त्र कहते हैं--कुरानउपनिषदवेद--परमात्मा प्रकाश है। फिर अंधकारफिर रात किसकी?फिर रात का राजा कौनतब फिर शैतान को गढ़ना पड़ता हैक्योंकि रात का भी कोई राजा होना चाहिए। फिर अंधेरे का एक मालिक बनाना पड़ता हैक्योंकि अंधेरे की भी तो व्यवस्था जमानी होगी। अंधेरे का साम्राज्य किसका हैपरमात्मा का ही है। तुम्हारे भय के कारण उपद्रव खड़ा कर रहे हो।
तुम्हारे भय ने परमात्मा को भी दो में बांट दिया। भय तुम्हें ही नहीं बांट रहा हैतुम्हारे परमात्मा तक को विभाजित कर देता है। तुम कहते होदिन उसका। रातरात से तुम डरे हो! अंधेरा तुम्हें घबड़ाता है। इस घबड़ाहट के कारण तुम जीवन के बहुत से राज न जान पाओगेक्योंकि बहुत से राज अंधेरे में छिपे हैं। तुम शांत न हो सकोगेक्योंकि शांति का स्वभाव अंधेरे जैसा है,प्रकाश जैसा नहीं।
अब तुम्हें घबड़ाता है। इस घबड़ाहट के कारण तुम जीवन के बहुत से राज न जान पाओगेक्योंकि बहुत से राज अंधेरे में छिपे हैं। तुम शांत न हो सकोगेक्योंकि शांति का स्वभाव अंधेरे जैसा हैप्रकाश जैसा नहीं।
अब तुम्हें बड़ी कठिनाई होगी।
शांति अंधकार जैसी हैक्योंकि शांति विराम हैविश्राम है। समाधिपतंजलि ने कहा हैनिद्रा जैसी है। तो निश्चित ही शांति अंधकार जैसी होगीरात्रि जैसी होगी। प्रकाश में उत्तेजना हैयह तो तुमने अनुभव किया ही है। इसलिए तो अगर तुम सो रहे हो और बहुत बड़े-बड़े प्रकाश के बल्ब लगा दिए जाएं तो सो न सकोगेप्रकाश तुम्हारी आंखों को उत्तेजित रखेगातना हुआ रखेगा,विश्राम न लेने देगा। इसलिए तो दिन में सोना मुश्किल है। इसलिए तो सारी प्रकृति रात में सोती है।
विश्राम के लिए अंधकार चाहिए। प्रकाश में एक तनाव है। अगर तुम प्रकाश ही प्रकाश मग रहाजल्दी पागल हो जाओगे। जरा सोचोएक महीने सो न सको--बहुत लंबा कह रहा हूंतीन दिन में ही विक्षिप्त होने की हालत आनी शुरू हो जाती है। तीन दिन अगर जरा  भी नींद न आ सकेतो बस सब रुग्ण होना शुरू हो जाता है। अंधेरा रोज-रोज चाहिए। अंधेरा भोजन है।
यह बड़े मजे की बात है कि तीन दिन तुम सो सकते होकोई खास नुकसान न होगालेकिन तीन दिन अगर जागे तो नुकसाान हो जाएगा।
मैं एक महिला को देखने गया। वह नौ महीने से बेहोश है। सो रही है! पागल नहीं हो गई है। चिकित्सक कहते हैंजग भी सकती हैन भी जगे। जग सकती हैक्योंकि मैंने एक घटना सुनी है कि अमरीका में एक महिला बारह साल तक सोयी रही,बारह साल के बाद जगी। बिलकुल ठीकताजी! जैसी सोयी थी उतनी ही ताजी! वस्तुतः बारह साल में उसके संगी-साथी बूढ़े हो गएवही नहीं हुईक्योंकि ताजी की ताजी रही। बारह साल जैसे आए ही नहीं उसके लिए। जैसे समय बीता ही नहीं। जैसे घड़ी के कांटे चले ही नहींसब ठहरा था। वह गहन निद्रा में रहीविश्राम में रही। उसके चेहरेपर सलवटें न आईं। लेकिन बारह साल जागे नहीं रह सकते। खुद तो पगल हो ही जातेऔर न मालूम कितनों को पागल कर दिया होता। जिसको काटते वही पागल हो जाता।
परमात्मा को प्रकाश ही प्रकाश कहा हैअंधकार नहीं! आदमी अपने भय से अपने शब्द बनाता है। तुम अंधेरे से भयभीत हो तो तुम्हें लगता है कि परमात्मा अंधकार--नहीं! प्रकाश!
तुमने कभी खयाल कियाप्रकाश तोड़ता हैचीजों को अलग-अलग कर देता है। अभी देखोसुबह हुई हैतो हर वृक्ष अलग-अलग हो गयारात अंधेरा होगासब एक हो गया। फिर भेद न रहे। कौन आम हैकौन नीम है--फर्क न रहा। नीम और आम भी एक हो गए। सब बराबर हो गया।
अंधकार जोड़ता हैप्रकाश तोड़ता है। प्रकाश भेद खड़े करता हैअंधकार अभेद है।
सूरज का उगना निश्चित है
एक दिशा में
किन्तु तिमिर के लिए खुली हैं
दसों दिशाएं।
सूरज तो सीमित ही है--एक दिशा से उगता हैपूरब से उगता है तो पूरब से उगता है। अंधकार कहां से उगता हैकभी खयाल कियासब तरफ से आता हैदसों दिशाओं से आता है। कभी विचार कियाप्रकाश तो कभी होता हैफिर खो जात है। अंधकार सदा हैसदा-सदा है। दीया जलाते होटिमटिमाने लगती है रोशनीअंधेरा मिटता नहीं। दीया गयाअंधेरा वापस अपनी जगह है। कौन दीया अंधेरे के मिटा पाया है! कितनी बार सूरज उगा हैकितनी बार डूबा है। रात पर रेखा भी खिंचीअंधेरे को कोई जरा सी भी परेशानी हुई?
प्रकाश घटना हैअंधकार शाश्वत है। कुछ करो तो प्रकाश होगा। ईंधन चाहिऐ। तुमने देखातेल चुक जाएगादीया बुझ जाएगा! सूरज का दीया भी बुझेगा--उसका तेल भीवे कहते हैंचुक रहा है! चार हजार साल और लगेंगे। लंबा है समयलेकिन समय की अनंतता में चार हजार साल क्या हैंबुझ जाएगा। ईंधन चाहिए।
दीया बुझता है--तेल के चुक जाने से। अंधकार बिना ईंधन के हैइसलिए बुझ न सकेगा। कभी न बुझेगा। कितने ही सूरज आएंगे और जाएंगेकितने ही दीए जलेंगे और बुझेंगे--अंधकार रहेगा और रहेगा!
मृत्यु जीवन से बड़ी हैजैसे प्रकाश से अंधकार बड़ा है। जीवन तो थोड़ी सी चहल-पहल है। जैसे सागर में उठी लहरनाचीगाई,उमड़ी--खो गई! ऐसा ही जीवन है।
उठती है लहरनाचेकूदेशोरगुल मचाया--मैं हूंतू हैन मालूम कितनी चर्चावार्तासंघर्षयुद्ध--खो गई लहर!
अगर गौर से देखो तो परमात्मा अंधेरे जैसा ज्यादा हैप्रकाश की बजाय। और प्रेम मृत्यु जैसा ज्यादा हैबजाय जीवन जैसे। पर हम मृत्यु से भयभीत हैंतो हम कहते हैंप्रेम जीवन है। हम जीवन को पकड़ना चाहते हैं। हम जीवन को ग्रस लेना चाहते हैं। हम जीवन को सब भांति छाती से चिपटा लेना चाहते हैं। तो हम कहते हैंप्रेम जीवन है। लेकिन यह कोई सत्य की प्रतीति नहीं है। जीवन बड़ा छोटा हैमृत्यु बड़ी विराट है!
आंखो को अपने पक्षपातों से मुक्त करो। सत्यों को देखो--जैसे हैं। पुनः आज की रात अंधेरे में बैठकर देखनाशायद अंधेरे का सौंदर्य तुमने देखा ही नहीं अब तक भय के कारण। अंधेरा बड़ा मखमली है। उसका स्पर्श बड़ा गुदगुदा है। उसके स्पर्श की कोमलता प्रकाश क्या पाएगा! प्रकाश तो उत्तप्त है। अंधेरा बड़ा शीतल है!
अंधेरे को फिर से विचार करना। विचार नहीं करना--ध्यान करना। आज की रात आंख खोलकर अंधेरे में बैठ जाना और अंधेरे को जरा अनुभठ करना। अंधेरे की अनुभूति तुम्हें मृत्यु की अनुभूति को भी सुखद बना देगी।
मृत्यु और अंधेरे को तुम अगर अहोभाव से स्वीकार कर पाओ तो तुम प्रेम के राज को समझ पाओगेक्योंकि प्रेम भी अंधेरे की तरह सुखद हैशीतल है।
मगर हमारे सब शब्द हमारे भय से आंदोलित हैं। अगर हम किसी का स्वागत करते हैं तो हम कहते हैंगर्म स्वागत! ठंडा स्वागत नहीं। वार्म वैलकम। अब अगर किसी का ठंडा स्वागत करो तो बात ही खराब हो गई। ठंडक में ऐसी खराबी हैतो फिर तुम्हारा असली स्वागत नरक में ही होगा। वार्म वैलकम!
मैंने सुना हैमुल्ला नसरुद्दीन की पत्नी बीमार थी और उसके चिकित्सक ने कहा कि इसे गरम स्थान पर भेजना पड़ेगा।  गरम आब-हवा की जरूरत है। तो उसने कहा कि "ठीक है,तो कहां भेज देंअफ्रीका भेज दें?' चिकित्सक ने कहा कि नहींउतनी गरमी से भी काम न चलेगा। तो मुल्ला ने कहा, "कहां भेज दें फिर?' तब उसे तत्क्षण खयाल आया। उसने कहा कि समझ गएमगर गोली आपको ही मारनी पड़ेगीमैं नही मार सकता। फिर नरक ही जगह है जहां एकदम उबलती हुई गरमी है।
तुम्हारा भय तुम्हारी भाषा में प्रविष्ट हो गया हैतुम्हारे सोचने के ढंग में प्रविष्ट हो गया है। तुम्हारे प्रतीकों को ग्रसित कर लिया है उसने।
फिर से विचारो!
मृत्यु से डर! किस बात का डर हैतुम्हारे पास क्या है जिसके खो जाने से तुम डरे होहै क्याकभी ऐसा सोचो कि मेरे पास है क्याजो मृत्यु छीन लेगी! तुम्हारे पास कुछ भी तो नहीं हैसिर्फ एक दम्भ है। बस वही छीन लेगीऔर तो क्या छीनने को होगाऔर दम्भ भी कितनी कोरी चीज है--हवा का गुब्बारा है! इसलिए तो जरा-जरा कोई छेड़ दे तो टूट जाताफूट जाता। जरा-सा कोई कांटा भी चुभा दे तो प्राण निकल जाते हैं। जरा कोई हंस दे कि पीड़ा हो जाती हैघाव पर चोट लग जाती है।
दम्भ के अतिरिक्त और क्या है तुम्हारे पास जो मौत तुमसे छीन लेगी?
प्रेम कहता हैअगर ऐसा ही हैअगर यही डर हैतो दम्भ तो प्रेम में ही छोड़ा जा सकता हैयह अहंकार तो प्रेम में ही डुबाया जा सकता है। फिर तो मौत का कोई डर ही न रह जाएगा। फिर तो कुछ भी न बचेगा।
जिसने प्रेमे को जाना उसने मृत्यु को जाना--और उसने यह भी जाना कि मृत्यु के पार कुछ है! यह अहंकार ही तुम्हें जानने नहीं देताजागने नहीं देता
पथ देख बिता दी रैन
मैं प्रिय पहचानी नहीं
तम ने धोया नभ पथ
सुवासित हिमजल से
सूने आंगन में दीप
जला दिए झिलमिल से
आ प्रात बुझा गया कौन
अपरिचितजानी नहीं।
मैं प्रिय पहचानी नहीं।
वही है जीवन में भीमृत्यु मग भीजलने में भीबुझने में भीप्रकाश में भीअंधकार में भी!
विभाजन मत करो! अन्यथा रोओगे। कहोगे--मैं प्रिय पहचानी नहीं। उसी के हाथ हैं--बायां भीदायां भी! जो तुम्हें उठाता है वही तुम्हें वापस बुला लेता है। जन्म और मृत्यु के बीच में जो थोड़ा-सा अवसर हैलहर के उठने और गिरने के बीच में जो थोड़ी-सी सुविधा हैअवकाश हैउस अवकाश को तुम प्रेम से भर जाने दो! अन्यथा अवसर खो गया! अन्यथा तुम्हें किसी दिन कहना पड़ेगा आंसू भरी आंखो से--
पथ देख बिता दी रैन
मैं प्रिय पहचानी नहीं।
अपरिचितजानी नहीं।
आ प्रात बुझा गया कौन
मैं प्रिय पहचानी नहीं!
वही जलाता रात तारों कोवही सुबह बुझाता। हाथ बस उसी के हैं। जिसने ऐसा देखा--शुभ मेंअशुभ मेंसुंदर मेंअसुंदर में;सत्य मेंअसत्य मेंसाधु मेंअसाधु मेंजिसने ऐसा देखा कि हाथ उसी के हैंउसी ने बस देखाउसी ने बस प्रिय को पहचाना।

तीसरा प्रश्न: भगवानआपके कहे-कहे भी बहुतेरे आपके संन्यासी ध्यान नहीं करतेकहते हैंसमझ काफी है। क्या उनकी समझ काफी है?

अक्ल बारीक हुई जाती है
रूह तारीक हुई जाती है!
सुनते-सुनते मुझे समझ बढ़ती होऐसा तो पक्का नहीं हैसमझदारी बढ़ती हैसमझ का खयाल बढ़ता हैसोचना पैना होता जाता है। "अक्ल बारीक हुई जाती है!'
लेकिन ध्यान रखनायह अक्ल महंगा सौदा हो जाएगीअगर साथ में यह खयाल न रहा कि "रूह तारीक हुई जाती है', भीतर आत्मा अंधेरे में खोती जाती हैहोश मिटा जाता हैबेहोशी छायी जाती है।
ध्यान रखनानिश्चित ही समझ काफी है। मगर समझ हो तब! ध्यान की कोई भी जरूरत नहीं हैक्योंकि समझ ध्यान है। उससे बड़ा कोई नहीं। लेकिन समझ हो तब। अपनी-अपनी परख अपने-अपने भीतर कर लेना। किसी दूसरे का सवाल भी नहीं कि कोई दूसरा चिंतित हो। अगर किसी की समझ जग गई हैबात खत्म हो गई। किसी दूसरे को फिक्र भी क्यों हो कि वह ध्यान करता है या नहींयह उसके ही अपने ही भीतर सोचने-समझने की बात है। अगर उसे लगता हैसमझ जग गईदीया जल गया--बात खत्म हो गई। अब न उसके जीवन में कोई दुख होगा न उदासी होगी। अब उसके जीवन में न कोई बैचेनी होगीन कोई अशांति होगी। अगर बेचैनी अभी भी होअशांति अभी भी होदुर्गंध अभी उठती होनरक की लपटें अभी भी पास आती मालूम पड़ती होंतो फिर धोखा किसको दे रहे होतो फिर जान लेना कि समझ नहीं है। तो फिर ध्यान से बचने की कोशिश मत करना। क्योंकि ध्यान की चोट से ही समझ पैदा होगी। हो गई होतब कोई जरूरत नहीं है।
अगर स्वर्णकार की आग से तुम गुजर गए होसोना निखर गया होतो फिर अब कोई जरूरत नहीं हैलेकिन अगर न गुजरे होओ तो बचाव मत करना यह कहकर कि मैं गुजर चुकानहीं तो कचरा ही बचेगा हाथ में। और कचरा भी रूकता नहींबढ़ता है। हर चीज बढ़ती है। जिसे बचाओगेवह धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा। धीरे-धीरे सोने को ढक लेना।
अगर समझ न हो तो इस भ्रांति में मत पड़ना कि समझ है।
कसौटी क्या हैतुम्हारे पास जांचने के लिए उपाय क्या हैजांचने का उपाय है: आनंदशांतिसमस्वरतासंगीत,संतुलन,सम्यकत्व। भीतर तुम देख लेना। अगर भीतर संतुलन हैकोई चील डंवाती नहींडुबाती नहींहवा के झोके आते हैं,निष्कंप तुम बने रहते हो--बात खत्म हो गई। फिर लाख दुनिया कहे कि ध्यान करोप्रार्थना करोपूजा करो--क्यों तुम करोगे! सिर में दर्द हो तो औषधि लेनाबीमारी हो तो औषधि लेना।
ध्यान औषधि है। किसी के कहने से लेने की जरूरत नहीं है। क्योंकि लोग कह रह हैंक्योंकि और लोग ले रहे हैंइसलिए करने की कोई जरूरत नहीं है। पर यह प्रत्येक का निपटारा उसके ही भीतर होगा।
यह प्रश्न किसी दूसरे ने पूछा हैयह भी बात ठीक नहीं। दूसरे को पूछने का हक ही नहीं है। तुम्हें दूसरे की समझ पर संदेह करने की भी क्या जरूरत हैअगर दूसरा कहता हैसमझ जग गई हैइसलिए ध्यान की जरूरत नहीं--जग गई होगी। यह उसकी बात है। अगर न भी जगी होगी तो भी पछतावा उसे होगा कलतुम क्यों परेशान हो?
लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि जो ध्यान करता है वह चाहता है बाकी भी ध्यान करें। जिसकी पूंछ कटीवह चाहता है औरों की भी कटे। स्वभावतः वह यह मान नहीं सकता कि "हमारी हालत भी अभी ऐसी है कि ध्यान करना पड़ेतुम्हारी ऐसी है कि ध्यान की जरूरत नहीं रही! करवाकर रहेंगे! जरूर तुम धोखा दे रहे हो। हम नहीं पहुंचे अभीतुम पहुंच गए'? यह मानने का मन नहीं होता। इसलिए जो ध्यान करता है वह दूसरों को भी करवाएगा। मगर वह बात दुष्टता की है। उसमें सज्जनता जरा भी नहीं।
यह प्रश्न ही दूसरे के पूछने का नहीं है। कोई कहता हैसमझ जग गईइसलिए अब ध्यान की जरूरत नहीं रही--जग गई होगी। सौभाग्य उसका! तुम प्रार्थना करो भगवान से कि तुम्हारी भी जगेतुम्हें भी जरूरत न रह जाए। यह तो उसके ही सोचने की बात है कि कहीं धोखा तो नहीं दे रहा है! धोखा किसको दे रहा हैयह किसी और का सवाल नहीं है। लेकिन धोखा देने वाले लोग हैं।
भय होता है ध्यान करने से। लगता है, "यह पागलपन और हम करें! यह नाच-कूद हम करें'! हरेक अपने को समझाता है कि हमारी बड़ी प्रतिष्ठा है संसार में। हम जैसा प्रतिष्ठित आदमीऔर नाचेगाएकूदे--यह शोभा नहीं देता! लेकिन यह भी कहने की हिम्मत नहीं होती कि हम भयभीत हैंडर लगता है। हम कमजोर हैं। चाहते हैं करेंलेकिन नहीं कर पाते। इतने लोगों के सामने बेपर्दा होने की हिम्मत नहीं होती। एक झूठ को सिरताज बनाए हुए हैं। उघड़ने कीतथ्य को प्रगट करने की हिम्मत नहीं होती। इस तरह कूदकर चीख-पुकारकर हम जाहिर न करना चाहेंगे कि हमारे भीतर भी चीख-पुकार है। सारे संसार में लोग भीतर में लोग जानते हैं कि हम बड़े शांत हैं। लोग हमें सज्जन मानते हैं। लोग सोच भी नहीं सकते कि हमारे भीतर भी ऐसा पागलपन छिपा पड़ा हो सकता है। भय लगता हैकहीं प्रगट न हो जाएंउघड़ न जाएंकहीं नग्नता पता न चल जाए। वस्त्रों के भीतर नग्न हैंलेकिन वस्त्रों में ढांका हुआ है। भयलोकलाजप्रतिष्ठाअहंकार की प्रतिमाएं--वे सब बाधाएं हैं। मगर उनको तो स्वीकार करना ठीक नहींक्योंकि उनको जो स्वीकार कर लेउसका तो ध्यान शुरू हो ही गया। जो यह कह दे कि मैं भयभीत हूं। इसने झूठा दम्भ तो न किया। इसने सत्य को स्वीकृति दी। इसके जीवन में अब प्रामाणिकता प्रारम्भ हुई। यह ज्यादा दूर नहीं हैयह जल्दी ही आ जाएगासमझ भी आएगीध्यान भी आ जाएगा। लेकिन यह कहता हैहमें जरूरत ही नहीं है...!
मेरे पास लोग आते हैं। वे कहते हैं कि दूसरों को करते देखते हैं ध्यानलगता है कुछ हो रहा हैमगर हम नहीं कर पाते,संकोच है। एकांत में नहीं कर सकते हैं?
जो मूल बात है कि दूसरों से छिपाना हैउसको ही तोड़ना है। तुम एकांत में भी न कर सकोगेक्योंकि वहां भी डर लगा रहेगा: कर तो रहे हैंकोई पड़ोसी न सुन लेकहीं पत्नी बीच में न आ जाए और कहेयह तुम क्या कर रहे हो--पति और परमेश्वर होकर! यह तुम क्या कर रहे हो--हू-हू-हू! दिमाग तो दुरुस्त है कि डाक्टर को बुलाऊं?
वहां भी डर समाया रहेगा। कहीं बच्चे न आ जाएं--पिताजी! जो सभी कुछ जानते हैंअब ऐसे अबोध हो रहे हैं।
डर लगता है। डर के कारण न करते होओ तो कम-से-कम स्वीकार तो करो कि डर है।
कुछ आते हैंवे कहते हैं कि हमें तो शांत ध्यान बता दीजिए। शांत ध्यान तुमसे अभी हो न सकेगा। अशांति बहुत दबी पड़ी है,उसे निकालना है। वे कहते हैंये हमें जंचते नहीं।
"तुमने किए'?
"नहींकिए भी नहीं हैं'
"तो जंचता क्यों नहीं है'?
भीतर दावानल है। भीतर ज्वालामुखी है। तुम डरते हो कि फूट जाएगानिकल जाएगा बाहर। किसी तरह अपने के संहाले रहे। किसी तरह प्रतिष्ठा बनाई हैप्रतिमा बना ली है।
जैन मुनि मेरे पास आत हैं। कुछ तेरामंथी जैन साधु आए। प्रतिष्ठित साधु हैं। सारे देश में उनका नाम है। वे कहने लगे कि ध्यान तो करना हैलेकिन किसी को पता न चले--श्रावकों को पता न चले! मैंने उनको कहा कि "श्रावक से तुम डरते हो! श्रावक तुमसे डरेंसमझ में आता है। तुम श्रावकों से डरते हो'? हंसने लगे। कहने लगेआप बात तो ठीक कहते हैंलेकिन हम उनपर निर्भर हैं। और वैसे तो वे इस पक्ष में भी नहीं हैं कि हम आपके पस आएं। हम चोरी-छिपे आए हैं। एक श्रावक आपका भक्त है;वह ले आया है। उसके घर गए थे। यहां का तो किसी को पता नहीं हैकहीं का और बता कर बीच में आ गए हैं। लेकिन ध्यान करना है।
उनकी पीड़ा मैं समझता हूं।
मैंने उनको कहा कि कोई बात नहींचलोएकांत कमरे में ध्यान कर लो। जाते वक्त कहने लगेपर एक खयाल रखना कि कोई फोटो न ले ले। मैंने कहा, "यह तो होगा। फोटो तो ली जाएगी। इतना तो करने दो'। उनकी फोटो ले ली है। बाद में मुझे मिलने आए थे। कहने लगेआप किसी को बताना मत! मैंने कहा कि मैं किसी को बताऊं तो भी आप रोक न सकोगेफोटो है।
इतना भय है--साधु-संन्यासी जिसको कहते हैंउसको! गृहस्थ की तो बात ही छोड़ दो।
भय के कारण अगर तुम समझदारी की बातें कर रहे हो तो तुम धोखा अपने को दे रहे हो। और निश्चित ही तुम समझदारी की बातें करना चाहो तो खूब कर सकोगे। मुझे सुनते-सुनते समझ तो नहीं आएसमझदारी तो आ ही जाती है। समझदारी समझ का धोखा है। समझदारी खोटा सिक्का है।
सुहबते-रिंदा से वाइज कुछ न हासिल कर सका
बहका-बहका-सा मगर तर्जेकलाम आ ही गया।
शराबियों के साथ भी रहे--
सुहबते-रिंदा से वाइज कुछ न हासिल कर सका
वह धर्मोपदेशक शराबियों के साथ भी रहामस्तों के साथ भी रहा कुछ हासिल तो न कर सका। क्योंकि मस्ती हासिल करने के लिए तो पहले कुछ खोना पड़ता हैवह तो महंगा सौदा है। वह तो हिम्मतवरों का काम है। वह तो जुआरियों का मामला है,दुकानदारों का नहीं।
सुहबते-रिंदा से वाइज कुछ न हासिल कर सका
बहका-बहका-सा मगर तर्जेकलाम आ ही गया।
लेकिन शराबियों की बातें सुनते-सुनते कहने का बहका-बहका ढंग तो आ ही गया।
बस उतना ही हो रहा है--बहुतों को। इधर शराब की चर्चा चलती हैउधर "तुम्हें बहका-बहका साततर्जेकलाम आ ही गया', उधर तुम ऊंची बातें करने लगते हो। बात में तुमसे कोई जीत न सकेगायह बात पक्की है। मगर ध्यान रखनाकहीं बात ही बात में तुम अपने को मत गंवा बैठना! तो यह बात फिर महंगी हो जाएगी।

चौथा प्रश्न: भगवानमैं आपका एक साधक हूंलेकिन संन्यस्त नहीं हुआ। फिर भी क्या मेरी मृत्यु के क्षण में आप धक्का देने आएंगेयदि हांतो मुझे उस क्षण की तैयारी के लिए क्या करना चाहिए?

संन्यास...!
क्योंकि जो तुम जिंदगी में न पा सकोगे उसे मरकर पा सकोगेइसकी संभावना कम है। अगर तुम जिंदगी में मेरे साथ न हो सके तो मुझसे तुम आशा रखो कि मौत में तुम्हारे साथ रहूंगा--जरा जरूरत से ज्यादा आशा कर रहे हो। नहीं कि मेरी तरफ से कोई बाधा है। मैं कोशिश करूंगा। लेकिन जब जिंदगी में तुम साथ न हो सक तो मृत्यु में तुम मेरे साथ को ले सकोगेजब होश में थे तब मेरे साथ को न ले सके तो जब तुम बेहोशी में खोने लगोगेतुम तब सहयोग कर सकोगेकठिन होगा तुम्हारी तरफ से। मेरी तरफ से कोई अड़चन नहीं है। मेरी तरफ से आश्वासन है। लेकिन मैं कुछ कर न पाऊंगा। मैं चिल्लाऊंगा और तुम न सुनोगे। मैं हाथ पकडूाऔर तुम हाथ छुड़ाओगे। मैं तुम्हें धक्का दूंगा और तुम मुझे दुश्मन जानोगे।
जब जिंदगी में तुम हिम्मत न जुटा सकेजब होश थाजब थोड़ी समझ थीजब थोड़ा प्रकाश था--जब तुम प्रकाश में मुझे न पहचान सके तो अंधेरे में तुम मुझे पहचान लोगेकठिन हो जाएगा।
करेंगे मर के बका-ए-दवाम क्या हासिल
जो जिंदा रह के मुकामे हयात पा न सके।
मरकरसोच रहे हो कि जीावन का लक्ष्य जब जीवित रहते न मिल सका...!
 नहींऐसी भूल मत करो। अभी समय है। देर हुईपर बहुत देर कभी भी नहीं हुई है। अब यहां आ ही गए हो तो रीते मन लौट जाओ।
पनघट तक आ कर भी गागर
रीती लौट रही है!
इसे शीश पर धर कर लायी
पनिहारिन बेचारी
सीचूंगी तुलसी का चौरा
आंगन की फुलवारी
पर माटी की इस काया में
ओझल छेद कहीं है
परघट तक आ कर भी गागर
रीती लौट रही है!
साधक होअब संन्यस्त हो कर ही लौटो!
संन्यास का अर्थ क्या हैइतना ही अर्थ है कि तुम्हें मुझ पर भरोसा है। और क्या अर्थ हैइतना ही अर्थ है कि तुम अपना हाथ मेरे हाथ में देने को राजी हो--बेहिचक। पागलपन भी करवाऊं तो भी तुम भरोसा रखोगे कि कुछ मतलब होगा।
भरोसे के अतिरिक्त संन्यास का कोई और अर्थ नहीं है। इस भरोसे में ही तुम्हारे खो जाने का उपाय होने लगता है।
मेरे पास लोग आते हैं। वे कहते हैंहम संन्यास के लिए तैयार हैंलेकिन दो बातें हम न कर सकेंगे--माला और गेरुआ न पहनेंगे। तो मैं उनसे पूछता हूं, " तो फिर तैयारी और क्या हैआपकी माला बनाकर मुझे पहनाएंगेसंन्यास का फिर अब क्या मतलब हैफिर मुझे आपके हिसाब से चलना पड़ेगा--क्या करनायह साफ-साफ कर लेंनहीं तो पीछे झंझट होअदालत जाना पड़े। सोचा क्या है तुमने?'
जानता हूं मैं भी कि कपड़ों से क्या होता हैमाला से क्या होता है! यह मुझे भी पता है। कुछ कपड़े और माला पहनने से तुम स्वर्ग पहुंच जाओगेऐसा भी नहीं है। लेकिन कपड़ा और माला तो सिर्फ इंगित है तुम्हारी तरफ से कि पागल होने की तैयारी है,कि अब हम राजी हैंकि अगर दीवाना बनाओगे तो उसके लिए भी राजी हैं।
मैंने सुना है कि मुल्ला नसरुद्दीन बैठा था अपने घर के द्वार पर। एक कार रुकी। आदमी रास्ता भूल गया था और उसने पूछा कि बंबई की तरफ जाने का रास्ता...। तो मुल्ला ने उसे ठीक-ठीक सूचनाएं दींकि पहले बाएं जाओफिर चौरस्ते से दाएं मुड़ना,फिर...। कोई दो घंटे बाद वह आदमी फिर वापस आया। वहीं मुल्ला बैठा था। उसने पूछा, "हद हो गई! तुम्हारी एक-एक सूचना का ठीक-ठीक पालन कियावहीं के वहीं आ गए'। मुल्ला ने कहा, "अब तुमको ठीक सूचना दूंगा। यह तो केवल परीक्षा थी कि तुम्हें सूचनाएं पालन करने की अक्ल भी है या नहीं'
यह माला और गेरुआ--यह तो तुम घूमकर यहीं आओगे। इससे कहीं तुम परमात्मा तक नहीं पहुंच जाने वाले। मगर यह तो केवल सूचना थी कि देखें पालन कर सकते होफिर कुछ आगे की बात करें। यह ही न संभलती हो तो फिर भैंस से सामने बीन बजाना ठीक नहीं।
संन्यास का कुल इतना अर्थ है कि तुम कह सको--
यह कौन छा गया है दिलो-दीदा पर कि आज
अपनी नजर में आप हैं नाआशना से हम!
तुम अपनी ही नजर में अपने प्रति ऐसा अनुभव करने लगे कि खुद से अजनबी हो गए हो। तुम्हें तुमसे दूर करना है। मेरे पास तुम्हें करने के उपाय को कोई और अर्थ नहीं हैतुम्हें तुमसे दूर करना है। मेरे पास तुम हो जाओयह तो केवल विधि हैताकि तुम अपने से दूर हो जाओ।
यह कौन छा गया है दिलो-दीदा पर कि आज--यह कौन हृदय पर और आंखों पर छा गया हैअपनी नजर में आप हैं नाआशना से हम--कि अपनी ही नजर में अपने से दूर हुए जाते हैं। बस इतना ही अर्थ है।

पांचवा प्रश्न:  एक पुरानी धारणा है कि महानुभाव और श्रेष्ठजन यदि अपने से छोटों को प्रणाम करें तो उससे छोटों को पाप लगता है। स्पष्टतः इससे उनके अहंकार को पोषण मिलेगा। फिर क्यों आप प्रतिदिन प्रवचन के लिए आने पर और फिर विदा लेते हुए भी हाथ जोड़कर हमें प्रणाम करते हैं?

--ताकि तुम्हें याद बनी रहे कि तुम छोटे नहीं होताकि तुम्हें याद बनी रहे कि तुम भूल भला गए होओतुम्हारा स्वरूप भगवान का हैताकि तुम्हें याद बनी रहे कि भगवत्ता तुम्हारी संपदा है। हांअगर तुम अपना अहंकार बढ़ा लो तो भूल हो जाएगी। और अगर तुम अपनी भगवत्ता को जगा लो तो पुण्य हो जाएगा।
पाप और पुण्य तो तुम्हारी दृष्टि पर निर्भर है। मेरे लिए कोई उपाय नहीं है सिवाय इसके कि तुममें भगवान को देखूं। जैसे ही जो अपने में देखावही सब में दिखाई पड़ना शुरू हो जाता है।
सीधी-तिरछी हर रेखाएं
तेरा रूप उभर आता है
चाहा कितनी बार कि कोई
अन्य दूसरा चित्र बनाऊं
तेरी आकृति की कारा से
अपने मन को मुक्त कराऊं
पर हर दर्पन में तेरा
प्रिय प्रतिबिम्ब उतर आता है।
तुम्हें देखता हूं जरूरपर तुम दिखाई नहीं पड़ते वहांजो दिखाई पड़ता है उसी को प्रणाम करता हूं। तुम भी धीरे-धीरे मेरे प्रणाम के सहारे उसकी खोज करो। इस भूल में मत पड़ना कि तुम्हें प्रणाम किया है। तो अहंकार बढ़ेगा। तो भूल हो जाएगी। तो तुमने फूलों को भी कांटा बना लिया।
तुम्हें प्रणाम किया है--तुम्हें नहींतुम्हारे स्वभाव कोतुम्हारी धारणा को नहीं कि तुम कौन हो--तुम्हारे सत्य को कि वस्तुतः तुम कौन हो। तुम भी उसी की याद करना। उसकी याद उठने लगे तो मेरे प्रणाम से तुम्हारी खोज को बड़ी गति आ जाएगी।

आखिरी प्रश्न: कबकिस घड़ी में संन्यासी शिष्य के भीतर से अपेक्षा का भाव पूर्णतया गिर जाता है?

अपेक्षा तब तक रहेगी तब तक तुम्हें अनुभव नहीं हुआ कि जीवन में कुछ भी मिलने को नहीं है। जीवन केवल आश्वासन देता हैपूरा नहीं करता। जीवन एक धोखा है। दूर से लगते हैं बड़े मरूद्यानपास आने पर मरुस्थल सिद्ध हो जाते हैं। दूर से लगता है बड़ा सौंदर्य। दूर से ढोले बड़े सुहावने! पास आने पर सब कुरूप हो जाता है।
जितना तुम्हारा यह अनुभव गहरा होने लगेगा कि सब सौंदर्य दूरी का हैऔर जीवन का सारा रस भविष्य में हैवर्तमान में कभी भी नहीं हैलगता है मिलामिलामिलामिलता कभी नहींपास आते मालूम पड़ते होपहंचते कभी नहीं। यह मंजिल कुछ ऐसी है कि दूर हटती चली जाती है। जैसे क्षितिज हैआकाश छूता है पृथ्वी कोलगता है यह दस-पांच मील के फासले पर छू रहा हैबढ़ोबढ़ता जाता है--दूरी सदा उतनी ही रहती है। जिस दिन तुम्हें यह प्रतीति होगी जीवन की सर्वांगीण दिशाओं से कि यहां सब सिर्फ निमंत्रण हैआशा हैपूरा कुछ भी नहीं होताउसी दिन तुम्हारी अपेक्षा गिर जाएगी। अपेक्षा गिरते ही संसार तिरोहित हो जाता है। क्योंकि अपेक्षा में ही संसार है। आशा में ही संसार है। और जैसे ही संसार तिरोहित हो जाता हैतुम अचानक पाते हो: तुम परमात्मा से घिरे हो।
मैं तुमसे यह कह रहा हूं--यह बड़ा मुश्किल होगा समझना--मैं तुमसे यह कह रहा हूं कि जिस दिन तुम्हें यह समझ में आ जाएगा कि यह पृथ्वी को छुआ हैयहीं छुआ हैकहीं जाने की जरूरत न रही।
सुधा कल्पना मात्रगरल का
दावा सोलह आने सच है
सुधा कल्पना मात्रगरल का
दावा सोलह आने सच है
कभी किसी ने चखा न देखा
केवल नाम चला आता है
पर विष बिकता चौराहे पर
जो खाता हैमर जाता है।
सुधा कल्पना मात्रगरल का
दावा सोलह आने सच है।
जिस दिन तुम्हें यह दिखाई पड़ेगा कि संसार में सुधा तो केवल कल्पना मात्र हैअमृत को केवल बातचीत हैसपना हैजहर सत्य है--उसी दिन हाथ रुक जाएंगे। जानकर कोई गरल को पी सका हैजहर को जानकर कोई पी सका हैपीते हो तुम इसी आशा में कि जहर नहीं हैअमृत है। होगा जहरमानते हो अमृतइसलिए पीते हो।
जहां-जहां तुमने अब तक सुख चाहा थावहां-वहां सुख मिलाजब मिलता है तब दुख मिलता है। लेकिन अदभुत हो तुम! फिर-फिर तुम आगे उसी-उसी में फिर सुख मांगने लगते हो। तुम पाठ लेते ही नहीं।
महाभारत में कथा है कि पांडव वन में भटक रहे हैंअज्ञातवास के समय। प्यास लगी है। एक भाई झील पर गया है। झुका ही था पानी भरने को...स्वच्छ स्फटिक जैसी झीलउत्तप्त कंठभाई प्यासे मर रहे हैंकि अचानक एक आवाज आई। यक्षकोई प्रेतात्मा झील कीबोली, "रुक! जब तक मेरे प्रश्नों का उत्तर न देगा तब तक अगर पानी को छुआ तो मर जाएगा। मेरे प्रश्नों का उत्तर दे देफिर पानी ले जा सकता है।
 पूछा, "क्या प्रश्न हैं?' प्रश्न ऐसे थे कि उत्तर भाई न दे पाया और पानी ले जाने की कोशिश कीगिर पड़ा। पहला प्रश्न यह था कि मनुष्य के जीवन का सबसे बड़ा चमत्कार क्या है! ऐसे चार भाई आए और गिर गएफिर युधिष्ठिर का आना हुआ। वही सवाल। यक्ष ने कहा, "ये चार मरे पड़े हैं। यही गति तुम्हारी भी होगी। मेरे प्रश्नों का पहले उत्तर दे दोक्योंकि मैं यहां उलझन में पड़ा हूं।
मेरी उलझन यह है कि मुझे अभिशापित किया गया है कि जब तक मैं इन पांच प्रश्नों के उत्तर न लाऊंगातब तक मुझे इसी प्रेतात्मा में आबद्ध रहना पड़ेगा। मैं पूछ-पूछ मरा जा रहा हूंसदियां बीत गईंकोई उत्तर नहीं देता। मेरे छुटकारे का क्षण दूर हटा जा रहा है। अगर तुम उत्तर दोगे तो ही इस झील का पानी पी सकोगे। यह झील तरकीब है मेरी। और इस झील के आसपास दूर-दूर तक मैंने सूखा फैला रखा हैकि जो भी आएप्यासा होजल की तलाश में झील तक आएमेरे जाल में फंसे। तुम उत्तर दे दो। मनुष्य के जीवन का सबसे बड़ा चमत्कार क्या है?
युधिष्ठिर ने कहा कि मनुष्य अनुभव से भी सीखता नहीं। और कहते हैं कि यक्ष राजी हो गया। यही उत्तर है। मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी बेबूझ घटना यही है कि रोज तुम सुख मांगते होरोज दुख पाते होफिर वही सुख मांगते हो। सोचते हो अमृत पी रहेकंठ में जाते ही गरल हो जाता है। रोज-रोज यह होता हैफिर से रोज-रोज वही प्याली भर लेते होरोज-रोज उसी रस से भर लेते हो जिससे कल भी दुख पाया थापरसों भी दुख पाया थापिछले जन्मों में भी दुख पाया था। जिस क्षण तुम्हें यह बोध हो जाएगाउसी क्षण अपेक्षा गिर जाती है। प्याली हाथ से छूट जाती है। संन्यास इस परम प्रज्ञा का नाम है।

आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें