गुरुवार, 6 दिसंबर 2018

तृषा गई एक बूंद से-प्रवचन-03

संकल्प की कुंजी

मेरे प्रिय आत्मन्!
एक बगीचे में मैं गया था। एक ही जमीन थी उस बगीचे की। एक ही आसमान था उस बगीचे के ऊपर। एक ही सूरज की किरणें बरसती थीं। एक सी हवाएं बहती थीं। एक ही माली था। एक सा पानी गिरता था। लेकिन उस बगीचे में फूल सब अलग-अलग खिले हुए थे। मैं बहुत सोच में पड़ गया। हो सकता है कभी किसी बगीचे में जाकर आपको भी यह सोच पैदा हुआ हो।
जमीन एक हैआकाश एक हैसूरज की किरणें एक हैंहवाएं एक हैंपानी एक हैमाली एक है। लेकिन गुलाब पर गुलाबी फूल हैंचमेली पर सफेद फूल हैं। सुगंध अलग है। एक ही जमीन और एक ही आकाश से और एक ही सूरज की किरणों से ये अलग-अलग फूलअलग-अलग रंगअलग-अलग सुगंधअलग-अलग ढंग कैसे खींच लेते हैं?

मैं उस माली को पूछने लगा। उसने कहासब एक हैलेकिन खींचने वाले बीज अलग-अलग हैं।
छोटा सा बीज लेकिन क्या खींच लेता होगा?
जरा सा बीजइतने बड़े आकाश और इतनी बड़ी जमीन और इतने बड़े सूरज और इतनी हवाओं कोइन सबको एक तरफ फेंक कर अपनी ही इच्छा का रंग खींच लेता है! इतनी बड़ी दुनिया को एक तरफ हटा कर एक छोटा सा बीज अपनी ही इच्छा की सुगंध खींच लेता है! एक छोटे से बीज का संकल्प इतना बड़ा हैजितना आकाश नहींजितनी पृथ्वी नहीं! और एक बीज वही हो जाता है जो होना चाहता है! एक छोटे से बीज के भीतर ऐसा क्या हो सकता है?
हर बीज की अपनी इच्छा है, अपना विल, अपना संकल्प है। वह छोटा सा बीज वही खींचता है जो खींचना चाहता है, और सब पड़ा रहे, वह उसे छूता भी नहीं। गुलाब गुलाब बन जाता है, चमेली चमेली बन जाती है। पास में ही चमेली बन गई है चमेली, पास में ही गुलाब गुलाब बन गया है। एक ही मिट्टी से दोनों ने ताकत खींची है। गुलाब की सुगंध अलग है, चमेली की सुगंध अलग है, रंग-ढंग सब कुछ अलग है।
जिंदगी में अनंत संभावनाएं हैं। लेकिन हम वही बन जाते हैं जो हम उन संभावनाओं में से अपने भीतर खींच लेते हैं। अनंत विचारों का विस्तार हैअनंत विचारों की तरंगें हैं चारों तरफ। लेकिन हम उन्हीं विचारों को अपने पास खींच लेते हैंजिन विचारों को खींचने की क्षमतामैगनेटजिन विचारों को खींचने की रिसेप्टिविटी हमारे भीतर होती है।
इसी दुनिया में एक आदमी बुद्ध हो जाता है। इसी दुनिया में एक आदमी जीसस हो जाता है। इसी दुनिया में एक आदमी कृष्ण हो जाता है। और इसी दुनिया में हम कुछ भी नहीं होते और ना-कुछ होकर मिट जाते हैं और खतम हो जाते हैं। और जिस दुनिया से खींची जाती हैं सारी चीजेंवह बिलकुल एक है--वह आकाश एकवह जमीन एकवह चारों तरफ की हवाएं एकवे सूरज-चांदत्तारे एक--वह सब एकऔर हर आदमी अलग-अलग कैसे हो जाता हैऔर हमारी शक्ल-सूरत भी एक सी मालूम पड़ती हैहमारे शरीर भी एक से मालूम पड़ते हैंहमारी हड्डी-मांस-मज्जा भी एक सी मालूम पड़ती है। फर्क कहां पड़ जाता हैआदमी के व्यक्तित्व अलग-अलग कहां हो जाते हैंकोई आदमी बुद्ध कैसे हो जाता हैकोई आदमी अंधकार में कैसे खड़ा रह जाता है?कोई आदमी प्रकाश में कैसे उठ जाता है?
वह जो मैंने कल कहा उस बात को समझ लेना जरूरी है। मैंने कल कहा कि मनुष्य के व्यक्तित्व में सात केंद्र हैंसात चक्र हैं। और जो केंद्र सक्रिय होता है वह अपने अनुकूल चारों तरफ से सब कुछ खींच लेता है। केंद्र एक रिसेप्टिविटी बन जाता हैएक ग्राहकता बन जाता है। अगर क्रोध का केंद्र सक्रिय हैतो वह आदमी अपने चारों तरफ से क्रोध की सारी लहरों को समाविष्ट कर लेगा। अगर प्रेम का केंद्र सक्रिय हैतो चारों तरफ से प्रेम की धाराएं उस आदमी की तरफ दौड़ने लगेंगी। अगर काम का केंद्र सक्रिय हैतो सारे चारों तरफ से कामवासना उसकी तरफ दौड़ने लगेगी। वह एक खड्ड की तरह बन जाएगा और चारों तरफ की धाराएंजो उसने मांगा है उसकी तरफ आनी शुरू हो जाएंगी।
परमात्मा प्रत्येक को वही दे देता है जो हम चाहते हैं। और कभी भूल कर परमात्मा को यह मत कहना कि यह तूने हमें कैसे दे दिया जो हमने नहीं चाहा था! आज तक किसी आदमी को वह नहीं मिला है जो उसने न चाहा हो। लेकिन हमें पता ही नहीं होता कि हम क्या चाहते हैं। हम बहुत अंधेरे में चाहते रहते हैं और वही होता चला जाता है जो हम चाहते हैं। फिर हम दोष देते हैं।
अगर चमेली का बीज यह दोष दे परमात्मा को कि तूने मुझे सफेद फूल क्यों दे दियासुर्ख फूल के लिए पागल थी मैं! तो वह चमेली गलत कहती है। क्योंकि उसके बीज ने कभी सुर्ख फूल चाहा ही नहीं था। हम जो हैं वह हमारी चाह का परिणाम है। हमने जो चाहा है वही हमारे चारों तरफ से खिंच कर हमारे पास आ गया है। हम जो हो गए हैं वह हमारे बीज ने मांगा हैपुकारा है इसलिए हो गए हैं।
फिर एक आदमी क्रोध में जीता हैअशांति में जीता हैलोभ में जीता हैभय मेंवासना मेंऔर फिर वह पूछता है--कहां है ईश्वरकहां है परमात्माकहीं दिखाई नहीं पड़ता!
ख्रुश्चेव के पहले अंतरिक्ष यात्री जब चांद के पास के फोटो लेकर आए थेतो ख्रुश्चेव ने अपने एक भाषण में कहा कि मैं खुश हूं दुनिया को यह खबर देते हुए कि मेरे अंतरिक्ष यात्री चांद के पास होकर आ गए हैंवहां उन्होंने किसी तरह का ईश्वर नहीं पाया।
ख्रुश्चेव को उत्तर देना मुश्किल है। क्योंकि जो लोग समझते हैं कि चांद पर या किसी तारे पर या किसी ग्रह पर ईश्वर मिल जाएगावे समझ लें अच्छी तरह से: आज नहीं कलख्रुश्चेव नहीं कोई और यह घोषणा कर देगा कि सब चांदत्तारे देख लिए गएवहां कहीं ईश्वर नहीं है। और बड़े मजे की बात हैऐसे लोग रहे हैं कि इसी जमीन पर उनको ईश्वर दिखाई पड़ने लगता है। और ऐसा आदमी भी है कि चांदत्तारों पर भी जाकर ईश्वर दिखाई नहीं पड़ता।
चमेली को चाहे चांद पर जाकर बो दो और चाहे जमीन परवह गुलाब नहीं हो जाएगी। उसे वही दिखाई पड़ेगा जो वह हो सकती हैवह वही हो जाएगी जो हो सकती है। दुनिया के किसी कोने में हम चले जाएंहम वही होंगे जो हम थे। क्योंकि वहां भी हम वही खींच लेंगेवही हमें दिखाई पड़ेगावही अनुभव होगाजो हम खींच सकते हैं। आंख रोशनी खींचती है। कोई आंख के पास आकर कितना ही सितार बजाएआंख सितार बजाने को नहीं सुन पाएगी। और कान के पास कोई कितने ही दीये जलाएकान को कुछ भी पता न चलेगा कि बाहर रोशनी है और दीये जल गए हैं। और कान कहता रहेगा: कहां है रोशनीकहीं सुनाई नहीं पड़ती। अब रोशनी सुनी जाती है कहीं! और आंख कहेगी: कहां बजती है वीणाकुछ दिखाई नहीं पड़ताकहां है संगीतसंगीत देखा नहीं जाता!
हम जिस यंत्र सेजिस उपकरण से जीवन को पहचानने और देखने जाते हैंवही हमें उपलब्ध होना शुरू हो जाता है।
यह दुनिया वही बन जाती है जो हम हैं। और कल जैसा मैंने कहा कि हमारे सात केंद्र हैं। पहला और अंतिम केंद्रपहला और सातवां केंद्र शक्ति के संग्रह हैं। वे कुछ करते नहींवे केवल शक्ति के आलय हैंवे शक्ति के संग्रहालय हैं। वहां शक्ति संगृहीत हैपहले और सातवें केंद्र पर। दूसरा केंद्र शक्ति को बाहर फेंकने का केंद्र है। सेक्स का केंद्र शक्ति को बाहर फेंकने का केंद्र है। वह एक्जिट हैवहां से शक्तियां बाहर फिंक जाती हैं। इसलिए उस केंद्र पर ही जो जीवन भर जीता हैवह निरंतर अशक्तनिरंतर अशक्त होता चला जाता है। धीरे-धीरे उसकी सारी ऊर्जा बह जाती है और वह ऊर्जाहीन और शक्तिहीन हो जाता है।
छठवां केंद्रजिसको मैंने आज्ञा कहा--मस्तिष्क मेंकपाल में दोनों आंखों के बीच में--वह काम के केंद्र से ठीक उलटा केंद्र हैवह एनट्रेंस हैवह प्रवेश द्वार है। वहां से शक्तियां भीतर प्रवेश करती हैं। काम के केंद्र से शक्तियां बाहर फिंकती हैंआज्ञा के केंद्र से शक्तियां भीतर प्रविष्ट होती हैं।
इसलिए जो आदमी वासना के जितना निकट जीएगाउस आदमी के पास संकल्प की शक्ति उतनी ही कम होगीक्योंकि वह आज्ञा के केंद्र से सर्वाधिक दूर होगा। जो आदमी आज्ञा के केंद्र के पास ज्यादा जीएगाजिसका ध्यान वहां होगाउस आदमी को पता भी नहीं चलेगा कि वासना उसके चित्त से धीरे-धीरे क्षीण हो गई है और वासना धीरे-धीरे विलीन हो गई है। क्योंकि आज्ञा का केंद्र शक्तियों का निमंत्रक हैबुलाने वाला हैअपशोषित करने वाला हैउनको पी जाने वाला है। और जितनी शक्ति आज्ञा के केंद्र पर पी ली जाती हैउतना ही व्यक्तित्व मजबूतशक्तिशालीऊर्जस्वी और प्रबल और संकल्पवान होता चला जाता है।
ये दो केंद्र--सेक्स का केंद्र शक्ति के निष्कासन काआज्ञा का केंद्र शक्ति के आमंत्रण का केंद्र है। इन दोनों के बीच के तीन केंद्र नाभि से लेकर कंठ तक--नाभिहृदय और कंठ--वे तीनों केंद्र अंतरक्रिया के केंद्र हैंजो शरीर की भीतरी क्रियाओं को गतिमान रखते हैं।
इन सातों केंद्रों की ठीक-ठीक समझ साधक के लिए बहुत अनिवार्य है। लोग कहते हैं: ईश्वर नहीं दिखाई पड़ता! आत्मा नहीं दिखाई पड़ती! वह जिस केंद्र से परमात्मा का संबंध जुड़ सकता हैवह सातवां केंद्र है। उस केंद्र के सक्रिय होते ही जगत विलीन होने लगता है और परमात्मा दिखाई पड़ने लगता है। ऐसा नहीं कि जगत नहीं रह जाताबल्कि ऐसा कि जगत तो रह जाता हैलेकिन जगत की भांति नहींजगत परमात्मा की भांति ही रह जाता है।
राबिया थी एक फकीर औरत सूफी। उसने अपने धर्मग्रंथ में पढ़ा कि शैतान को घृणा करो! उसने उस किताब में वह लकीर काट दी। एक मित्र फकीर हसन उसके घर मेहमान था। उसने सुबह-सुबह धर्मग्रंथ खोला और देखा कि उसमें तो धर्मग्रंथ में सुधार किया है किसी ने। तो उसने राबिया को पूछा कि तू पागल हो गई हैतूने सुधार किया है यहधर्मग्रंथ में कहीं सुधार किया जा सकता है?
राबिया ने कहा कि मुझे बड़ी मजबूरी हो गईइसलिए सुधार करना पड़ा। जब से मुझे परमात्मा दिखाई पड़ना शुरू हुआमुझे शैतान दिखाई ही नहीं पड़ता है। और इस किताब में लिखा है: शैतान को घृणा करो! शैतान मुझे दिखाई ही नहीं पड़ता हैअब तो जो भी दिखाई पड़ता है परमात्मा ही दिखाई पड़ता है। शैतान भी सामने खड़ा हो जाए तो परमात्मा ही दिखाई पड़ता है। एक तो यह कठिनाई हो गई। और दूसरी कठिनाई यह हो गई कि जब से परमात्मा ही दिखाई पड़ता हैतब से प्रेम के अतिरिक्त मेरे भीतर कुछ रह नहीं गयाघृणा नहीं रह गई। अब मैं घृणा कैसे करूंएक तो शैतान दिखाई नहीं पड़तादूसरी मेरे भीतर घृणा नहीं रह गईइसलिए इस लकीर को मैंने काट दिया कि यह लकीर मेरे लिए अव्यावहारिक हो गई है।
जिस दिन सातवां केंद्र सक्रिय होता हैउस दिन वह सब जो कभी नहीं दिखाई पड़ा थावह सब जो कभी अनुभव नहीं हुआ थावह अनुभव होना शुरू हो जाता है।
लेकिन क्यों हो जाता है?
एक छोटा बच्चा पैदा होता हैउसे अभी कामवासना की कोई भी खबर नहीं है। अभी वह केंद्र सक्रिय नहीं है। वह जब केंद्र सक्रिय होगा तब अचानक दुनिया बदलती हुई नजर आएगी। दुनिया एकदम दूसरी शक्ल ले लेगीजो उसमें कभी भी नहीं थी। वह केंद्र भीतर सक्रिय हुआ और बाहर की दुनिया बदलनी शुरू हो गई। दुनिया कल भी ऐसी ही थीदुनिया आज भी वैसी है। बदलाहट कहां हो गईदुनिया में कोई बदलाहट नहीं हो गईउस व्यक्ति के भीतर एक केंद्र जो सोया था वह सक्रिय हो गया।
ठीक ऐसे ही जिस दिन सातवां केंद्रब्रह्म-केंद्र जिस दिन सक्रिय हो जाएउस दिन भी दुनिया यही हैवही थीलेकिन कुछ नया ही दिखाई पड़ना शुरू हो जाता है। हम वही अपने भीतर ग्रहण कर लेते हैंजो हम ग्रहण कर सकते हैं। मौजूद तो सब कुछ है। जो बुद्ध ने ग्रहण किया होगा इस दुनिया मेंवह आज भी मौजूद है। और आज भी बुद्ध होने में कोई कठिनाई नहीं है। आज भी महावीर होने में कोई कठिनाई नहीं है। आज भी राम और कृष्ण हो जाने में कोई कठिनाई नहीं है। वह सब मौजूद है जो उन्होंने ग्रहण किया होगा। लेकिन हमारे पास वह केंद्र सक्रिय होना चाहिएजो उसको ग्रहण कर सके।
लेकिन हम उलटी बातें पूछते हैं। हम कहते हैं: कहां है परमात्माहम यह नहीं पूछते कि कहां है वह केंद्रजिसके सक्रिय होने से किसी को परमात्मा का अनुभव होता है और जिसके निष्क्रिय होने से परमात्मा से हम चूक जाते हैं।
हमारे चारों ओर अनंत विस्तार है--अनंत अनुभवों काअनंत ज्ञानों काअनंत विचारों का। वे विचार चौबीस घंटे हमारे चारों तरफ घूम रहे हैं। हम जिस विचार को भीतर जगह देते हैं और जिस केंद्र को सक्रिय कर लेते हैंउसके अनुकूल विचार हमारी तरफ दौड़ने लगते हैंहमें पकड़ लेते हैंहमें घेर लेते हैं।
यह कभी समझने जैसा है। अगर सुबह आप क्रोधित हो गए होंतो आप दिन भर हैरान होंगे यह बात जान कर कि उस दिन,दिन भर में न मालूम कितने क्रोध के मौके आ जाते हैं। क्या हो जाता है उस दिनकहते हैं: आज सुबह से ही कुछ खराब हो गयाकुछ भाग्य खराब हो गया। भाग्य खराब नहीं हो गया हैसुबह से जो सक्रिय हो गई है वृत्ति वह अपने ही अनुकूल घटनाओं को चारों तरफ से खींचती चली जाती है। वह फिर दिन भर खींचती रहती है।
इसलिए जो जानते हैं वे कहेंगे कि रात सोते समय अत्यंत ध्यान की अवस्था में सो जानाताकि रात भी...पूरी रात भी विचार आपकी तरफ आकर्षित होते हैंचाहे आप सोए रहें। रात भर आप सपने देखते हैं। और सपने उन विचारों से निर्मित हो रहे हैं जो आप चारों तरफ से खींचते हैं।
आपके पड़ोस में सोया हुआ आदमी सपना देख सकता है साधु होने का और आप उसके ही पड़ोस में सोए हुए सपना देख सकते हैं चोर होने का। आप यह मत सोचना कि हम दोनों ही सपने देख रहे हैंसपने का क्या मूल्य हैलेकिन एक आदमी आपके पड़ोस में साधु होने का सपना देख रहा हैआप चोर होने का सपना देख रहे हैं। आप वही सपना देख रहे हैं जो मन सक्रिय है और जो चारों तरफ से खींच पा रहा है।
रात जो ध्यान में सोएगावह रात भर ध्यान के अनुकूलशांति के अनुकूल विचार अपने चारों तरफ से आकर्षित करेगा। सुबह उठ कर ही ध्यान करना जरूरी हैताकि फिर दिन भर आपकी यात्रा उन्हीं विचारों को अपने पास खींच सके जिनसे आपने यात्रा शुरू की है। लेकिन अक्सर लोग सुबह बड़े गलत ढंग से शुरू करते हैं और रात सोते भी बहुत गलत ढंग से हैं। ये दो समय बहुत ध्यान कर लेने जैसे हैं। रात के सोते समय का क्षण अत्यंत ध्यानशांतिमौन और आनंद में और प्रार्थना में डूबते हुए व्यतीत होना चाहिए। तो रात के छह घंटे या आठ घंटे--कुछ नई ही दुनिया केकुछ नये ही आलोक कोकुछ नये ही विचारों को अपने भीतर खींचेंगे। और सुबह उठने की पहली घड़ी फिर पुनः ध्यान में व्यतीत होनी चाहिएताकि चौबीस घंटेजागने का दिनपूरे दिन की यात्रा फिर पुनः उसको खींचे जो शुभ हैजो सुंदर हैजो सत्य है। इन दो घड़ियों को जो सम्हाल लेवह चौबीस घंटे को सम्हाल सकता है।
इसलिए जिस ध्यान की प्रक्रिया के लिए मैं आपसे कह रहा हूंउसे रात सोते समय करें और सुबह उठते समय करें। जागने का प्रारंभ ध्यान से होनींद का प्रारंभ ध्यान से हो। ये दोनों संधिकाल अगर ठीक से सम्हाले जा सकेंतो व्यक्तित्व में शांति और क्रांति आनी शुरू हो जाएगी।
और ध्यान रहेजैसा मैंने कहाहमारे चारों तरफ विचार का सागर लहरा रहा है। जब तक रेडियो का आविष्कार नहीं हुआ थाहमें पता भी नहीं था कि मास्को में जो बोला जाता है वह माटुंगा से भी गुजरता होगा। हमें पता भी नहीं था। मास्को वालों को भी पता नहीं होगा कि माटुंगा में जो बोला जाता है वह मास्को से गुजरता है। लेकिन अब हम जानते हैं। अभी हम यहां बैठे हैंअभी हमें कुछ नहीं सुनाई पड़ रहा कि मास्को या पेकिंग या न्यूयार्क क्या बोलते हैंलेकिन एक रेडियो को हम सामने रख लेते हैं और पकड़ शुरू हो जाती है। रेडियो कुछ आवाज को ले नहीं आता यहांआवाज गुजरती है यहां सेरेडियो सिर्फ पकड़ता है।
हमारे चारों तरफ बहुत कुछ मौजूद है। हम जो पकड़ पाते हैं वही पकड़ जाता हैजो नहीं पकड़ पाते वह छूट जाता है। और हम वही पकड़ते हैंजिस तल परजिस वेवलेंथ परजिस टयूनिंग पर हमारा चक्र काम करता है। फिर हमें वही पकड़ में आना शुरू हो जाता हैवही हमें दिखाई पड़ने लगता हैवही हमें सुनाई पड़ने लगता हैवही हमें चारों तरफ से घेरना शुरू कर देता है।
यह जो चारों तरफ विचार का अनंत जाल है।...ध्यान रहे कि कोई भी शब्द कभी मरता नहीं। इस जगत में कोई भी चीज कभी नहीं मरती। अभी मैं जो बोल रहा हूंयह कभी नहीं मरेगा अबइसके मरने का कोई भी उपाय नहीं है। यह जो बोला गयावह सनातन और शाश्वत हो गया। अनंत काल तक उसकी प्रतिध्वनि इस सारे ब्रह्मांड में घूमती रहेगीघूमती रहेगीघूमती रहेगी। वह कभी समाप्त नहीं होगी। जो प्रतिध्वनि पैदा हो गई हैवह गूंजती ही रहेगी अनंत काल तकअनंत-अनंत लोकों में उसकी गूंज पैदा होती रहेगी।
इस बात की बहुत संभावना वैज्ञानिक मानते हैं कि किसी दिन वे ऐसे यंत्र भी ईजाद कर सकेंगेजिसमें कृष्ण ने अर्जुन को कुरुक्षेत्र में जो कहा होवह पकड़ा जा सके। इस बात की बहुत संभावना है कि जीसस ने जो कहा होवह पकड़ा जा सके। महावीर ने जो कहा हो बिहार मेंवह पकड़ा जा सके। क्योंकि वह ध्वनि आज भी कहीं न कहीं गूंजती होगी।
लेकिन वैज्ञानिक वह यंत्र किसी दिन तैयार कर पाएं या न कर पाएंवह दूर की बात है। लेकिन जो सातवें केंद्र को सक्रिय करने में सक्षम हो जाते हैंवे बिना किसी यंत्र के आज भी जगत में जो भी श्रेष्ठ विचार कभी जन्मे हैंउनको पकड़ने में समर्थ हो जाते हैं। जो भी श्रेष्ठ जगत की संपदा है तरंगों कीवे उसे पकड़ने में समर्थ हो जाते हैं। उन तरंगों में जीना एक अनुभव ही दूसरा है।
नीत्शे ने कहा है कि एक क्षण ऐसा हुआ कि मुझे लगा कि मैं हजारों मील समय के ऊपर खड़े होकर जी रहा हूं।
हजारों मील समय के ऊपरसमय के ऊपर कोई हजारों मील कैसे खड़ा हो सकता हैजिन लोगों को भी उस तल पर थोड़ा सा अनुभव होगाउनको लगेगा कि सारी दुनिया किसी खाई मेंकिसी खंदक मेंकिसी घाटी में भटकी रह गई है और हम किसी एवरेस्ट पर खड़े होकर जी रहे हैं।
वह जो ऊंचाई पर खड़े होने का अनुभव हैवह जो ऊंचाई पर जीने का अनुभव हैवह जो अंतिम हमारा ऊंचे से ऊंचा चक्र है उसके सक्रिय होने से शुरू होता है। वह चक्र सक्रिय हो सकता है। वह चक्र कैसे सक्रिय हो सकता हैउस चक्र के सक्रिय हुए बिना अंतस-जीवन मेंसत्य जीवन मेंप्रभु के मंदिर में कोई प्रवेश नहीं है। वह चक्र संकल्प से ही सक्रिय होगा। और संकल्प से पहले आज्ञा चक्र सक्रिय होगा। फिर संकल्प की गहराईऔर गहराईऔर गहराईऔर अंतिम गहराई में वह अंतिम चक्र को भी गतिमान कर देता है।
यह जो ध्यान की प्रक्रिया मैंने कही हैइस ध्यान की प्रक्रिया को हम जितनी गहराई तक ले जा सकें--अंतिम गहराई तकचरम गहराई तक--उतने ही दूर तक हम अंतिम चक्र को सक्रिय करने में समर्थ हो सकते हैं। और यह खयाल रहे कि वह चक्र अनायास सक्रिय नहीं होता हैहम करेंगे तो ही हो सकता है।
हांअनायास भी शायद कभी होगा। करोड़ों वर्ष बादजीवन की जो सहज विकास की प्रक्रिया हैउसमें कभी वह अनायास भी शायद सक्रिय होगा। लेकिन तब तक प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। साधना का एक ही अर्थ है कि प्रकृति जिस विकास को करोड़ों वर्षों में कर पाती हैसाधक उसे तीव्रता सेबहुत शीघ्रअल्प समय में पूरा कर लेता है। बुद्ध कोमहावीर को जो स्थिति मिली हैइस बात की पूरी संभावना है कि अरबों-खरबों वर्ष बाद प्रत्येक आदमी जन्म के साथ ही शायद उस स्थिति में पैदा हो सके। लेकिन प्रकृति की प्रक्रिया बहुत लंबीबहुत धीमीबहुत आहिस्ता है। जो व्यक्ति उसको तीव्र गति देना चाहता है उसे कुछ करना पड़ेगा। उसे स्वयं सक्रिय होना पड़ेगाउसे स्वयं कुछ करना पड़ेगा।
लेकिन हम स्वयं कुछ भी नहीं कर रहे हैं। हमारी हालत ऐसी हैजैसे नदी में बह रहे होंजहां भी नदी ले जाएगी चले जाएंगे। लेकिन हम कुछ भी नहीं कर रहे हैं। और हमारा यह न करनाहमारा यह बहे-बहे जानाहमारा यह सुस्त चुपचाप प्रकृति की धारा में जीते चले जानायही अगर हम ठीक से समझें तो जीवन की व्यर्थता का मूल सूत्र है। इस व्यर्थता को तोड़ना हो तो कुछ करना पड़ेगा।
क्या करना पड़ेगामंदिरों में जाकर पूजा करनी पड़ेगीगुरुओं के चरण पकड़ने पड़ेंगेतिलक-टीका लगाना पड़ेगायज्ञ-हवन करने पड़ेंगे?
यह फिर हमने असली चीज को करने से बचने का खयाल खोज लिया। जो करना हैवह यह करना नहीं है। इस करने से कुछ भी नहीं होगा। इस करने से सिर्फ एक धोखा पैदा होगा कि हम कुछ कर रहे हैं। उससे तो पहली हालत ही अच्छी थी कि बहे जा रहे थे। कम से कम यह धोखा तो नहीं था कि हम कुछ कर रहे हैं। कम से कम यह तो था मन में कि हम कुछ भी नहीं कर रहे हैं। तो शायद कभी मन को यह आकांक्षा पकड़ लेती कि कुछ करें।
लेकिन यह जो कुछ भी करने लगते हैं लोग--माला फेरने लगेंजाकर मंदिर में पूजा करने लगें--इन लोगों को एक भ्रम पैदा होता है कि हम कुछ कर रहे हैं। और इस भ्रम के कारणवह जो आकांक्षा कभी पैदा हो सकती थी कि हम कुछ करेंवह आकांक्षा भी कभी पैदा नहीं हो पाती।
इसलिए दुनिया को जितना नुकसान धर्म के नाम पर प्रचलित क्रियाकांड ने पहुंचाया हैउतना नुकसान और किसी ने भी नहीं पहुंचाया। और धर्म के नाम पर प्रचलित क्रियाकांड के जो दलाल हैंउन्होंने मनुष्य-जाति का जितना अहित किया हैउतना और किसी ने भी नहीं किया है। जिनके आदमी पैर पकड़ते हैं और जिनकी पूजा करते हैंउन लोगों ने ही आदमी की गर्दन पर हाथ कस कर रखे हुए हैं। वे ही आदमी के प्राणलेवा हैं।
लेकिन यह दिखाई नहीं पड़ता। उन्होंने जो करना चाहिएसंकल्प को सजग करने की कोई साधनाउस तरफ से तो हटा दिया हैलेकिन कुछ थोथे धंधे हाथ में पकड़ा दिए हैंजिन्हें करने से न कोई संकल्प विकसित होतान कोई आत्मबल जागताजिनकी चेष्टा से न कोई केंद्र सक्रिय होतेजिनके प्रयास से न भीतर के प्राणों में कोई नई गति आती। लेकिन उस तरह की हजारों हजार क्रियाएं सारी दुनिया में चल रही हैं।
धर्म के नाम पर सब्स्टीटयूट रिलीजनधर्म के नाम पर धर्म को पूरा कर देने वाला सूडो रिलीजनएक झूठा धर्म सारी दुनिया में विकसित हो गया है। इस झूठे धर्म ने मनुष्य को धार्मिक होने में एकदम बाधा डाल दी है। क्योंकि आदमी को लगता है--मैंने कर लियामैं मंदिर हो आया।
एक और मंदिर है जो भीतर हैजहां जाना था।
लेकिन होशियार और कनिंग और चालाक आदमी ने एक मंदिर बाहर बनाया हुआ है। जहां वह होकर घर लौट आता है और कहता है: मैं मंदिर हो आया। और उसे पता ही नहीं कि मंदिर कहां है। और उसे पता ही नहीं कि मंदिर में जो एक बार हो आता है वह कभी लौटता नहीं मंदिर सेवह मंदिर में ही रहने लगता है। वह पॉइंट ऑफ नो रिटर्न हैवहां से कभी कोई वापस नहीं लौटता।
लेकिन यह जो बाहर मंदिर बना हैउसमें हम सुबह जाते हैं और लौट आते हैं। सच तो यह है कि उसमें हम जाएंगे कैसेहम वही होते हैं जो हम घर से निकले थे। वही हम उस मंदिर में प्रविष्ट हो जाते हैंवही हम वापस लौट आते हैं। मंदिर में हमारा जाना कहां हुआ?
मंदिर में जाने का अर्थ है: हम कुछ ऐसी जगह पहुंच जाएं जहां हम वही न रह जाएं जो हम थेतो हम मंदिर में गएअन्यथा मंदिर में नहीं गए। मंदिर में जाने का क्या मतलबकि एक आदमी जाए अपने मकान से निकल कर और एक क नाम के मकान में प्रवेश करे या ख नाम के मकान में और वापस लौट आएवह मंदिर में हो आयाआदमी भी अपने को धोखा देने मेंअपने आपको धोखा देने में अदभुत कुशल मालूम पड़ता है।
मंदिर में जाने का अर्थ है: इनर कनवर्शन। मंदिर में जाने का अर्थ है: एक ऐसी चित्त-दशा में जाना जहां कि हम कुछ और हो जाएंजो कि जाने के पहले हम नहीं थे। और ध्यान रहेउस दशा से लौटने के बाद हम वही कभी नहीं हो सकतेजो हम पहले थे। यह असंभव है। मंदिर से कोई भी वापस नहीं लौटा है। और लौटता है तो मंदिर साथ आ जाता है। फिर वह मंदिर में ही जीने लगता है।
लेकिन मंदिर का हमें पता नहीं है। हमने मंदिर बाहर बनाया हुआ है। मंदिर का इंतजाम हमने बाहर कर लिया हुआ है। उस मंदिर की हम पूजा कर आते हैंप्रार्थना कर आते हैंलौट आते हैं।
नहींमंदिर वहां नहीं हैयह जो मैं सातवां चक्र कह रहा हूंयह मंदिर है। इस सातवें चक्र में पहुंच जाना मंदिर में प्रवेश है।
लेकिन बाहर का मंदिर भीजो लोग जानते होंगेजिन्होंने भीतर के मंदिर की चर्चा की होगीउनको सुन कर हमने बना लिया है। मंदिर में आप जाते हैं भीतर। मंदिर की बाहर की दीवालें हैं। भीतर मंदिर में गर्भगृह होता हैजहां मूर्ति स्थापित होती है भगवान की। उस गर्भगृह के चारों तरफ प्रदक्षिणा का चक्कर होता है। उस प्रदक्षिणा में आप सात चक्कर लगा कर वापस लौट आते हैं। लेकिन कभी आपने सोचा नहीं कि ये सात चक्कर क्यों लगानेकभी आपने सोचा नहीं कि किसके हम चक्कर लगा रहे हैंचक्कर लगाने की जगह के बीच में भगवान की स्थापना क्यों हैइसको हम गर्भगृह क्यों कहते हैंयह गोल क्यों हैइस मंदिर की गुंबज गोल क्यों हैयह सब क्या है?
यह जिन लोगों ने भीतर के मंदिर की बात की थीउनकी बात हमने सुन करठीक वैसा ही मंदिर बाहर बना लिया। वह जो गुंबज आपको दिखाई पड़ता है मंदिर के ऊपरवह मनुष्य के सिर का प्रतीक है। जिसके भीतरजिसके भीतर कहीं परमात्मा का निवास है। लेकिन वह परमात्मा का निवास किसी गोल चक्कर के बीच में है। ऐसी कुछ बात की होगी जिन्होंने-जिन्होंने जाना। और उस चक्कर में घूम जाने पर हीप्रदक्षिणा पूरी हो जाने पर हीजो भीतर है उसका अनुभव होता हैवह कहा होगा। हमने बाहर एक स्थापना कर ली है। हम उसका चक्कर लगा कर अपने घर वापस आ जाते हैं। और साधु-संत और जिनको हम महात्मा कहते हैं--आधे ही महात्मा होंगे--वे सब हमें प्रेरणा देते हैं कि जाओ मंदिर! मंदिर जरूर जाना चाहिए!
वे भी बेचारे दोहरा रहे हैं हजारों वर्ष से कि मंदिर जरूर जाना चाहिए। मैं भी कहता हूं कि मंदिर जरूर जाना चाहिए। लेकिन जिस मंदिर की तरफ वे इशारा कर रहे हैंवह मंदिर ही नहीं हैमंदिर कहीं और है--कहीं औरस्वयं के भीतर।
मैंने एक घटना सुनी है। मैंने सुना हैएक घर में छोटे-छोटे बच्चे थे। जब उनकी उम्र बहुत थोड़ी थीएक नाव की दुर्घटना में बाप की और मां की मृत्यु हो गई। बच्चे छोटे थेफिर भी उन्होंने सोचा कि हमारे मां-बाप तो मर गएवे जो करते थे वह हमें भी करते रहना चाहिए। आखिर पता नहीं क्या रहस्य रहा हो उनके करने में। तो बच्चे छोटे थेउन्होंने देखा था कि पिता खाने के पहलेखाने के बादएक आले पर से जाकर कुछ लकड़ी उठा करपता नहीं क्या करते थे।
वे खाने के बाद अपने दांत साफ करते थे। एक छोटी सी लकड़ी की सींक वहां रख छोड़ी थी। लड़कों को यह तो पता था नहींछोटे बच्चे थेकि वे करते क्या थे! और लड़कों के दांत भी ऐसे नहीं थे कि उनको सींक से साफ करने की जरूरत हो। उस पता का कारण भी न था। लेकिन इतना मालूम था कि एक सींक वे एक आले में रखते हैं और बड़े नियमित रूप से दोनों वक्त आले के पास जाते हैं।
तो उन्होंने सोचा कि जरूर भोजन करने से और इस आले के पास जाने का कोई संबंध है। और जरूर इस लकड़ी की सींक में कोई राज है। तो उन्होंने एक लकड़ी की सींक वहां रख ली। अब उन्हें तो यह पता भी नहीं था। तो वे रोज जाकरहाथ जोड़ करखाने के पहले-पीछे उस लकड़ी की सींक को नमस्कार कर आते थे। वह नियमित क्रम हो गया।
वे बड़े हो गए। फिर उन्होंने नया मकान बनाया। तो उन्होंने कहायह कहां की छोटी सी लकड़ी की सींक रखे होएक अच्छी चंदन की लकड़ी बनवा लो! क्योंकि रोज इसके हाथ जोड़ने पड़ते हैं। उन्होंने एक चंदन की लकड़ी बना कर--नये मकान में एक सुंदर छोटी मढ़िया बनाईएक मंदिर ही बना लिया आले की जगहएक चंदन की बढ़िया खुदावदार लकड़ी उस पर लगा दी। रोज सुबह-शाम वे उसको खाने के आगे-पीछे हाथ जोड़ आते थे।
फिर ऐसी पीढ़ियां गुजर गईं। उनके और लड़के पैदा हुएउन्होंने और बड़े मकान बनाए। लड़के तो बड़े मकान बनाएंगे। वह छोटा सा जो आला थावह धीरे-धीरे बड़ा मंदिर हो गया। वह छोटी सी जो सींक थीधीरे-धीरे एक पूरा स्तंभ हो गई। फिर कोई पूछा कभी उन लोगों से कि तुम यह करते क्या हो?
उन्होंने कहायह हमारे यहां सदा से होता चला आया है। यह कोई धार्मिक क्रिया है। और इसको जो नहीं करता वह बहुत अधार्मिक है। कुछ लड़के हमारे घर के बिगड़ गए हैंवे मानते ही नहींवे इसको हाथ ही नहीं जोड़ते। जो लड़के हाथ नहीं जोड़ते थे वे बिगड़ गएजो हाथ जोड़ते थे वे बहुत धार्मिक थे।
करीब-करीब ऐसा ही हुआ हैहो रहा है। जीवन के जो अंतस सत्य हैंवे प्रतीकों में ही कहे जा सकते हैं। हमारे हाथ में प्रतीक पकड़ जाते हैंउनको लेकर हम बैठ जाते हैं। और उन प्रतीकों की पूजा चल पड़ती है। और भूल जाते हैं हम कि प्रतीक इंगित करते थे किसी ओरप्रतीक ही सत्य नहीं हैंकिसी औरकिसी और तरफ इंगित हैं।
वह जो सातवें चक्र की मैंने बात कहीवहीवही मंदिर हैजहां प्रवेश करना है। उसका द्वारउस मंदिर का द्वार आज्ञा चक्र हैजहां से प्रवेश होगा। इस आज्ञा चक्र पर कैसे श्रम किया जाएक्या किया जाएकिस भांति इस चक्र को हम जीवंतसक्रिय और परिपूर्ण खिला हुआ कर देंइसकी पूरी फ्लावरिंग हो जाए?
तीन छोटे सूत्र समझ लेने चाहिए। एक: जीवन में जितना संकल्प होगाउतना ज्यादा यह द्वार खुलेगा। संकल्प का अर्थ क्या हैसंकल्प का अर्थ है कि कुछ भी करना हो तो समग्र शक्ति उसमें समायोजित हो जानी चाहिएभीतर खंड-खंड नहीं होने चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि आधा मन कहता है करोआधा कहता है मत करो। अगर मन टुकड़ों में बंटा हैडिसइंटिग्रेटेड हैखंड-खंड हैतो आपस में टुकड़े लड़ जाएंगे और संकल्प नष्ट हो जाएगा। और हम सबके मन टुकड़ों में बंटे हुए हैं। यहां तक कि ऐसी छोटी-छोटी चीजों में टुकड़ों में बंटे हुए हैंजिसका कोई हिसाब नहीं। न तो हमारे भीतर सीधा हां हैन हमारे भीतर सीधा न है। हमारे भीतर दोनों एक साथ हैं। न हम बाएं जाना चाहते हैंन हम दाएं। हम दोनों तरफ एक साथ जाना चाहते हैं। तब धीरे-धीरे पूरा संकल्प क्षीण हो जाता है।
हमारा मन ऐसा है जैसे बैलगाड़ी में हमने चारों तरफ बैल जोत दिए हों। वे चारों तरफ बैलगाड़ी को खींचते हैं। बैलगाड़ी कहीं जाती नहींसिर्फ उसके अस्थिपंजर ढीले होते हैं। और इतना घमासान मचता है कि बैल भी धीरे-धीरे थक जाते हैं और घबड़ा जाते हैं कि यह क्या हो रहा है!
अगर आप अपनी जिंदगी पर खयाल करेंगेतो आप पाएंगे कि आपकी गाड़ी में भी चारों तरफ बैल जुते हुए हैं। कोई संकल्प नहीं है भीतर। पच्चीस संकल्प एक साथ हैं। कभी आपने खयाल भी न किया होगा कि एकदम विरोधी संकल्प एक साथ हैं। जिसको आप प्रेम करते हैंउसी को आप घृणा करते हैं।
एकदम से चौंकाने वाली बात लगेगी। लेकिन आपने कभी खयाल नहीं किया होगा कि जो अभी मित्र हैवह एक क्षण में शत्रु हो सकता है। अभी इससे इतना प्रेम थाएक क्षण में इतनी घृणा कैसे आ गईउस प्रेम के ठीक नीचे घृणा बैठी थीवह घृणा प्रतीक्षा करती थी--कब प्रेम हट जाए और मैं मौजूद हो जाऊं।
इसलिए दुश्मन से उतना खतरा नहीं होता जितना मित्रों से खतरा होता है। क्योंकि दुश्मन अगर अब आगे कुछ भी बन सकता है तो मित्र बन सकता हैउसके भीतर मित्र छिपा रहता है। और मित्र अगर अब कुछ भी बन सकता है तो एक ही पासिबिलिटी है कि दुश्मन बन सकता हैउसके भीतर दुश्मन छिपा रहता है। इसलिए दुश्मन से तो एक आशा होती हैमित्र से कोई आशा नहीं होती।
जिसको आप श्रद्धा करते हैंउसके ही लिए आपके मन में पूरी अश्रद्धा भीतर मौजूद होती है। अश्रद्धा मौके की तलाश में होती है कि कुछ पता चल जाए तो प्रकट हो जाऊं। श्रद्धा एक तरफ फिंक जाएअश्रद्धा ऊपर आ जाए।
इसलिए श्रद्धा करने वाले से बहुत सावधान रहना चाहिए। वह तैयारी कर रहा होगा भीतर कि कब अश्रद्धा करूं।
हमारे मन की पूरी स्थिति एक आंतरिक कलह से भरी हुई है। हम ऊपर कुछ हैंभीतर कुछ हैंजो हैं उसी वक्त कुछ और हैं। जब आप किसी का हाथ में हाथ लेकर कहते हैं कि मैं तुम्हें बहुत प्रेम करता हूं। थोड़ा भीतर झांक कर देखना कि मन उसी वक्त क्या कह रहा हैमन उसी वक्त कह रहा होगा--क्या झूठी बातें बोल रहे हो! क्यों ऐसी बातें बोल रहे होमन उसी वक्त कह रहा होगा।
एक फकीर था नसरुद्दीन। उसके गांव का जो राजा था उसकी पत्नी से उसका प्रेम था। वह एक रात उस पत्नी से विदा ले रहा है। विदा लेते वक्त उसने उस स्त्री को कहा कि तुझसे ज्यादा सुंदर कोई स्त्री ही नहीं है! और तुझे मैंने जितना प्रेम किया है--आहऐसा प्रेम न मैंने कभी किसी को कियान मैं कभी कर सकता हूं। तू अदभुत है!
जैसा कि पुरुष स्त्रियों से कहते हैं और स्त्रियां खुश होती हैं। वह स्त्री खुश हो गईबहुत खुश हो गई। उसने कहासच!
उसको इतना खुश देख कर वह जो नसरुद्दीन था--वह बड़ा सच्चा आदमी था--उसने कहाठहर! क्योंकि मेरे भीतर जो चल रहा हैवह भी मैं तुझे बता दूं। जब मैंने यह कहा कि तुझसे ज्यादा सुंदर स्त्री कोई भी नहीं है--तब मैंने कहाअरे कहां की साधारण स्त्री को क्या कह रहे हो! बहुत स्त्रियां हैं। मेरा मन भीतर यह कह रहा था। और जब मैंने तुझसे कहा कि तुझे मैं बहुत प्रेम करता हूंतुझसे ज्यादा प्रेम मैंने कभी किसी को नहीं किया। तब मेरा मन भीतर हंस रहा थावह कह रहा थायह तो मैंने और स्त्रियों से पहले भी कहा है। बिलकुल यही कहा है।
आदमी का मन पूरे वक्त इनर कंट्राडिक्शंस से भरा हुआ हैभीतरी द्वंद्व से भरा हुआ है। भीतरी द्वंद्व है तो संकल्प कभी पैदा नहीं होगा। क्योंकि संकल्प का अर्थ है: एक मन। संकल्प का अर्थ है: एक मनइंटीग्रेशन। संकल्प का अर्थ है: एक आवाज। संकल्प का अर्थ है: एक स्वर।
और हम चौबीस घंटे विरोधी स्वरों से भरे हैं। इसकी समझ चाहिए कि धीरे-धीरे हमारे विरोधी स्वर समाप्त हों। जब हम कहते हैं कि मैं बहुत दृढ़ विश्वास करता हूंतभी पक्का हमारे भीतर संदेह मौजूद होता है। अजीब बात है! हम जो कहते हैंठीक उससे उलटा हमारे भीतर मौजूद होता है। यह ठीक उलटा भीतर मौजूद हैयह निगेट कर देता हैजो हम कहते हैं उसे काट डालता है। तब हमारा पूरा व्यक्तित्व इन विरोधों में उलझ कर समाप्त हो जाता है।
क्या यह हो सकता है कि हमारे चित्त के विरोध क्रमशः कम होते चले जाएं?
यह हो सकता है। एक तो इसका बोध रखना पड़ेगा कि हम चित्त में विरोधों को न पालें। तो मैं निरंतर जो कह रहा हूंवह यह कह रहा हूं: मैं कह रहा हूंश्रद्धा मत करोताकि अश्रद्धा न करनी पड़े। विश्वास मत करोताकि संदेह न करना पड़े। मित्र मत बनोताकि शत्रु न बनना पड़े। शिष्य मत बनोनहीं तो गुरु बनने की दौड़ शुरू हो जाएगीवह बच नहीं सकतीवह जारी हैवह जारी रहेगी।
वह जो विरोध हैंदोनों से बचने की कोशिश करोताकि अविरोध चित्त की दशा खड़ी हो जाए। विरोध में तोड़ो ही मत। मत कहो अपने को कि मैं आस्तिक हूं। क्योंकि जैसे ही तुमने कहा कि आस्तिक हूंतुम्हारा आधा मन फौरन नास्तिक हो जाएगा। बड़े से बड़ा आस्तिक खोज लोउसके भीतर नास्तिक मौजूद होगानास्तिक मर नहीं सकतासिर्फ दबा रहेगा भीतर। बड़े से बड़े नास्तिक को खोज लाओउसके भीतर आस्तिक हैवह आस्तिक मर नहीं जाएगा।
न आस्तिक रहोन नास्तिक। विरोध को जाने दोविरोध में बांटो ही मत अपने को। जितना ही व्यक्ति इस बात को गहराई से समझ ले और विरोधों से बचता चला जाएएक अदभुत शांति कीसमता की स्थिति खड़ी होनी शुरू होती है। एक अविरोध कीअखंडटूटी टुकड़ों में नहींबंटी हुई नहींगैर-बंटी हुईइकट्ठे मन की एक स्थिति पैदा होना शुरू होती है। उस स्थिति का नाम ही संकल्प है। और उस स्थिति का जितना बढ़ावा होगा उतना ही हमारा भीतर प्रवेश शुरू हो जाएगा।
लेकिन नहींहम तो हमेशा बांट कर देखते हैं। हम तो कहते हैंया तो हम मित्र होंगेया हम शत्रु होंगेबीच में हम नहीं हो सकते। और हमें पता ही नहीं कि बीच में होना ही असली होना है। हम तो कहते हैं कि या तो हम श्रद्धा करेंगेया अश्रद्धा करेंगेया तो हम आदर करेंगेया हम अनादर करेंगे। हम दो में से कुछ एक करेंगे। लेकिन दो में से जो एक कर रहा हैवह दूसरे को भी करना जारी रखेगा। पहलू बदलते रहेंगे। जैसे घड़ी का पेंडुलम कभी इस कोने से उस कोने चला जाता है।
लेकिन ध्यान रहेवह उस कोने पर इसीलिए गया हैताकि वापस अपने कोने पर लौट आए। वह चलता रहेगा। जब वह दूसरी तरफ जा रहा हैतब ध्यान रहे कि वह इस तरफ आना भी शुरू हो गया है। उसकी दूसरी तरफ जाने की जो गति हैजो मोमेंटम हैवही मोमेंटम उसे इस तरफ वापस ले आएगा। इसलिए जो ठीक से जीवन को जानते हैं--जब उनसे कोई कहता हैमैं आपका मित्र हूंतब भी हंसते हैंजब उनसे कोई कहता हैमैं आपका शत्रु हूंतब भी हंसते हैं। जो जीवन को जानते हैं--जब कोई उनके चरणों में सिर रखेतब भी हंसते हैंऔर जब कोई उनके सिर पर जूता फेंक देतब भी हंसते हैं। क्योंकि यह पेंडुलम है जो आदमी का चलता हैइस पेंडुलम का कोई बहुत अर्थ नहीं है। लेकिन हंसी इस बात पर आती है कि उस घूमते पेंडुलम में आदमी को पता नहीं चलता कि वह क्या कर रहा हैसिर्फ घूम रहा है।
चित्त की एकाग्रचित्त की एकचित्त की समग्रचित्त की इकट्ठी दशा का नाम संकल्प है। और उस संकल्प की दशा में जो भी होता हैवह मंदिर में प्रवेश करा देता है। संकल्प को अगर ठीक से समझें तो वह "कीहैवह चाबी हैजिससे वह चक्र खुल जाएगा जिसको मैं ब्रह्म चक्र कह रहा हूं। लेकिन संकल्प की कुंजी हमारे पास नहीं है। बिलकुल नहीं है हमारे पास संकल्प की कुंजी।
मैंने सुना हैएक बहुत प्राचीन कुलीन परिवार मेंएक छोटा बेटा शिक्षा के लिए बाहर जाने को है। उसकी उम्र सिर्फ सात वर्ष है। उसका बाप उससे कहता है कि हमारे घर से आज तक जो भी आदमी पढ़ने गया हैवह कभी बिना पूरी शिक्षा किए हुए वापस नहीं लौटा। और हमारे घर का यह रिवाज और यह संस्कार रहा है कि छोटे से बच्चे को भी जब हम घर से विदा करते हैं शिक्षा के लिए गुरुकुल जाने कोतो बच्चा पीछे लौट-लौट कर नहीं देखता। क्योंकि पीछे लौट-लौट कर देखने के हम बहुत दुश्मन हैं। हम जब घर से किसी को विदा करते हैं बच्चे को शिक्षा के लिए...जब मेरे बाप ने मुझे विदा किया थातो उसने कहा था: आंख में आंसू न आएं! क्योंकि आंख में अगर आंसू आए तो फिर यह घर तेरा नहीं हैफिर लौटना नहीं हो सकेगा। हम रोते आदमियों को घर में प्रवेश नहीं देते। यही मैं तुझसे कहता हूं कि कल सुबह चार बजे तुझे भेजा जाएगा गुरुकुल। एक नौकर तुझे घोड़े पर बिठा कर छोड़ने जाएगा। एक मील दूर पर मोड़ आता हैवहां तक तुझे घर दिखाई पड़ेगालेकिन लौट कर पीछे मत देखना। हम छत पर खड़े हुए देखेंगे कि तूने पीछे लौट कर तो नहीं देखा। क्योंकि पीछे लौट कर देखने वाले व्यक्ति का कोई भरोसा नहीं। पीछे लौट कर देखना ही मत!
सात वर्ष का छोटा बच्चा! वह बहुत घबड़ाया। उसकी मां ने उसे रात कहा कि घबड़ाओ मतयही सदा होता रहा है। और एक बार हमने ऐसा सुना है कि किसी ने पीछे लौट कर देख लिया थाफिर यह घर उसका नहीं रहा। पीछे लौट कर मत देखना!
वह सात वर्ष का बच्चा रात भर सो नहीं सका कि मां-बाप को पीछे लौट कर नहीं देखेगा! अपने घर को लौट कर नहीं देखेगा! आंख में आंसू नहीं लाने हैंपीछे लौट कर नहीं देखना है। सात वर्ष के बच्चे से ऐसी आशाहम कहेंगे: बड़े कठोर थे वे लोगबड़े दुष्ट थे। हम होते तो लाड़-प्यार करतेचाकलेट खिलाते। रोते खुद भीउसको भी रुलाते और बड़ा प्रेम जाहिर करते।
प्रेम नहीं है यहयह उस बच्चे के व्यक्तित्व से संकल्प को नष्ट करना है।
आज तो सारी दुनिया में यही खयाल है। सारी दुनिया में यही खयाल है कि बच्चे के आगे-पीछे नाचो-कूदो। बच्चे से ज्यादा बचकाना तुम अपनी हालत दिखाओ। ऐसे बच्चे के भीतर कभी भी वह ठोस कोई चीज खड़ी नहीं हो पातीजो खड़ी होनी चाहिए। रीढ़ नहीं बन पाती उसकी आत्मा में।
वह बच्चा चार बजे बिदा हुआ। चार बजे उसकी मां और उसके पिता भी उसको द्वार पर छोड़ने नहीं आए हैं। बड़े कठोर लोग रहे होंगेबड़े दुष्ट। उस बच्चे को घोड़े पर बिठाल दिया गया है। चार बजे की अंधेरी रातसन्नाटासुबह की ठंडी हवाएं। नौकर जो उसके साथ हैवह कहता है: बेटेपीछे लौट कर मत देखना! पीछे लौटने की मनाही है देखने की। अब तुम छोटे नहीं होहम तुमसे बड़ी आशाएं करते हैं। और जो पीछे लौट कर देखता हैउससे क्या आशा की जा सकती है! तुम्हारे पिता ऊपर खड़े होकर देख रहे हैं। वे कितने आनंदित होंगे कि उनके बेटे ने मोड़ तक भी पीछे लौट कर नहीं देखा।
उस लड़के की सोचते हैं हालत क्या होती होगी! कितना मन पीछे लौट-लौट कर नहीं देखने को होता होगा! सात वर्ष का छोटा सा नन्हा बच्चा! लेकिन वह बिना मुड़ेबिना देखेमोड़ से गुजर जाता है।
उस बच्चे ने बाद में लिखा कि कितनी अदभुत आनंद की अवस्था मुझे मालूम हुई--जब एक मील गुजर गया और मैंने पीछे लौट कर नहीं देखा!
वह स्कूल पहुंचा हैसुबह-सुबह अपने गुरुकुल पहुंचा है। उस गुरुकुल का जो भिक्षु हैजो उसे दीक्षा देगावह उसको दरवाजे पर मिलता है और कहता है कि प्रवेश के नियम हैंहर कोई प्रविष्ट नहीं हो जाता। दरवाजे पर आंख बंद करके बैठ जाओ और जब तक मैं दुबारा न आऊं और खुद न पूछूंतब तक आंख भी मत खोलना और उठना भी मत। और अगर तुमने बीच में आंख खोल दीऔर तुम भीतर आ गएया तुमने आस-पास देख लियातो तुम्हें वापस घोड़े पर लौटा दिया जाएगातुम्हारा नौकर बाहर प्रतीक्षा कर रहा है। और ध्यान रहेतुम जिस घर से आते होउस घर का कोई बच्चा कभी वापस लौट कर नहीं गया है! और यह प्रवेश-परीक्षा है।
सात वर्ष के छोटे से बच्चे को द्वार पर बिठा दिया है। कोई पूछता नहीं उससे कि तुम्हारी मां दुखी होती होगीआओ बेटे तुम्हारा इंतजाम करें। उसको कोई पूछता नहीं। उसका सामान रखा हैउसका घोड़ा बाहर बंधा हैउसका नौकर प्रतीक्षा कर रहा है। उस बच्चे को दरवाजे पर आंख बंद करके बिठाल दिया गया हैसात साल के बच्चे को। वे शिक्षक भी बड़े कठोर और क्रूर रहे होंगे। लेकिन जो जानते हैं--कि उन मां-बाप और उन शिक्षकों से दयावान और कोई भी नहीं था।
वह बच्चा बैठा है। स्कूल में बच्चे आ रहे हैंकोई उसको धक्का मारता हैकोई कंकड़ मारता है। बच्चे बच्चे हैं। कोई छेड़खानी करता है। लेकिन उसे आंख बंद रखनी हैचाहे कुछ भी हो जाए। क्योंकि आंख अगर बंद नहीं रही तो वापस लौटना पड़ेगा। किस मुंह से पिता के सामने खड़ा हो जाएगा कि मैं वापस आ गया! उस घर में कभी कोई वापस नहीं लौटा है।
वह छोटा सा बच्चा। सुबह की धूप बढ़ने लगी हैमक्खियां उसके चारों तरफ घूम रही हैंबच्चे पत्थर मार रहे हैंजो निकलता है वही धक्का मारता चला जाता है। वह आंख बंद किए है। भूख जोर की लग रही हैप्यास लग रही है। लेकिन न आंख खोलनी हैन उठना है। दोपहर हो गईसूरज ऊपर आ गयासिर पर छा गया। पता नहीं क्या हो रहा हैकोई आता नहींकोई बोलता नहीं। वह आंख बंद किए बैठा हैबैठा है। उसने आंख नहीं खोलीझपक कर भी आंख नहीं देखी।
सूरज ढलने के करीब आ गयासांझ आ गईवह भूख से तड़पा जा रहा है। वह गुरु और दस-पंद्रह और भिक्षु आते हैंउसे उठा लेते हैं और कहते हैंतू प्रवेश-परीक्षा में उत्तीर्ण हो गया। तेरे पास संकल्प है। अब आगे कुछ हो सकता है। तू भीतर आ।
वह युवक हो गया बाद में तब उसने लिखा कि आज मैं याद करता हूं उनकी जो इतने कठोर मालूम पड़े थेआज जानता हूं उनकी करुणा अदभुत थी।
हमारी करुणा बहुत अदभुत है। और हमारी करुणा सब लोच-पोच कर देती हैसब इंपोटेंट कर देती है। और हम दूसरे के प्रति भी ऐसे ढीले हैं और अपने प्रति भी ऐसे ही ढीले हैं। ऐसे संकल्प पैदा नहीं हो जाता। संकल्प पैदा होने का अर्थ है: कुछ करना पड़ेगाकुछ दांव लेने पड़ेंगेकुछ निर्णय करना पड़ेगाकहीं रुकना पड़ेगाकहीं ठहरना पड़ेगाउस दबाव में ही वह संकल्प जागता है।
अब इधर मैं ध्यान करने के लिए कहता हूं। पंद्रह मिनट इतने मुश्किल हो जाते हैं कि मुझे दस मिनट में मुझे ही खतम कर देना पड़ता है। पंद्रह मिनट नहीं बैठते आपइस खयाल में मत रहना। वह दस मिनट में ही आपकी हालत देख कर खत्म कर देना पड़ता है। पंद्रह मिनट में कितनी दफा आंख खोल कर देख लेते हैंपता है आपकोसंकल्प ऐसे जन्मेगापंद्रह मिनट आदमी आंख बंद करके नहीं बैठ सकताइससे ज्यादा कमजोरी की और क्लीव और नपुंसक कोई अवस्था हो सकती हैपंद्रह मिनट आंख बंद करके बैठना मुश्किल है।
पड़ोस में किसी की देखने की इच्छा होती है कि वहां क्या हो रहा हैपीछे क्या हो रहा हैकोई की श्वास जोर से चल रही हैउसको क्या हो रहा हैसबको क्या हो रहा हैयह फिकर है आपको। और इसकी जरा भी फिकर नहीं है कि पंद्रह मिनट आप आंख बंद करके नहीं बैठ पा रहे हैंयह क्या हो रहा हैकोई चिंता नहीं है इसकी। हमें कोई फिकर ही नहीं है कि हमारे पास कोई संकल्प जैसी स्थिति नहीं रह गई है।
पाम्पेई में विस्फोट हुआ ज्वालामुखी का और पाम्पेई का पूरा नगर जल गया। एक सिपाही जो चौरस्ते पर खड़ा था रात पहरा देने कोसुबह छह बजे उसकी डयूटी बदलेगीदूसरा सिपाही सुबह छह बजे आकर उसकी जगह खड़ा होगा। सारा पाम्पेई भाग रहा हैरात के दो बजे ज्वालामुखी फूट गयासारा पाम्पेई कंप रहा है। आग उगल रही हैसारा नगर जल रहा हैसारे गांव के लोग भाग रहे हैं। भागते लोग उस सिपाही को कहते हैंयहां किसलिए खड़े होवह कहता है कि सुबह छह बजे डयूटी बदलने का वक्त है। उसके पहले कैसे हट सकता हूं?
अरे! लोग कहते हैंपागल हो गए होअब डयूटी वगैरह का कोई सवाल नहीं हैमर जाओगे! सुबह छह कभी नहीं बजेंगेआग लग रही है पूरे गांव में।
उसने कहावह तो ठीक है। यही तो मौका है! तब पता चलेगा कि मैं सिपाही हूं या नहींछह बजे के पहले कैसे हट सकता हूंछह बजे तक जिंदा रहा तो डयूटी सम्हाल दूंगाछह बजे तक जिंदा नहीं रहा तो भगवान जाने। फिर मेरा कोई कसूर नहीं है।
कहते हैं वह सिपाही उसी जगह खड़ा हुआ जल गया! पाम्पेई का पूरा नगर भाग गया। उन भागे लोगों की स्मृति में कोई मूर्ति नहीं है। उस सिपाही की मूर्ति बनानी पड़ी उस जगह। उस नगर में एक ही आदमी था जिसको आदमी कहेंजिसके भीतर कुछ बल थाजिसके भीतर कोई मन था जो खड़ा रह सकता है।
लेकिन हम! कहां पाम्पेईकोई पड़ोस में सिगरेट जला लेऔर आंखें खुल जाएंगी। कोई पड़ोस में जरा सा खांस देऔर आंखें खुल जाएंगी। कैसा यह व्यक्तित्व हैइस व्यक्तित्व को लेकर किस मंदिर में प्रवेश की इच्छा है?
नहींकिसी मंदिर में कहीं प्रवेश नहीं हो सकेगा। हो सकता हैकोई रुकावट नहीं है सिवाय हमारे। थोड़ा संकल्पथोड़ा बलथोड़ी हिम्मतथोड़ी इस बात की कोशिश कि मैं जो कर रहा हूंकुछ करूं तो।
रोज मेरे पास लोग आते हैंवे कहते हैंएक दिन ध्यान कियाअभी तो कुछ नहीं हुआ। बड़े मजे की बातें कहते हैं। बड़े अदभुतबड़े गजब के लोग हैं। एक दिन ध्यान कियाबड़ी कृपा की भगवान पर। लिख गई होगी उसकी किताब में कि बड़ा ऋण हो गया आपका। अभी कुछ नहीं हुआअभी दर्शन नहीं हुआअभी भगवान नहीं मिले। क्योंकि आप पंद्रह मिनट आंख बंद किए बैठे रहेपंद्रह दफा आंख खोल कर देखाऔर कुछ भी नहीं हुआ।
हमारे व्यक्तित्व में जिसको कहें पुकारजिसको कहें आवाजवह है ही नहीं। और नहीं हैतो धर्म के रास्ते पर कोई गति नहीं हो सकती।
इसलिए कहना चाहता हूं: संकल्प है पहला बुनियादी सूत्र। और दूसरी बात है: संकल्प क्या हैयह समझ लेना जरूरी नहीं हैसंकल्प क्या हैइसके छोटे प्रयोग करने जरूरी हैं। प्रयोग करेंगे तो ही वह विकसित होगाअन्यथा वह कभी विकसित नहीं होगा। और कल की प्रतीक्षा करेंगेतो वह कभी विकसित नहीं होगा। उसे आज से और अभी से शुरू कर देना पड़ेगातो उसमें विकास होंगे।
तो दूसरा सूत्र है: संकल्प हो या न होसंकल्प की दिशा में प्रयोग शुरू कर दें। वह बढ़ेगाधीरे-धीरे बढ़ेगा।
कोई आदमी नदी के किनारे खड़े होकर कहे कि मैं तैरना सीखना चाहता हूं। सिखाने वाला कहे कि आओनदी में उतर जाओ। वह कहे कि जब तक तैरना सीख न जाऊंमैं उतरूंगा नहीं। क्योंकि खतरा कौन मोल लेगातैरना सीख जाऊंफिर मैं उतरने को राजी हूं। जब तक तैरना न सीखूंमैं उतर नहीं सकता।
अब सिखाना बहुत मुश्किल हो गया। क्योंकि सिखाने के लिए भी उतारना जरूरी है। और बिना तैरना जाने ही पहली दफा उतरना पड़ेगा! क्योंकि उसी उतरने से उस तैरने का विकास होने वाला है। तैरना कोई ऐसी चीज थोड़े ही है कि आकाश से मिल जाएगी। वह तो हम तैरेंगे तो मिलेगी। वह तो तैरने का ही परिणाम है। वह तो हम हाथ-पैर फड़फड़ाएंगे तो मिलेगी।
लोग पूछते हैं: ध्यान मिल जाए! समाधि मिल जाए!
वह कैसे मिल जाएगीवह कहीं रखी है कि आप जाएंगे और मिल जाएगी! वह कहीं रखी नहीं हैवह आपकी ही सतत चेष्टा का सृजन है। वह आपका ही क्रिएशन है। और आप कोशिश करेंगे तो मिल जाएगी। आज हाथ-पैर फड़फड़ाइए थोड़ेकल और गति होगीपरसों और गति होगीवह वक्त करीब आता चला जाएगा जब आपको लगेगा कि हाथ-पैर का तड़फड़ाना बदल गयाउसने तैरने की शक्ल ले ली। तैरना क्या हैवही हाथ-पैर का तड़फड़ाना हैथोड़ा कुशलता सेथोड़ी व्यवस्था से। वह पहले दिन भी आदमी को पानी में पटक दोवह भी हाथ-पैर फेंकता हैसिर्फ अव्यवस्थित होता है हाथ-पैर फेंकना। वही रोज-रोज फेंकने से व्यवस्थित हो जाता है।
आज बैठेंगेअव्यवस्थित होगा संकल्प। कल बैठेंगे--आगे बढ़ेगा। परसों बैठेंगे--आगे बढ़ेगा। फिर इतनी जल्दी क्या हैफिर इतनी फिकर क्या है कि वह आज हो जाएजीवन की क्षुद्र चीजों के लिए हम वर्षों प्रतीक्षा करते हैं।
पहली बात: संकल्प।
दूसरी बात: संकल्प समझने से नहींकुछ करने सेडूइंग से उपलब्ध होगा।
और तीसरी बात: संकल्प के विकास में प्रतीक्षा सबसे बड़ी बात है। आपने चाहा और नहीं हो जाएगा। गहरी प्रतीक्षा और धैर्य!
और जितना धैर्य होगाउतने जल्दी हो जाएगा। और जितना अधैर्य होगाउतना मुश्किल हो जाएगी। क्योंकि अधैर्य खबर देता है कि संकल्प निर्मित नहीं हो पा रहा है। अधैर्य बताता है कि संकल्प निर्मित नहीं हो पाएगाक्योंकि अधैर्य की भूमि पर कोई भी चीज निर्मित नहीं होती है।
मैंने सुना हैएक नदी के किनारे कोरिया में दो भिक्षु नदी पार किए थे। नाव से उतरे हैं। सांझ डूबने को सूरज है। दूर गांव है। बीच में जंगली रास्ता हैपहाड़ है। जल्दी उस गांव पहुंच जाना है। उन्होंने मांझी को पूछाउन दोनों भिक्षुओं ने--एक बूढ़ा भिक्षुएक जवान भिक्षुबहुत से ग्रंथ लिए हुए हैं--हमें जल्दी उस गांव पहुंच जाना हैसूरज डूबने के पहले। क्योंकि सुना है हमनेसूरज डूबते ही उस गांव का द्वार बंद हो जाता है। फिर रात जंगल में खतरा होगा। क्या हम पहुंच जाएंगे?
उस नाव को बांधते हुएधीमे सेआहिस्ता से उस मांझी ने कहाजरूर पहुंच जाएंगेलेकिन धीरे जाना। जल्दी गए तो मैं नहीं जानता कि पहुंच सकेंगे कि नहीं पहुंच सकेंगे।
उन लोगों ने कहाकिस पागल से हम पूछ रहे हैं! वह सज्जन सलाह दे रहे हैं कि धीरे-धीरे जाना तो पहुंच जाएंगे और जल्दी गए तो मैं नहीं जानता कि पहुंच सकेंगेनहीं पहुंच सकेंगे।
वे दोनों भागे। सूरज डूबने के करीब है। भागते वक्त भी उस मांझी ने कहादोस्तोतेजी से मत जाना! मैंने तेजी से चलने वाले को कभी पहुंचते नहीं देखा। इतनी बात सुन कर वे और भी तेजी से भागे। आदमी का मजा यह हैआदमी का दिमाग ऐसा है। उनको लगा कि यह तो बड़ा गड़बड़ आदमी हैयह कहता है कि धीरे-धीरे। वे भागे। थोड़ी दूर पर हीसूरज ढलने के करीब है,अंधेरा घिरने लगाबूढ़ा आदमी है एक भिक्षुवह गिर पड़ा एक चट्टान परदोनों घुटने टूट गएग्रंथ के पन्ने बिखर गएहवाओं ने ग्रंथ के पन्ने उड़ा दिए। वह जवान लड़का ग्रंथ को इकट्ठा करता फिर रहा है।
तब वह मांझी धीरे-धीरे गीत गाता हुआअपनी डांडी लिए किनारे से गुजरता है। कहता हैअरेवही हुआ जो मैंने कहा था। इतना अधैर्य क्या थामैंने कहा था कि तेजी से मत जानापहाड़ी रास्ता हैइतना अधैर्य मत दिखानातो पहुंच भी सकते हो। अक्सर यह होता हैअक्सर यह होता है कि लोग रोज आते हैंपूछते हैं कि जल्दी पहुंच जाएं! उनको मैं कहता हूंनहीं मानतेगिर जाते हैं।
उस बूढ़े भिक्षु ने कहाउस वक्त हमें खयाल नहीं आया।
बहुत प्रतीक्षा कीबहुत धैर्य की जरूरत है भीतर जाने में। अनंत प्रतीक्षा की जरूरत हैक्योंकि अनंत की खोज है यह। यह कोई दो कौड़ी की चीज नहीं है कि हम बाजार में गए और खरीद लिए। दौड़े और मिल गई। मिलती है जरूरमिल सकती हैआज और अभी मिल सकती है। लेकिन जो आज और अभी ही चाहेवह चल ही नहीं पाएगा। अत्यंत धैर्य से!
लेकिन धैर्य का मतलबधैर्य का मतलब यह नहीं कि तीव्रता में कमी हो। धैर्य का मतलब यह नहीं है कि शक्ति में कमी हो। शक्ति पूरी लगेतीव्रता पूरी होलेकिन प्रतीक्षा अनंत हो। राह देखने की तैयारी हो--आज नहीं कलकल नहीं परसोंपरसों नहीं नरसों--हम प्रतीक्षा करेंगे।
छोटे-छोटे बच्चे जाकर बीज बो देते हैं कभी आम का। फिर घड़ी भर में जाकर उखाड़ कर देखते हैं कि अभी तक उसमें अंकुर निकल आया कि नहींअब बड़ी बेचैनी है। घंटे भर भी कैसे गुजारेंफिर घंटे भर बाद जाकर उखाड़ कर देखते हैंअभी तक कुछ नहींबड़ी निराशा होती है मन को। कभी नहीं निकलेगा। निकलेगा भी नहीं। क्योंकि निकलने के लिए उसे जमीन में पड़ा रहना जरूरी है। वह पड़ा रहे चुपचाप घुप्प अंधकार मेंताकि अपने को तोड़ सकेफूट सके।
वैसी छोटे बच्चों जैसी हमारी हालत है। दोत्तीन मिनट कहा: मैं कौन हूंमैं कौन हूंफिर सोचा: अरेअभी तक कुछ हुआ नहीं। खोद लिया जमीन से वापस। फिर देखा कि दूसरे लोग अभी तक कर रहे हैंचले नहीं गएफिर दोत्तीन मिनट किया। फिर सोचा: अरेअभी तक हो नहीं रहाबड़ी देर लग रही है। तो फिर नहीं होगानहीं हो सकता है।
ये तीन बातें ध्यान रख लें: संकल्प चाहिएसंकल्प के लिए क्रिया चाहिएक्रिया के लिए प्रतीक्षा चाहिए। और अगर ये तीन बातें पूरी हैंतो कोई वजह नहीं है कि मंजिल को दूर समझा जाए। मंजिल हमेशा निकट है। पहुंचने वाले में कुशलता होतो आज और अभी पहुंच सकता है। और पहुंचने वाले में कुशलता न होतो जन्मों-जन्मों तक आदमी भटकता है और नहीं पहुंचता है।
ये थोड़ी सी बातें मैंने कहीं। अब हम प्रयोग के लिए बैठेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें