शनिवार, 9 सितंबर 2017

भक्तिसूत्र (नारद)—प्रवचन-07

योग और भोग का संगीत है भक्ति
दिनांक 17 जनवरी1976रजनीश आश्रमपूना

सा तु कर्मज्ञानयोगेभ्योऽप्यधिकतरा।
फलरूपत्वात्।
ईश्वरस्या६यभिमानद्वेषित्वाद् दैन्यप्रियत्वाच्च।
तस्या ज्ञानमेव साधनमित्येके।
अन्योन्याश्रयत्वमित्यन्ये।
स्वयं फलरूपतेति ब्रह्मकुमाराः।
राजगृह भोजनादिषु तथैव दृष्टत्वात्।
न तेन राजपरितोषः क्षुधाशांतिर्वा।
तस्मात्सैव ग्राह्या मुमुक्षुभिः।


भक्ति का सार सूत्र है: प्रसाद
ज्ञानकर्मयोगउन सबका सार-सूत्र है प्रयास।
ज्ञानकर्मयोग मनुष्य की चेष्टा पर निर्भर हैंभक्ति परमात्मा के प्रसाद पर। स्वभावतः भक्ति अतुलनीय है। न कर्म छू सकता है उस ऊंचाई कोन ज्ञानन योग।
मनुष्य का प्रयास ऊंचा भी जाए तो कितनामनुष्य करेगा भी तो कितनामनुष्य का किया हुआ मनुष्य से बड़ा नहीं हो सकता। मनुष्य जो भी करेगाउस पर मनुष्य की छाप रहेगी। मनुष्य जो भी करेगा उस पर मनुष्य की सीमा का बंधन रहेगा।
भक्ति मनुष्य में भरोसा नहीं करतीभक्ति परमात्मा में भरोसा करती है। एक बहुत अनूठा भक्त हुआ: बायजीद बिस्तामी। कहा है उसनेतीस साल तक निरंतर परमात्मा को खोजने के बादएक दिन सोचा तो दिखाई पड़ा: "मेरे खोजे वह कैसे मिलेगाजब तक वही मुझे न खोजता हो?' तब खोज छोड़ दीऔर खोज छोड़कर ही उसे पा लिया।
तीस साल या तीस जन्मों की खोज से भी उसे पाया नहीं जा सकताक्योंकि खोजेंगे तो हम--अंधेअंधकार में डूबेपापग्रस्त,सीमा में बंधे! भूल-चूकों का ढेर हैं हम। हम ही तो खोजेंगे उसे! रोशनी कहां है हमारे पास उसे खोजने कोहमारे पास हाथ कहां जो उसे टटोलेंकहां से लाएं हम वह दिल जो उसे पहचाने?
खोजी एक दिन पाता है कि नहींमेरे खोजे तू न मिलेगाजब तक कि तू ही मुझे न खोजता हो।
और बायजीद ने कहा हैजब उसे पा लिया तो जाना कि यह भी मेरी भ्रांति थी कि मैं उसे खोज रहा था। वही मुझे खोज रहा था।
जब तक परमात्मा ने ही तुम्हें खोजना शुरू न कर दिया होतुम्हारे मन में उसे खोजने की बात ही न उठेगी। यह बात बड़ी विरोधाभासी लगेगीलेकिन बड़ा गहन सत्य है।
परमात्मा को केवल वे ही लोग खोजने निकलते हैं जिनको परमात्मा ने खोजना शुरू कर दिया। जो उसके द्वारा चुन ही लिए गए हैंवे ही केवल उसे चुनते हैं। जो किसी भांति उनके हृदय में आ ही गया हैवे ही उसकी प्रार्थना में तत्पर होते हैं।
तुम्हारे भीतर से वही उसको खोजता है। सारा खेल उसका है। तुम जहां भी इस खेल में कर्ता बन जाते होवहीं बाधा खड़ी हो जाती हैवहीं दरवाजे बंद हो जाते हैं।
तुम खाली रहोउसे ही खोजने दो तुम्हारे भीतर सेतो तत्क्षण इस क्षण भी उस महाक्रांति का आविर्भाव हो सकता है।
भक्ति को समझने मेंइस बात को जितना गहराई से समझ लोउतना उपयोगी होगा: भक्ति परमात्मा की खोज नहीं हैभक्ति परमात्मा के द्वारा मनुष्य की खोज है।
मनुष्य हारकर समर्पण कर देता हैथककर समर्पण कर देता हैपराजित होकर झुक जाता है--कहता है, "अब तू ही उठा तो उठा! अब तू ही सम्हाल तो सम्हाल! अब अपने से सम्हाला नहीं जाता! जो मैं कर सकता थाकियाजो मैं हो सकता थाहुआ--लेकिन मेरे किए कुछ भी नहीं हो पाता! मेरा किया सब अनकिया हो जाता है। जितना सम्हालता हूं उतना ही गिरता हूं। जितनी कोशिश करता हूं कि ठीक राह पर आ जाऊंउतना ही भटकता हूं। अब तू ही चला! जन्म तेरा हैजीवन तेरा हैमौत तेरी है--प्रार्थना मेरी कैसे होगी?
पहला सूत्र है आज: "वह भक्तिवह प्रेमरूपा भक्तिकर्मज्ञान और योग से भी श्रेष्ठतर है।'
श्रेष्ठता यही है कि वह अनंत के द्वारा तुम्हारी खोज है।
गंगा सागर की तरफ जाती हैतो ज्ञानतो योगतो कर्म। जब सागर गंगा की तरफ आता हैतो भक्ति।
भक्ति ऐसे है जैसे छोटा बच्चा पुकारता हैरोता हैमां दौड़ी चली आती है।
भक्ति बस तुम्हारा रुदन है!
तुम्हारे हृदय से उठी आह है!
भक्ति तुम्हारे जीवन की सारी खोज की व्यर्थता का निवेदन है। भक्ति तुम्हारे आंसुओं की अभिव्यक्ति है। तुम कहीं जाते नहीं,तुम जहां हो वहीं ठिठककर रह जाते हो। एक सत्य तुम्हारी समझ में आ जाता है कि तुम ही बस गलत होतुम गलत करते होऐसा नहीं।
कर्मयोग कहता है: तुम गलत करते होठीक करो तो पहुंच जाओगे।
ज्ञानयोग कहता है: तुम गलत जानते होठीक जान लोपहुंच जाओगे।
योगशास्त्र कहता है: तुम्हें विधियां पता नहीं हैंमार्ग पता नहीं है। विधियां सीख लोमार्ग सीख लोतकनीक की बात हैपहुंच जाओगे।
भक्ति कहती है: तुम ही गलत हो। न ज्ञान से पहुंचोगेन कर्म से पहुंचोगेन योग से पहुंचोगे। तुम तुमसे छूट जाओतो पहुंचना हो जाएगा। तुम न बचो तो पहुंचना हो जाएगा।
प्रयास से मिलता ही नहीं। प्रयास से मिल जाएवह भी कोई परमात्मा हैक्योंकि तुम्हारे प्रयास से जो मिलेगावह तुम्हारे प्रयास से छोटा होगा। प्रसाद से मिलता है!
इसलिए नारद अनूठी बात कहते हैंबड़ी गहरी बात कहते हैं: "कर्मज्ञान और योग से भी श्रेष्ठतर है वह प्रेमरूपा भक्ति।'
कोई भक्ति का मुकाबला नहीं है। भक्ति कोई करने की बात नहीं है। शब्द से भ्रांति होती है, "भक्तिसे भी लगता है कि कुछ करना पड़ेगाभक्ति में क्रिया हैकुछ करनाजैसे योग में कुछ करनाकर्म में कुछ करनाज्ञान में कुछ करनाभक्ति में भी कुछ करना पड़ेगा। वहीं भूल हो जाती है।
भक्ति तो इस बात का अनुभव है कि मेरे किए कुछ होता ही नहीं। भक्ति तो अपने कृत्य की व्यर्थता का बोध हैपश्चात्ताप है। उस पश्चात्ताप में ही तुम गिर जाते होझुक जाते हो। ध्यान रखनामैं नहीं कहता हूं कि तुम झुकते हो--झुक जाते हो!
क्या करोगेकैसे खड़े रहोगेजब सब किया अनकिया सिद्ध होता हैजब अपने पैर जहां भी ले जाते हैंवहीं संसार मिलता है,और जब अपनी आंख जो भी दिखाती है वही पदार्थ सिद्ध होता हैऔर जिसकी भी तुम प्रार्थना करते हो वही प्रार्थना आखिर में कामना सिद्ध होती हैवासना सिद्ध होती हैतो फिर क्या करोगेठहर जाते हो! खड़े होने की भी जगह नहीं रह जाती। खड़े होने का बल भी नहीं रह जाता। गिर जाते हो!
अगर अपनी तरफ से गिरेतो यह भी योग हुआ। अगर पाया कि गिर रहे होजैसे गिरना घट रहा हैझुकना घट रहा हैतो भक्ति हुई।
भाषा के साथ अड़चन हैभक्ति भी कर्म बन जाती है।
भक्ति कर्म नहीं है। इसलिए भक्ति की परम श्रेष्ठता है।
"क्योंकि भक्ति फलरूपा है।'
इसे समझें। यह बड़ा वैज्ञानिक सूत्र है।
पानी को भाप बनाना हो तो आंच पर रखो। कारण मौजूद कर दोकार्य घटेगा। जब सौ डिग्री गरमी हो जाएगीपानी भाप बनने लगेगा। पानी यह नहीं कह सकता कि आज भाप बनने की मंशा नहीं हैकि आज थोड़ी सर्दी ज्यादा है आज नहीं बनतेया आज मन उदास है या कुछ...। पानी कुछ कर नहीं सकता।
कारण उपस्थित हो गया तो कार्य होगा।
बीज बो दोअंकुर निकलेंगे।
ज्ञानकर्म और योग की मान्यता यह है कि परमात्मा भी ऐसे ही मिलता हैकारण मौजूद कर दोकार्य होकर रहेगा।
योगी कहता हैइतने नियम पालन कर लोयह अष्टांग योग हैये आठ अंग हैंये पूरे कर लो--परमात्मा को मिलना ही पड़ेगा;जैसे सौ डिग्री पर पानी गरम होता हैऐसे अष्टांग योग पूरा होने पर परमात्मा मिलता है।
कर्मयोगी कहता हैइतने-इतने पुण्य कर लोपांच महाव्रत हैंइनका पालन कर लो: अहिंसा है अचौर्य हैअस्तेय हैअपरिग्रह है,सत्य हैइनका पालन कर लो! अगर पालन पूरा हो गया तो परमात्मा वैसे ही आ जाएगा जैसे बीज बोयापानी डालाधूप-रोशनी दीअंकुर निकल आया। तो परमात्मा फल है और तुम्हारा कृत्य--ज्ञानकर्मयोग--बीज है। तुम जो करते हो वह कारण है और परमात्मा कार्य है।
भक्त ऐसा नहीं देखते। भक्त कहते हैंतुम कुछ भी करोपरमात्मा परम स्वतंत्रता हैतुम्हारे कृत्य से बंधा हुआ नहीं है। तुम्हारे अष्टांग योग के पूरे हो जाने से नहीं आ जाएगा। और अगर तुमने अष्टांग योग पर ही भरोसा किया तो तुम अकड़े बैठे रह जाओगेपरमात्मा से कोई संबंध न हो पाएगा।
परमात्मा कार्य-कारण जगत का हिस्सा नहीं है।
परमात्मा का अर्थ है: "समग्र'। और सब चीजों के कारण हैं, "समग्रका कोई कारण नहीं हो सकता। और सब चीजों के आधार हैंसमग्र का कोई आधार नहीं हैसमग्र निराधार है।
बीज से वृक्ष होता है। वृक्ष में फिर बीज लग जाते हैं। फिर बीजों में वृक्ष आ जाते हैं। सारा जगत शृंखला है--कार्य-कारणकारण-कार्य--बंधा हुआ चलता जाता है। इस सारी शृंखला का कोई कारण नहीं है। इस सारी शृंखला के समस्त रूप का नाम परमात्मा है।
तुम पृथ्वी पर टिके होपृथ्वी सूरज के आकर्षण पर टिकी हैसूरज किसी और महासूर्य के आकर्षण पर टिका होगा--लेकिन सारा अस्तित्व कहां टिका हैसारा अस्तित्व कहीं भी नहीं टिक सकताक्योंकि इसके बाहर कुछ भी नहीं है जिस पर टिक जाए। तो सारा अस्तित्व तो निराधार है।
तुम एक मां और पिता के बीजों के मिलने से पैदा हुए। वे भी किन्हीं के बीजों के मिलने से पैदा हुए। और उनके माता-पिता भी इसी तरह...। लेकिन परमात्मा का कोई पिता नहीं है। "समग्रके बाहर कुछ भी नहीं हैसब कुछ उसके भीतर है।
तो भक्त कहते हैंपरमात्मा को पाने की यह बात ठीक नहीं। यह तुम संसार को पाने के ढंग का ही उपाय तुम परमात्मा को पाने के लिए कर रहे हो।
तो भक्ति बीजरूपा नहीं हैफलरूपा है। भक्ति कोई कारण नहीं हैकार्य है। भक्ति प्रारंभ नहीं हैअंत है--फलरूपा है। तुम्हें कुछ करना नहीं--फल तुम्हें मिलता है। तुम्हारे करने से फल पैदा नहीं होता--प्रसादरूप होता है। तुम जब तैयार होते होअभीप्सा से भरे होते होधैर्य से तुम्हारे प्राण आकाश की तरफ देखते होते हैंऔर तुम्हारी असहाय अवस्था पूर्ण हो गई होती हैतुम बिलकुल खाली होते हो--तुम्हारे खालीपन में भक्ति उतरती हैभगवान उतरता है।
ध्यान रखना: भक्त यह कहता है कि यह तुम्हारे किसी कारण से नहीं उतरता हैवह अपनी अनुकंपा से उतरता हैवह अपने प्रसाद से उतरता हैवह उतरना चाहता थाइसलिए उतरता है। इसलिए भक्त शिकायत नहीं कर सकता। न उतरे तो भक्त यह नहीं कह सकता कि मैंने सारी व्यवस्था पूरी कर दी हैतुम आए क्यों नहीं--दावा नहीं कर सकता। कभी ऐसी घड़ी भक्त के जीवन में नहीं आती जब वह यह कह दे कि मेरी कोई शिकायत है। शिकायत का तो अर्थ यह हुआ कि मैंने सौ डिग्री पानी गरम कर दिया हैपानी भाप क्यों नहीं बन रहा हैमैंने अपनी तरफ से सब पूरा कर दियाअब अन्याय हो रहा है!
इसे थोड़ा खयाल में लेना--
जिन लोगों ने कर्मज्ञान और योग पर बहुत जोर दियाधीरे-धीरे उन्होंने परमात्मा की बात ही छोड़ दीक्योंकि कोई जरूरत ही नहीं रह जाती। महावीर कर्म का भरोसा करते हैंतो परमात्मा को इनकार कर दिया। कोई जरूरत नहीं हैक्या जरूरत हैसौ डिग्री पर जब पानी गरम होता है तो पानी भाप बनता हैइसमें किसी परमात्मा को बीच में लेने की जरूरत क्या हैप्रसाद का सवाल कहां हैतुम कार्य पूरा कर दोपरिणाम आ जाएगा। तुम बीज बो दोफल लग जाएंगे। परमात्मा को बीच में लेने की जगह कहां हैकिसी परमात्मा की कोई जरूरत नहीं है।
पतंजलि ने परमात्मा को भी एक साधन बना लियासाध्य नहीं।
ज्ञानियों नेयोगियों नेपुण्यकर्ताओं ने परमात्मा को छोड़ ही दियाजरूरत ही न मालूम पड़ी। वह परिकल्पना व्यर्थ है। उसके बिना ही हो जाता है। हम से ही हो जाता हैउसकी कोई जरूरत नहीं है।
भक्ति का शास्त्र कहता है: हम से कुछ भी नहीं होता; "हमही बाधा हैं। जहां हम खो जाते हैंवहीं होना शुरू होता है।
"वह भक्ति फलरूपा है।'
बीज नहीं है उसका कोई जो तुम बो दो। कोई कारण नहीं है जो तुम तैयार कर लोप्रयास कर लोप्रयत्न कर लो। नहींतुम्हारे हाथ में कोई उपाय नहीं है कि तुम उसे खींच लो। तुम्हारा निरुपाय हो जाना हीतुम्हारा असहाय हो जाना हीतुम्हारा पछताना,तुम्हारा छाती पीटकर रोनातुम्हारा आंसुओं में जार-जार बह जानातुम्हें एक प्रतीति हो जाए कि मैं ही अब तक उपद्रव का कारण थामेरे प्रयास ही अब तक उपद्रव के कारण थे--फिर फलफल ही उपलब्ध होता है।
ज्ञान साधन हैभक्ति साध्य है।
ज्ञान मार्ग हैभक्ति मंजिल है।
ज्ञानी को चलना पड़ता हैयोगी को चलना पड़ता हैभक्त सिर्फ पहुंचता हैचलता नहीं। भक्त सबसे बड़ा चमत्कार है।
इसलिए अगर महावीर को समझना होकोई अड़चन नहीं है। महावीर को समझना हो तो वैज्ञानिक व्यवस्था है। पतंजलि को समझना हो तो कोई दुर्बोध बात नहीं हैदुर्गम बात नहीं हैसीधा-सीधा गणित है। लेकिन मीरा बेबूझ है। चैतन्य को पकड़ पाना संभव नहीं है। भक्त की कोई कथा साफ नहीं हो पाती।
तुम योगी से पूछ सकते हो, "तुमने क्या कियाकैसे परमात्मा पाया?' तो वह अपनी कथा बता सकता है, "यह-यह मैंने किया। इतने उपवास किए। इतना प्राणायाम किया। इस तरह अष्टांग योग साधे। इस तरह समाधि तक पहुंचा।एक-एक कदम साफ है। सीढ़ी दर सीढ़ी उसकी यात्रा है। उसके रास्ते पर मील के पत्थर लगे हैं। रास्ता है। वह कुछ कह सकता है।
मीरा से पूछो, "कैसे पाया?' मीरा ठिठकी खड़ी रह जाएगी। वह कहेगी, "मैंने पायायह बात ही ठीक नहीं है--मिला।'
पानेवाले की कोई कथा नहीं है। पानेवाला शून्य है। सारी कथा परमात्मा की है। सब कथा भगवतकथा है। भक्त की कोई कथा नहीं है।
भक्त बेबूझ है।
अगर मीरा और महावीर सामने खड़े हों तो महावीर से तो तुम राजी हो जाओगे--तुम कहोगे, "इन्होंने इतना कियाफिर पाया। समझ में आता है। मीरा ने क्या कियाकौन सी साधना की मीरा नेकौन से साधन किएकौन सा योग कियाकुछ भी तो नहीं किया।'
...अचानक पुच्छल तारे की तरह प्रकट होती है! अनायास! अकारण! फलरूपा है। एक दिन तक पता नहीं थाएक दिन अचानक उसका नृत्य शुरू हो जाता हैउसके घूंघर बज उठते हैं। एक क्षण पहले तक किसी को खबर न थीघर के लोगों को भी खबर न थीपति को भी खबर न थी।
इसलिए भक्त पागल लगता हैक्योंकि गणित में बैठता नहीं।
...अनायास हैअकारण है! एक दिन अचानक मीरा नाच उठी! किसी ने न जानाकैसे यह नाच पैदा हुआ! इस नाच के पीछे कोई कार्य-कारण की शृंखला नहीं है। यह पुच्छल तारे की तरह प्रकट होती है। इसकी कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती और अतीत में लौटकर इसका कोई निर्वचन नहीं हो सकता--समय की धारा मेंसमय के बाहर से कोई उतरता है! फलरूपा है!
तुम वृक्ष के नीचे विश्राम करते थे और फल गिर गया तुम्हारे ऊपरन तुमने बीज बोए थेन तुमने वृक्ष संभाला थान तुम्हें पता है कि वृक्ष है--तुम्हें बस फल मिल गया!
एक दिन मीरा नाच उठती है! इस नाच के आगे-पीछे कोई हिसाब नहीं है। इसलिए मीरा को समझना बिलकुल ही कठिन हो जाता है। समझ के लिए कार्य-कारण की शृंखला का पता होना चाहिए।
महावीर ने बारह वर्ष तपश्चर्या की। बुद्ध ने छह वर्ष तपश्चर्या की और जन्मों-जन्मों तक खोज की। मीरा ने क्या किया?
नारद का यह सूत्र बड़ा अदभुत है: "भक्ति फलरूपा है।'
साधन नहीं है भक्तिसाध्य है। यहां मार्ग है ही नहींबस मंजिल है। आंख खुलने की बात है।
"लाई हयात आएकजा ले चली चले
अपनी खुशी से आए न अपनी खुशी चले।'
जिसको यह समझ में आ गया कि लाया परमात्माआएले चलाचलेश्वास चलाईंचलीं श्वास रोकींरुक गईं।
"न अपनी खुशी से आए न अपनी खुशी चले!'
जिसने ऐसा अनुभव कर लिया...और तुम जरा गौर से देखो तो अनुभव करने में देर न लगेगी। किसी ने पूछा था तुमसे जन्म के पहले कि जन्म लेना चाहते हो?
"लाई हयात आए...!'
किसी ने पूछा थाकहां जन्म लेना चाहते होस्त्री होना चाहते होकि पुरुषगोरे होना चाहते होकालेहिंदू होना चाहते हो,ईसाई?, किसी ने तो न पूछा था। अकारण हो तुम। तुम्हारे होने के पीछे तुम्हारी मंशा तो नहीं हैतुम्हारी आकांक्षा तो नहीं है। श्वास चलती है जब तक चलती हैजिस दिन नहीं चलेगीक्या करोगे तुमगई श्वास बाहर और न लौटी तो क्या करोगे तुम?गई तो गई!
"लाई हयात आएकजा ले चली चले
अपनी खुशी से आए न अपनी खुशी चले।'
ऐसा जिस दिन तुम्हें जीवन का सार दिखाई पड़ जाएगाउस दिन भक्ति की शुरुआत हुईउस दिन तुम करीब आने लगे प्रसाद के। और जिस दिन ऐसा अनुभव तुम्हें हो जाएगा कि तुम नहीं होकोई और हाथ तुम्हें लायाकोई और हाथ ने तुम्हें चलाया,कोई और ही सारी कथा को सम्हाले हुए है--उस दिन क्या बोझकैसी चिंता!
"मुझे सहल हो गईं मंजिलें वो हवा के रुख भी बदल गए
तेरा हाथ हाथ में आ गया कि चिराग राह में जल गए।'
तुम जब तक हो तब तक अंधेरा हैतुम मिटे कि चिराग जले! तुमने जिस दिन यह भ्रांति छोड़ी कि मैं चल रहा हूंउसी दिन तुम पाओगे: उसका हाथ सदा से तुम्हें चला रहा हैउसका हाथ तुम्हारे हाथ में है।
परमात्मा को हमने कभी खोया थोड़े ही हैखो देते तो फिर मिलने का कोई उपाय नहीं था। जो खो जाए वह परमात्मा नहीं है। जिसे हम खो सकें वह हमारा स्वभाव नहीं है। उसे हमने कभी खोया नहीं हैविस्मरण किया हैभूल गए हैं घड़ी भर कोझपकी लग गई हैयाद उतर गई है। हाथ तो अब भी उसका हमारे हाथ में है। कुछ करना नहीं है उस हाथ को पाने कोसिर्फ अपनी भ्रांति छोड़नी है।
भक्ति फलरूपा है।
ज्ञान कहता है: कुछ करना हैअज्ञान को मिटाना हैज्ञान को लाना है। बड़ा उपक्रम है। इसलिए ज्ञानी में अकड़ होती है उसने किया इतनाअकड़ स्वाभाविक है। वह कहता: "तुमने क्या कियाहम वर्षों ज्ञान इकट्ठा किए।'
योगी वर्षों तक साधता हैइसलिए योगी की अकड़ स्वाभाविक है। पुण्यात्मा महात्मा हो जाता है। कितना करता है! कितनी सेवा! कितने पुण्यकर्म! अकड़ स्वाभाविक है। भक्त में अकड़ नहीं हो सकतीक्योंकि भक्त की बुनियाद ही यही है कि हमने किया ही नहीं कुछतूने जो करवाया वही हुआ!
भक्त की बड़ी अनूठी दुनिया है! अलग ही उसका लोक है--गणित का नहींविज्ञान का नहींतर्क का नहीं--प्रेम काप्रार्थना का,परमात्मा का। वहां सभी कुछ उलटा है। वहां बीज के पहले फल है। वहां मार्ग के पहले मंजिल है। वहां तुम्हारे करने से कुछ भी नहीं होता--तुम्हारे न करने से सब हो जाता है।
इसलिए जिनको भी अकड़ना होभक्ति उनके लिए नहीं हैजिनको पिघलना होउनके लिए है। अकड़ना होयोग खोजोत्याग खोजोव्रत-नियम खोजो। अकड़ना हो और दिखाना हो दुनिया को कि मैं कुछ हूं तो भक्ति की राह को भूल ही जाओवह तुम्हारे लिए नहीं है। अभी देर है तुम्हें उस पर आने को। लेकिन अगर यह समझ में आना शुरू हो गया हो कि अपने किए कुछ भी न हुआचले बहुतपहुंचे कहीं नदौड़े बहुतजब आंख खोली तो पाया वहीं खड़े हैं--जब तुम्हें ऐसी अनुभूति होने लगेतब तुम भक्ति के लिए परिपक्व हुए।
"क्योंकि ईश्वर को भी अभिमान से द्वेष है और दैन्य से प्रियभाव है।'
यह सूत्र बड़ा कठिन है। इसे तुम अपनी तरह सोचोगे तो मुश्किल में पड़ जाओगेईश्वर को भी अभिमान से द्वेषभाव है! अगर तुम महावीर से पूछोगे तो वे कहेंगे कि "ऐसा ईश्वर ही नहींयह ईश्वर कैसा जिसको द्वेषभाव हैयह तो हो ही नहीं सकता: ईश्वर और द्वेषभाव!महावीर की परिभाषा में तो जब द्वेष मिट जाता हैतभी कोई ईश्वरत्व को उपलब्ध होता है।
"और दैन्य से प्रियभाव है।'
तो इसका तो अर्थ हुआ कि उसके भी पक्षपात हैं।
नहींअगर ऐसा देखा तो सूत्र से तुम चूक गए। सूत्र का मतलब कुछ और है। सूत्र का संबंध ईश्वर से नहीं है--सूत्र का संबंध तुमसे है।
ऐसा समझो कि कोई कहे कि जब वर्षा होती है तो वर्षा को गङ्ढों से लगाव हैपहाड़ों और शिखरों से द्वेषभाव हैतो मतलब क्या होगामतलब इतना ही होगा कि जब वर्षा होती है तो गङ्ढों में भरती हैपहाड़ खाली रह जाते हैंक्योंकि पहाड़ पहले से ही भरे हैंवहां जगह ही नहीं है। और जगह चाहिए। गङ्ढे भर जाते हैंझीलें बन जाती हैं। गिरती है वर्षा पहाड़ों पर उतर आता है पानी गङ्ढों मेंझीलों में।
इस सूत्र का इतना ही अर्थ है कि अगर तुम अभिमान से भरे होतो परमात्मा तुम में न उतर सकेगाचाहे लाख चेष्टा करे उतरने की। लाख चेष्टा कर रहा हैलेकिन तुम पहले से ही भरे होजगह नहीं है। रिक्त स्थान चाहिए थोड़ा। तुम्हारे अहंकार के कारण तुम्हारे सिंहासन पर जगह नहीं हैतुम ही बैठे हो। तुम उतरोसिंहासन सेतो परमात्मा बैठ सके।
"और दैन्य से प्रियभाव है'--इसका कुल अर्थ इतना ही है कि तुम झीलगङ्ढे की तरह हो जाओताकि परमात्मा तुम्हें भर दे;तुम खाली हो जाओ ताकि तुम भर दिए जाओ।
"अब तू भी करम की इंतिहा कर देना
भक्त कहता है कि मैंने भी पाप करने में कोई कमी न की थीमैंने भी भूल करने में कोई कमी न की थी; "अब तू भी करम की इंतिहा कर देना'--अब तू भी करुणा करने में कुछ कंजूसी मत करनाजैसे मैंने पाप करने में कोई कंजूसी न की थी।
"अब तू भी करम की इंतिहा कर देना
मैंने भी खता की इंतिहा कर दी थी।'
वह यह कहता है कि मैंने पाप ही पाप किए हैंऔर पूरी तरह किए हैंकोई कंजूसी नहीं कीआखिरी तक किए हैंइंतिहा कर दी थीपूर्णता कर दी थी--अब ध्यान रखनाअब तू भी अपनी अनुकंपा कीअपने प्रसाद की पूर्णता कर देना! तेरी करुणा में अब तू कमी मत करनाजैसे हमने पाप में कमी न की थीजैसे हमने अहंकार को भरने में सारी चेष्टाएं की थीं!
मगर जो यह कह रहा हैवह गङ्ढा हो गया। क्योंकि पाप की घोषणा तुम्हें गङ्ढा बना देगी। पुण्य की घोषणा तुम्हें अहंकार से भरती है।
भक्त कहता है, "मैं पापी हूं! मैं पात्र नहीं हूं!'
ज्ञानी कहता है, "मैं पात्र हूंतैयार हूंदेर क्यों हो रही है?'
योगी कहता है, "मैं शुद्ध हूंबिलकुल तैयार हूंअब तेरी तरफ से देर हो रही है।'
भक्त कहता है, "मैं बिलकुल तैयार नहीं हूं। इसलिए मेरी तरफ से तो कोई मांग हो नहीं सकती। इतना ही कह सकता हूं कि पाप करने में मैंने कोई कमी न की थी! मुझसे बुरा आदमी खोजे न मिलेगा। जैसे मैंने पाप करने में कमी न की--क्योंकि पाप ही मैं कर सकता थाऔर मैं कर क्या सकता था--अब तू करुणा में कमी मत करनाक्योंकि तू करुणा ही कर सकता हैऔर तू कर क्या सकेगा!'
भक्त अपने को अपात्र घोषित करता है--यही उसकी पात्रता हैअसफल घोषित करता है--यही उसकी सफलता हैहारा हुआ घोषित करता है--यही उसकी विजय है।
भक्त कहेऐसा भी जरूरी नहीं है।
बायजीद प्रार्थना नहीं करता था जाकर मस्जिद में। जीवन तो उसका अनूठा थापरमात्मा के प्रेम में पगा था! किसी ने पूछा कि प्रार्थना करने मस्जिद क्यों नहीं जातेतो वह रोने लगा। और उसने कहा, "एक बार मैं एक शहर से गुजरता था और एक सम्राट के द्वार पर मैंने एक भिखारी को खड़े देखा। सम्राट द्वार से बाहर आ रहा थाठिठकाऔर उसने भिखारी से पूछा, "क्या चाहते होबोलते क्यों नहीं?' उस भिखारी ने कहा, "अगर मुझे देखकर तुम्हें दया नहीं आती तो मेरी बात सुनकर भी क्या फर्क पड़ेगा!'
उसके फटे-पुराने कपड़े हैंचीथड़े की तरह लटके हैं। शरीर ढंका नहीं है उन कपड़ों से। उससे तो नंगा भी होता तो भी ज्यादा ढंका होता। पेट सिकुड़कर पीठ से लग गया हैहड्डियां निकल आई हैं। आंखें धंस गई हैं।
तो बायजीद ने कहाउसी दिन से मैंने प्रार्थना करनी बंद कर दी। क्या कहना है उससेउस फकीर ने कहाउस भिखमंगे ने कहाअगर मुझे देखकर तुझे दया नहीं आती तो बात खतम हो गईअब कहना क्या है और! मेरी तरफ देख!
बायजीद ने कहा, "तब से मैंने प्रार्थना बंद कर दी। वह देख ही रहा हैअब कहना क्या है। उससेअब रोना क्या है?'
"लबे-इज़हार की जरूरत क्या
आप हूं अपने दर्द की फरियाद।'
जरूरी नहीं है कि भक्त प्रार्थना करे। भक्त की तो एक भावदशा है: "आप हूं अपनी फरियाद।उसके तो होने में ही उसकी दीनता समाई है।
नारद अनूठी बात कहते हैं: "ईश्वर को अभिमान से द्वेष और दैन्य से प्रियभाव है।'
नहींईश्वर को क्या द्वेष होगा और क्या प्रियभाव होगा! लेकिन भक्त की तरफ जब तक अहंकार है तब तक परमात्मा प्रवेश नहीं कर सकता। भक्त की तरफ जब दैन्यभाव आ जाता है--"आप हूं अपनी फरियाद'--जब सब तरफ हारा हुआ भक्त खड़ा हो जाता हैजब उसके पूरे जीवन की एक ही भावदशा रह जाती है कि मैं पराजित हूंदीन हूंपतित हूंअपात्र हूंपापी हूंमेरे पास ऐसा कुछ भी नहीं है जिसके कारण तेरी मांग करूंमेरे पास ऐसा कुछ भी नहीं है जिसके कारण तेरे लिए दावेदार बनूंमेरे पास ऐसा कुछ भी नहीं है कि तेरे लिए शिकायत करूं--उसी क्षणइस दैन्यभाव में परमात्मा उतर आता है।
जीसस का वचन है कि जो आत्मा से दरिद्र हैं, "पुअर इन स्पिरिट', उन्हीं को परमात्मा का मिलन होता है।
सोचेंध्यान करें इस पर: आत्मा से दरिद्र, "पुअर इन स्पिरिट!शरीर से दरिद्र होना बहुत आसान है। तुम घर छोड़ दोमकान छोड़ दोपरिवार छोड़ दोवस्त्र त्याग दोनग्न खड़े हो जाओलेकिन जितना तुम बाहर छोड़ते जाओगेउतनी ही भीतर अकड़ बड़ी होती जाएगी। तो बाहर से तो तुम दरिद्र हो जाओगेभीतर बड़ी अकड़ हो जाएगी।
जैन मुनियों को देखो! जैन मुनि किसी को हाथ जोड़कर नमस्कार नहीं कर सकतायह बात उसके नियम के विपरीत है। वह सिर्फ आशीर्वाद दे सकता हैनमस्कार नहीं कर सकता। क्योंक्योंकि वह त्यागी है। त्यागी और नमस्कार करेभोगियों को! असंभव है! तो यह आत्मा की दरिद्रता न हुई। ऊपर से भला इसने दरिद्र का भेष पहन लिया होदो जोड़ी कपड़े रखता होकुछ और इसके पास न होभिक्षा मांगकर जीता हो--लेकिन इसकी अकड़ तो देखो! यह भिखारी नहीं है। इसके भिखमंगेपन में बड़ा अहंकार है। मैंने इतना त्यागा है...!'
तो अगर तुम जैन मुनि को नमस्कार करो तो वह आशीर्वाद दे देता हैहाथ नहीं जोड़ सकता तुम्हें।
जीसस ने कहा: आत्मा की दरिद्रता!
...तो यह तो बाहर का धन छोड़कर भीतर का धन पकड़ लियायह तो बाहर का अहंकार छोड़कर भीतर का अहंकार पकड़ लिया;यह तो पाना न हुआखोना हो गया उलटायह तो पहुंचना न हुआमंजिल से और दूरी हो गई।
ध्यान रखनापहले तुम बाहर की दुनिया में धनी होने की कोशिश करते होजब वहां हार जाते हो तो तुम भीतर की दुनिया में धनी होने की कोशिश करने लगते हो। तुम्हारा योगतुम्हारा ज्ञानतुम्हारा कर्मफिर तुम्हें भीतर धनी बनाने लगते हैं। तो तुम चूकते ही चले जाते हो।
बाहर का धन इतना खतरनाक है तो भीतर का धन तो और भी खतरनाक होगा। बाहर की अकड़ इतनी बुरी है तो भीतर की अकड़ तो और भी बुरी होगी।
परमात्मा तुम्हारे परम दैन्यभाव में उतरता है।
इस सूत्र को गलत मत समझ लेना। परमात्मा को तुम्हारे दैन्यभाव से प्रेम नहीं हैलेकिन तुम्हारे दैन्यभाव में ही उतरना हो सकता है। जब तुम भरे ही हुए हो तो उतरने का कोई सवाल नहीं है। जब तुम ही अकड़े हुए हो और तुम सोचते होतुम ही सम्हाले हुए हो सबतुम ही कर रहे हो सब और तुमने उसे इनकार ही कर दिया--तुमने उसके लिए द्वार ही बंद कर लिए।
"जोश विसाते-शौक में मर्ग है अस्ल जिंदगी
बाजिए इश्क जीत ले बाजिए उम्र हारकर।'
एक ऐसा भी पड़ाव आता हैएक ऐसा दौर हैजहां मौत जिंदगी है और जहां हार जीतना हैजहां हमारे पुराने विचार के ढांचे बिलकुल ही उलटे हो जाते हैं!
"बाजिए इश्क जीत ले'--अगर प्रेम को जीतना हो, "बाजिए उम्र हारकर'--उम्र कीजीवन कीजिंदगी की बाजी को हार कर प्रेम की बाजी जीती जाती है।
"दिल है तो उसी का हैजिगर हैतो उसी का
अपने को राह-ए-इश्क में बरबाद जो कर दे।'
वह जो प्रेम की राह हैवहां जो अपने को बरबाद कर देबस उसी के पास दिल हैउसी के पास जिगर है। उसी के पास आत्मा हैजो अपने को बरबाद कर दे।
तो तुम कहीं संन्यस्त मत हो जाना गणित के हिसाब से। तुम कहीं लोभ के ही हिसाब में त्याग मत कर देना। कहीं तुम्हारा संन्यासतुम्हारा धर्म तुम्हारी होशियारी ही न होअगर होशियारी हुई तो तुम चूक जाओगे। क्योंकि तब तुम पात्र बनने लगोगे। और जिसके मन में यह खयाल उठा कि मैं पात्र हूंवह दीन न रहाउसने आत्मा की दरिद्रता खो दी।
दीन बनो!
मिटो!
हारे हुए जीओ!
यह जीतने का वहम बहुत दिन पाल लिया--छोड़ो यह बीमारी!
इधर तुम मिटे उधर परमात्मा तुम्हारी तरफ चला! जैसे-जैसे तुम मिटेवैसे-वैसे वह तुम्हारी तरफ आता है। जिस दिन तुम पूरे मिट जाते होअचानक पाते होवह सदा से वहां थातुम्हारी मौजूदगी के कारण दिखाई नहीं पड़ता था।
तुम्हीं हो परदा तुम्हारी आंख पर।
आंख तो देखने में समर्थ हैतुम्हारे कारण देख नहीं पाती।
दृष्टि धुंधली है--तुम्हारे कारणअंधी है--तुम्हारे कारण!
तुम जरा आंख से हट जाओ!
निर्मल होने दो आंख को!
खाली होने दो आंख को!
शून्य होने दो आंख को!
तब परमात्मा के सिवाय और कोई भी दिखाई नहीं पड़ता है।
"भक्ति का साधन ज्ञान हैऐसा किन्हीं आचार्यों का मत है।'
गलत है मत। आचार्यों का होगाजिन्होंने सोचा-विचारा है उनका होगा--जिन्होंने जाना है उनका नहीं है।
"भक्ति का साधन ज्ञान है...।नहींज्ञान से कभी कोई भक्त हुआजितना जानोगे उतने अभक्त होते जाओगे। ज्ञानी तो धीरे-धीरे परमात्मा को इनकार करने लगता हैहजार ढंगों से इनकार करता है।
ज्ञान साधन नहीं है भक्ति काबाधा है।
"और किन्हीं दूसरे आचार्यों का मत है कि भक्ति और ज्ञान परस्पर एक-दूसरे के आश्रित हैं।'
वह भी गलत है।
भक्ति बात ही और है! उसका जानने से कोई संबंध नहीं हैअनुभव से संबंध है।
"सनतकुमार और नारद के मत से भक्ति स्वयं फलरूपा है।'
लेकिन नारद कहते हैंये दोनों बातें ठीक नहीं हैं। न तो ज्ञान भक्ति का साधन हैऔर न भक्ति और ज्ञान एक-दूसरे पर आश्रित हैं। भक्ति स्वयं फलरूपा हैज्ञान की कोई भी जरूरत नहीं है।
"राजगृह और भोजनादि में भी ऐसा ही देखा जाता है।'
"न उससे (जान लेने मात्र से) राजा की प्रसन्नता होगीन क्षुधा मिटेगी।'
उदाहरण के लिए कहते हैं कि अगर कोई भोजन की चर्चा करे और भोजन के संबंध में बहुत जान लेतो भी भूख तो न मिटेगी। पाकशास्त्र को जान लेने से कोई भूख तो नहीं मिटती। तुम पाकशास्त्र के ढेर लगा ले सकते हो। तुम पाकशास्त्रों का अध्ययन करते-करते उनमें लीन हो जा सकते हो। जितने प्रकार के भोजन दुनिया में बन सकते हैंकभी बने हैंया बनेंगेउन सबकी जानकारी तुम्हें हो सकती है। लेकिन उससे तुम्हारे पेट की भूख न मिटेगी। पेट की भूख तो भोजन से मिटती है।
भक्ति भोजन हैज्ञान नहीं।
भक्ति स्वाद है--जीवंत!
भक्ति परमात्मा के संबंध में कुछ जानना नहीं है--परमात्मा का भोजन है। बड़ा ठीक उदाहरण लिया है।
जीसस जब विदा होने लगे अपने शिष्यों सेमरने की घड़ी करीब आईसूली लगने को हुईतो उन्होंने रोटी के टुकड़े तोड़े और अपने शिष्यों को दिएऔर कहा कि यह रोटी मैं हूंतुम रोटी नहीं खा रहे होमेरा भोजन कर रहे हो!
भक्ति परमात्मा का भोजन हैपरमात्मा का भोग है।
भूख तो भोग से मिटेगी। प्यास तो जल को पीओगे तो मिटेगीजल के संबंध में कितना ही जान लोउससे न मिटेगी।
परमात्मा के संबंध में जानना परमात्मा को जानना नहीं है। परमात्मा को तो वे ही जानते हैं जो उसका भोग कर लेते हैंजो उसे पचा लेते हैंजिनके खून और जिनकी हड्डी में परमात्मा घूमने लगता हैजिनके रोएं-रोएं और श्वास में समा जाता है;जिनके होने में परमात्मा की गंध हो जाती हैजिनका होना और परमात्मा का होना भिन्न नहीं रह जाता।
"उसके जान लेने मात्र से न तो प्रसन्नता होगीन क्षुधा मिटेगी।'
इसलिए ज्ञान से तो भक्ति का कोई भी संबंध नहीं है। ज्ञान तो है परमात्मा के संबंध में जाननाऔर भक्ति है परमात्मा का सीधा साक्षात।
"अतएव संसार के बंधनों से मुक्त होने की इच्छा रखनेवालों को भक्ति ही ग्रहण करनी चाहिए।'
जो वस्तुतः "मुमुक्षुहैं...। इस शब्द को थोड़ा समझ लें।
कुछ लोग हैं जो केवल कुतूहली हैंजो परमात्मा के संबंध में ऐसे ही पूछते हैं जैसे छोटे बच्चे पूछते हैं कि दुनिया को किसने बनाया। तुम कह दोपरमात्मा नेतुम कह दोकुछ भीअ ब स...वे फिक्र नहीं करतेवे अपने भूल गएबात खतम हुईखेल में लग गए। उन्होंने वस्तुतः जानने के लिए पूछा ही न था--एक खुजलाहट थीएक कुतूहल उठा था, "किसने बनाया!न भी जवाब देते तो भी कुछ परेशान होनेवाले न थे वे। उन्हें जवाब से कुछ लेना-देना भी न था। एक क्यूरिआसिटी थीएक कुतूहल था।
सौ में से नब्बे लोग तो जो ईश्वर की बात करते हैंकुतूहली होते हैं। वे कुछ जीवन दांव पर लगाना नहीं चाहते--ऐसे ही अगर मुफ्त में कुछ जानकारी मिल जाए तो ठीककुछ बदलना न पड़ेकुछ करना न पड़ेकुछ होना न पड़े--ऐसे ही कुछ जानकारी मिलती हो तो क्या हर्ज है!
कुतूहल से कोई धार्मिक नहीं होता।
कुतूहल के बाद एक दूसरा वर्ग है जिज्ञासु कावह जानना चाहता हैवस्तुतः जानना चाहता है--लेकिन बस जानना चाहता है।
कुतूहली तो जानने में भी बहुत उत्सुक नहीं हैंऐसे ही पूछ लिया थासतह की बात थीएक खयाल आ गया था। खयाल की कोई जड़ें नहीं हैं उसके भीतर।
जिज्ञासु के भीतर खयाल की जड़ें हैं--ऐसे ही खयाल नहीं आ गयाखयाल कई बार आता है। ऐसे आया-गया नहीं हैस्थायी निवास तो हो गया है! पूछता हैप्रयोजन हैजानना चाहता है--लेकिन बस जानना चाहता है। उससे आगे नहीं जाना चाहता।
उसके आगे मुमुक्षु है। मुमुक्षु का अर्थ है: जानना ही नहीं चाहताजीना चाहता है। जानने से क्या होगाअगर ईश्वर है तो अपने को बदलना चाहता है। अगर परलोक है तो अपने जीवन में क्रांति लाना चाहता है। अपने को दांव पर लगाने को तत्पर है।
नारद कहते हैं, "अतएव संसार के बंधनों से मुक्त होने की इच्छा रखनेवालों को भक्ति ही ग्रहण करनी चाहिए'--क्योंकि भक्ति भोजन है।
संस्कृत का सूत्र जब भी अनुवादित किया जाता है तो कुछ न कुछ चूक होती है। हिंदी में अनुवाद है: "अतएव संसार के बंधनों से मुक्त होने की इच्छा रखनेवालों को...।संस्कृत का सूत्र केवल इतना ही कहता है: "बंधनों से मुक्त होने की इच्छा रखनेवालों को...।संसार की कोई बात नहीं है--बंधनों से मुक्त होने की है।
इसे थोड़ा समझें।
बंधन संसार है। स्मरण रखें: बंधन-मात्र संसार है। मोक्ष का भी बंधन हो तो संसार हो गया। पुण्य का भी बंधन हो तो संसार हो गया। कोई भी आकांक्षा हो तो बंधन पैदा होगा। अगर परमात्मा को भी पाने की आकांक्षा हो तो बंधन बनाएगी। क्योंकि जहां भी आकांक्षा होगीवहीं स्वतंत्रता क्षीण हो जाएगी। जब कोई आकांक्षा नहीं रह जाती तो बंधन समाप्त होते हैं। और ऐसी घड़ी तो तभी आती है जब परमात्मा से मिलन हो जाए। इसके पहले ऐसी कोई घड़ी नहीं आती।
तो जिन्हें सच में ही बंधनों के पार जाना हैजो ऊब गए हैं जीवन की जंजीरों सेजो इस जीवन के कारागृह से पीड़ित हो गए हैंजिनकी समझ में आ गया है किये बड़ी दीवालें जीवन की घर की दीवालें नहीं हैंये कारागृह हैंऔर जिसको हम जिंदगी कहते हैं वह सिवाय बंधनों के और कुछ भी नहीं--उनके लिए भक्ति ही एकमात्र उपाय है।
"ऐ ताइरे-लाहूति! उस रिज्क से मौत अच्छी
जिस रिज्क से आती हो परवाज़ में कोताही।'
उस जिंदगी से मौत अच्छी है...किस जिंदगी से?--जिस जिंदगी से उड़ान में बाधा पड़ती होआकाश छोटा होता हो, "जिस रिज्क से आती हो परवाज़ में कोताही'--उड़ने में रुकावट आती हो।
जहां-जहां रुकावट हैवहां-वहां गौर से देखना: तुम अपनी ही किसी वासना को खड़ा हुआ पाओगे। जहां भी तुम्हारे पंख अड़ते हैं,अटकते हैंगौर से देखना: वहीं-वहीं तुम पाओगेकोई आकांक्षाकोई अपेक्षाकोई वासनाकोई मांग पंखों पर बंधन बन गई है।
तुम्हारी जंजीरें तुम्हारी ही वासनाओं की जंजीरें हैंकिसी और ने ढाली नहींकिसी और ने तुम्हें पहनाई नहीं हैं। और जिस दिन तुम्हें यह दिखाई पड़ जाएउस दिन तुम्हारी जंजीरें ऐसे ही पिघल जाती हैं जैसे तेज धूप में बर्फ पिघल जाएसुबह के सूरज में ओस की बूंदें उड़ जाएं--ऐसे ही तुम्हारी जंजीरें उड़ जाती हैं। परमात्मा कोबिना कुछ और मांगेबिना कुछ और चाहे अपने को समर्पित कर देना। यह मत कहना कि मैं परमात्मा को भी चाहता हूं। उतनी चाह भी तुम्हारे परवाज़ में कोताही ले आएगी। तुम इतना ही कहना कि मैं अपने को परमात्मा में छोड़ने को तत्पर हूं। मांग कुछ भी नहीं है। मिटाना है।
क्योंकि सब मांग अहंकार की मांग हैहर मांग अहंकार की मांग है। तुम यह भी मत कहना कि मैं परमात्मा को चाहता हूं। क्योंकि उतनी चाह में भी तुम अपने को परमात्मा से ऊपर रख रहे होतो परमात्मा विषय-वस्तु हो गया। कभी तुम धन चाहते थे अब परमात्मा को चाहते हो--लेकिन चाहनेवाला खड़ा रह जाएगा। तुम इतना ही कहना कि अब बहुत चाहत करके देख ली--अब अपने को छोड़ना हैमिटाना है। इस मिटाने में ही भक्त एक अपरिसीम आनंद से भर जाता हैक्योंकि उसके परवाज में फिर कोई कोताही नहीं रह जातीउसका पूरा आकाश उपलब्ध हो जाता हैपंख परिपूर्ण स्वतंत्रता से उड़ने लगते हैं! और इस मिटाने में ही एक ऐसी बेहोशी उसे घेर लेती हैजिसे बेहोशी कहना भी ठीक नहीं--जिसमें बड़ा गहरा होश है और एक ऐसा होश उस पर आ जाता हैजिसे होश कहना भी ठीक नहीं--क्योंकि उसकी आंखों में बड़ी गहरी बेहोशी हैजैसे वह शराब पीए होजैसे अभी-अभी मधुशाला से लौटा हो!
और जब तक तुम्हारे लिए मंदिर मधुशाला नहीं बन जाता और जब तक प्रार्थना तुम्हारे लिए इतना गहन आत्मविस्मरण नहीं बन जाती कि तुम उसमें डूब ही जाओतब तक तुम जो भी कर रहे होवह कुछ और होगाभक्ति नहीं।
"मैं मयकदे की राह से हो कर निकल गया,
वर्ना सफर हयात का काफी तबील था।'
जिंदगी का रास्ता बहुत कठिन है! अगर मयकदे की राह से होकर निकल गएतब बात और। अगर जीवन की मधुशाला से गुजर गए तो बात और! वही परमात्मा है। अगर उस मस्ती को थोड़ा चख लियाअगर थोड़ा स्वाद पा लिया परमात्मा काडगमगाने लगे पैर उसके आंगन मेंनाच छा गया--तो हीअन्यथा जिंदगी का रास्ता बहुत कठिन हैकांटे ही कांटे हैं। फूल तो तभी खिलते हैं जब तुम मिटना शुरू होते होअन्यथा दुर्गंध ही दुर्गंध है। सुगंध तो तभी आती है जब तुम कपूर की तरह शून्य में खो जाते हो।
"मस्जिद में बुलाते हैं हमें जाहिदे-नाफह्म
होता अगर कुछ होश तो मयखाने न जाते।'
--विरक्त हमें मंदिर में बुला रहे हैंमस्जिद में बुला रहे हैंअगर कुछ थोड़ा होश होता तो मयखाने ही चले जाते।
भक्त को न कोई मंदिर बचतान कोई मस्जिद बचती। वह जहां है वहीं उसकी मधुशाला है। वह जहां हैवहीं उसका परमात्मा है।
तुम्हारे मिट जाने मेंतुम्हारी लीनता मेंतुम्हारी तल्लीनता में--परमात्मा का आविर्भाव है।
इसलिए भक्त में तुम एक बेहोशी भी पाओगे और एक होश भी।
ज्ञानी में तुम्हें होश मिलेगाबेहोशी न मिलेगी।
शराबी मेंपापी मेंतुम्हें बेहोशी मिलेगीहोश न मिलेगा।
योगी में तुम्हें होश मिलेगाभोगी में तुम्हें बेहोशी मिलेगी--भक्त में तुम्हें दोनों मिलेंगे। भोगी भी उससेर् ईष्या करेगा और योगी भी उससेर् ईष्या करेगा। क्योंकि योगी देखेगाऐसी अपरिसीम होश की संभावना उसके भीतर नहीं है। और भोगी देखेगाइतना भोगकर भी ऐसी मस्ती उसके पास नहीं आई।
सब भोग तिक्त स्वाद छोड़ जाता है।
ठीक कहते हैं नारद कि ज्ञानकर्मयोगभक्ति की ऊंचाई को नहीं पहुंचते।
भक्ति मेंपरमात्मा उसकी समग्रता में स्वीकार हैउसका संसार भी समाहित है उस स्वीकार में। तो भक्त भागता नहीं संसार सेभोग से भी नहीं भागता--वह उसे भी परमात्मा का ही अनुग्रह मानकर स्वीकार कर लेता है।
त्याग भक्त की भाषा नहीं हैजो "उसनेदिया हैउसे स्वीकार कर लेता है--अहोभाव सेधन्यभाग से!
तो भक्त के जीवन में एक अनूठा संवाद है: उसकी बेहोशी में होश हैउसके होश में बेहोशी हैउसके ध्यान में तल्लीनता है,उसकी तल्लीनता में ध्यान है।
भक्त आखिरी समन्वय हैआखिरी सिंथीसिस!
"मस्जिद में बुलाते हैं हमें जाहिदे-नाफह्म
होता अगर कुछ होश तो मयखाने न जाते।'
...डूबता जाता है--परमात्मा के रस में! खोता जाता है अपनी बूंद को उसके रस के सागर में! और जब बूंद सागर हो जाती हैतो उसकी मस्ती का क्या कहना! जब बूंद आकाश को छूती है तो उसकी मस्ती का क्या कहना!
भक्त में तुम रस पाओगेयोगी को सूखा पाओगे।
भोगी में रस मिलता हैलेकिन दुर्गंधयुक्त!
भक्त में तुम रस पाओगे--और सुगंधयुक्त!
भोगी संसार को परमात्मा समझ लेता हैऔर परमात्मा को त्याग देता है। योगी परमात्मा को संसार के विपरीत समझता है,इसलिए संसार को त्याग देता है। भक्त परमात्मा और संसार को एक ही मानता हैस्रष्टा और सृष्टि एक है--इसलिए न कुछ त्यागतान कहीं भागता। इस परम बोध में कि स्रष्टा अपनी सृष्टि के रोएं-रोएं में समाया हैभक्त में योग और भोग का मिलन हो जाता है। वह परम संगीत है। उससे ऊपर कोई संगीत नहीं।

आज इतना ही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें